छ्पी-अनछपी: राहुल बोले- ज्ञानेश के साथ मोदी-शाह भी नहीं बचेंगे, ट्रंप की साख दांव पर 

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी भविष्य में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अमेरिका में 3 नवंबर को मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की साख दांव पर लगी है। 

और, गया के बेलागंज की एक मस्जिद को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उड़ाने का वीडियो बनाकर वायरल करने वाले को गिरफ्तार किया गया। 

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार  दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन ने शक्ति प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में 19 विपक्षी दलों के दिग्गज एक मंच पर जुटे और एसआईआर में गड़बड़ी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। साथ ही कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटना ही होगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एसआईआर में कथित गड़बड़ी को लेकर रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा। उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलेगा और उन्हें जेल जाना होगा। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और सीईसी ने संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। उन्होंने कहा, यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। वर्ष 2024 का चुनाव अवैधः राहुल ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक समेत कई राज्यों में मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में धांधली हुई।

ममता बोलीं : बंगाल चुनाव में हम हारे नहीं, हराये गये

प्रभात खबर के अनुसार ममता बनर्जी ने बंगाल के चुनावी अनुभव औरं एसआइआर को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं, हमें हराया गया. बंगाल एसआइआर पीड़ित है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतगणना को हाईजैक किया. एसआइआर को भाजपा की मदद के लिए तैयार की गयी प्रक्रिया है.

तेजस्वी यादव बोले : बिहार से शुरू हुई वोट चोरी

राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी की शुरुआत बिहार से हुई. देश में लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश हो रही है. विपक्षी दल इसी के खिलाफ एकजुट हुए हैं. लोकतंत्र को कुचलने वाले लोग ज्यादा दिनों तक सत्ता में नहीं टिकते. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए और उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। 

2022 में मतदाता सूची में गड़बड़ी के कारण सपा सरकार नहीं बना पाई: अखिलेश

हिन्दुस्तान ने लिखा है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी के लोग 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे करारा जवाब देंगे। रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में गडबडी के कारण सपा सरकार नहीं बना पाई। बंगाल में भी चुनाव लूटा गया। रामलीला मैदान को लोकतंत्र की हल्दीघाटी बताते हुए उन्होंने कहा, देश परिवर्तन के मुहाने पर खड़ा है, इसकी शुरुआत यूपी से होगी।

अमेरिका में कल मध्यावधि चुनाव, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की साख दांव पर

हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिका में तीन नवंबर को मध्यावधि चुनाव होंगे। ये चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए परीक्षा हैं। इनका नतीजा तय करेगा कि ट्रंप को अपने कार्यकाल के अगले दो वर्षों में संसद (कांग्रेस) का कितना समर्थन मिलेगा। इस चुनाव को भारत के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगर डेमोक्रेटिक पार्टी को दोनों या किसी एक सदन में जीत मिलती है तो प्रशासन की व्यापार, आव्रजन और विदेश नीतियों पर संसदीय निगरानी बढ़ जाएगी। इस बार चुनाव में ट्रंप को कई मुद्दों पर चुनौतियां मिल रही हैं। इसमें महंगाई, बढ़ती पेट्रोल कीमतों के अलावा ईरान से जारी जंग बड़ा मुद्दा है। वहीं व्यापार, स्वास्थ्य, इमिग्रेशन सेवाएं, शिक्षा और लोकतंत्र का भविष्य भी प्रमुख मुद्दों में हैं।

विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की मांग तेज 

जागरण के अनुसार राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने नव-निर्वाचित विधान पार्षद (बंशीधर ब्रजवासी और डा. राहुल राज) की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। एक्स पर उन्होंने लिखा कि दोनों निर्दलीय विजयी हुए, लेकिन बाद में भाजपा की औपचारिक सदस्यता ले ली। ऐसे में संविधान उन्हें सदन के अयोग्य मान रहा। प्रेस वार्ता कर राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज झा ने कहा कि सभापति से मिलकर राजद दोनों की सदस्यता रद करने का आग्रह करेगा। आवश्यकता पड़ने पर चुनाव आयोग, न्यायालय और जनता के बौच मामला उठाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनादेश की ‘डकैती’ कर रही। दोनों विधान पार्षदों के भाजपा में सम्मिलित होने का वीडियो तस्वीर दिखाते हुए उन्होंने दल-बदल कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा बिहार में अपनी शक्ति बढ़ाने के साथ जदयू को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इधर जन सुराज पार्टी ने भी निर्दलीय विधान पार्षदों के भाजपा में शामिल होने को गैर संवैधानिक बताते हुए दोनों की सदस्यता रद्द करने की मांग की।

एआई से मस्जिद उड़ाने का वीडियो बनाकर वायरल करने वाला गिरफ्तार

गया के बेलागंज से जागरण की ख़बर है कि बेलागंज थाना क्षेत्र की गोबराहा मस्जिद को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से मस्जिद उड़ाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीण हारून रशीद के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी की गई है। पुलिस के अनुसार इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और उन्माद फैलाने का प्रयास किया गया। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो तैयार करने और उसे प्रसारित करने में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार से गुजरने वाले गोरखपुर सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के निर्माण पर ₹73000 करोड़ का खर्च होगा
  • पटना में डेंगू से एक और मरीज की मौत, इस साल अब तक 537 मरीज मिले, कुल तीन की मौत
  • सीबीआई की विशेष अदालत ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लांड्रिंग के मामले में समाजवादी पार्टी नेता मोहम्मद आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
  • छठ से पहले आ सकती है रेलवे के ग्रुप डी में 30000 पोस्ट की वैकेंसी
  • छत्तीसगढ़ के चर्चित 6000 करोड़ रुपए के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के सरगना सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ने ओमान से भारत लाया

अनछपी: हमारे समाज में डीएम और एसपी को सबसे शक्तिशाली माना जाता है लेकिन क्या ऐसा संभव है कि किसी एसपी की पत्नी को इंसाफ के लिए धरने पर बैठना पड़े? ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि एक एसपी की पत्नी को अपने पति के खिलाफ ही शिकायत दर्ज करानी थी और उनका कहना है कि उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा है। यह मामला खगड़िया के एसपी भानु प्रताप और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का है। पूजा सिंह अपने पति भानु प्रताप की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के पास धरने पर बैठ गईं तो वीवीआईपी इलाका होने की वजह से पटना पुलिस की महिला टीम वहां पहुंची और पूजा सिंह को समझा बुझा कर वहां से हटाया। वहां से उन्हें एसडीएम ऑफिस ले जाया गया जहां प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बंद कमरे में लगभग 2 घंटे तक बातचीत हुई। पूजा सिंह का अपने पति आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप से किस वजह से विवाद चल रहा है इसके बारे में विस्तार से तो पता नहीं चल पाया लेकिन उनका बयान है कि वह अपने पति से तलाक नहीं चाहती हैं और 6 साल की बेटी से मिलना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी बेटी से पिछले 8-9 महीने से मिलने नहीं दिया जा रहा है। एक बात तो साफ है कि वह पिछले कई महीओं से अपने पति के साथ नहीं रह रही हैं और बातचीत से मामला नहीं सुलझ पाया है। इस बारे में भानु प्रताप का पक्ष सामने नहीं आया है और यह बताया गया है कि उन्हें पटना बुलाया गया है और अब दोनों पति-पत्नी को सामने बैठ कर बातचीत कराई जाएगी। यह दरअसल किसी एक दंपति का मामला नहीं है बल्कि समाज में जो पारिवारिक तनाव है, उसकी एक मिसाल है और इससे यह समझा जा सकता है कि आईपीएस अधिकारी की पत्नी बनना हमेशा सुखद नहीं होता। अगर दोनों में टिकाऊ समझौता हो जाता है तो फिर भी समाज के लिए एक बेहतर संदेश होगा। 

 78 total views

Share Now

Leave a Reply