छ्पी-अनछपी: कल थम सकती है बारिश, नेतन्याहू को भी अब वोट चोरी का डर

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मौसम विभाग ने पटना समेत 32 जिलों में शुक्रवार को भी बारिश की चेतावनी जारी की है और ऐसा मौसम शनिवार तक बना रहेगा। चुनाव जीतने के लिए संघर्षरत कर रहे इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को अब वोट चोरी और इस्लामीकरण का डर सा रहा है। बीपीएससी) ने मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (स्पेशियलिटी) के 1,711 रिक्त पदों पर होने वाली नियमित नियुक्ति प्रक्रिया को फ़िलहाल रद्द कर दिया है।

और, दरभंगा ग्रेजुएट सीट पर 62 घंटे की गिनती के बाद राजद समर्थित उम्मीदवार की जीत।

पहली ख़बर

प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार में अर्नब तूफान के असर से बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. पटना समेत राज्य के अधिकतर जिलों में बुधवार देर रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से 21 जिलों में फसलों को अधिक नुकसान होने की आशंका है. इसके तहत धान की फसल को बड़े पैमाने पर क्षति का अनुमान है. वहीं, आलू, केला, पपीता और सब्जियां भी प्रभावित होंगी. कृषि विभाग ने सभी जिलों के कृषि पदाधिकारियों को फसलों की क्षति का आकलन करने और किसानों को जरूरी सलाह देने का निर्देश दिया है. इधर, मौसम विभाग ने पटना सहित सभी जिलों में शुक्रवार (30 अक्तूबर) को भी दिन भर हल्की व तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. कई जिलों में तेज हवा भी चलेगी. बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक शनिवार (31 अक्तूबर) की शाम के बाद मौसम में बदलाव होगा और आसमान धीरे-धीरे साफ होगा. एक नवंबर से बिहार में चक्रवात का असर पूरी तरह से खत्म होने का पूर्वानुमान है.

नेतन्याहू को अब वोट चोरी और इस्लामीकरण का डर

इसराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को आरोप लगाया है कि इसराइली चुनाव में अरब पार्टियों ने वोट चोरी की है। उन्होंने चुनाव में विदेशी फंडिंग और धांधली का भी आरोप लगाया। नेतन्याहू ने अरब पार्टियों के गठबंधन ‘राअम’ (यूनाइटेड अरब लिस्ट) और ‘जॉइंट लिस्ट’ पर निशाना साधते हुए कहा, उन्होंने इसराइल में चुनाव चुरा लिए हैं। संसदीय चुनावों में विदेशी ताकतों ने दखल दिया और अरब पार्टियों के पक्ष में वोट डालने के लिए मतदाताओं को रिश्वत दी गई। उन्होंने दावा किया कि इस कथित दखल का मकसद इसराइल की संसद पर विदेशी ताकतों का कब्जा कराना, इसराइल का इस्लामीकरण करना और दक्षिण पंक्ति शासन को खत्म करना था। नेतन्याहू ने विदेशी दखल की आशंका जताते हुए अरब पार्टियों से गठबंधन से इनकार कर दिया।

ब्राज़ील राष्ट्रपति चुनाव में हारने के बाद बोल्सानारो ने अमेरिका में ली शरण

भास्कर के अनुसार ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो बेहद नाटकीय और फिल्मी अंदाज में देश छोड़कर अमेरिका पहुंचे। मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 24 घंटे के भीतर पासपोर्ट जमा करने और देश नहीं छोड़ने का आदेश दिया था। इसके बाद गिरफ्तारी के डर से फ्लावियो पत्नी फनाँडा व दो बेटियों के साथ देश से भाग निकले। ट्रम्प और माइली प्रशासन से संपर्कः इस गुप्त ‘ऑपरेशन एस्केप’ को अंजाम देने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की मुख्य भूमिका थी।

राज्य के मेडिकल कालेजों में 1,711 असिस्टेंट प्रोफेसरों की बहाली रद

जागरण के अनुसार बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों एवं अस्पतालों में असिस्टेंट प्रोफेसर (स्पेशियलिटी) के 1,711 रिक्त पदों पर होने वाली नियमित नियुक्ति प्रक्रिया को रद कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग बिहार द्वारा इन पदों के लिए भेजी गई अधियाचना वापस लेने के कारण आयोग ने यह फैसला लिया है। बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक की ओर से गुरुवार को जारी सूचना के अनुसार चार अप्रैल 2025 को विज्ञापन संख्या 04/2025 से लेकर 28/2025 तक प्रकाशित किए गए थे। चूंकि अब स्वास्थ्य विभाग ने अपनी पुरानी अधियाचना वापस ले ली है, इसलिए उक्त सभी विज्ञापनों को निरस्त कर दिया गया है। हालांकि, आयोग ने अपने नोटिस में यह भी स्पष्ट किया है कि यह बहाली पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग से संशोधित अधियाचना प्राप्त होने के आलोक में अब नए सिरे से विज्ञापन प्रकाशित करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

ईरान से सीधी बात करना चाहता है अमेरिका

जागरण ने लिखा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शांति वार्ता फिर शुरू करने की पहल की है। न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी और बातचीत की जानकारी रखने वाले ईरानी अधिकारी के मुताबिक, वेंस ने पिछले हफ्ते कतर के मध्यस्थों के जरिए ईरान के प्रभावशाली कट्टरपंथी नेता मोहसेन रेजाई को पत्र भेजा। इसमें दोनों देशों के अधिकारियों के बीच जल्द सीधी बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। वेंस ने खुद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने की इच्छा जताई है।

दरभंगा ग्रेजुएट सीट पर 62 घंटे की गिनती के बाद राजद समर्थित उम्मीदवार जीते

जागरण के अनुसार बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक निर्वाचन में राजद उम्मीदवार अनिल कुमार झा को जीत मिली है। गुरुवार की देर रात इसकी घोषणा की गई। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अनिल कुमार झा को प्रमाणपत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि राजद प्रत्याशी को 4,010 मतों से जीत मिली है। उन्हें कुल 25,406 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 21,396 मत मिले। मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना करीब 62 घंटे चली। : इससे पहले गुरुवार की शाम भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार अपनी हार स्वीकार कर मतगणनौ केंद्र से बाहर निकल गए थे। निकलने से पूर्व उन्होंने अनिल कुमार झा को गले लगाकर जीत की बधाई दी थी। प्रथम वरीयता के 10वें राउंड तक बुधवार को सर्वेश कुमार को 16 हजार 115 वोट मिले थे। राजद प्रत्याशी को 14 हजार 615 मत मिले थे। जीत के लिए जरूरी मत नहीं मिलने के कारण द्वितीय प्राथमिकता के मतों की गिनती शुरू हुई थी।

कुछ और सुर्खियां:

  • आईआरसीटीसी घोटाले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की याचिका पर ईडी को नोटिस
  • गूगल को 1 दिन में 49 लाख करोड़ रुपये का झटका लगा, शेयर 13% टूटे
  • ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी संजय सिंह हो सकते हैं बिहार के नए चीफ सेक्रेटरी, कुर्मी जाति से है संबंध
  • दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द होने से गुस्साए उम्मीदवारों ने पटना में बैरिकेडिंग तोड़ी, डाक बंगला पर किया प्रदर्शन
  • पटना एम्स में सड़क दुर्घटना के घायलों का 7 दिन तक कैशलेस इलाज शुरू
  • सब्सिडी के साथ बसों में बिना एसी के पटना से दिल्ली का सफर ₹1182 में

अनछपी: आपने रक्सौल की 60 साल की आभा पांडे का नाम नहीं सुना होगा। हम उनकी चर्चा इसलिए कर रहे हैं कि उन्हें पुलिस और एनजीओ की मदद से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा क्योंकि उन्हें कई दिनों से एक कमरे में बंद कर रखा गया था और इसका पता तब चला जब उनके कमरे से बहुत तेज बदबू फैलने लगी। बदबू फैलने पर आसपास के लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को इसकी खबर की। पुलिस के आने के बाद जब दरवाजे को खोला गया तो कमरे से इतनी बदबू आ रही थी कि लोगों का जाना मुश्किल था। फिर भी एक स्थानीय एनजीओ के लोग आए और किसी तरह साफ सफाई की गई और उन्हें कमरे से बाहर निकाला गया जो बिल्कुल बदहवासी की हालत में मिली थीं। अब तक जो बात पता चली उसमें यह इल्जाम लगा कि आभा पांडे की छोटी बेटी ने उन्हें कमरे में बंद किया था क्योंकि उसको उसकी मां संपत्ति नहीं दे रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आभा पांडे एक सप्ताह से घर से नहीं निकली थीं और तीन दिन पहले उनकी छोटी बेटी घर पर कुछ देर के लिए आई थी फिर चली जाती थी। उसे आखिरी बार मां को गाड़ी में बैठा कर कहीं ले जाते देखा गया। उसके बाद जब वह उन्हें वापस घर छोड़ गई तो दो दिनों से नहीं आ रही थी। खबरों में बताया गया है कि अस्पताल में होश आने के बाद आभा पांडे ने आरोप लगाया की संपत्ति हड़पने की नीयत से उनकी बेटी ने उनके साथ ऐसा बुरा सलूक किया है। आभा पांडे के बारे में बताया गया है कि उनके पति दिवंगत ओमप्रकाश पार्षद रहे हैं जिनकी तीन बेटियां हैं लेकिन बाकी दो बेटियों का पता नहीं चल पाया। आमतौर पर बेटियों को मां के ज्यादा करीब माना जाता है, इसलिए इस तरह की घटना समाज के लिए और भी ज़्यादा चिंताजनक है।

 42 total views

Share Now

Leave a Reply