बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अर्नब तूफान की वजह से हुई बारिश से पूरे बिहार में लगभग 5000 करोड़ रुपए की फसलें बर्बाद हो गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह की ज़मानत रद्द कर दी है।
और, जानिएगा कि पिछले 7 सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 66 अरब डॉलर घट गया है।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में करीब पांच हजार करोड़ की फसलों की क्षति का अनुमान है। सर्वाधिक क्षति धान की फसल की हुई है। धान उत्पादन में 10 से 15 फीसदी तक कमी हो सकती। धान के साथ केला और सब्जी की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के असर से आगामी दलहन और तेलहन सहित रबी फसलों की बुआई में भी देरी होगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार और डॉ. प्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में लगी धान की फसल गिर गई है। वहीं, तैयार हो चुकी धान की फसल की गुणवत्ता खराब होगी। बिहार के किसानों पर मौसम की दोहरी मार पड़ी है।
बंगाल और असम में बाढ़ का ख़ौफ़
तूफान अर्नब के कारण अब पूर्वोत्तर में बाढ़ का खौफ बढ़ गया है। भूटान में गुरुवार देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही हुई। पानी के तेज बहाव से ग्लेशियर झील गासा त्साचु फट गई। पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा भी टूट गया, जिससे वहां ट्रैफिक बंद करना पड़ा। झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर असम और प.बंगाल से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र में मिल जाती है। इसे देखते हुए दोनों राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। 15 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है। सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया और जल्द से जल्द घर छोड़ने को कहा गया है। उधर ओडिशा में अर्नब के कहर से दर्जनों गांव डूब गए और लगभग 2000 लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं।
अनंत सिंह की जमानत रद्द
प्रभात खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने जदयू के निष्कासित मोकामा विधायक अनंत सिंह की दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाइकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी है. साथ ही कोर्ट ने अनंत सिंह को एक दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है. शुक्रवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीवी वरेंला की खंडपीठ ने दुलारचंद यादव के भतीजे नीरज कुमार की याचिका पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया. खंडपीठ ने पुलिस को चार महीने में केस की जांच पूरी करने को भी कहा है. सुप्रीम कोर्ट ने मामले को चार महीने बाद अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है.
20 मिनट में 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरंसी चोरी
जागरण के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के दौर में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि दुनिया की दिग्गज कंपनियां भी उनके निशाने से सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेंस का है, जहां हैकरों ने महज 20 मिनट में 6.3 अरब डालर (लगभग 59,802 करोड़ रुपये) की क्रिप्टोकरेंसी चुरा ली। इसे अब तक की सबसे बड़ी साइबर चोरियों में से एक बताया जा रहा है पूर्ण राम घटना के बाद कंपनी ने जाम और निकासी की सुविधा अगले 45 घंटे के लिए रोक दी। कंपनी ने दावा किया की चोरी हुई रकम में से 3.3 अरब डॉलर फ्रीज कर दिए गए हैं।
अब विश्वविद्यालय शिक्षकों को सीधे ट्रेजरी से मिलेगा वेतन
प्रभात खबर के अनुसार बिहार के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. राज्य सरकार कॉलेज शिक्षकों को वेतन देने की मौजूदा व्यवस्था को बदलकर कोषागार के माध्यम से सीधे भुगतान करने की तैयारी कर रही है. इस व्यवस्था के लागू होने के बाद विश्वविद्यालयों के स्तर पर वेतन भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव होगा और शिक्षकों के खाते में वेतन भेजने की जिम्मेदारी कोषागार की होगी. इससे पहले सभी विश्वविद्यालय को पहले ट्रेजरी से भुगतान के लिए अलग-अलग राशि जारी की जाती थी उसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेतन भुगतान किया जाता था।
दिल्ली में 2 दिन का 86 महासंग्राम आज से
प्रभात खबर के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर दोपहर ढाई बजे होगा. पहले यह कार्यक्रम शुक्रवार को होना था, मगर बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया. खराब मौसम को देखते हुए विपक्षी दलों के नेताओं ने खरगे के आवास पर बैठक की. बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी, सीपीआइ के पी संदोष कुमार, सीपीआई (एम) के जॉन ब्रिटास, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन, केरला कांग्रेस के जोश के मणि, सपा के धर्मेंद्र यादव शामिल हुए और मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला लिया. बैठक के बाद राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली और दिल्ली चलो मार्च को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट की.
7 सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 66 अरब डॉलर घटा
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 7 सप्ताह में 28 साल की सबसे बड़ी गिरावट हुई है। भास्कर के अनुसार आरबीआई के 30 अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, 4 सितंबर से 23 अक्टूबर के बीच विदेशी मुद्रा भंडार 8.48% घटा। यह अब 719.74 अरब डॉलर रह गया। इस गिरावट की मुख्य बजह रुपए को सहारा देने के लिए खुले बाजार में डॉलर की बिक्री और महंगे क्रूड ऑयल की वजह से आयात बिल बढ़ना हैं। आईडीएफसी बैंक की मुख्य अर्थशास्त्री गौरा सेनगुप्ता के अनुसार तेल आयात की वजह से विदेशी मुद्रा भंडार पर नकारात्मक दबाव रहेगा। आने वाले हफ्तों में भी गिरावट नजर आ सकती है।
कुछ और सुर्खियां:
- उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा है हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह की मौत
- छठ के अगले दिन पटना से दिल्ली का फ्लाइट किराया 22000 से भी ज्यादा
- बिहार में हाल ही में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किए गए कॉलेज शिक्षकों को भी स्थाई शिक्षकों की तरह मिलेगी छुट्टी
- भाजपा के संस्थापक सदस्य और राज्यसभा के पूर्व सांसद आरके सिंह का नोएडा में 75 साल की उम्र में निधन
- सिपाही भर्ती पेपर लीक के आरोपी की कौशिक कुमार दो करोड़ की पांच संपत्तियां जब्त
अनछपी: बिहार में जुर्म के मामले में सजा या बरी होना किस हद तक सरकार की नीयत पर निर्भर है, इसकी मिसाल देने के लिए अनंत सिंह का मामला भी काफी सटीक होगा। इस बात को समझने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के उस बयान को याद करना चाहिए जिसमें वह कहते थे कि ना किसी को फंसाया जाएगा और ना किसी को बचाया जाएगा लेकिन हकीकत ऐसी बिल्कुल नहीं है। यह काम नीतीश कुमार के कार्यकाल में खूब हुआ जब उनकी पसंद के नेता के अपराध के बावजूद उसे कोर्ट से निजात मिल जाती थी और नीतीश के खिलाफ रहने वाले नेता को जेल मिलती थी। इसे इस तरह समझना चाहिए कि सरकार जब किसी को बचाना चाहती है तो वह अपने वकील को कमजोर दलीलों के साथ अदालत में भेजती है। यह महज इत्तेफाक नहीं हो सकता कि अनंत सिंह ने जब आरजेडी का दामन थामा तो नीतीश कुमार की सरकार ने उनके घर से कथित तौर पर एके-47 मिलने का केस दर्ज कर उन्हें जेल में बंद कर दिया लेकिन जैसे ही अनंत ने पाला बदला उनकी रिहाई हो गई और सरकार हाई कोर्ट में अनंत को जमानत देने से रोकने की दलील नहीं दे सकी। हम ऐसा ही मामला नवादा के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव के मामले में भी देख चुके हैं जो नाबालिग से रेप के पोक्सो केस में 9 साल जेल रहे लेकिन जैसे ही उन्होंने पाला बदल कर नीतीश कुमार का साथ दिया उन्हें भी बरी होने से सरकार नहीं रोक सकी या कहिए कि सरकार ने उनके बरी होने का रास्ता आसान कर दिया। नीतीश कुमार की इसी चाल को वर्तमान सम्राट चौधरी की सरकार ने भी जारी रखा है क्योंकि फिलहाल भारतीय जनता पार्टी को सरकार चलाने के लिए जदयू का समर्थन चाहिए।
180 total views