छ्पी-अनछपी: होर्मुज बंद- ईरान-अमेरिका जंग फिर शुरू, हेलीकॉप्टर टूर के लिए आज से बुकिंग

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया गया है जिससे ईरान और अमेरिका के बीच एक बार फिर जंग शुरू हो गई है। बिहार में हेलीकॉप्टर से टूर के लिए आज से बुकिंग शुरू हो रही है। 

और, ₹1100 का इंतज़ार कर रहे ई रिक्शा चालक के खाते में आ गया 759 करोड़। 

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार होर्मुज जलमार्ग में एक पोत पर हुए हमले के बाद अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान पर ताबड़तोड़ बम बरसाए। उसने ईरान के 140 ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर, कुवैत, जॉर्डन, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान ने कहा कि होर्मुज अगली सूचना तक बंद रहेगा। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि जलमार्ग आवागमन के लिए खुला है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि ईरान के निशाना बनाए गए ठिकानों में मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल, गोला-बारूद के भंडार, संचार उपकरण और निगरानी बोट शामिल हैं। सेंटकॉम ने बताया, इन हमलों ने होर्मुज से गुजरने वाले पोतों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को कमजोर किया है। इससे पहले ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के ध्वज वाले एक कंटेनर पोत पर हमला किया, जिससे उसमें आग लग गई और चालक दल को पोत छोड़ना पड़ा। पोत पर चालक दल के सदस्यों में 11 भारतीय नागरिक थे। पोत ओमान के तट के साथ-साथ बने रास्ते पर चल रहा था।

आज से हेलीकॉप्टर टूर के लिए बुकिंग

प्रभात खबर के अनुसार बिहार में पर्यटन को नयी गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 की शुरुआत सोमवार से करने जा रही है. पहले चरण में पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा गया है. इसकी जानकारी रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर दी. योजना के तहत पर्यटक पटना जॉय राइड का आनंद ₹2,100, पटना-राजगीर यात्रा ₹4,000, पटना-वाल्मीकिनगर ₹5,000 तथा पटना-कैमूर ₹6,000 में कर सकेंगे. पटना जॉय राइड के तहत हेलीकॉप्टर से पटना शहर की 10 मिनट की हवाई सैर कर सकेंगे. इन सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग 13 जुलाई से शुरू होगी, जबकि 18 जुलाई से हर शनिवार और रविवार को नियमित उड़ानें संचालित की जायेंगी. सरकार रियायती दरों पर हेली सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रति टिकट 15,422 रुपये तक का अनुदान देगी. 

फुटबॉल वर्ल्ड कप: पहली बार वर्ल्ड रैंकिंग की टॉप टीमें एक साथ सेमीफाइनल में

भास्कर ने लिखा है कि फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम दो क्वार्टर फाइनल मैचों में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 और इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराया। इसी के साथ सेमीफाइनल की चारों टीमें (फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड) तय हो गईं। ऐसा पहली बार है, जब मौजूदा फीफा रैंकिंग में टॉप-4 टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचीं। 

30 दिन की हिरासत के बाद पीएम और सीएम को हटाए जाने की जगह सस्पेंड करने की सिफारिश

जागरण के अनुसार विपक्षी दलों की चिंताओं के बीच संसद की एक समिति ने सिफारिश की है कि यदि प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को गंभीर अपराधों के आरोप में 30 दिनों तक हिरासत में रखा जाता है तो उन्हें उनके पद से हटाने के बजाय निलंबित किया जाना चाहिए। समिति ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि यदि ऐसे व्यक्तियों को बरी किया जाता है या मुकदमे की कार्यवाही निर्धारित समय के भीतर आगे नहीं बढ़ती है तो निलंबन स्वतः समाप्त हो जाएगा। 130वें संविधान संशोधन विधेयक की समीक्षा कर रही संयुक्त समिति ने दो खास और तीन सामान्य सिफारिशें की हैं। पिछले साल अगस्त में पेश किए गए इस विधेयक में प्रविधान है कि यदि प्रधानमंत्री, मंत्री या मुख्यमंत्री हिरासत में रहने के 31 वें दिन तक इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें स्वतः पद से हटा दिया जाएगा।

एक्साइज़ दारोगा भर्ती परीक्षा में भी कदाचार तीन गिरफ्तार

हिन्दुस्तान के अनुसार मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (दारोगा) के पद पर नियुक्ति के लिए रविवार को प्रारंभिक लिखित परीक्षा के दौरान तीन व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से कदाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पटना के शाहपुर स्थित सियाराम सिंह यादव उच्च विद्यालय से एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ के साथ पकड़ा गया। वहीं, बेगूसराय के एसके महिला कॉलेज में दो बायोमैट्रिक कर्मी परीक्षा में कराने के प्रयास में दबोचे गए।

₹1100 का इंतज़ार कर रहे ऑटो चालक के खाते में आ गया 759 करोड़

भास्कर के अनुसार बिहार के चार अलग-अलग जिलों में शनिवार को हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां सरकार से मिलने वाली पेंशन की मामूली राशि निकालने पहुंचे तीन गरीब लोगों के बैंक खातों में अचानक अरबों रुपए दिखने लगे। गया में एक ई-रिक्शा चालक के खाते में 759 करोड़ रुपए मिले। वहीं पूर्णिया के अमौर, समस्तीपुर के सरायरंजन और मुजफ्फरपुर के सकरा में तीन बुजुर्गों के खाते में 740-740 करोड़ रुपए से अधिक का बैलेंस दिखा। इतनी बड़ी राशि देखकर खाताधारकों के साथ-साथ बैंक कर्मी भी हैरान हैं। साइबर डीएसपी अब्दुर रहमान दानिश ने बताया कि एक महीने पहले बोधगया के प्लंबर विकास कुमार के खाते में भी 294 करोड़ आने की खबर आई थी। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते में महज 429 रुपए ही उपलब्ध थे। पुलिस और बैंक अधिकारी इसे सर्वर की तकनीकी खामी मान रहे हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • वैशाली जिले के बिदुपुर में परिवार में रास्ते के विवाद के बाद सेना के जवान और उसके पिता की हत्या
  • रांची पटना वंदे भारत ट्रेन में तकनीकी खराबी, मालगाड़ी के इंजन से खींच कर लाई गई, 3 घंटे देरी से रात 1.3:8 बजे पटना पहुंची
  • एमआईटी मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर ऐंड सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी खोलने का ऐलान
  • गोरखपुर में विप अध्यक्ष मुकेश सैनी को पुलिस ने बैठक में जाने से रोका, कार्यकर्ताओं से धक्कामुक्की हुई

अनछपी: एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के दूसरे मंत्री तरह-तरह के ऐलान कर रहे हैं तो दूसरी तरफ यह खबर आई है कि बिहार की 8053 पंचायतों के साथ ही 534 पंचायत समिति और 38 जिला परिषदों में इस साल क्या काम होंगे, अबतक यह तय ही नहीं हो पाया है। इसके लिए बिहार सरकार सीधे जिम्मेदार नहीं है लेकिन यह बात याद रखने की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी व जनता दल यूनाइटेड के नेता बिहार में डबल इंजन सरकार का दावा करते हैं फिर भी यह हाल है। खबरों में बताया गया है कि अबतक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पंचायत राज मंत्रालय ने बिहार सहित अन्य राज्यों को इस संबंध में पत्र नहीं भेजा है जिसकी वजह से पंचायतों में गली, नाली, सड़क सहित विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। खबरों में बताया गया है कि बिहार को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6670 को रुपए की राशि मिलनी है लेकिन इस दिशा में कोई प्रगति नजर नहीं आ रही है जबकि अब तक कम से कम 3300 करोड रुपए मिल जाने चाहिए थे। सवाल यह है कि क्या इससे होने वाली परेशानी के खिलाफ सरकार के किसी नेता या मंत्री ने कोई आवाज उठाई है? डबल इंजन सरकार का यही नुकसान है कि अगर केंद्र ने कोई गड़बड़ी की है तो राज्य सरकार के किसी अधिकारी या मंत्री नेता की तरफ से कोई आवाज नहीं उठाई जाती है। जहां तक विपक्ष का मामला है तो वह इस समय पूरी तरह सोई हुई अवस्था में है और पता नहीं उसे जगाने के लिए बिहार में और क्या होना चाहिए।

 110 total views

Share Now

Leave a Reply