छ्पी-अनछपी: हर साल ढाई लाख को मिलेगी रोजगार की ट्रेनिंग, पेलेट गन पर अमित शाह से फिर सवाल

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार सरकार ने राज्य के ढाई लाख से अधिक युवाओं को स्किल और रोजगार के लिए विशेष ट्रेनिंग देने का वादा किया है। एक और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कह रहे हैं कि वह हर सवाल का जवाब देंगे लेकिन राहुल गांधी इस सवाल पर पड़े हैं कि आखिर छात्रों पर पायलट गन किसने चलवाई। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण को लेकर बवाल। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत का दावा झूठा निकला।

और, जानिएगा कि पटना की सड़कों पर एक करोड़ से ज्यादा कीमती कितनी इलेक्ट्रिक कारें चल रही हैं।

पहली खबर

प्रभात खबर के अनुसार बिहार सरकार ने युवाओं को नयी तकनीक और जरूरत के अनुसार रोजगारपरक बनाने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम को अगले पांच वर्ष तक जारी रखने का निर्णय लिया है. इसके तहत हर वर्ष करीब दो लाख 57 हजार 440 युवाओं को ट्रेनिंग मिलेगी. इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 430.0833 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गयी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव समेत 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी.

किन क्षेत्रों में मिलेगी ट्रेनिंग

बिहार कौशल विकास मिशन के कुशल युवा कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल क्षेत्र में नयी तकनीकों के आगमन को देखते हुए प्रशिक्षण का स्वरूप बदला जायेगा. युवाओं को सोलर, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, मल्टी-स्किल्ड लैब तकनीशियन, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन, ब्यूटी एवं वेलनेस, वेब इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली, भाषा और उद्यमिता जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण प्राप्त युवा नौकरी पाने के साथ अपना उद्यम शुरू कर दूसरे लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम होंगे.

पेलेट गन पर अमित शाह से फिर सवाल

भास्कर के अनुसार लोकसभा में छात्र आंदोलन और नीट पेपर लीक पर बहस कराने की सरकार की कोशिश नाकाम रही। गृह मंत्री अमित शाह ने दो दिन की चर्चा और खुद जवाब देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन विपक्ष ने इसे खारिज कर दिया। हंगामे के कारण सदन दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पेलेट गन से एक छात्र की आंख चली गई, किसी को कान में गोली लगी और छात्रों पर लाठी से मारपीट हुई, इन सबके पीछे आदेश किसका था, यही सवाल है।

एसटीईटी के लिए 17 अगस्त से आवेदन

जागरण के अनुसार बिहार विश्वविद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2026 के लिए आवेदन करने की तिथि जारी कर दी है। परीक्षा समिति के अध्यक्ष डा. त्यागराजन एसएम ने बताया कि एसटीईटी का आनलाइन आवेदन 17 अगस्त से भरा जाएगा। परीक्षा आयोजन संबंधी जानकारी को लेकर 14 अगस्त को समाचार में विज्ञापन जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने परीक्षा आयोजित करने की सहमति दे दी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण

हल्द्वानी से हिन्दुस्तान की खबर है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई रैली के बाद उसी स्थल पर कराए गए ‘शुद्धीकरण’ यज्ञ को लेकर सियासी संग्राम छिड़ गया है। कांग्रेस ने इसे खरगे के दलित होने से जोड़ते हुए बुधवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उधर, भाजपा का कहना है कि ‘शुद्धीकरण’ यज्ञ से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। ये एक निजी संगठन का कार्यक्रम था। कांग्रेस इसे लेकर जबरन राजनीति कर रही है।

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत का दावा झूठा

हिन्दुस्तान के अनुसार एक पत्रकार द्वारा बुधवार को इमरान खान की जेल में मौत के दावे से हड़कंप मच गया। मामला बढ़ते देख सेना ने बयान जारी कर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अडयाला जेल में बंद और जिंदा हैं। पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया कि तीन वरिष्ठ सैन्य सूत्रों ने उन्हें बताया है कि इमरान खान अब जिंदा नहीं हैं। हालांकि सूत्रों ने इमरान को मृत नहीं देखा है। वजाहत ने कहा कि उनका दावा प्रत्यक्ष पुष्टि पर आधारित नहीं हैं। उनका ये दावा सामने आते ही पाक में हलचल तेज हो गई।

विपक्ष के विरोध के बाद जेपीसी को भेजा गया एफसीआरए बिल

जागरण के अनुसार विपक्ष के जबरदस्त विरोध के बीच सरकार ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 बानी एफसीआरए को संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेज दिया। विपक्षी दलों द्वारा विधेयक को वापस लेने की मांग के बावजूद लोकसभा ने ध्वनिमत से जेपीसी के गठन का प्रस्ताव पारित किया। प्रस्तावित 31 सदस्यीय जेपीसी में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सांसद शामिल होंगे। जेपीसी को इस विधेयक का परीक्षण कर अपनी सिफारिशें देने के लिए आगामी शीत सत्र के अंतिम दिन तक का समय दिया गया है। विपक्ष ने विधेयक को वापस लेने की मांग करते हुए इसे अल्पसंख्यकों और गैर सरकारी संगठनों के खिलाफ बताया।

पटना की सड़कों पर एक करोड़ से ज्यादा कीमती कितनी इलेक्ट्रिक कारें?

प्रभात खबर की खास खबर के अनुसार राजधानी पटना की सड़कों पर 1.29 करोड़ की छह इलेक्ट्रिक कारें दौड़ रही हैं. डीटीओ में इस साल 17 जुलाई तक रजिस्टर्ड 984 इ-कारों में 50 लाख से अधिक कीमत वाली 17 कारें शामिल हैं. इन कारों में टोयेटा वेलफायर हाइब्रिड के अलावा एमजी ए१ इवी प्रेसीडेंसियल लिमो, टेसला मॉडल वाइ लांग रेंज आरडब्ल्यूडी व बीएमडब्ल्यू आइएक्स 1 इड्राइव 20 एलएम स्पोर्ट इलेक्ट्रिक कारें शामिल हैं. टोयेटा की वेलफायर हाइब्रिड वीआइपी मॉडल की ये कारें पेट्रोल व बैटरी दोनों से चलती है. अन्य कारें पूरी तरह इ-वाहन हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक-47 से गोली चलाने के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने के खिलाफ 19 अगस्त को लोग भवन मार्च करेगा आरजेडी
  • एलएन मिश्रा मैनेजमेंट इंस्टिट्यूट में 1600 से बढ़कर 3000 होगी छात्रों की संख्या
  • टाटा संस के पहले और इकलौते गैर पारसी चेयर पर्सन चंद्रशेखर फरवरी 2027 के बाद हट जाएंगे
  • तमिलनाडु विधानसभा में परिसीमन प्रक्रिया के खिलाफ प्रस्ताव पास

अनछपी: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीविका दीदियों के सहारे महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके आर्थिक उन्नयन का दावा करते रहे हैं लेकिन कई लोग दरअसल उनके बारे में यह सवाल उठाते हैं कि कहीं वह कर्ज के दुष्चक्र में तो नहीं फंस रही हैं। यह बात भी याद रखने की है कि नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों को हमेशा अपनी राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर इस्तेमाल किया और उनकी सभाओं में अधिकारियों का यह पूरा प्रयास रहता था कि ज्यादा से ज्यादा जीविका दीदियां बसों में भर भर कर लाई जाएं। आज इसकी चर्चा इसलिए करने की जरूरत पड़ी क्योंकि मुजफ्फरपुर से एक खबर आई है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में मशरूम उगाने के लिए लोन लेने वाली 110 जीविका दीदियां अब कर्जदार हो गई हैं। यानी कर्ज लेकर उसे चुकाने और लाभ कमाने की उनकी कोशिश उलटी पड़ गई है। खबरों में बताया गया है कि अब ब्याज समेत उन पर करीब 5.70 करोड़ रुपया बकाया हो गया है। अब इन जीविका दीदियों का आरोप है कि उनके नाम पर लोन लेकर पैसे वेंडर ने निकाल लिए। किसी के खाते में 1.90 लाख तो किसी के खाते में एक लाख तक बकाया है। अब यह सभी जीविका दीदियां दो दिनों से मुजफ्फरपुर में भूख हड़ताल कर रही हैं। देखना यह है कि वहां के डीएम ने जिस जांच की बात की है उसका नतीजा क्या निकलता है।

 30 total views

Share Now

Leave a Reply