बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। लंबे अर्से के बाद भारत के बुलावे पर पाकिस्तान के मंत्री इसी महीने भारत आएंगे। पूरे बिहार में आज छठ का पहला अर्घ्य दिया जा रहा है।
और जानिएगा कि क्यों अमेरिका में 9000 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, इसमें 15 लाख यात्री फंसे रहे।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मूसद्दिक़ मलिक इस माह के अंत में भारत में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के ‘सभ्यतागत संवाद’ की बैठक में हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इसकी घोषणा की है। तीन साल से अधिक के समय बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आएगा। भारत ने 28 अक्तूबर को घोषणा की थी कि परंपरा के अनुसार एससीओ के सभी सदस्य देशों को बैठक में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाली इस बैठक में सभ्यतागत संवाद और सांस्कृतिक समझ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। भारत की मेजबानी में होने वाले इस कार्यक्रम में पाकिस्तान की भागीदारी को इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा कि पाकिस्तान भारत के साथ तनाव कम करना चाहता है।
भारत ने शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी पर सेवा की निगरानी की शर्त लगाई
प्रभात खबर ने लिखा है कि भारत चाहता है कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी सुरक्षित तरीके से हो और उन्हें वहां निष्पक्ष सुनवाई का मौका मिले. बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने इसके लिए बांग्लादेश के सामने दो शर्तें रखी हैं. पहली, बांग्लादेश की सेना हसीना को भारत से वापस ले जाये. दूसरी, उन्हें मौत की सजा के खिलाफ अपील करने और नये सिरे से सुनवाई का अवसर दिया जाये. रिपोर्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय और सैन्य प्रतिष्ठान के अज्ञात सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गयी है. भारत के विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
छठ का पहला अर्घ्य आज
हिन्दुस्तान के अनुसार लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार की शाम को व्रतियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ खरना पूजा की। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का उपवास शुरू हो गया। छठ व्रती रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। छठ महापर्व के लिए पटना के 90 गंगा घाट और 62 स्थायी-अस्थायी घाट पूरी तरह से तैयार हो गए हैं। अनुमान है कि यहां 12 से 13 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन और सीसीटीवी से भी निगरानी होगी। महापर्व के दौरान अशोक राजपथ, जेपी गंगा पथ, दीघा, गायघाट इलाके में रविवार और सोमवार को यातायात में बदलाव रहेगा। वहीं, नदियों में नावों के परिचालन पर रोक रहेगी।
अमेरिकी संस्था ने उठाया शरजील इमाम का मामला तो भारत ने दिया ये जवाब
जागरण के अनुसार भारत पर धार्मिक भेदभाव के आरोप लगाने वाली अमेरिकी संस्था यूएस कमीशन आन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम (यूएससीआइआरएफ) को भारत ने करारा जवाब दिया है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने संस्था को अपने पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करने और दूसरों को उपदेश देने से बचने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि संस्था के पक्षपाती और अधूरी जानकारी पर आधारित आकलन भारत की संवैधानिक प्रतिबद्धताओं को कमजोर नहीं कर सकते। दरअसल, यूएससीआइआरएफ ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर शरजील इमाम की प्रोफाइल साझा करते हुए आरोप लगाया था कि भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की वकालत करने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति को हिरासत में रखा गया है।
भाजपा शासन में भारत लोकतंत्र नहीं रहा: राहुल
जागरण के अनुसार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भारत अब लोकतंत्र नहीं रह गया है। दुनियाभर में लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए यह जरूरी है कि भारत लोकतंत्र बना रहे। लेकिन, हमने जो पाया है और साबित किया है, वह यह है कि भारत अब वास्तव में लोकतंत्र नहीं रहा। कांग्रेस ने पाया है कि 2014 में भारत में लोकतंत्र को नष्ट कर दिया गया था। तेलंगाना सरकार की मेजबानी में आयोजित भारत समिट 200 को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने पूछा कि अगर चुनाव आयोग 14 करोड़ मतदाताओं को अवैध घोषित करता है, तो चुनाव वैध कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 में में कांग्रेस ने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा। इसमें राजनीतिक व्यवस्था करोड़ों डालर झोंके गए और अभियान का तरीका भी पूरी तरह नया था। भारत समिट में शामिल नहीं हो सके विदेशी प्रतिनिधियों से माफी मांगते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उन्हें इस कार्यक्रम में आने की अनुमति नहीं दी। इससे अंदाजा लगता है कि भारत में हम किस स्थिति से जूझ रहे हैं।
आख़िरी गेंद पर चौका जड़ भारत बना अंडर-19 एशिया चैंपियन
जागरण के अनुसार अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान की मजबूत स्थिति और लगभग एकतरफा हो चुके मैच को देखते हुए कई भारतीय दर्शकों ने निराश होकर शायद टीवी बंद भी कर दिया होगा, लेकिन जब उन्हें मैच का नतीजा पता चला होगा, तो उनकी हैरानी की सीमा नहीं रही होगी। ओमान में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय धुरंधर बाल वीरों ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर पाकिस्तान को पस्त कर दिया। बाल दिवस के खास मौके पर भारतीय युवा खिलाड़ियों ने देश को यादगार जीत का तोहफा दिया। भारत ने गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया। पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे।
कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने से अमेरिका में नौ हजार फ्लाइट्स कैंसिल
वॉशिंगटन से भास्कर की ख़बर है कि दुनिया का सबसे बड़ा अमेरिकी एविएशन नेटवर्क शुक्रवार को 5 घंटे जमीं पर रहा। कम्युनिकेशन सिस्टम फेल होने से फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने लगभग 9 हजार उड़ानें रद्द कर दीं। इससे 15 लाख से ज्यादा यात्री फंसे रहे। अमेरिका की राष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ ट्रांस अटलांटिक यानी यूरोप से आने वाली फ्लाइट्स के यात्री भी अटक गए। भारतीय समयानुसार शुक्रबार देर रात उड़ानों से रोक हट गई। एफबीआई ने कंट्रोल सिस्टम में आई खराबी के पीछे साइबर हमले की आशंका को खारिज किया है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने सिस्टम अपग्रेड के लिए 30 अरब डॉलर मांगे हैं। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले (9/11) के बाद यह दूसरी बार है, जब अमेरिका में सभी उड़ानों को रोका गया है। इससे पहले 2023 में एफएए के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण भी उड़ानें रोकी गईं थीं, लेकिन तब इतनी संख्या में उड़ानें प्रभावित नहीं हुई थीं।
कुछ और सुर्खियां:
- इटली की डेटा सुरक्षा एजेंसी ने फेसबुक की मूल कंपनी मेटा पर लगभग 887 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया
- पटना के भंडारक थाना क्षेत्र में तीन युवकों को बड़े ट्रक ने कुचला, साला और बहनोई की मौत
- उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच 23 नवंबर से चलेगी ट्रेन
- 18 घंटे बाद माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बहाल हुईं, आउटलुक, टीम्स और को पायलट समेत कई सेवाएं हुई थीं ठप
- हिंसाग्रस्त मणिपुर के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत
अनछपी: बिहार में नीतीश कुमार के शासनकाल के दौरान कैसे नियमों की धज्जियां उड़ाकर अपने चहेते और पोसुआ नेताओं/अफसरों को फायदा पहुंचाया गया है, इसकी चर्चा में मंत्री अशोक चौधरी का नाम भी शामिल रहेगा। अपनी बेटी के लिए आरएसएस कोटे से टिकट मिलने की बात कहने वाले नीतीश कुमार के दुलरुवा अशोक चौधरी शायद बिहार मंत्रिमंडल के सबसे ज्यादा डिग्री वाले नेता हैं लेकिन उनकी डिग्री से उनके प्रोफेसर बनने तक का मामला विवादों में चल रहा है। उन्होंने पीएचडी की डिग्री कैसे ली और कैसे उन्हें डिलीट की उपाधि मिली इस पर तो बहस हमेशा होती रहेगी लेकिन फिलहाल यह बात चर्चा में है कि वह एमएलसी रहते हुए जब असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त किए गए तो वह दरअसल बिहार विश्वविद्यालय से जुड़े कानून का उल्लंघन था। इस बात पर भी बहस है कि उनके लिए नियमों को बदलकर उम्र सीमा को बढ़ाया गया और इंटरव्यू भी बहुत ही अपारदर्शी तरीके से हुआ। जहां तक नियम बदलकर अपने पोसुआ नेताओं को फायदा पहुंचाने का मामला है तो उसमें आनंद मोहन का नाम भी ऊपर रहेगा क्योंकि वह तो बाजाब्ता तौर पर हत्या के मामले में सजा काट रहे थे लेकिन उन्हें नीतीश कुमार के ज़रिए रिहा कराया गया। बहरहाल, बिहार के विश्वविद्यालयों के मुखिया यानी चांसलर जो बिहार के गवर्नर होते हैं, उनके ऑफिस के सबसे बड़े अधिकारी (अब पूर्व) ने इस बात पर ऐतराज जताया है की एक तो उनकी नियुक्ति नियम के विरुद्ध है और दूसरे एक दिन ही क्लास लेने के बाद लियन यानी लंबी छुट्टी के लिए उनका आवेदन इसलिए सही नहीं है क्योंकि प्रोबेशन के दौरान इसकी अनुमति बिहार विश्वविद्यालय के नियम नहीं देते हैं। इस मामले में अशोक चौधरी का कहना है कि कई लोग ऐसे हैं जो एमएलसी रहते हुए भी बिहार के विश्वविद्यालयों में पढ़ा रहे हैं। यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता लेकिन माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उस अधिकारी का तबादला राजभवन से कर दिया गया जिसे अब लोकभवन का नाम दिया गया है। दरअसल बिहार के कई नेता ऐसे हैं जो प्रोफेसर तो बने हुए हैं हालांकि उन्हें क्लास लेते हुए काम ही देखा जाता है। अब अशोक चौधरी का नाम भी उसी में शामिल हो गया है और यह मामला अदालत तक पहुंच सकता है।
81 total views