बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। छठ के लिए बिहार आने वाले यात्रियों को जहां ट्रेनों में जगह नहीं मिल पा रही है वहीं फ्लाइट का किराया भी बढ़कर 21 हज़ार रुपये तक हो गया है। भारत में महंगाई की दर 2 साल के टॉप पर पहुंच गई है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2027 दो मई को ऑफलाइन मोड में ही होगी।
और, जासूसी मामले में फंसे दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के सीईओ ने इस्तीफा दिया।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार छठ पर पटना आने का विमान किराया आसमान पर पहुंच चुका है. गुरुवार शाम छह बजे दिल्ली से पटना आने का विमान किराया 12 हजार, बेंगलुरु से 16 हजार, मुंबई से 18 हजार और चेन्नई से 21 हजार तक पहुंच गया. इसके अलावा हैदराबाद से ₹16270 और अहमदाबाद से ₹15970 का टिकट मिल रहा है। सबसे ऊंचा विमान किराया शुक्रवार का है क्योंकि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय खाय से शुक्रवार से ही होगी. वैसे भी छठ पर घर आने वाले हरेक व्यक्ति का प्रयास खरना पूजा से पहले घर पर पहुंचना होता है. शनिवार को खरना पूजा के दिन का किराया भी ऊंचा है लेकिन यह शुक्रवार की तुलना में थोड़ा कम है.
महंगाई दो साल के टॉप पर
जागरण के अनुसार खाद्य वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी से खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई। दो साल में यह पहली बार है, जब रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) के छह प्रतिशत के संतोषजनक स्तर से यह ऊपर गई है। इससे पहले अक्टूबर, 2024 में खुदरा मुद्रास्फीति 6.25 प्रतिशत रही थी। सरकार ने आरबीआई को खुदरा मुद्रास्फीति दो से छह प्रतिशत के दायरे में रखने का दायित्व सौंपा है। इसके साथ ही दो से चार दिसंबर के बीच होने वाली आरबीआइ की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो रेट में एक और वृद्धि की आशंका बढ़ गई है। अक्टूबर में आरबीआइ ने रेपो रेट में 25 आधार अंक का इजाफा किया था। पिछले एक साल से खुदरा महंगाई दर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
NEET UG 2 मई को, ऑफलाइन मोड
प्रभात खबर के अनुसार नीट यूजी 2027 का आयोजन दो मई को होगा. इस बार भी परीक्षा ऑफलाइन होगी. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के एक अधिकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा कराने के लिए देशभर में पर्याप्त कंप्यूटर केंद्र व तकनीकी संसाधन नहीं हैं. ऐसे में मई, 2027 में होने वाली परीक्षा के लिए इतने कम समय में ऑनलाइन परीक्षा का बुनियादी ढांचा तैयार करना मुश्किल है. इस बार नीट यूजी में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर और ओवैसी ने बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा
हिन्दुस्तान के अनुसार आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) और आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की आगामी चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में दोनों दलों के नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन का भी ऐलान किया। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया। दोनों ने 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। साथ ही 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई मैदान पर बहुजन समाज महासम्मेलन की घोषणा की। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं बल्कि पहला मोर्चा है। दलित, शोषित समाज आज भी वंचित है। हम सत्ता में आए तो मुफ्त शिक्षा, अस्पताल, रोजगार देंगे।
75 साल से ज्यादा उम्र वालों के घर पहुंचेगा राशन
जागरण के अनुसार बिहार में अब 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार अगले वर्ष से उनके हिस्से का अनाज सीधे घर तक पहुंचाएगी। ज्ञान भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को यह घोषणा की। इसके पहले नए लाभुकों को राशन कार्ड और नई पीडीएस दुकानों के लाइसेंस बितरण कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने किया। आयोजन के दौरान 23 लाख 75 हजार नए लाभुकों को राशन कार्ड तथा 1448 नई जन वितरण प्रणाली दुकानों के लिए लाइसेंस प्रदान किए गए। इस दौरात मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ लाभुकों को डमी राशन कार्ड प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने पात्र परिवारों को आवेदन के 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड देने की बात की।
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता ने सरकारी रास्ते का अतिक्रमण किया
जागरण के अनुसार दरभंगा के अलीनगर की भाजपा विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर से जुड़े पोखरभिंडा गांव के जमीन विवाद में गुरुवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। ग्रामीणों की शिकायत पर सदर डीसीएलआर-वन अजय कुमार और प्रभारी सीओ आलोक कुमार गांव पहुंचे और विवादित जमीन की मापी कराई। सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिलने के बाद फ्लाई ऐश ईंट और दोनों ओर बने पत्थर के डिवाइडर हटाने का निर्देश दिया गया। मजदूरों ने इन्हें हटाने का काम शुरू कर दिया। सड़क पर करीब 100 फीट लंबाई और 20 फीट चौड़ाई में ईंट बिछाई गई है। दोनों ओर 100-100 फीट लंबे डिवाइडर बने हैं। निजी जमीन पर अतिक्रमण के आरोपों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक के पिता ने हाल में पोखरभिंडा में करीब 22 कट्ठा जमीन खरीदी है।
एनवीडिया के सीईओ ने इस्तीफा दिया
हिन्दुस्तान के अनुसार कथित दोहरे प्रेम प्रसंग और जासूसी विवाद के बीच अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कंपनी के चेयरमैन पद के साथ निदेशक मंडल की सदस्यता भी छोड़ दी है। कंपनी के बोर्ड सदस्य और चिप डिजाइन कंपनी सिनॉप्सिस के पूर्व सीईओ हार्वे जोन्स को नया चेयरमैन बनाया गया है। चीन की महिला से प्रेम संबंधों के कारण जेनसन पर सवाल उठे थे। अमेरिका सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि वह महिला चीन की जासूस है। अपनी सहकर्मी के साथ भी जेनसन के संबंधों की बात सामने आई है। उनके इस्तीफे के बाद गुरुवार को एनवीडिया के शेयर 13% से अधिक गिर गए।
कुछ और सुर्खियां:
- ग़ज़ा में अस्पताल पर इसराइल के हवाई हमले में 6 लोगों की मौत, 20 घायल
- पटना जिले के मोकामा के ब्रहपुर गांव में दो किशोर की हत्या कर शव कुएं में फेंके, दो लापता
- भोजपुर के गजराज ओपी क्षेत्र में पुरानी रंजिश में चार दोस्तों पर गोलियां बरसाई गई, हवलदार के बेटे की मौत
- विधानसभा चुनाव 2025 के बाद बिहार में बढ़े 898230 मतदाता
- आईआईटी खड़कपुर में अब मेडिकल का पीजी कोर्स भी, नेशनल मेडिकल काउंसिल ने 12 सीटों की दी मंजूरी
- सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 4.9 तीव्रता वाले भूकंप महसूस किए गए
- कश्मीर के कुलगाम में दो स्पेशल पुलिस ऑफीसर्स की लाश मिली, उनके हथियार भी लूट लिए गए
अनछपी: बिहार का सबसे बड़ा माना जाने वाला त्यौहार छठ शुरू हो गया है और अगर बाहर से अपने गांव-शहर लौटने वालों की हालत देखी जाए तो यह दुखद स्वीकारोक्ति करनी होगी के सब बुरे हाल में है। दिल्ली से पटना आना तो फिर भी इसलिए थोड़ा कम मुश्किल है क्योंकि ट्रेन के अलावा बसें भी चलाई जा रही हैं लेकिन मुंबई, सूरत, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई से बिहार लौटने वालों की हालत खराब है। रेल मंत्रालय ने एक तरफ हजारों ट्रेन के फेरे लगाने का ऐलान किया है लेकिन आने वाले यात्री यही बता रहे हैं कि उन्हें किसी तरह लदकर आना पड़ रहा है और जो स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं वह काफी देरी से चल रही हैं। स्पेशल ट्रेनों के बारे में साफ सफाई और दूसरी सुविधाओं की कमी की शिकायत भी मिल रही है जबकि उनका किराया ज्यादा होता है। ऐसे मौके का बेजा फायदा फ्लाइट कंपनियां ले रही हैं और दुगना तिगुना किराया वसूल रही हैं। सुनने में आया है कि रेल मंत्रालय की ओर से महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों में स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जा रहे हैं लेकिन यह दरअसल भरमाने बनाने वाली बात है क्योंकि छठ गीत तो बिहार में भी आकर सुने जा सकते हैं, असली बात यह है कि उनकी यात्रा में कठिनाई को कैसे दूर किया जाए। जिस तरह से हवाई जहाज का किराया बढ़ाया गया है और लोग कार से छठ मनाने बिहार पहुंच रहे हैं उससे तो यही लगता है कि सरकार के पास गरीबों के लिए कोई ठोस योजना नहीं है और आरामदेह सफर सिर्फ अमीरों की बपौती है।
132 total views