बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। दिल्ली के साथ पटना में भी पटाखे से हवा जहरीली हो गई और कई दूसरी जगहों पर भी जबरदस्त वायु प्रदूषण हुआ। भोजपुर में दीपावली की रात मंदिर में गाना बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो सवारों ने आठ लोगों को रौंद दिया जिससे दो सगे भाइयों की मौत हो गई। भारत में शरण लेकर रह रहीं शेख हसीना को पासपोर्ट देने से बांग्लादेश सरकार का इनकार।
और, चुनाव के वक़्त 125 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा, अब बिहार सरकार इसे अपने दिल से वापस करने के लिए मुहिम चलाएगी।
पहली ख़बर
पटना से जागरण के अनुसार दीपावली की रात पटाखों की गूंज के साथ आसमान धुएं की मोटी चादर से ढक गया। आतिशबाजी का असर अगले दिन सोमवार को शहर की हवा पर साफ दिखाई दिया। सोमवार को पटना की वायु गुणवत्ता खराब स्थिति में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली के अगले दिन पटना सिटी की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां का एक्यूआइ 356 दर्ज किया गया। वहीं, हाजीपुर (335) प्रदेश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। राजधानी का औसत एक्यूआइ 280 दर्ज किया गया। सासाराम में 87 एक्यूआइ के साथ यहां की हवा संतोषजनक रही।
बिहार में हाजीपुर सबसे प्रदूषित शहर रहा
हिन्दुस्तान के अनुसार दीपावली के बाद पटना समेत बिहार के आठ शहरों की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है। यह नौबत पटाखों के धुएं और खतरनाक धूल-कणों की वजह से उत्पन्न हुई है। दीपावली के दिन पटना सिटी में हवा की गुणवत्ता का स्तर 328 तक पहुंच गया है, जो बहुत खराब श्रेणी (रेड जोन) में है। चिंता की बात यह भी है कि हवा में पीएम 10 और पीएम 2.5 की मात्रा मानक से कहीं ज्यादा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की वायु गुणवत्ता सूचकांक की रिपोर्ट के मुताबिक, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, पटना, बेगूसराय, बेतिया, बक्सर, हाजीपुर और सीवान की हवा प्रदूषित है।
दिवाली की रात और उसके बाद दिल्ली हुई ज़हरीली
दीवाली की रात दिल्लीवालों ने बेहद बुरी हवा में सांस ली। एक समय तो वायु गुणवत्ता सूचकांक 17 सौ को लांघ गया। हालांकि, उसके बावजूद अगले दिन भी लोगों ने जमकर पटाखे जलाए। वहीं, पंजाब में पहली बार एक ही दिन में पराली जलाने के एक हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए। गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी हालात खराब रहे। फरीदाबाद का एक्यूआई सोमवार को 350 और गुरुग्राम का 345 रहा। गाजियाबाद का एक्यूआई 324 और नोएडा का 334 रहा, जो बेहद खराब की श्रेणी में आता है। हालांकि, सोमवार को देशभर में सबसे प्रदूषित शहर हरियाणा का बहादुरगढ़ रहा, यहां एक्यूआई 400 दर्ज किया गया। दिल्ली में दीवाली के रात बेतहाशा पटाखे चले, जिसके चलते हालात बद से बदतर हो गए। दीवाली की रात वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 1760 तक पहुंच गया था।
नौ लोगों को गाड़ी से रौंदा- 2 की मौत
भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में रविवार की रात गाना बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो से नौ लोगों को रौंद दिया गया। दीपावली की रात हुई इस दुस्साहसिक वारदात में दो सगे भाई दिनेश कुमार यादव और कमलेश यादव की मौत हो गई। वहीं, बच्चा समेत सात अन्य लोग जख्मी हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों का इलाज सदर और निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। लोगों को कुचलने का आरोप रामडिहरा गांव के रितेश यादव और धर्मेंद्र यादव पर लगाया जा रहा है। दोनों आरोपी कमलेश यादव और दिनेश कुमार यादव के पड़ोसी हैं। घटना के बाद दोनों स्कॉर्पियो लेकर भाग निकले। घटना सूर्य मंदिर के पास रात करीब दस बजे की बताई जा रही है। रामडिहरा गांव निवासी रामनरेश यादव के 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव और 50 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव ट्रक कारोबारी थे। छोटे भाई कमलेश ने अस्पताल ले जाने, जबकि बड़े ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मृतकों के परिजन को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये सहायाता राशि देने का निर्देश दिया है।
विजिलेंस को देख घूस के 5 लाख फ्लैट की खिड़की से फेंके, इंजीनियर गिरफ्तार
प्रभात खबर के अनुसार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने दीपावली के दिन रविवार को पथ निर्माण विभाग के मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा को पांच लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया. उन्हें पटना के आशियाना-दीघा रोड के रामनगरी स्थित शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट स्थित फ्लैट से पकड़ा गया. निगरानी टीम का दावा है कि कार्यपालक अभियंता ने रिश्वत की रकम अपने हाथों से ली और निगरानी के अधिकारियों को देख कर रिश्वत की राशि अपने फ्लैट की खिड़की से सटे बाहर मैदान में फेंक दिया. इस राशि को निगरानी टीम ने बरामद कर लिया. श्री सिन्हा सड़क परियोजना में भुगतान के एवज में तीन फीसदी के हिसाब से तय 19.50 लाख रुपये रिश्वत में से एडवांस के रूप में पांच लाख रुपये ले रहे थे.
शेख हसीना को पासपोर्ट देने से बांग्लादेश सरकार का इनकार
जागरण के अनुसार बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और तारिक रहमान सरकार के बीच चल रहा विवाद भारत के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशों पर साफ असर डाल रहा है। हसीना ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआइडी) मांगा है, ताकि वह दिसंबर में ढाका लौट सकें। उनकी यह मांग तुरंत खारिज कर दी गई है। इस तनातनी से भारत और बांग्लादेश के रिश्ते और असहज हो रहे हैं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को अंतिम रूप देना मुश्किल होता जा रहा है। रहमान ने पहले 2026 में नई दिल्ली आने का संकेत दिया था, लेकिन हसीना की ‘घर वापसी’ के मुद्दे ने माहौल बिगाड़ दिया हैं। हसीना की ओर से लंदन स्थित ला फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने नौ नवंबर को बांग्लादेश उच्चायोग की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को ईमेल भेजकर नया बांग्लादेशी पासपोर्ट और एनआइडी जारी करने का अनुरोध किया है। उधर, बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने इस मांग को ‘नाटक’ और ‘बेतुका’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश आतंकियों या फरार अपराधियों को पासपोर्ट नहीं देता।
एनवीडिया चीफ चीनी जासूस के साथ संबंध रखने में फंसे
दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने चीनी महिला एलिस हुआंग के साथ अंतरंग संबंधों की बात स्वीकार करते हुए अपनी पत्नी, परिवार और कंपनी के सहयोगियों से माफी मांगी है। इस मामले में हनीट्रैप और चीनी जासूसी तंत्र से जुड़े होने के आरोपों के बीच कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। उधर, चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी के आरोपो को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जिआकुन ने सोमवार को कहा कि इस मामले में पहले भी प्रतिक्रिया दी जा चुकी है। एलिस हुआंग के चीनी जासूस होने का आरोप निराधार है। यह चीन को बदनाम करने के अलावा और कुछ नहीं है। उधर, एनवीडिया के प्रवक्ता ने संकेत दिंया कि चल रहे घटनाक्रम से कंपनी के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सीईओ भी अपने पद पर बने रहेंगे।
125 यूनिट फ्री बिजली छोड़ने के लिए 1 दिसंबर से दिसंबर से विशेष अभियान
भास्कर के अनुसार बिहार में 1.92 करोड़ परिवारों को मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की राहत के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में 1 दिसंबर से सक्षम उपभोक्ताओं द्वारा स्वेच्छा से बिजली की छूट छोड़ने का विशेष अभियान चलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जो संपन्न लोग अपनी मर्जी से यह राहत छोड़ना चाहते हैं, वे आगे आएं। सरकार की मंशा है कि सक्षम वर्ग द्वारा छूट त्यागने से बचे संसाधनों का उपयोग जरूरतमंदों के हित में हो।
कुछ और सुर्खियां:
- हजारीबाग में जीटी रोड पर दुनुआ घाटी में सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों समेत 7 की मौत
- 96% तक सस्ती हुईं कैंसर की 13 सबसे अधिक दवाएं
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा- मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम
- मध्य प्रदेश में सिपाही के 7500 पदों के लिए 7.54 लाख आवेदन, इन में 10000 इंजीनियर
अनछपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार दीपावली मध्य प्रदेश के शहर बस्तर में मनाई जो नक्सली हिंसा के लिए काफी बदनाम था लेकिन वहां जिस तरह उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी की उस पर बहस छिड़ गई है। दरअसल पिछले कुछ वर्षों से अपने विरोधियों को वामपंथी और नक्सली बताने का फैशन चल पड़ा है जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस्तेमाल करते हैं। नक्सली हिंसा की निंदा करना अलग बात है लेकिन इसके बहाने भारत में पाई जाने वाली समस्याओं और मुद्दों के बारे में बात करने वालों को दिमागी नक्सल कहना बिल्कुल नाक़ाबिल-ए-बर्दाश्त है। ऐसे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ठीक ही प्रधानमंत्री को दिमागी नक्सल वाले बयान पर बहस की चुनौती दी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह सही है कि अर्द्धसैनिक बलों या सेना के जवानों के बीच राजनीतिक बात की जाए और अपने राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने वाले बयान दिए जाएं? राहुल गांधी ने वैसे तो यह दावा किया कि जवानों ने प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं किया लेकिन उन जवानों के बीच यह जाकर कौन कहेगा कि प्रधानमंत्री ने झूठ बोला है? राहुल गांधी का कहना है कि नरेंद्र मोदी इस बात पर बहस करें कि असल में देशद्रोही कौन है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बयान पर कहा कि उन्होंने हमें नक्सली कहा है अब वह चुनौती दे रहे हैं कि वह उनसे बात करें। यह आसानी से समझ में आने वाली बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनौती को स्वीकार नहीं करेंगे।
79 total views