छ्पी-अनछपी: सीवान में व्यापारी को जिंदा जलाया, हार के बाद ट्रंप की पार्टी में बगावत

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सीवान में एक व्यापारी को जिंदा जलाकर मार डाला गया जबकि अरवल में एक दूसरे व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मिड टर्म पोल में हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी में बगावत का दौर शुरू हो गया है। झारखंड के खूंटी में एक ट्रक ने भीड़ को रौंद डाला जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा आरएसएस आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा।

और, जानिएगा कि आज धनतेरस पर बिकने को तैयार है 9 लाख का टीवी और 4 लाख का फ्रिज।

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार सीवान के जीबी नगर थाने से महज 100 मीटर दूर बदमाशों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। सामान के रुपए मांगने पर 25 वर्षीय दुकानदार नदीम अंसारी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद आरोपी दुकान में बाहर से ताला लगाकर भाग निकले। बुधवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में झुलसकर नदीम की मौके पर ही मौत हो गई। अलावल टोला निवासी जलील अंसारी का पुत्र नदीम अंसारी थाने के सामने दुकान चलाता था। बुधवार रात कुछ युवक सामान लेने पहुंचे थे। नदीम ने उनसे पैसे मांगे, तो युवकों ने इनकार कर दिया। इस पर विवाद बढ़ गया। एक बदमाश बाजार से पेट्रोल खरीदकर लाया। उसने साथियों के साथ मिलकर नदीम और दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद बाहर से ताला जड़कर सभी भाग निकले। दुकान से लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़कर दुकान खोली, लेकिन तब तक नदीम की मौत हो चुकी थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह तरवारा पुल के पास शव रखकर सीवान-पटना मार्ग जाम कर दिया।

अरवल में दुकान बंद कर जा रहे सुनार की गोली मारकर हत्या

कुर्या (अरवल) से प्रभात खबर की खबर है कि स्थानीय थाना क्षेत्र के ढोंढरा मोड़ के समीप गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस घटना में स्वर्ण व्यवसायी मनोज स्वर्णकार को गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गोलीबारी की घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार कुर्था निवासी मनोज स्वर्णकार मोतीपुर में सोने चांदी का कारोबार करते थे. गुरुवार की देर शाम वे प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान ढोंढरा मोड़ के समीप पहले से घात लगाये अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

हार के बाद ट्रंप की पार्टी में बगावत

प्रभात खबर के अनुसार अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी में बगावत के सुर तेज हो गये हैं. चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने मतदाताओं से उन्हें ही उम्मीदवार मानकर वोट देने की अपील की थी. उन्होंने 39 सभाओं और भाषणों में से 30 में कम से कम 40 बार यह अपील दोहरायी. लेकिन हार के बाद उन्होंने जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए कहा कि वह खुद चुनाव मैदान में नहीं थे. अब पार्टी के नेता ही उनकी नीतियों को हार की वजह बता रहेकालियों की कार की वजह बता विलबैंक्स ने ईरान युद्ध, टैरिफ नीति और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति ट्रंप के नरम रुख को जिम्मेदार ठहराया है. ट्रंप के करीबी नेताओं ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर आरोप लगा लगाया कि उन्होंने राष्ट्रपति को ईरान युद्ध में उलझा दिया, लेकिन इससे निकलने की स्पष्ट योजना नहीं बनाई, हार के बाद हेगसेथ की कुर्सी पर भी संकट के संकेत मिले हैं. सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप उनके पद पर बने रहने को लेकर सलाहकारों से चर्चा कर रहे हैं. रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने कहा है कि यदि हेगसेथ इस्तीफा दे देते हैं तो वह उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव दोबारा नहीं लाएंगे।

झारखंड के खूंटी में ट्रक से रौंदे गए 7 लोगों की मौत

रांची के पास झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा  थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात भीषण हादसा हुआ। हिन्दुस्तान के अनुसार यहां कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप रात करीब दस बजे एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर खड़ी भीड़ को रौंद दिया। इस दुर्घटना में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची का सदर अस्पताल खूंटी में इलाज चल रहा है। मृतकों में एक 11 माह का बच्चा और उसकी मां भी शामिल है। स्कूटी के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसे देखने के लिए लोग जुटे हुए थे। इसी दौरान ट्रक ने भीड़ को चपेट में ले लिया। हादसे से जोने-लुदरू व आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस-प्रशासन राहत-बचाव कार्य के साथ आगे की कार्रवाई में जुटा है।

आरएसएस आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा: तेजस्वी

जागरण के अनुसार राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हैंडल पर एक तस्वीर साझा करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर आतंकवाद को प्रश्रय देने का आरोप लगाया है। तस्वीर में कुछ स्वयंसेवक दिख रहे, उनमें से तीन के चेहरे पर घेरा बनाते हुए तेजस्वी ने उन्हें आतंक सरीखी गतिविधियों में संलिप्त करार दिया है। हालांकि, वे अपने आरोपों के आधार में कोई पुष्ट साक्ष्य नहीं दे रहे। ‘दैनिक जागरण’ पोस्ट तस्वीर की पुष्टि भी नहीं कर रहा। तेजस्वी ने लिखा है कि बिहार में आरएसएस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार से 44000 कारतूस पकड़े गए हैं। ये लोग गोला-बारूद के एक खतरनाक नेटवर्क से जुड़े हैं। क्या आरएसएस के ये अंतरराज्यीय तस्करी के देशभर में धमाके करने का षड्यंत्र रच रहे थे? आरएसएस से जुड़े तस्करी नेटवर्क के इन लोगों से ही 44000 कारतूस पकड़े जाने के बाद भी क्या आरएसएस को आतंकवादी संगठन घोषित नहीं कर देना चाहिए?

9 लाख का टीवी और 4 लाख का फ्रिज

भास्कर के अनुसार पटना का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार हाइटेक स्मार्ट गैजेट्स और एआई पावर्ड अप्लायंसेज की चमक से दमक उठा है। शुक्रवार को धनतेरस के लिए सबसे बड़ा आकर्षण 100 इंच का नाइन सीरीज टीवी है। सोनी के इस अत्याधुनिक टीवी की कीमत 9 लाख है। आदित्य विजन में ऐसे तीन टीवी की बुकिंग हुई है। इसके साथ ही सैमसंग का 4 लाख का स्मार्ट फ्रिज भी चर्चा में है। शोरूम संचालकों के मुताबिक 43 से 85 इंच के 4के टीवी (2 लाख से 4 लाख), एआई वॉशिंग मशीनें (25 हजार से 1 लाख), माइक्रोवेव (13 हजार से 35 हजार) और स्मार्ट फ्रिज (15 हजार से 1.25 लाख) खूब बिक रहे हैं।

कुछ और सुर्खियां:

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा 21 नवंबर को वैशाली में होगी
  • यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा के मेन का रिजल्ट जारी, 2526 लोग दे सकेंगे इंटरव्यू
  • शरजील इमाम और उमर खालिद ने दिल्ली दंगों के पीछे कथित बड़ी साजिश से जुड़े मामले में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया
  • दिल्ली के चावड़ी बाजार में इमारत ढहने से खगड़िया और सहरसा के दो मजदूरों की मौत
  • बोकारो में कोलियरी में कोयला चुनने के दौरान स्टॉक के ढेर में दबकर तीन महिलाओं की मौत
  • हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
  • गरीब रथ से छीन लिया गया सुपरफास्ट का दर्जा, अब एक्सप्रेस ट्रेन के तौर पर चलेगी

अनछपी: बिहार को अपराध मुक्त करने का वादा और दावा करते-करते नीतीश कुमार तो 20 साल की अपनी कुर्सी सम्राट चौधरी को सौंप कर किनारे लग गए लेकिन क्या बिहार अपराध मुक्त हो पाया? आज के अखबारों में सीवान में एक व्यापारी को जिंदा जलाए जाने और अरवल में दूसरे व्यापारी की गोली मार कर हत्या करने की खबर आपकी नजरों से गुजरी होगी। सरकार चला रही पार्टियों के नेताओं से जब इस बारे में पूछा जाएगा तो यही कहेंगे कि यह इक्का-दुक्का घटना है लेकिन हकीकत कुछ और है और बिहार में क्राइम बिल्कुल कंट्रोल में नहीं है, ना रहा है। वैसे हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक ऐसा बयान दिया जिसकी वजह से उनकी बहुत ट्रोलिंग हुई जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार में क्राइम तो हो सकता है अपराध नहीं हो रहा। उनके समर्थकों ने बहुत खींचतानकर यह समझाने की कोशिश की कि दरअसल सम्राट चौधरी यह कहना चाहते थे कि बिहार में छोटे-मोटे क्राइम तो हो रहे हैं लेकिन संगठित अपराध नहीं हो रहा। उन्होंने यहां तक कहा कि हमारे यहां अपराध नहीं है और अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है। उनकी यह बात कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया है, इस लिहाज से सही हो सकती है कि वह अपराध को अपराध मानते ही नहीं। सरकार चला रहे नेता और सरकार के अधिकारी लगातार यह साबित करने पर तुले रहते हैं कि बिहार में ऑर्गनाइज्ड क्राइम नहीं है लेकिन सच्चाई यह है कि हर दूसरे तीसरे दिन बड़े मर्डर, लूट और रेप की खबर आती रहती है। पिछले 20 सालों में बिहार की सरकारी पार्टियों ने अगर कोई सबसे बड़ा झूठ फैलाया है तो वह यही है कि बिहार में अपराध खत्म हो गया है।

 14 total views

Share Now

Leave a Reply