बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। अपने काम में कोताही बरतने के आरोप में 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को एक साथ सस्पेंड कर दिया गया है। बिहार सरकार ने ने बिल्डिंग बायलॉज पास किये हैं।
और, बांग्लादेश की भगोड़ी प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी पर मौत की सजा का खतरा।
पहली ख़बर
प्रभात ख़बर के अनुसार ईरान के साथ आठ महीने से जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई खत्म करने के संकेत दिये हैं. उन्होंने कहा है कि ईरान सैन्य रूप से प्रभावी तौर पर खत्म हो चुका है और फिलहाल अमेरिका को बड़े हमले करने की जरूरत नहीं दिख रही है. हालांकि, अमेरिकी सेना अलर्ट पर रहेगी और मौजूदा सैन्य स्थिति बरकरार रखी जायेगी. कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात के बाद व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि ईरान का नेतृत्व बुरी तरह कमजोर हुआ है. अमेरिका की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय तक निष्क्रिय रहे और वह परमाणु हथियार न बना सके. ट्रंप ने बातचीत में सकारात्मक प्रगति का दावा करते हुए युद्ध खत्म होने की उम्मीद जतायी, लेकिन सैन्य कार्रवाई की संभावना पूरी तरह खारिज नहीं की. ट्रंप ने युद्ध खत्म होने के संकेत दिये हैं, लेकिन अमेरिकी नौसेना की तैनाती और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखने की बात कही है.
15 कर्मचारी और अधिकारी एक साथ सस्पेंड
जागरण के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मंगलवार को 15 अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी दिया गया है। उन सभी पर सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत आवेदनों का ससमय और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन नहीं करने तथा लापरवाही बरतने का आरोप है। कार्रवाई के दायरे में चार विभाग आए हैं और निलंबित होने वालों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) से लेकर कनीय अभियंता (जेई) तक सम्मिलित हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना भी जारी कर दी।
मकान के लिए 12 फीट चौड़ी सड़क जरूरी
पटना समेत प्रदेश के सभी शहरों में अब भवन निर्माण के लिए कम से कम 3.7 मीटर (12 फीट) चौड़ा पहुंच मार्ग जरूरी होगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बिहार भवन उपविधि (बिल्डिंग बायलाज) -2026 को स्वीकृति दी गई। इसके तहत भवन तक पहुंचने वाली सड़क की चौड़ाई अधिसूचित मास्टर प्लान या विकास योजना के अनुरूप निर्धारित होगी। सड़क के लिए जमीन समर्पित करने पर भवन मालिक को उसके अनुपात में अतिरिक्त फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) का लाभ भी मिलेगा। नए बायलाज के लागू होने पर वर्ष 2014 की भवन उपविधि निरस्त हो जाएगी।
भवनों की अधिकतम ऊंचाई की सीमा शर्त खत्म
प्रभात ख़बर के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में पास बिल्डिंग बायलॉज -2026 के नये नियमों में भवनों की ऊंचाई व जोखिम के आधार पर निर्माण की मंजूरी देने की व्यवस्था है. तय 30 दिनों में भवन निर्माण का नक्शा स्वीकृत नहीं होने पर स्वतः स्वीकृति का प्रावधान किया गया है. नये बायलॉज में सभी भूखंडों के लिए एक समान बेस फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) 3.0 निर्धारित करने का प्रस्ताव है. इसके अतिरिक्त प्रीमियम एफएआर असीमित रूप से क्रय करने की व्यवस्था होगी. भवनों की ऊंचाई पर लगी पाबंदियों में भी अब छूट दी गयी. अधिकतम ऊंचाई की निर्धारित सीमा हटा दी गयी है.
एनवीडिया के मालिक ने गंवाए 121000 हज़ार करोड़ रुपये
हिन्दुस्तान के अनुसार दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के संस्थापक जेनसन हुआंग ने चीनी महिला से प्रेम प्रसंग में दो ही दिन में 121000 करोड़ रुपये डुबा दिए। वह दुनिया के शीर्ष 10 सबसे अमीर लोगों की सूची से बाहर होकर 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अब अगर तलाक हुआ, जो कि लगभग तय माना जा रहा है तो उन्हें अपनी पत्नी को करीब 80 अरब डॉलर देने पड़ सकते हैं। दस नवंबर 2026 के ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, हुआंग की कुल संपत्ति घटकर 148 अरब डॉलर रह गई है। सोमवार को एनवीडिया के शेयरों में 4.3 प्रतिशत की गिरावट आई थी, जिससे एक ही दिन में कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 190 अरब डॉलर घट गया। वहीं, मंगलवार को 160 अरब डॉलर से अधिक गिरावट के बाद कुल पूंजीकरण करीब 380 अरब डॉलर कम हो गया।
सोनिया गांधी ने सिख विरोधी दंगे को इतिहास का दुखद अध्याय बताया
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को देश के इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय बताया है। उन्होंने कहा है कि उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मन में किसी के प्रति नफरत या भेदभाव नहीं था। हालांकि, राजीव गांधी ऐसे समय में प्रधानमंत्री बने थे, जब देश की शासन व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई थी और इसके बाद बर्बर हिंसा हुई। सोनिया ने मंगलवार को जारी अपनी आत्मकथा बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव में इंदिरा गांधी की हत्या, ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद के घटनाक्रम के साथ अपने निजी जीवन और राजनीतिक अनुभवों को भी साझा किया है। सोनिया ने लिखा है कि 31 अक्तूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की खबर फैलने के बाद देश के कई हिस्सों में गुस्सा फैल गया था। इसका नतीजा निर्दोष सिखों के खिलाफ हिंसा के रूप में सामने आया। अकेले दिल्ली में दो हजार से अधिक लोगों की क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई।
बांग्लादेश की भगोड़ी प्रधानमंत्री शेख हसीना को मौत की सजा का खतरा
जागरण के अनुसार अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के बाद सत्ता गंवाकरं भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की चर्चाओं के बीच ढाका का रुख बेहद सख्त हो गया है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने हसीना को पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज जारी किए जाने की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा पाने वालीं 79 वर्षीय हसीना के पास अब केवल कानूनी रूप से अपनी सजा का सामना करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। बांग्लादेशी सरकार और सलाहकारों ने स्पष्ट किया है कि 1973 के पासपोर्ट आदेश के तहत मौत की सजा या गंभीर अपराधों के दोषियों को यात्रा दस्तावेज जारी करने पर कानूनी प्रतिबंध है। सरकार का कहना है कि यदि पूर्व प्रधानमंत्री वास्तव में देश लौटना चाहती हैं, तो उन्हें भारत सरकार के समक्ष प्रत्यर्पण संधि के तहत औपचारिक लिखित अनुरोध करना चाहिए।
कुछ और सुर्खियां:
● फुलवारी शरीफ के हिंदूनी गांव में भैया दूज पर तालाब में नहाने गई तीन लड़कियों की डूबने से मौत
● दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मरीज़ के रिश्तेदारों और डॉक्टर के बीच मारपीट के बाद सभी सेवाएं ठप
● बिहार के 31 जिलों में 22 नवंबर से चलेगा पल्स पोलियो अभियान
● रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट, मधुबनी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रितेश चंद्र सिन्हा के पास 59 लाख का बैंक बैलेंस, घूस लेते हुआ था गिरफ्तार
● बंगाल के सर्राफा व्यवसाई से 62 किलो चांदी लूटने के मामले में दरभंगा से भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री विशाल महा सेठ गिरफ्तार
अनछपी: जब भी एक से ज्यादा या दूसरी-तीसरी शादियों की चर्चा होती है तो उसमें एक खास समुदाय यानी मुसलमान को निशाना बनाया जाता है लेकिन अभी जो खबर आई है वह तेलुगू अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से जुड़ी हुई है। खबरों में बताया गया है कि पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी एना लेज़नेवा ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। इस फैसले का समझदारी भरा पहलू यह माना जा सकता है कि कल्याण और एना ने एक ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी कर आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने के खबर दी है। याद रखने की बात यह है कि पवन कल्याण अपनी जन सेना पार्टी के प्रमुख हैं और पहले समाजवादी राजनीति का रास्ता चुनने के बाद पिछले कुछ वर्षों से हिंदुत्व वादी राजनीति कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू तेलुगु देशम पार्टी के साथ पवन कल्याण की पार्टी का गठबंधन है। दूसरों को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने वाले कल्याण की पत्नी एना दरअसल रूस में पैदा हुई और मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया से इधर आई हैं। पवन कल्याण ने पहली शादी 1997 में की जो 2008 तक चली और दूसरी शादी उन्होंने 2009 में की जो सिर्फ 3 साल चली। दिलचस्प बात यह है कि जब पवन कल्याण की तीसरी शादी को लेकर आलोचना की गई तो उन्होंने कहा कि हां उन्होंने तीन शादियां की हैं और अगर किसी को इससे परेशानी है तो वह भी कर सकता है। उन्होंने बताया कि पहली पत्नी को तलाक के वक्त उन्होंने 5 करोड़ रुपए दिए और दूसरी पत्नी को भी तलाक के वक्त काफी संपत्ति दी। पवन कल्याण का कहना है कि लोगों को उनकी निजी जिंदगी पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है। उनकी यही बात मुसलमानों की शादियों पर भी लागू की जानी चाहिए।
95 total views