छ्पी-अनछपी: रेजीम चेंज पर राजनाथ व कांग्रेस में भिड़ंत, उत्तराखंड में मंत्री पर पति का आरोप- 210 करोड़ की काली कमाई

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीके की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने हिंसा सत्ता हड़पने का आरोप लगाया तो कांग्रेस ने कहा सरकार बदलना लोकतंत्र का हिस्सा। उत्तराखंड में मंत्री ने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया तो पति ने कहा मंत्री के पास 210 करोड रुपए की अवैध संपत्ति।  

और, एलन मस्क ने पेश की हवा में कलाबाजी खाने और रॉकेट की तरह उड़ान भरने वाली कार।

पहली ख़बर

जागरण के अनुसार चुनाव आयोग को लेकर बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच केंद्र सरकार ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अपने स्वभाव से अलग रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कड़े शब्दों में प्रहार करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि युवाओं को मोहरा बनाकर कांग्रेस देश में आग लगाना और बांग्लादेश जैसी अराजकता फैलाकर रिजीम चेंज करना चाहती है। कांग्रेस ने 1975 में इमरजेंसी लगाने, 1984 में सिखों का नरसंहार करने और 1990 में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की सरकार को समर्थन देने के रूप में तीन अक्षम्य अपराध किए हैं। राजनाथ ने कहा कि हिंसा का खुला समर्थन करने वाले राहुल को अपने नाम के आगे गाने लगाने का नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया।

वोट से रेजीम चेंज लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा: कांग्रेस

कांग्रेस ने वोट चोरी के विरुद्ध आंदोलन में ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता में बदलाव) को हिंसा का प्रयास बताने के राजनाथ सिंह के बयान पर पलटवार किया है। पार्टी ने कहा कि वोट के जरिये सत्ता बदलना लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है। सत्ता जाने के डर से भाजपा सरकार, लोकतांत्रिक विरोध के इस तरीके और अधिकार को राष्ट्रविरोधी बताने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा को सवाल झेलने पड़ते हैं, तो लोकतंत्र उसे देशद्रोह लगता है। प्रधानमंत्री मोदी के 2014 से पहले के एक भाषण का वीडियो दिखाते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं केंद्र सरकार को ‘उखाड़ फेंकने’ की बात करते थे। 

पुलिस की बर्बरता को यूं ही नहीं जाने देंगे: राहुल

हिन्दुस्तान के अनुसार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर छात्रों पर हुए हमलों के मामले में दिल्ली पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस की इस बर्बरता को यूं ही जाने नहीं दिया जाएगा। पार्टी अदालतों में हर कानूनी रास्ता अपनाएगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एनएसयूआई और दूसरे छात्रों के साथ अपनी बातचीत का एक वीडियो भी साझा किया है। करीब डेढ मिनट के वीडियों में छात्र और युवा पुलिस पिटाई की अपनी आपबीती सुना रहे हैं। इसके बाद राहुल गांधी कहते हैं कि छात्रों की पिटाई करने वाले अफसरों पर जबरस्त दबाव डालेंगे। वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं कि जिन लोगों ने यह किया है उन पर ऐसा दबाव डालें कि अगला व्यक्ति ऐसा नहीं करे। 

उत्तराखंड में मंत्री पर पति ने लगाया 210 करोड़ की अवैध संपत्ति जताने का आरोप

प्रभात खबर के अनुसार उत्तराखंड में भाजपा सरकार की मंत्री रेखा आर्य पर उनके पति गिरधारी लाल साहू ने शुक्रवार को 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया और जांच की मांग की. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई  दस्तावेजी सबूत नहीं दिया. एक दिन पहले रेखा आर्य ने पति पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी. साहू ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उचित एजेंसी से जांच कराने की. मांग की. उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताया और रेखा आर्य से प्राथमिकी वापस लेने तथा अपने बयान वापस लेने की अपील की. जांच के लिए एसआइटी गठित कर दी गयी है. एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम मामले की जांच करेगी.

तस्कर की नहीं होमगार्ड की गोली से सिपाही की मौत

बिहारशरीफ से प्रभात खबर के अनुसार पावापुरी-गिरियक इलाके में फ्लाइओवर ‘के पास हुई घटना में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत शराब तस्करों की गोली लगने से नहीं, बल्कि होमगार्ड जवान की गोली लगने से हुई थी. पुलिस जांच के अनुसार, शराब तस्करों का पीछा करने के दौरान साथी होमगार्ड जवान की राइफल से चली गोली अजीत के सिर में लगी थी, जिससे उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद तस्करों की गोलीबारी में सिपाही के घायल होने की मनगढ़ंत कहानी बनाकर अधिकारियों को गुमराह करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश का आरोप है. इस मामले में महिला दारोगा पुष्पा कुमारी, दो होमगार्ड जवान, एक अन्य सिपाही अनूप और वाहन चालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

नौ हत्या के बारे में सुबह दावा करने वाले अनंत सिंह शाम में पलटे

जागरण के अनुसार जदयू के विधायक अनंत सिंह नौ हत्या के बारे में सुबह बोलकर शाम में पलट गए। सुबह से इंटरनेट मीडिया पर उनका दावा प्रसारित हो रहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ रहने के दौरान उन्होंने नौ लोगों की हत्या करवा दी थी। लेकिन, तीखी प्रतिक्रिया आई तो अनंत सिंह ने कहा कि उनकी बातों को गलत ढंग से परोसा गया है। कहना यह चाहते थे कि नीतीश कुमार का साथ देने के कारण राजद शासनकाल में उनके नौ लोगों की हत्या कराई गई। उनके हाथ में भी गोली लगी थी। कहा कि मेरा घर ध्वस्त कर दिया गया था। अनंत सिंह इन दिनों पटना स्नातंक क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के विरोध में प्रचार कर रहे हैं।

गोल्ड फंड ऑफ फंड्स में ने निवेश पर रोक

भास्कर के अनुसार त्योहारी सीजन में एचडीएफसी, कोटक, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल सहित करीब 17 म्यूचुअल फंड कंपनियों ने गोल्ड फंड ऑफ फंड्स में नया निवेश अस्थायी रूप से रोक दिया है। शुक्रवार से लागू पाबंदियों में एकमुश्त निवेश, नई एसआईपी और अन्य स्कीम से पैसा लाने के नए निर्देश शामिल हैं। कुछ स्कीम्स में चांदी से जुड़े निवेश पर भी रोक है। पैसा निकालने या दूसरी योजनाओं में ले जाने पर रोक नहीं है। कंपनियों ने पाबंदी की वजह नहीं बताई है। हालांकि, श्रीराम म्यूचुअल फंड ने कहा कि यह कदम एम्फी के जरिए मिले सेबी के निर्देशों के अनुरूप है। गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में निवेश खुला है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब सोने के आयात से डॉलर की मांग और रुपए में कमजोरी को लेकर चिंता है। 

मस्क ने पेश की उड़ने वाली सुपर कार

क्या आपने कभी किसी कार को हवा में कलाबाजी खाते और रॉकेट की तरह उड़ान भरते देखा है। हिन्दुस्तान के अनुसार टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने ऐसी कार पेश कर ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में भूचाल ला दिया है। टेक्सास में गुरुवार को आयोजित एक धमाकेदार कार्यक्रम में टेस्ला ने कोल्ड-गैस थ्रस्टर तकनीक से लैस बेहद चर्चित सुपरकार ‘रोडस्टर’ दुनिया के सामने पेश की। यह कार स्पेसएक्स के रॉकट भ्रस्टर्स से लैस उड़ता हुआ अजूबा है, जिसे देखकर लगता है कि हॉलीवुड की साइंस फिक्शन फिल्म हकीकत में बदल गई हो। स्पेसएक्स के साथ मिलकर विकसित की गई इस दूसरी पीढ़ी की कार की दर्शकों ने जमकर तारीफ की। पहली पीढ़ी की रोडस्टर 2008 में लॉन्च की गई थी। यह टेस्ला की पहली इलेक्ट्रिक गाड़ी थी।

कुछ और सुर्खियां:

  • सेकेंडरी टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट (एसटीईटी) का आयोजन 25 अक्टूबर से 20 नवंबर तक, कल से मिलेगा एडमिट कार्ड
  • सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह का 13 से 16 जनवरी तक बनेगा 360वां प्रकाश पर्व
  • बक्सर के ब्रह्मपुर थाने का दारोगा नीरज कुमार जमीन के झगड़े में कार्रवाई के लिए ₹50000 घूस लेते गिरफ्तार
  • वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी का ऑफिशियल फेसबुक पेज हैक
  • बख्तियारपुर में 15 लाख की हेरोइन के साथ पांच गिरफ्तार

अनछपी: भारत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह ने रेजीम चेंज की कोशिश का आरोप इस तरह लगाया जैसे कोई पार्टी या समूह केंद्र सरकार पर हिंसा और हथियार के बल पर कब्जा करना की कोशिश में है जैसा कि नेपाल और बांग्लादेश में हो चुका है। ध्यान देने की बात यह है कि आरोप इस बात का है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एसआईआर के नाम पर वोटर लिस्ट बनाने में भयानक धांधली की है और इस धांधली की वजह से बंगाल समेत कई जगह भारतीय जनता पार्टी को सत्ता मिली है। ऐसे में अगर भारतीय जनता पार्टी के नेता ही आकर चुनाव आयोग के समर्थन में बोलने लगें तो उसे कौन मान्यता दे सकता है? कई लोगों का कहना है कि दरअसल ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए अब भारतीय जनता पार्टी के नेता यह आरोप लगा रहे हैं कि विपक्ष का प्रदर्शन दरअसल हिंसा भड़काकर सत्ता पर कब्जा करने का है। जहां तक सत्ता परिवर्तन या सरकार बदलने के लिए प्रदर्शन की बात है तो इसमें क्या हर्ज है? यह कहना कि यह केवल मतदान से हो सकता है बिल्कुल बेतुका तर्क है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी जेपी आंदोलन के बहुत बड़े समर्थक हैं जिन्होंने कभी सत्ता परिवर्तन के लिए केवल वोट को सहारा नहीं बनाया बल्कि प्रदर्शनों और आंदोलन के जरिए माहौल तैयार करने की कोशिश की और उसमें कामयाब भी हुए। इसलिए राजनाथ सिंह का हिंसा का आरोप दरअसल ध्यान भटकाने के लिए है और एक जायज प्रदर्शन को बदनाम करने की कोशिश लगती है। 

 70 total views

Share Now

Leave a Reply