छ्पी-अनछपी: बेतिया में 40 करोड़ के जेवर की लूट, राहुल बोले-भारत आर्थिक संकट में

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। तीन बाइक पर पहुंचे 8 अपराधियों ने बेतिया के एक ज्वेलरी शोरूम से लगभग 40 करोड़ के गहने लूट लिए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चेतावनी दी है कि भारत एक गंभीर आर्थिक संकट के कगार पर है। जेल से छूटने पर समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान ने कहा चुनाव नहीं इंकलाब होगा।

और, 2035 तक ईसाइयों को पीछे छोड़ दुनिया में सबसे बड़ा धार्मिक समूह मुसलमानों का होगा।

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम से बुधवार को करीब 40 करोड़ रुपए के गहने लूट लिए गए। तीन बाइक से पहुंचे 8 बदमाश 20 मिनट के अंदर हीरे, सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। लूटे सामान की कीमत का आधिकारिक आकलन बाकी है। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी, ‘यह ट्रेलर है, फिल्म बाकी है। हम फिर आएंगे। मेन गेट पर तैनात गार्ड के पास हथियार नहीं था। यह बिहार के किसी ज्वेलरी शोरूम में अब तक की सबसे बड़ी लूट है। इससे पहले 10 मार्च 2025 को आरा के तनिष्क शोरूम से 10.09 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। कालीबाग थाना क्षेत्र में स्थित यह शोरूम जदयू नेता और पश्चिम चंपारण लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी ब्रजेश कुशवाहा का है। वारदात दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। बदमाश ग्राहक बनकर घुसे। अंदर पहुंचते ही हथियार निकाल लिए। कर्मचारियों और 2-3 ग्राहकों को बंधक बना लिया। इस बारे में चंपारण रेंज के डीआईजी हरीकिशोर राय का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए लुटेरों की पहचान की जा रही है। नाकेबंदी कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

भारत गंभीर आर्थिक संकट के कगार पर: राहुल गांधी

जागरण के अनुसार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट के कगार पर है। उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी, कमजोर हो चुके मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की समस्याओं पर चिंता जताते हुए आगाह किया कि यदि भारत मौजूदा आर्थिक नीतियों पर आगे बढ़ता रहा तो उसे गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि हमारा गठबंधन है और हम मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन “वोट चोरी” का बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है। राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत का आर्थिक माडल पिछले एक दशक से अपेक्षित परिणाम नहीं दे रहा है। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की यह कहते हुए कि आलोचना की की यह योजनाएं देश की आर्थिक बुनियाद को मजबूत करने में नाकाम रही हैं। 

आज़म खान ने कहा- उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं इंकलाब होगा

गाजियाबाद से हिन्दुस्तान ने लिखा है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार शाम को डासना जेल से बाहर आ गए। देर रात रामपुर पहुंचकर आजम ने कहा कि अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा। उधर, ईडी हाईकोर्ट से आजम को मिली अंतरिम जमानत पर रोक के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंची। मगर कोर्ट ने रोक से इनकार कर दिया। कहा कि इससे आसमान नहीं टूट पड़ेगा।

बृजवासी और राहुल की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग नामंज़ूर

प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार विधान परिषद के न प्रर्वाचित दो निर्दलीय सदस्यों बंशीधर बृजवासी और राहुल राज को बड़ी कानूनी और राजनीतिक राहत मिली है. दोनों नेताओं के निर्दलीय के तौर पर जीतने के बाद भाजपा में शामिल होने के मामले में उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर दायर की गयी याचिकाओं को विधान परिषद के सभापति ने शुरुआती स्तर पर ही निरस्त कर दिया है. राजद और जन सुराज की ओर से दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई शुरू करने की अपील की गयी थी. सभापति के निर्देश पर बिहार विधान परिषद सचिवालय के उप सचिव मनोज कुमार ने 13 नवंबर 2026 को आधिकारिक पत्र जारी कर इन याचिकाओं के खारिज होने की सूचना दी। सचिवालय ने दोनों मामलों में अलग-अलग तकनीकी और कानूनी आधारों का हवाला दिया है।

दुबई से 88 करोड़ की ऑनलाइन सट्टेबाजी का पता चला

प्रभात ख़बर के अनुसार ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिये देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोह का बिहार एसटीएफ, पटना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बुधवार को पर्दाफाश किया. गिरोह का नेटवर्क दुबई से संचालित था. इसके लिए बाली एक्सचेंज समेत कई सट्टेबाजी वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस ने प्रटना में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक, प्रयागराज में दो और रांची में एक ठिकाने पर छापेमारी की. इस दौरान गिरोह के सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया को रांची से गिरफ्तार किया गया. वहीं, पटना से चार अन्य आरोपितों को भी पकड़ा गया है. इसके अलावा 37 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक 44 म्यूल बैंक खातों से करीब 88.52 करोड़ रुपये का लेन-देन किया है. इनमें 88.52 करोड़ जमा हुए, जबकि 87.62 करोड़ रुपये दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दिये गये. 

विधान परिषद की दक्षता परीक्षा में फिर नहीं पहुंचे सफल अभ्यर्थी

भास्कर के अनुसार बिहार विधान परिषद सचिवालय की भर्ती प्रक्रिया में बड़ी धांधली की आशंका गहरा गई है। परिषद द्वारा बुधवार को आयोजित दोबारा परीक्षा में चयनित एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ। पहले चरण में लोअर डिवीजन क्लर्क के 30 और दूसरी पाली में निजी सहायक पद के 7 चयनित उम्मीदवारों को केंद्र पर बुलाया गया था। दोनों ही पदों के सभी 37 चयनित अभ्यर्थी परीक्षा से पूरी तरह अनुपस्थित रहे। इससे पहले 4 नवंबर को भी निजी सहायक के लिए चयनित 7 अभ्यर्थियों को शॉर्टहैंड परीक्षा के लिए बुलाया गया था प्रोग्राम तब भी कोई अभ्यार्थी दोबारा परीक्षा देने नहीं आया था।

2035 तक दुनिया में सबसे ज्यादा तादाद मुसलमान की होने का अंदाज़ा

भास्कर के अनुसार ईसाई समुदाय जल्द ही दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय नहीं रहेगा। यह दावा अमेरिकी थिंक टैंक ‘प्यू रिसर्च सेंटर’ के 2020 से 2070 तक के जनसांख्यिकीय अनुमानों में किया गया है। इसके मुताबिक, 2035 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 2.57 अरब होगी, जो 2020 में 2.02 अरब थी। तब ईसाई 2.52 अरब (2020 में 2.27) अरब) होंगे। 2020 820 से 2070 के बीच वैश्विक आबादी 29% बढ़ेगी। इस दौरान मुस्लिम 80% बढ़कर 3.6 अरब से ज्यादा होंगे। ईसाई 30% बढ़कर 2.96 अरब तक रहेंगे। वैश्विक आबादी में मुस्लिम 26% से बढ़कर 36% हो जाएंगे। ईसाई 29% पर स्थिर रहेंगे।  भारत में 2070 तक हिंदू 1.18 अरब से बढ़कर 1.38 अरब होंगे। दुनिया के मुकाबले ज्यादातर हिंदू भारत में ही बढ़ेंगे। पाकिस्ता इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर पाकिस्तान सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश होगा, भारत दूसरे नंबर पर। अमेरिकाः ईसाई सबसे ज्यादा 62% हैं, जो 2065 तक 50% से नीचे होंगे। यूरोप में 2070 तक ईसाई घटकर 32 करोड़ होंगे। मुस्लिम 6% से बढ़कर 13% हो जाएंगे।

कुछ और सुर्खियां:

  • कटिहार जिले के कोटिया थाना क्षेत्र में सेप्टिक टैंक सफाई गाड़ी और सीएनजी ऑटोरिक्शा की भीषण टक्कर में एक ही गांव के चार युवकों की जान गई
  • झारखंड के चतरा जिले में एनटीपीसी के प्लांट में कन्वेयर बेल्ट से पांच मजदूर गिरे, तीन की मौत
  • पटना के अलीनगर स्थित रहमानी 30 गर्ल्स हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, सभी 60 छात्राएं सुरक्षित बाहर आईं
  • 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक विधानसभा सत्र के दौरान दो किलोमीटर के दायरे में धरना प्रदर्शन प्रतिबंधित किया गया
  • बिहार में भूमि सर्वेक्षण के काम को समय सीमा में पूरा करने के लिए 3310 पदों पर फरवरी तक होगी बहाली
  • नेपाल के जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के लिए हर शनिवार चलेगी ट्रेन

अनछपी: नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री नहीं है लेकिन उनकी यह बात बहुत मशहूर रही है जिसमें वह यह जताने की कोशिश करते हैं कि 2005 से पहले बिहार में कुछ नहीं था और लोग शाम 5:00 बजे के बाद बाहर नहीं निकलते थे। दिलचस्प बात यह है कि 2005 से बहुत पहले के बिहार से ही नीतीश कुमार ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे। लेकिन हम बात करते हैं आज के बिहार यानी 19 नवंबर 2026 के बिहार की बात। 2005 से 20 साल से ज्यादा तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नीतीश कुमार और उनके उत्तराधिकारी के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बिहार की बात। तो आज की सबसे बड़ी खबर यह है कि बेतिया में एक ज्वेलरी शोरूम से 40 करोड़ रुपए के ज़ेवर लूट लिए गए और यह पिछले 20 सालों में कोई पहली घटना नहीं बल्कि कई बार इस तरह की लूट हो चुकी है। आज कई घपले-घोटाले की भी खबर है हालांकि इस पर विपक्ष उसे तरह से हमलावर नहीं है जैसा सुशील कुमार मोदी या विपक्ष में रहते हुए नीतीश कुमार रहा करते थे। रिशु श्री नाम के एक ठेकेदार के जरिए करोड़ों के टेंडर घोटाले की खबर भी है जिसमें आईएएस अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ की गई है हालांकि उनके अलावा भी कई आईएएस अधिकारियों का नाम इस घोटाले में आया है। दुबई से 88 करोड़ के ऑनलाइन सट्टे का पता चलने और पटना सहित 6 शहरों में छापेमारी की बात भी अखबारों में है। इसी तरह विधान परिषद में नौकरी देने के मामला भी चर्चा में है क्योंकि जिन लोगों को सफल घोषित किया गया है वह टेस्ट देने नहीं पहुंच रहे हैं और इस मामले में भारतीय जनता पार्टी से संबंध रखने वाले बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह का नाम भी चर्चा में है। इसी तरह जदयू के नेता और नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले अशोक चौधरी भी विवादों में है क्योंकि उन्होंने एमएलसी रहते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान देने के एक दिन बाद ही छुट्टी का आवेदन दे दिया जिसपर चांसलर ऑफिस ने आपत्ति जताई। मधुबनी में पूर्व सीडीपीओ पल्लवी कुमारी के खिलाफ इस बात के लिए एफआईआर दर्ज कराई गई कि उन्होंने सरकारी ऑफिस के बैंक खाते से एक निजी व्यक्ति के खाते में 3 करोड़ 21 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ट्रांसफर कर दी है। यह खबर भी है कि बिहार से छठ के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, सूरत और दूसरे शहरों को लौटने के लिए लोग ट्रेनों में धक्के खा रहे हैं और कई लोग टिकट लेकर भी इसलिए ट्रेन पर सवार नहीं हो सके क्योंकि पहले से कब्जा करने वालों ने अंदर से गेट लगा रखा था। बहरहाल इन सब खबरों के बीच बताने की बात यह है कि अखबारों ने जो खबर सबसे अहमियत के साथ छापी वह इनमें से कोई नहीं थी, बल्कि सभी की लीड एक ही थी। वह खबर है बक्सर भागलपुर एक्सप्रेसवे की डीपीआर जल तैयार होगी। यह महज़ इत्तेफाक नहीं हो सकता कि सभी अखबारों में यही खबर सबसे बड़ी खबर है। इससे आज के बिहार और अखबारों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 12 total views

Share Now

Leave a Reply