बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली में हुए कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल नहीं किए गए और यह काफी चर्चा का विषय रहा। सीमांचल में कई दिनों से चल रहे बरेलवी और देवबंदी मसलक के झगड़े में सुलह की खबर आई है। नेपाल से सटे बिहार के जिलों में जमीन रजिस्ट्री की जांच होगी।
और, पटना सिटी में 20000 सिख श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी बनेगी, कंगन घाट पर ड्रोन शो होगा।
पहली ख़बर
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु तो कर दिया गया लेकिन इसके कथित उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नहीं बुलाया गया या वह शामिल नहीं हुए। दिलचस्प बात यह है कि नीतीश कुमार ने पटना हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें विदाई भी दी। जागरण के अनुसार पटना हवाई अड्डे पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच आत्मीय माहौल में मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुछ समय साथ बिताया। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार से मुलाकात की तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर साझा की। प्रधानमंत्री के बिहार से प्रस्थान के समय उन्हें विदाई देने के लिए भी नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। हालांकि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत मंच पर मौजूद थे लेकिन जब पुल के उद्घाटन के समय फीता काटा गया तो वहां वह नहीं दिखे।
बिहार में अब घोटालों की नहीं निवेश की होती है चर्चा: मोदी
प्रभात खबर के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनडीए का शासन आने के पहले बिहार का समय अपराध और घोटालों की गिनती में बीतता था. आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किये जाते हैं. तब (एनडीए शासन के पहले) आंकड़े अपराध और अपराधियों के होते थे. अब ‘कार्रवाई की बातें होती हैं. एनडीए के काल में विकास की होड़ दिखती है. उत्तर बिहार का इलाका हो या नालंदा, गयाजी, कैमूर-शाहाबाद या राजधानी पटना, हर इलाके में विकास की नयी गाथा लिखी जा रही है. हमारा बिहार एक लंबी यात्रा कर आज यहां तक पहुंचा है. प्रधानमंत्री ने ये बातें शनिवार को वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जयराम जी औद्योगिक एरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने देश के सबसे लंबे नदी पुल कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बने सिक्सलेन गंगा पुल ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण किया. साथ ही 34,400 करोड़ की लागत की राज्य की 227 योजनाओं की शुरुआत भी की.
“पुल का नाम नीतीश सेतु रखना सिख भावनाओं का अपमान”
चंडीगढ़ से जागरण के अनुसार पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने के फैसले को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सिख भावनाओं का अपमान और दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की विरासत का दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिकरण करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की थी कि वह मौजूदा नाम के साथ पुल का उद्घाटन न करें और बिहार सरकार को नाम बदलने के फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए कहें। उधर हिन्दुस्तान ने खबर दी है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नवनिर्मित कच्ची दरगाह से राघोपुर पुल के नामकरण पर सवाल उठाया। सिख समुदाय की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने कहा कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविन्द सिंह जी के नाम पर जिस पुल का नाम रखने का निर्णय लिया गया था, अब उस पुल का नाम नीतीश कुमार जी के नाम पर रखने का निर्णय लिया जा रहा है। सवाल किया कि सिख समुदाय की भावनाओं से ये खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? सोशल मीडिया पर इसके साथ ही, फरवरी, 2026 में हुए विस के सत्र के दौरान गैर सरकारी संकल्प को लेकर सरकार के जवाब की प्रति भी साझा की।
सीमांचल में बरेलवी-देवबंदी सुलह
जागरण के अनुसार किशनगंज में निकाह में हुए विवाद के बाद देवबंदी और बरेलवी मसलक के बीच सुलह की कोशिशें रंग लाने लगी हैं। आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रखने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उलेमाओं ने दोनों मसलकों के धर्मगुरुओं से बात की है और यह संदेश दिया है कि अब सब ठीक है। शनिवार को एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने दावा किया है कि दोनों मसलकों के बड़े उलेमाओं से बातचीत हो चुकी है और मामला सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर को प्रस्तावित बैठक भी टल गई है। अब दोनों पक्षों के उलेमा आपस में बैठकर मामले का समाधान करेंगे। माना जा रहा है कि मामले के समाधान के लिए मुस्लिम पर्सनल ना बोर्ड की पहल पर अख्तरुल ईमान विवाद को शांत करने आगे आए हैं।
नेपाल से सटे बिहार के जिलों में जमीन रजिस्ट्री की जांच होगी
हिन्दुस्तान के अनुसार नेपाल से सटे बिहार के जिलों में जमीन-खरीद की बड़ी डील अब जांच के दायरे में आ गई है। आयकर विभाग (आईटी) और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को जिलों के निबंधन कार्यालयों से रजिस्ट्री का ब्योरा भेजा गया है। महंगी जमीन लेने वालों की गतिविधियों और आय के स्रोत की जांच होगी। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उत्तर बिहार के पांच हजार से अधिक जमीन निबंधन के मामलों का ब्योरा संबंधित विभागों को दिया गया है। पटना मुख्यालय में 17 अगस्त को नेपाल के सीमावर्ती जिलों में संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर अंकुश और नजर बनाए रखने को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। इसमें सीमावर्ती जिलों में बड़े पैमाने पर प्लाटिंग और जमीन खरीदने में बड़ी राशि के निवेश का मुद्दा उठा था।
पटना सिटी में 20000 सिख श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी बनेगी
जागरण के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में गुरु गोविंद सिंह महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 350वें प्रकाश पर्व की भांति इस बार बार भी भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होना चाहिए। प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी, 2027 तक होगा। इस वर्ष प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है। इस मौके पर 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा। वहीं, गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला दीवान हॉल बनाया जाएगा। उनके लिए लंगर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था होगी। 15 जनवरी को कंगन घाट पर 1000 जून से ड्रोन शो का आयोजन होगा।
कुछ और सुर्खियां:
- भागलपुर में मिड डे मील का जिला प्रोग्राम मैनेजर 1.10 लाख की घुस के साथ गिरफ्तार
- मेडिकल दाखिले के इम्तिहान नीट के पेपर घोटाले में सभी 14 मुल्ज़िमों के ख़िलाफ़ चार्ज फ्रेम हुआ
- नालंदा जिले में मरे कौवों की जांच से बर्ड फ्लू का पता चला
- भारतीय स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र सिंह चहल भाजपा में शामिल
- अकवान तूफान के असर से रांची में बारिश, 40 फ्लाइट्स रद्द, तीन डाइवर्ट
- सोनपुर मेले का उद्घाटन आज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
- पटना के गांधी मैदान में 4 दिसंबर से लगेगा बुक फेयर, 15 तक चलेगा
अनछपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक तरफ लगातार भारत के विश्वगुरु होने का ख्वाब दिखा रहे हैं तो दूसरी ओर दुनिया की सबसे विकसित अर्थव्यवस्था अमेरिका से भारतीयों को जिस तरह निकाला जा रहा है वह बेहद चिंता का विषय है। वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना दोस्त बताते हैं लेकिन ट्रंप की इमीग्रेशन पॉलिसी की वजह से पिछले 20 महीने में छह हजार भारतीय गिरफ्तार किए गए हैं और इनमें 5235 डिपोर्टेशन सेंटर में भेजे गए हैं। अमेरिकी कम्युनिटी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2025 से अगस्त 2026 के बीच यूएस इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने 6111 भारतीयों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी भी दी गई है कि नवंबर के मिड टर्म चुनाव से पहले छापों की कार्रवाई की गई थी लेकिन अभी उस धर पकड़ के नए आंकड़े सामने नहीं आए हैं। यह भी कहा गया है कि एशिया पेसिफिक एरिया से गिरफ्तारी, हिरासत और डिपोर्ट के सबसे ज्यादा मामले भारतीयों के हैं। यह रिपोर्ट सिर्फ यह बात नहीं बताती कि नरेंद्र मोदी की डोनाल्ड ट्रंप से दोस्ती किसी काम की नहीं बल्कि विश्वगुरु होने के दावे को भी खोखला साबित करती है। भारत उस समय विश्व गुरु माना जा सकता है जब यहां से अमेरिका जाने और वहां गिरफ्तार होने के मामले खत्म हों। अपनी प्रतिभा के आधार पर किसी देश में नौकरी करने में कोई बुराई नहीं है लेकिन अगर यह इस वजह से हो रहा है कि भारत में अवसर नहीं हैं तो यह निश्चित रूप से चिंता का विषय होना चाहिए। भारत के अंदर अगर बिहार को देखा जाए तो यहां भी लोग रोजगार नहीं मिलने की वजह से देश के दूसरे हिस्से में पलायन करने और बुरे हाल में जीने को मजबूर हैं।
120 total views