छपी-अनछपी: उमीद पोर्टल पर 10 हज़ार वक़्फ़ नामंज़ूर, गोवा में 25 लोग ज़िंदा जले
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। उमीद (UMEED) पोर्टल पर पुरानी वक़्फ़ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन के लिए 10 हज़ार से ज़्यादा आवेदन ख़ारिज कर दिए गए हैं। गोवा के एक क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गयी। इंडिगो क्राइसिस की वजह से छठे दिन 650 उड़ानें रद्द रहीं। बिहार में 100 फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे।
और, जानिएगा कि अगर आपका कार्ड एटीएम में फंस जाए और वहां गार्ड भी न हो तो क्या करना चाहिए।
पहली ख़बर
दिल्ली से जागरण की ख़बर है कि उम्मीद पोर्टल पर 2,16,905 वक्फ संपत्तियों को मंजूरी मिली है। भारत में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन के लिए शुरू किए गए केंद्रीय पोर्टल उम्मीद को छह माह की निर्धारित अवधि पूरा होने के बाद छह दिसंबर शनिवार को अपलोड के लिए बंद कर दिया गया। यह निर्णय उम्मीद (यूएमईईडी) अधिनियम, 1995 और सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार लिया गया है। इस पोर्टल को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने छह जून 2025 को शुरू किया था। निर्धारित समयसीमा में इस पोर्टल पर 5,17,040 बक्फ संपत्तियों लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, की गई। इनमें से नामित अनुमोदकों द्वारा 2,16,905 संपत्तियों को मंजूरी दी गई। 2,13,941 संपत्तियां पर स्त्यापन प्रक्रिया चल रही है। सत्यापन के दौरान 10,869 संपत्तियां अस्वीकृत कर दी गईं। मंत्रालय की वक्फ प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड के अंतर्गत अब तक की सबसे अधिक 86,345 वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। कर्नाटक में सबसे अधिक 52,917 संपत्तियों को मंजूरी दी गई है। बिहार में 4802 (शिया), 6671 (सुन्नी) की संपत्तियों को मंजूरी दी गई है।
गोवा में क्लब आग लगने से 25 लोग मरे
भास्कर के अनुसार गोवा में क्रिसमस व नए साल से पहले बड़ा हादसा हो गया। शनिवार-रविवार की देर रात पणजी से 13 किमी दूर अर्पोरा इलाके में ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब में भीषण आग लग गई। तब वहां पार्टी चल रही थी। आग में 5 पर्यटकों सहित 25 लोगों की दम घुटने या जलने से मौत हो गई। मृतकों में तीन रांची के थे। हादसे के वक्त तीनों क्लब के किचन में काम कर रहे थे। इनमें दो सगे भाई प्रदीप और विनोद महतो थे। वहीं, एक खूंटी का मोहित था। सीएम प्रमोद सावंत ने कहा- क्लब अवैध था। इसे गिराने का नोटिस दिया था, लेकिन कुछ अफसरों ने कार्रवाई रोक दी। उनकी जांच करा रहे हैं। आग क्लब की पहली मंजिल पर हो रही इलेक्ट्रिक आतिशबाजी से लगी थी। यहीं डांस फ्लोर था। क्लब में ताड़ के पत्तों से बना स्ट्रक्चर था, जिस पर चिंगारी गिरते ही आग भड़क गई। वहां 100 से ज्यादा लोग थे, जो जान बचाने के लिए नीचे की ओर भागे। संकरी जगह के कारण वे ग्राउंड फ्लोर पर किचन बेसमेंट में फंस गए। क्लब के मालिक पर एफआईआर दर्ज हुई है। वो अभी फरार है।
इंडिगो की 650 उड़ानें रद्द रहीं
हिन्दुस्तान के अनुसार इंडिगो की उड़ानों पर संकट लगातार छठे दिन भी जारी रहा। हालात में थोड़ी सुधार के बावजूद रविवार को देश में 650 उड़ानें रद्द रहीं। दिल्ली से सौ फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकीं। यात्रियों की परेशानी पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो मामले की जांच की जा रही है। मंत्रालय ने इसके लिए चार सदस्यों की एक टीम भी बनाई है। भास्कर के अनुसार पटना एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद समेत कई शहरों के लिए 28 विमान रद्द रहे। करीब पांच हजार यात्री पटना से यात्रा नहीं कर सके। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेत्रई, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे से पटना आने वाले यात्री भी फंसे रहे। पिछले 6 दिनों में पटना से 180 विमानों का ऑपरेशन नहीं हो सका।
बिहार में 100 फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे
प्रभात ख़बर के अनुसार डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 100 फास्ट-ट्रैक अदालतें स्थापित करने की घोषणा की है. इससे नियमित अदालतों पर बोझ कम होगा. इन अदालतों के लिए बेंच क्लर्क, ऑफिस क्लर्क, स्टेनोग्राफर, डिपोजिशन राइटर, डेटा एंट्री ऑपरेटर, चालक, प्रोसेस सर्वर और चपरासी सहित कुल 900 पद भरे जायेंगे. यह निर्णय इस बात को ध्यान में रखते हुए लिया गया कि राज्य की विभिन्न अदालतों में 18 लाख से ज्यादा मामले लंबित हैं. गृह मंत्री ने कहा, 38 जिलों और उप-मंडलों में 100 फास्ट ट्रैक अदालतों को शुरू करने के लिए स्रकार बड़े पैमाने पर भर्तियां करेगी.
युवक के खाते में आ गए 600 करोड़, अब हो रही जांच
जागरण के अनुसार बक्सर जिले के बड़का राजपुर गांव में जितेन्द्र साह नामक एक मिठाई दुकानदार के खाते में यकायक 600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। जितेन्द्र शनिवार को फिनो बैंक के अपने खाते से सौ रुपये निकालने गांव में संचालित ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पर पहुंचे थे। अकाउंट चेक करने के दौरान खाते में भारी भरकम रकम दिखी, तो वह हक्का बक्का रह गए। थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि यह मामला किसी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी या साइबर फ्राड से जुड़ा हो सकता है। खाताधारक को बैंक से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ साइबर थाना भेजा गया है। वहां बैंक अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी कि यह रकम कहां से और कैसे उसके खाते में पहुंचे।
एटीएम में कार्ड फंस जाए तो…
भास्कर के अनुसार एटीएम में कार्ड फंसा कर बैंक खाते से पैसे की निकासी करने वाले गैंग पटना में सक्रिय हैं। आए दिन लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। खाताधारक जैसे ही एटीएम से पैसे निकालने जाता है, उनका कार्ड एटीएम के कार्ड रीडर में फंस जाता है। वे एटीएम कक्ष से बाहर निकलता है, तभी शातिर कार्ड निकाल लेता है और पैसे की निकासी कर लेता है। पटना पुलिस ने लोगों को एटीएम फ्रॉड गिरोह से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि अगर आपका कार्ड किसी एटीएम में फंसता है तो तुरंत गार्ड या डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दें।
कुछ और सुर्खियां:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वंदे मातरम पर आज लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करेंगे
- सीतामढ़ी जिले में ठेकेदार कबीर आलम की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, जदयू के बाद जन सुराज से था जुड़ाव
- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तर्ज पर बिहार में बीआईएसएफ के गठन का प्रस्ताव
- जाने-माने अभिनेता गौरव खन्ना ने सलमान खान के होस्ट वाले रियलिटी शो बिग बॉस 19 का ग्रांड फिनाले जीता
अनछपी: सैकड़ों साल से अल्लाह की राह में वक़्फ़ की गई जायदाद जरूरतमंद इंसानों की मदद के काम आती रही है। जब सरकारी व्यवस्था नहीं थी और जब सरकार ने लोगों की मदद की व्यवस्था शुरू की तब भी वक़्फ़ की अपनी अहमियत बरकरार रही। लेकिन अभी भारत में वक़्फ़ की जायदाद की स्थिति सबसे नाजुक दौर में दिखाई दे रही है। सरकार से उम्मीद की जाती थी कि आम और जरूरतमंद लोगों के लिए काम आने वाली वक़्फ़ की जायदाद की हिफाजत करेगी। लेकिन ऐसा लगता है कि पहले वक़्फ़ की जायदाद घपला घोटाला करने वालों का शिकार थी तो अब खुद सरकार ही से इसके वजूद पर खतरा नजर आ रहा है। इसकी ताजा मिसाल यह है कि उमीद पोर्टल पर जिन वक्फ जायदाद के रजिस्ट्रेशन करने की कोशिश की गई उनमें से 10000 से ज्यादा जायदाद को वक़्फ़ मानने से इनकार कर दिया गया है। पुराने वक्फे कानून में सुधार के नाम पर सरकार ने ऐसे मनमाना बदलाव किए हैं जिससे किसी वक़्फ़ को गैर वक़्फ़ बताना बेहद आसान हो गया है। नए कानून के तहत उमीद पोर्टल पर वक़्फ़ रजिस्ट्रेशन कराया जाए या नहीं इस बारे में भी लोग उलझन के शिकार रहे और राज्य सरकार और संगठन के स्तर पर भी सही फैसला लेने में देरी हुई। मिसाल के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले तो इस कानून को नहीं मानने की बात कही लेकिन जब रजिस्ट्रेशन के लिए कुछ ही दिन बाकी रह गए तो उन्होंने हथियार डाल दिए और अपने राज्य में भी उमीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू करवाया। उमीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने में फैसला लेने में जो देरी हुई उसकी वजह से भी परेशानी है। इस रजिस्ट्रेशन के लिए तारीख बढ़ाने की अपील को नहीं मानना बेहद मायूसी भरी बात है। ऐसे में, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू का रवैया सहयोगात्मक नहीं माना जा सकता और अदालत ने भी इसकी इजाजत न देकर इस काम में मदद करने का मौका गंवा दिया।
546 total views
