छ्पी-अनछपी: अनंत सिंह अरेस्ट, तेजस्वी बोले- अपराधियों को संरक्षण दे रहे सरकार में बैठे लोग

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मोकामा में दुलारचंद हत्याकांड के नामजद अभियुक्त और जदयू के उम्मीदवार अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि सरकार में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि बिहार में प्रधानमंत्री के रिमोट से सरकार चल रही है। आंध्र प्रदेश के एक मंदिर में भगदड़ से 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। आरएसएस ने कहा है कि वोटर लिस्ट एसआईआर का विरोध नहीं होना चाहिए।

और, जानिएगा कि जेईई मेन परीक्षार्थियों को वर्चुअल कैलकुलेटर दिया जाएगा।

पहली ख़बर

प्रभात ख़बर के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक बीचों-बीच बाहुबली नेता और मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह और उनके दो समर्थकों को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में हुई है, जिसने चुनावी माहौल को अचानक गरमा दिया है. पुलिस के मुताबिक, अनंत सिंह को बाढ़ के बेदना स्थित कारगिल मार्केट से गिरफ्तार किया गया, जहां वे अपने समर्थकों से मुलाकात कर रहे थे. उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रात में ही पटना लाया गया. रात दो बजे पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन तथा एसएसपी कार्तिकेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दी. एसएसपी ने बताया कि बेदना से अनंत सिंह के साथ उनके समर्थक लदमा निवासी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया गया है. तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड की मांग की जायेगी. उन्होंने कहा कि गवाहों के बयानों और अनुसंधान के क्रम में मिले तथ्यों के आधार पर अनंत सिंह की गिरफ्तारी की गयी है. इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होंगी. एसएसपी ने कहा कि 30 अक्तूबर को हुई घटना में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गयी है. इससे पहले जिलाधिकारी ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लिया गया है. एसएसपी ने बताया कि इससे जुड़े हिंसा के अन्य मामले में 80 लोग अरेस्ट हुए हैं. आचार संहिता का हर हाल में अनुपालन कराया जायेगा. अवैध हथियारों की जब्ती के लिए अभियान चलाया जा रहा है.

सरकार में बैठे लोग अपराधियों को बचा रहे: तेजस्वी

हिन्दुस्तान के अनुसार सूबे की सरकार में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। नामजद अपराधी खुलेआम विधानसभा चुनाव का प्रचार कर रहे हैं। प्रशासन हाथ पर हाथ रख कर बैठा है। ये बातें बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहीं। वे रघुनाथपुर विधानसभा के राजपुर खेल मैदान में महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी ओसामा शहाब के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक मौका दें, मैं राज्य में कल-कारखाने लगाने का काम करूंगा। इससे बिहार का कोई भी युवा रोजगार के लिए बाहर नहीं जाएगा। नौजवानों को बिहार में ही रोजगार दिलाऊंगा।

डबल इंजन की सरकार नहीं, दिल्ली से कंट्रोल: प्रियंका

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शनिवार को बिहार में बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार नहीं है. यहां सब कुछ दिल्ली से नियंत्रित किया जाता है. न तो आपकी सुनी जाती है और न ही आपके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सम्मान होता है. बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बेगूसराय के बछवाड़ा में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों जगह एनडीए की सरकारें ‘विभाजनकारी राजनीति’ और ‘झूठे राष्ट्रवाद’ का सहारा लेकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही हैं. उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार भारतीय संविधान का सबसे बड़ा वरदान है, लेकिन एनडीए सरकार ने मतदाता सूची के एसआइआर के जरिए लोगों के वोट का अधिकार कमजोर कर दिया.

आंध्र प्रदेश के मंदिर में भगदड़, नौ लोगों की मौत

जागरण के अनुसार आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को भगदड़ मचने से कम-से-कम नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मरने वालों में आठ महिलाएं और 12 साल का एक बच्चा शामिल है। मिनी तिरुपति कहे जाने वाले इस मंदिर में देवोत्थान एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने से भीड़ बेकाबू हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि दिन के करीब 11.30 बजे श्रद्वालुओं के एक साथ आगे बढ़ने से कई लोग बेहोश हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में प्रवेश करने और निकलने का एक ही रास्ता था, जिससे अव्यवस्था और भीड़‌भाड़ बढ़ गई। जिस मंदिर में यह घटना हुई, उसे महज 4 महीने पहले श्रद्धालुओं के लिए खोला गया था।

 एसआईआर का विरोध नहीं होना चाहिए: आरएसएस

जागरण के अनुसार जबलपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर कहा कि इसे परिष्कृत करना निर्वाचन आयोग का कार्य है। इस मामले में किसी भी प्रकार का विरोध नहीं होना चाहिए। मतदाता सूची को प्रामाणिक बनाना आवश्यक है। इसमें किसकी क्या भूमिका है यह अलग बात है, लेकिन सुनिश्चित होना चाहिए कि एक ही नाम दो-तीन बार न आए। जो मतदाता नहीं हैं. उनका नाम सूची में न हो। यदि किसी को इस प्रक्रिया पर आपत्ति है तो वह निर्वाचन आयोग में शिकायत कर सकता है।

जेईई मेन: परीक्षार्थियों को पहली बार वर्चुअल कैलकुलेटर मिलेगा

हिन्दुस्तान के अनुसार देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। एनटीए ने शनिवार को जनवरी सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी। इस साल कई अहम बदलाव किए गए हैं। परीक्षार्थियों को पहली बार वर्चुअल कैलकुलेटर की सुविधा मिलेगी। जेईई-मेन परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र 21 से 30 जनवरी के बीच और दूसरा सत्र एक से नौ अप्रैल तक होगा। पहले सत्र के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर तय की गई है। जबकि दूसरे सत्र की आवेदन प्रक्रिया फरवरी में शुरू होगी। अधिकारियों ने बताया, इस बार कंप्यूटर आधारित परीक्षा में विद्यार्थियों को वर्चुअल कैलकुलेटर का विकल्प मिलेगा। परीक्षार्थी गणित के प्रश्नों को हल करने में इसका उपयोग कर सकेंगे।

कुछ और सुर्खियां:

  • प्रधानमंत्री आज पटना में करेंगे रोड शो, आरा और नवादा में होगी जनसभाएं
  • राहुल गांधी आज बेगूसराय और क्रिया में करेंगे चुनावी जनसभा
  • पटना की कुम्हरार सीट से जनसुरज के उम्मीदवार और जाने-माने गणितज्ञ प्रोफेसर केसी सिन्हा को मशहूर डॉक्टर अहमद अब्दुल हई ने दिया समर्थन
  • चुनाव आचार संहिता के बीच महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपए दिए जाने पर रजत ने चुनाव आयोग से की शिकायत
  • आधार कार्ड में नाम और पता सुधार करवाने के लिए 75 रुपए लगेंगे

अनछपी: दुलारचंद यादव की हत्या में नामजद अनंत सिंह की गिरफ्तारी में प्रशासन ने जितना ड्रामा दिखाया है इसकी हकीकत समझना जरूरी है। दरअसल इस मामले में जब दिल्ली, पटना और चुनाव आयोग की ट्रिपल इंजन सरकार ने आनंद सिंह को गिरफ्तार करने के बदले सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया तो काफी छीछालेदर हुई। हमने चुनाव आयोग को ट्रिपल इंजन की सरकार में इसलिए शामिल किया है क्योंकि इस समय चुनाव आयोग भी प्रशासनिक मामले की देखरेख कर रहा है। पहली बात तो यह है कि इस हत्या ने एक बार फिर बिहार में कानून के राज का दावा पूरी तरह खोखला साबित कर दिया है। दूसरी बात यह है कि अनंत सिंह से नीतीश कुमार का दोस्ताना ताल्लुक किसी से छिपा हुआ नहीं है। बात केवल अनंत सिंह की नहीं बल्कि ऐसे बहुत से बाहुबली हैं जिन्हें सरकारी कहा जा सकता है और नीतीश कुमार उन्हें बचाने में पूरी मदद करते हैं हालांकि उनका यह जबानी दावा रहता है कि वह ना तो किसी को बचाते हैं और ना किसी को फंसाते हैं। इस बात की शुरुआत 2005 से नहीं बल्कि 2000 से होती है जब उन उन्होंने बिना बहुमत रहते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उस जमाने के कुख्यात बाहुबलियों ने उन्हें समर्थन दिया था। गोपालगंज के तत्कालीन डीएम के मर्डर में सजा पाने के बाद जिस तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अलग कानून बनाकर आनंद मोहन को जेल से बाहर निकलवाया वह बाहुबलियों से उनकी दोस्ती का एक जीता जागता उदाहरण है। जिस राजद के विधायक प्रह्लाद यादव को बाद में जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने लखीसराय का आतंक बताया, नीतीश कुमार और एनडीए ने उन्हीं से विश्वास मत के दौरान समर्थन लिया। यही मामला नवादा के पूर्व राजद विधायक राजबल्लभ यादव का है, जो नाबालिग से रेप के मामले में 9 साल की जेल खटने के बाद तब छूटे जब उनके परिवार ने एनडीए का समर्थन करने का फैसला किया। नीतीश कुमार और एनडीए को सिर्फ उन बाहुबलियों से शिकायत है जो उनकी सरकार में नहीं हैं लेकिन सरकारी बाहुबलियों की वह भरपूर मदद करते हैं और दूसरे बाहुबलियों को भी सरकारी बनने की दावत देते रहते हैं।

 495 total views

Share Now