छ्पी-अनछपी: 8 हजार टीचरों का हाजिरी घोटाला, पाकिस्तान के लिए जासूसी में मशहूर यूट्यूबर गिरफ्तार
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार के 8000 स्कूल टीचरों के हाजिरी घोटाला की जानकारी मिली है। मशहूर यूट्यूब को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शशि थरूर के मामले पर सरकार और कांग्रेस के बीच तकरार हो रही है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया है कि हमले से पहले पाकिस्तान को सूचित क्यों किया गया। बिहार में पहला सबवे और बहु मंजिला पार्किंग शुरू हुआ है।
और, जानिएगा कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ भारत सरकार कैसे बढ़ाएगी परियोजनाओं की रफ्तार।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर शिक्षक हाजिरी घोटाले का पता चला है। शिक्षा विभाग की जांच में पता चला है कि लगभग 8000 शिक्षक स्कूल आए बिना ही फर्जी हाजिरी बनवा रहे हैं। वह अपना रजिस्टर्ड मोबाइल फोन सहकर्मी टोला सेवक ग्रामीण या कर्मचारी को दे देते हैं जो स्कूल में उनकी जगह हाजिरी बना देते हैं। इसके साथ ही 5000 ऐसे शिक्षक हैं जो मार्क ऑन ड्यूटी का ऑप्शन सेलेक्ट करके हाजी बनाते हैं जबकि उन्हें विभागीय रूप से दूसरा कोई काम नहीं दिया जा रहा है। मार्क ऑन ड्यूटी पोर्टल पर मौजूद एक विकल्प है जिसे तब चुना जाता है जब शिक्षक को उसके स्कूल से बाहर किसी और काम पर विभाग द्वारा तैनात किया गया हो। जांच के दौरान पटना में भी 1600 शिक्षकों की हाजिरी संदिग्ध पाई गई है। दिलचस्प बात यह है कि बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव आनंद मिश्रा भी मानते हैं कि दूर दराज के क्षेत्र में पोस्टेड व दूसरे राज्यों के लगभग 8000 शिक्षक गलत तरीके से हाजिरी बना रहे हैं। जिससे पढ़ाई बाधित हो रही है। इस बारे में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ का कहना है कि जो शिक्षक स्कूल से समय से पहले चले जाते हैं या फिर गलत तरीके से अटेंडेंस लगाते हैं उन पर कार्रवाई होगी।
पाकिस्तान के लिए जासूसी में यूट्यूबर ज्योति गिरफ्तार
प्रभात खबर के अनुसार हरियाणा की चर्चित यूट्यूब ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हिसार पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। हिसार निवासी ज्योति को न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ज्योति पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के साथ लगातार संपर्क में थी और व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर भारत की संवेदनशील जानकारी साझा कर रही थी। हिसार पुलिस ने शनिवार को ज्योति को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की डिमांड पर ले लिया है। जांच में पता चला है कि ‘देसी इंडो जिओ’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाली ज्योति को पाकिस्तान के हैंडलर्स ने पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करने का काम सौंपा था। उधर पंजाब पुलिस में मलेरकोटला निवासी गजाला और यामीन मोहम्मद को भी पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसके अलावा देवेंद्र सिंह को भी रविवार को गिरफ्तार किया गया है जो पिछले साल नवंबर में तीर्थ यात्रा पर पाकिस्तान गया था।
हमले से पहले पाकिस्तान को जानकारी दी, यह अपराध: राहुल
जागरण में एक कॉलम की खबर है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू करने से पहले उसके बारे में पाकिस्तान को सूचित करना अपराध था। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर के यह कहने पर सवाल उठाया कि भारत सरकार ने पाकिस्तान को इस कार्रवाई के बारे में सूचित किया था। उन्होंने सवाल किया कि इसकी अनुमति किसने दी। उधर विदेश मंत्रालय ने राहुल गांधी के दावे को खारिज करते हुए कहा कि वह विदेश मंत्री जयशंकर की बात को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
शशि थरूर के मामले पर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने
हिन्दुस्तान के अनुसार सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और पाक पोषित आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख दुनिया को बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों की सात टीमें बनाई हैं। इसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम शामिल होने पर केंद्र सरकार और कांग्रेस में तीखी तकरार हुई।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को मंत्रालय का बयान साझा करते हुए कहा, यह राजनीति से ऊपर, मतभेदों से परे एकता का शक्तिशाली प्रतिबिंब है। वहीं, थरूर ने कहा कि वह देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए सरकार के निमंत्रण से सम्मानित महसूस कर रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने थरूर का नाम लिए बिना कहा, कांग्रेस में होने और कांग्रेस का होने’ में फर्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार की ध्यान भटकाने की कोशिश है। पार्टी ने आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, सैयद नासिर और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नाम दिए थे।
पटना जंक्शन के पास सबवे चालू
प्रभात खबर के अनुसार राजधानी पटना में जीपीओ के पास नवनिर्मित बहुमंजिला पार्किंग भवन मल्टी मॉडल हब और पटना जंक्शन तक सबवे शनिवार से चालू हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका लोकार्पण किया। उन्होंने 9 निर्मित बहुमंजिला पार्किंग भवन से बसों और यात्री वाहन के परिचालन का शुभारंभ किया। लोकार्पण के बाद सबवे का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैवलेटर और एस्केलेटर आदि का जायजा लिया और यात्री सुविधाओं तथा कनेक्टिविटी के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। यह बिहार का पहला सर्वे और बहुमंजिला पार्किंग भवन है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने 84.83 करोड़ रुपए की लागत से पटना जंक्शन के पास सबवे का निर्माण कराया है।
तालिबान सरकार के साथ भारत सरकार
जागरण के अनुसार अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को लेकर भारत की जो भी चिंताएं थीं, वह अमूमन खत्म हो चुकी हैं। खास तौर पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तालिबान सरकार ने जिस तरह भारत के हितों का ख्याल रखा उसके बाद भारत ने तय कर लिया है कि इस सुदूर पड़ोसी देश के साथ वह अपने द्विपक्षीय रिश्तों को सामान्य करेगा आप। काबुल में तालिबान के सत्ता में आने के तकरीबन साढ़े चार वर्ष बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर कि अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तक़ी साथ हुई बातचीत यही बताती है। अब भारत की तरफ से अफगानिस्तान को आर्थिक व सामाजिक विकास के लिए सबसे बड़ी मदद दिए जाने की योजना पर काम हो रहा है। साथ ही तालिबान सरकार से विमर्श के बाद भारत वहां स्थगित 500 के करीब छोटी-बड़ी परियोजनाओं पर फिर से काम शुरू करने पर भी विचार कर रहा है। तालिबान सरकार के साथ भारत के रिश्तों के सुधारने की शुरुआत तब हुई है जब अमेरिका की तरफ से अफगानिस्तान में नई रुचि दिखाने के संकेत मिल रहे हैं और पाकिस्तान के साथ तालिबान के रिश्ते लगातार खराब हो रहे हैं।
कुछ और सुर्खियां:
- नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए होने वाले इम्तिहान ‘क्लैट’ का रिजल्ट जारी
- अमेरिका में तूफानी हवाओं से अलग-अलग स्थानों पर 21 लोगों की जान चली गई
- जेईई एडवांस्ड आज, बिहार में 40 जगहों पर बनाया गया एग्जामिनेशन सेंटर
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को 2 दिन के बिहार दौरे पर आएंगे
- ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विदेश में जानकारी देने के लिए 7 सर्वदलीय डेलिगेशन बनाए गए
- आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह का आरोप ग्रामीण सड़कों के रखरखाव में करोड़ों की लूट
- भारत सरकार का नया फैसला बांग्लादेश से जमीनी रास्ते से नहीं आ सकेंगे रेडीमेड कपड़े
अनछपी: मानव इतिहास में राष्ट्रवाद कोई बहुत पुराना सिद्धांत नहीं है लेकिन इसकी वजह से लोगों की विचारधारा में अजीबोगरीब हस्तक्षेप देखने को मिलता है।
राष्ट्रवाद में सबसे बड़ी बात राष्ट्रहित है, विचार और सिद्धांत का इसमें उसके बाद ही स्थान आता है। यह अलग बात है कि जिसे राष्ट्रहित समझा जाता है वह वाकई राष्ट्रीय होता है या ऊपरी तौर पर ऐसा लगता है। उदाहरण के लिए अगर आप किसी सरकार की आलोचना उसकी नीतियों की वजह से करते हैं लेकिन फिर इसी सरकार को उन्हीं नीतियों के साथ स्वीकार करते हैं तो इसे राष्ट्रवाद या राष्ट्रहित में माना जाता है लेकिन क्या यह विचारधारा के हिसाब से सही है? हम यह बात आज इसलिए कर रहे हैं कि पिछले कई दिनों से यह बात लगातार सामने आ रही है कि भारत सरकार अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और उससे अच्छे संबंध बनाने की कोशिश दोबारा शुरू की गई है। यह तब है जबकि भारत ने अभी तक तालिबान सरकार को औपचारिक मान्यता नहीं दी है और यह बात भी याद करने की है कि तालिबान सरकार की मान्यता खत्म करने की वजह क्या बनी थी और उस समय कैसे उसे बर्बर, हिंसक और महिला विरोधी बताया गया था। ऐसा नहीं है कि भारत सरकार इस समय तालिबान से बातचीत की प्रक्रिया में है बल्कि इससे पहले भी ऐसे संपर्क बनाए गए हैं। अब आम आदमी के लिए सवाल यह है कि किसी सरकार की मान्यता रद्द करने की वजह उसकी नीतियां थीं या कोई और वजह थी? विदेश नीति की समझ रखने वाले हर आदमी को पता है कि चूंकि इस समय तालिबान सरकार का पाकिस्तान के साथ रिश्ता अच्छा नहीं है इसलिए भारत के हित में यही है कि वह उसके साथ अच्छा संबंध बनाए। लेकिन यह सवाल जरूर है कि जिस तालिबान को बर्बर, हिंसक और महिला विरोधी बताया गया था क्या उनपर अब यह सब आरोप खत्म हो गए? भारत में जिस तालिबानी सोच और तालिबानी सजा की बात होती है क्या उसे अब खत्म मान लिया जाना चाहिए? राष्ट्रवाद कैसे आम आदमी की सोच पर शिकंजा कसता है इसका बेहतरीन उदाहरण अफगानिस्तान के तालिबान सरकार के बारे में भारत सरकार की नीति है। ऐसे में स्वतंत्र मीडिया और निष्पक्ष सूचना की अहमियत बढ़ जाती है और उस पर ध्यान देना बेहद जरूरी हो जाता है ताकि इंसान खुद से सोच सके।
1,664 total views
