बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर के पुनर्विकास के लिए एक हज़ार करोड़ रुपये खर्च करने का एलान किया है। ईरान ने बहरीन में अमेरिका कर दो मिलिट्री बेस पर हमला किया है। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मौलाना आज़ाद को बताया सबके लिए शिक्षा के प्रति समर्पित।
और, सोने-चांदी की कीमत में इस हफ्ते भी जारी रह सकती है गिरावट।
पहली ख़बर
जागरण के अनुसार हरिहर क्षेत्र सोनपुर की पहचान अब केवल पशु मेले तक सीमित नहीं रहेगी। इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। रविवार को विश्वविख्यात हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर के विकास का बड़ा खाका पेश किया। उन्होंने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा करते हुए कहा कि बाबा के आशीर्वाद से सोनपुर का विकास 10 गुना तेजी से होगा। मेले को ट्रेड फेयर के रूप में विकसित कर वैश्विक पहचान दिलाई जाएगी।
बहरीन में अमेरिका के दो सैनिक ठिकानों पर बड़ा हमला
हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने रविवार को बहरीन में दो अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स ने दावा किया कि उसकी तरफ से दो अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाया है। रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स ने कहा कि बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों पर मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। बहरीन के अधिकारियों ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमले की वजह से एक औद्योगिक प्रतिष्ठान प्रभावित हुआ, जहां आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बांग्लादेश की सरकार हिंसा और आंदोलन से मुश्किल में
भास्कर के अनुसार बांग्लादेश में प्रधानमंत्री तारिक रहमान की 9 महीने पुरानी सरकार के सामने राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं। देश में कपड़ा उद्योग के मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर हैं। पूर्व पीएम शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग ने राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस बीच मुख्य विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी ने भी सरकार के खिलाफ 21 नवंबर से 31 दिसंबर तक रैलियां और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। जमात ने सरकार पर हिंसा रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है।
मौलाना आज़ाद ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा: तिवारी
जागरण के अनुसार शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रविवार को कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना था। उनका मानना था कि शिक्षा के बिना व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। शिक्षा मंत्री राजधानी पटना स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट में भारत रत्न व देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मौलाना आजाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तिवारी ने कहा कि मौलाना आजाद ने शिक्षा को किसी जाति, धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं रखा। वे चाहते थे कि हर नागरिक को शिक्षा का समान अवसर मिले। आजादी के बाद देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने में उनका महत्वपूर्ण बोगदान रहा। समारोह का आयोजन बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ की ओर से किया गया था।
बिहार की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में 10479 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होगी
जागरण की ख़ास ख़बर है कि उच्च शिक्षा की बेहतरी की दिशा में कार्य कर रही सरकार सभी विश्वविद्यालयों समेत अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति करने की तैयारी में है। नए नियम के आधार पर 10, 479 पदों पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया है। इनमें से चार हजार पद विश्वविद्यालयों में खाली पड़े हैं, जबकि 211 नवस्थापित अंगीभूत कालेजों में 6,479 स्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होगी। इसके साथ नए कालेजों में 211 प्राचार्यों और 2,518 कर्मियों की नियुक्ति भी की जाएगी।
सोना-चांदी की कीमत में इस हफ्ते भी जारी रह सकती है गिरावट
प्रभात खबर के अनुसार सोने और चांदी की कीमतें एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद अगले सप्ताह भी गिर सकती हैं. विश्लेषकों ने यह आशंका जतायी है. उनके मुताबिक, अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के संकेतों से ब्याज दरों की आगे की दिशा का अनुमान मिलेगा. इसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ सकता है. निवेशकों की नजर प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआइ) के शुरुआती आंकड़ों पर भी रहेगी. इसके बाद अमेरिका के जीडीपी, आवास क्षेत्र और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़े जारी होंगे. जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है. ऊंची ब्याज दरों की आशंका, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की मुनाफावसूली से कीमतों पर दबाव है.
कुछ और सुर्खियां:
- पटना के अथमलगोला में तेज रफ्तार ट्रक ने शादी समारोह से लौट रही कर को टक्कर मारी, दूल्हे की बहन समेत चार की मौत
- बिहार लेजिसलेचर के विंटर सेशन में 20000 करोड़ को रुपए का दूसरा सप्लीमेंट्री बजट पेश होगा
- शिक्षक और स्नातक क्षेत्रों से चुने गए बिहार विधान परिषद के आठ सदस्य आज लेंगे शपथ
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किया ऐलान- पटना के बिहटा में बनेगा आईआईएम बोधगया का सैटेलाइट कैंपस
- आज रात 10:00 से कल सुबह 11:00 तक पटना के कारगिल चौक से अशोक राजपथ पर गायघाट तक नहीं चलेगी गाड़ियां
- मधुबनी में पटना के थोक व्यापारी के मुंशी से 16 लाख रुपए की लूट
- नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में राघोपुर बीडीओ ने 11 लोगों पर केस दर्ज कराया, तीन गिरफ्तार
- हरियाणा के हिसार जिले में मिलिट्री रिहर्सल के दौरान एक टैंक की चपेट में आने से सेना के दो जवानों की मौत
अनछपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित एक कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि देश में 2011 से 2023 के बीच अत्यधिक गरीबी से 49.6 करोड़ लोगों को बाहर निकाला गया है। उन्होंने इसे पिछले 1000 साल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने इस मौके से विपक्ष को भी निशाना बनाया और गुलामी की मानसिकता से ग्रस्त कुछ लोगों को यह उपलब्धि इसलिए स्वीकार नहीं हो रही क्योंकि यह सब मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उन्होंने कहा कि सदियों की गुलामी ने देश को गरीबी में धकेला लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। सोचने की बात यह है कि क्या पिछले 1000 वर्षों में भारत हमेशा गरीबों में रहा है? चूंकि प्रधानमंत्री ने यह आंकड़ा बताते हुए विपक्ष पर हमला किया है तो लोगों को याद रखना चाहिए कि उनका यह आंकड़ा आम गरीबों के बारे में नहीं है बल्कि अत्यधिक यानी बहुत ज्यादा गरीबी के बारे में है। इसके लिए उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया है तो ऐसे में सवाल यह पैदा होता है कि विश्व बैंक और दूसरी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की जो रिपोर्ट आ रही है क्या मोदी सरकार उन सभी रिपोर्ट को इसी तरह आम लोगों के बीच ले जाएगी? क्या मोदी सरकार यह बताएगी कि भारत में अमीरों और गरीबों के बीच की खाई कितनी गहरी हुई है और भारत की बड़ी संपत्ति पर किस छोटे वर्ग का कब्जा हुआ है? मीडिया की आजादी हो या अल्पसंख्यक धार्मिक समूह का शोषण, इनके बारे में जब अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की रिपोर्ट आती है तो मोदी सरकार उन्हें तुरंत खारिज कर देती है। सच्चाई यह है कि पिछले डेढ़ दशक में भारत में पढ़ाई-दवाई और इस तरह के दूसरे रोज़मर्रा के खर्च के मामलों में आम लोगों का तनाव बढ़ा है। इसलिए मोदी सरकार को अगर इस बात के लिए बधाई दी जा सकती है कि उसके कार्यकाल में अत्यधिक गरीबी हुई है तो उससे बाकी कमियों और परेशानियों के बारे में भी सवाल पूछा जाना चाहिए।
20 total views