छपी-अनछपी: अब केजरीवाल को सीबीआई का बुलावा, जातीय गिनती का दूसरा फेज आज से

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रविवार को सीबीआई ने एक्साइज घोटाले में पूछताछ के लिए बुलावा भेजा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज जातीय गणना के दूसरे फेज की शुरुआत करेंगे। नियोजित शिक्षकों का वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव है। ये तीनों खबरें सभी जगह प्रमुखता से छपी हैं।

जागरण की सबसे बड़ी सुर्खी है सीएम अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करेगी सीबीआई। हिन्दुस्तान ने लिखा है: दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल से कल सीबीआई की पूछताछ। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नई आबकारी नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को तलब किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को जांच दल के सवालों का जवाब देने के लिए पूर्वाह्न 11 बजे एजेंसी मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। यह पहली बार है जब किसी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी केजरीवाल से पूछताछ करेगी। सीबीआई इस मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर चुकी है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल ने सिलसिलेवार तरीके से अडानी मामले को उजागर किया था। मैंने तभी अरविंद केजरीवाल से कहा था कि अगला नंबर आपका होगा।

जातियों की गिनती

भास्कर ने खबर दी है: जाति गणना का दूसरा फ़ेज आज से, बख्तियारपुर में मुख्यमंत्री से शुरुआत। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बख्तियारपुर स्थित अपने घर पर बतौर नागरिक जातीय गणना से संबंधित सभी आंकड़े दर्ज कराएंगे। गिनती करने वाले को वे अपनी निजी, पारिवारिक समेत अन्य सभी जानकारी देंगे। राज्य में जाति आधारित गणना के दूसरे चरण की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री भी अपनी गणना अपने घर पर करायेंगे। साथ ही लोगों के बीच यह संदेश भी प्रचारित करेंगे कि इसमें सभी को बढ़-चढ़ कर शामिल होने की आवश्यकता है और प्रगणक को इससे संबंधित सटीक जानकारी मुहैया कराएं।

शिक्षक बहाली और वेतन वृद्धि

हिन्दुस्तान की पहली खबर है: नियोजित शिक्षकों का वेतन बढ़ेगा। भास्कर की सबसे बड़ी खबर भी यही है: इसी साल दो लाख शिक्षकों की बहाली होगी, नियोजित शिक्षकों का वेतन भी बढ़ेगा: नीतीश। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को घोषणा की कि बहुत जल्द ही नई नियमावली के आधार पर शिक्षकों की नियमित नियुक्ति शुरू होगी। इस साल के अंत तक दो लाख से अधिक शिक्षक नियुक्त होंगे। साथ ही पहले से पढ़ा रहे नियोजित शिक्षकों का वेतन बढ़ाएंगे। नई बहाली में भी पुराने वाले को आवेदन करने का मौका होगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी सात दलों ने मिलकर शिक्षक नियुक्ति की नई नियमावली तय की है।

सीटों का बंटवारा

हिन्दुस्तान ने पहले पर सुर्खी लगाई है: सीटों के बंटवारे पर विपक्षी पार्टियों की बैठक जल्द: नीतीश। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी एकता पर कहा है कि सभी दलों से बात हो गई है। बहुत जल्द ही ज्यादा-से-ज्यादा पार्टियां एक होंगी। सभी एकसाथ जल्द ही बैठक कर तय कर लेंगे कि कौन पार्टी कहां से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके बाद हम पूरे देश का दौरा करेंगे। सभी मिलकर लड़ेंगे तभी देश सुरक्षित रहेगा।

फिर संदिग्ध स्थिति में मौत

जागरण ने पहले पेज पर खबर दी है: पूर्वी चंपारण में चार की मृत्यु कामाख्या की स्थिति गंभीर जहरीली शराब पीने की आशंका। हिन्दुस्तान ने लिखा है: पूर्वी चंपारण में छह लोगों की संदिग्ध स्थिति में मौत। पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार को छह युवकों की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है। मृतकों में चार तुरकौलिया और दो पहाड़पुर के युवक हैं। तुरकौलिया के लक्ष्मीपुर गांव के एक युवक ने तुरकौलिया के निजी क्लीनिक में, जबकि दूसरे ने मोतिहारी के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों स्थानों पर मौतें शराब से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, प्रशासन व पुलिस ने कहा है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर पता चलेगी।

तिहाड़ जेल में हत्या

जागरण में पहले पेज पर खबर है: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर प्रिंस की तिहाड़ जेल में हत्या। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली तिहाड़ जेल में शुक्रवार शाम गैंगवार की वारदात सामने आई है। गैंगवार में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस तेवतिया की चाकू और सुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सूत्रों ने बताया है कि प्रिंस पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा वार किए गए। उधर, वारदात में छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

कुछ और सुर्खियां

  • बिहार में 5 दिनों में बढ़ेगा 5 डिग्री पारा, पटना में सुबह 11:45 तक ही खुलेंगे स्कूल
  • 44% कम बारिश से गया-सीवान समेत 12 जिलों में पानी का संकट
  • कर्नाटक में भाजपा के पूर्व डिप्टी सीएम कांग्रेस में शामिल
  • नीतीश बोले, भाजपा को वोट दिया तो नाश और खिलाफ में दिया तो विकास
  • मोदी का विपक्ष पर निशाना, श्रेय लेने के भूखे लोगों ने देश को बर्बाद किया
  • नहीं जगे लोग तो भाजपाई नया संविधान बना देंगे ललन सिंह
  • आद्री के प्रभात पी. घोष का निधन
  • राज्य की सभी यूनिवर्सिटी का एक जैसा होगा सिलेबस

अनछपी: दिल्ली की दो  खबरें सबका ध्यान अपनी तरफ खींचने वाली हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने रविवार को हाजिर होने के लिए समन भेजा है। दूसरी तरफ भारत के सबसे संवेदनशील और सुरक्षित मानी जाने वाली तिहाड़ जेल में शुक्रवार को हत्या की वारदात हो गई। तिहाड़ जेल जैसी हत्या अगर बिहार जैसे प्रदेश में होती तो सभी अखबारों में पहले पेज पर जगह पाती लेकिन जागरण को छोड़ बाकी अखबारों ने इसे नजरअंदाज कर दिया है। जेल की व्यवस्था गृह मंत्री अमित शाह के पास रहती है और इस तरह की जघन्य हत्या पर कोई अखबार सवाल उठाते नहीं दिखता। अपराधों के मामले में पार्टियां तो अपने हिसाब से सोचती है लेकिन क्या अखबारों की इतनी जिम्मेदारी भी नहीं बनती के तिहाड़ जेल के बारे में ठोस सवाल करें? अब बात केजरीवाल की। क्या यह महज इत्तेफाक है कि विपक्षी एकता के लिए नीतीश कुमार से मुलाकात के दो दिन बाद ही उन्हें सीबीआई का समन मिला है? ध्यान रहे कि बहुत से मामले में केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी की सोच एक जैसी रहती है और पिछले कुछ महीनों में वे प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ बोलने से बचते रहे हैं। लेकिन हाल के दिनों में अदानी शेयर घोटाले मुद्दे पर उन्होंने जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले किए उससे कई लोगों को यह शक हुआ है कि उन्हें डराने धमकाने के लिए सीबीआई का समन भेजा गया है। इस मामले में केजरीवाल को सीबीआई का समन मिला है उसमें उनके पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पहले ही से गिरफ्तार चल रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि रविवार को सीबीआई के सामने पेश होने के बाद अरविंद केजरीवाल के लिए मुसीबत खत्म होग़ी या मुसीबत की शुरुआत होगी। बहुत से लोग यह सवाल भी कर रहे हैं कि क्या यह अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की तैयारी है? अरविंद केजरीवाल ने भी विपक्षी एकता में शामिल होने का संकेत तभी दिया जब उन्हें सीबीआई का खतरा सामने मंडराते हुए दिखा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सीबीआई और दूसरी एजेंसियों से विपक्ष को घेरने की नीति के खिलाफ विपक्ष और एकजुट होता है या बिखर जाता है।

 508 total views

Share Now

Leave a Reply