छपी-अनछपी: भोजपुर में बाप ने 4 बच्चों को जहर दिया- मौत, पाक में आतंकियों से मुक्त हुई ट्रेन

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। आर्थिक तंगी और डिप्रेशन की वजह से भोजपुर में एक बाप ने अपने चार बच्चों सहित जहर खा लिया जिससे चारों बच्चों की मौत हो गई। पाकिस्तान में आतंकियों द्वारा कब्जे में ली गई ट्रेन को सेना ने मुक्त कराने का दावा किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एल्युमिनियम और स्टील पर घोषित 25% टैरिफ लागू कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के शहर संभल में होली से पहले मस्जिदों को तिरपाल से ढंकना पड़ा है।

और, जानिएगा कि शेयर बाजार की खराब हालत की वजह से म्युचुअल फंड्स में 79% इन्वेस्टमेंट कम हुआ।

भास्कर के अनुसार आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक पिता अरविंद प्रसाद ने अपने चारों बच्चों को जहर पिला दिया। इसके बाद खुद भी जहर पी लिया। हालत खराब होने पर सभी को अस्पताल ले जाया गया। वहां तीन बच्चों की मौत हो गई। 12 घंटे बाद एक और बच्चे की मौत हो गई। पिता की हालत अब भी गंभीर है। घटना भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवनिया गांव में मंगलवार देर रात की है। मरने वाले बच्चों की उम्र 3 वर्ष से 12 वर्ष के बीच की है। बच्चों की मां की एक साल पहले मौत हो चुकी है। जहर खाने वाले पिता अरविंद की बेलवनिया बाजार में मोबाइल रिपेयरिंग और बिक्री की दुकान है लेकिन उससे अच्छी कमाई नहीं होती थी। आईसीयू में भर्ती अरविंद ने बताया कि ₹20 में सल्फास की तीन गोलियां खरीदी थीं। शाम को बच्चों के साथ बैठकर खाना खाया इसके बाद चाय में सल्फास मिला दिया।

पाक में आतंकियों से ट्रेन मुक्त

प्रभात खबर के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान में विद्रोहियों ने एक ट्रेन पर कब्जा कर बंधक बनाए गए 21 यात्रियों और अर्धसैनिक बलों के चार जवानों की हत्या कर दी। सेना के एक जनरल ने बुधवार को यह जानकारी दी। सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ ने बताया कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल पर मौजूद सभी 33 विद्रोहियों को मार गिराया। लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ ने कहा कि सशस्त्र बलों ने सभी आतंकवादियों को मार गिराया और सभी यात्रियों को सुरक्षित छुड़ाकर बुधवार शाम को अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि 9 डिब्बों में लगभग 400 यात्रियों को लेकर जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा से पेशावर जा रही थी। इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है जिसने पटरी को उड़ाकर ट्रेन पर कब्जा कर लिया था।

बच्चों के बदन से बांध दिए थे बम

हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तान में बलूचिस्तान विद्रोहियों ने हाइजैक जाफर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार बच्चों और कुछ महिलाओं के शरीर में बम बांध दिए थे। आत्मघाती हमलावरों ने ट्रेन में तीन जगह यात्रियों को अपननी कैद में रखा था। पाकिस्तानी सेना के सूत्रों का कहना है कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के विद्रोही इस नापाक कोशिश के जरिए ऑपरेशन में बाधा पहुंचाना चाहते थे लेकिन सेना ने सावधानी से पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसके लिए ड्रोन और दूसरे आधुनिक हथियार का इस्तेमाल किया गया।

महिलाओं का अपमान कर रहे नीतीश: राबड़ी

बिहार विधान परिषद की कार्यवाही से बुधवार को वॉकआउट करने के बाद राजद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में उनका दो बार अपमान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका ही नहीं सभी महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बताएं कि 2005 से पहले क्या महिलाएं कपड़े नहीं पहनती थीं? भास्कर के अनुसार राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश भंगेड़ी हैं, भांग पीकर अंट शंट बोलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी और अशोक चौधरी नीतीश कुमार का कान फूंकते रहते हैं।

ट्रंप द्वारा घोषित 25% टैरिफ लागू

हिन्दुस्तान के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सभी तरह के इस्पात और एल्युमीनियम आयात पर शुल्क बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया। उन्होंने कहा कि इन करों से रोजगार सृजन में मदद मिलेगी। ट्रंप के इस ऐलान ने शेयर बाजारों को हिला दिया और आर्थिक मंदी की आशंकाएं बढ़ा दी हैं। ताजा निर्देश के मुताबिक, ट्रंप ने धातुओं पर 2018 में दी गई छूट समाप्त कर दी और एल्युमीनियम पर 10 प्रतिशत शुल्क बढ़ा दिया। ट्रंप ने मंगलवार को विभिन्न कंपनियों के सीईओ से कहा कि शुल्क के कारण अमेरिकी कारखानों में निवेश बढ़ रहा है।

होली से पहले संभल में मस्जिदों को ढंकना पड़ा

उत्तर प्रदेश के संभल में होली से पहले जुलूस मार्ग पर स्थित कई मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया। बुधवार रात तक कुछ को ढकने का काम जारी था। यह निर्णय विभिन्न पक्षों की बैठक के बाद लिया गया। मस्जिद कमेटियों की ओर से शाम तक गोल मस्जिद, अनार वाली मस्जिद, लदनिया मस्जिद, जामा मस्जिद और एक रात की मस्जिद समेत जुलूस मार्ग पर स्थित 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढकने का कार्य जारी रहा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सामाजिक सौहार्र्द और शांति बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

म्यूचुअल फंड में निवेश 79% घटा

भास्कर के अनुसार शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट का लंबी अवधि के निवेश पर भी गहरा असर हुआ है। निवेशक म्यूचुअल फंड स्कीम में पहले के मुकाबले कम पैसा लगा रहे हैं। फरवरी में सेंसेक्स 5.5% गिरा था। इसका असर यह हुआ कि म्यूचुअल फंड में कुल निवेश 79% घट गया। संगठन का म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने बुधवार को इस इंडस्ट्री में ग्रोथ के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक बीते महीने म्यूचुअल फंड की अलग-अलग स्कीम में शुद्ध निवेश कम होकर 40 हजार करोड़ रुपये रह गया। इसके मुकाबले जनवरी में म्यूचुअल फंड में 1.88 लाख करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया था। इसके साथ ही ओपन एंडेड इक्विटी स्कीम्स में शुद्ध निवेश भी 10 माह के निचले स्तर पर रहा। फरवरी में इक्विटी स्कीम्स में 29303 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। यह जनवरी के 39688 करोड़ से 26% कम है।

कुछ और सुर्खियां:

  • होलिका दहन यानी अगजा आज, रात 10:37 बजे के बाद का मुहूर्त
  • भारत के टेस्ट ऑलराउंडर सैयद आबिद अली का 83 साल की उम्र में कैलिफोर्निया में इंतकाल
  • हरियाणा के नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 10 में से 9 में मारी बाजी
  • बिहार में जमीन सर्वे के लिए स्वघोषणा और वंशावली घोषित करने की समय सीमा बढ़ेगी
  • एयरटेल के बाद जियो ने भी एलन मस्क की कंपनी से सैटलाइट इंटरनेट के लिए हाथ मिलाया

अनछपी: बिहार में होली को लेकर उत्तर प्रदेश की तरह का विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। बिहार में भाजपा के एक विधायक ने पहले ही आपत्तिजनक बात कही थी। अब दरभंगा की मेयर अंजुम आरा को अपने बयान के लिए खेद प्रकट करना पड़ा है जिसमें उन्होंने सलाह दी थी कि जुमे के दिन होली को कुछ देर रोका जाए। हालांकि भड़काऊ बयान देने वाले भाजपा विधायक ने अपने बयान के लिए कोई खेद प्रकट नहीं किया है। यह बात बिल्कुल हैरत की है कि जब होली का त्योहार शास्त्रों के अनुसार 15 मार्च को है जो कि शनिवार का दिन है, तो 14 मार्च जुमे के दिन होली की बात कहां से आई और यह विवाद क्यों पैदा हुआ? हमारे समाज में इस बात की चर्चा होनी चाहिए और साफ तौर पर यह समझाने की कोशिश होनी चाहिए कि दरअसल होली और जुमा का कोई विवाद है ही नहीं। यह विवाद जानबूझकर खड़ा किया गया है। इस साल यह विवाद इसलिए खड़ा हुआ कि उत्तर प्रदेश के संभल के एक पुलिस वाले ने साल में 52 दिन जुमा और एक दिन होली की बात को सामाजिक सद्भावना बिगाड़ने वाले अंदाज में कहा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने ऐसे बयानों के लिए बदनाम रहे हैं और वहां असल में कोशिश यह हो रही है कि हिंदू धर्म के जितने त्योहार हैं उन्हें एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जाए ताकि वोट भी मिले। सोचने की बात है कि किसी त्योहार में किसी धर्मस्थल को तिरपाल से क्यों ढंका जाना चाहिए लेकिन उत्तर प्रदेश में यह पहले भी होता आया है और अब भी हो रहा है कि होली की वजह से मस्जिदों को तिरपाल से ढंकना पड़ रहा है। क्या कोई और त्योहार है जब किसी दूसरे धर्म की इबादतगाहों को इस तरह तिरपाल से ढंकना पड़ता हो? यह सही है कि होली रंगों का त्यौहार है लेकिन यह भी जरूरी है कि जो लोग रंग खेलने से परहेज करना चाहते हैं उनके इस फैसले का सम्मान किया जाए। क्या होली जोर जबरदस्ती और बेशर्मी का त्योहार है? हम यह सवाल इसलिए कर रहे हैं कि जदयू के विधायक गोपाल मंडल पर अश्लील गाना गाने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। यह अच्छी बात है कि बिहार पुलिस लगातार इस बात का प्रचार कर रही है कि अश्लील गाना गाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और इस मामले में उसने विधायक पर भी कार्रवाई की है। समाज की भी जिम्मेदारी है कि त्योहारों को सद्भावना का जरिया बनाया जाए ना कि जोर जबरदस्ती का।

 663 total views

Share Now