बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भारत में बाढ़ प्रभावित नेपाल के विकास और पुनर्निर्माण के लिए 15000 करोड़ रुपए के पैकेज का ऐलान किया है। 11 दिन पहले इस्तीफा देने वाले जेनसेन हुआंग फिर से एनवीडिया के सीईओ बन गए हैं।
और, बोतलबंद पानी के मशहूर ब्रांड बिसलेरी में खराबी की रिपोर्ट, दूसरे ब्रांडों की भी होगी जांच।।
पहली ख़बर
जागरण के अनुसार नेपाल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर भारत आए बालेन्द्र शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच सोमवार को लगभग 100 मिनट तक चली द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में कमजोर पड़े भरोसे को फिर से मजबूत किया। इस दौरान मोदी ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये (24 हजार करोड़ नेपाली रुपये) के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जबकि कुल 19 ऐसी घोषणाएं की गईं जोकि सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और कनेक्टिविटी संबंधों को और गहरा करेंगी। भविष्य की दिशा तय करने के लिए ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” का संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया गया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं तो उनके नेपाली समकक्ष शाह ने कहा कि भारत-नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक है।
हवाई मार्ग पर भी सहमति
प्रभात खबर के अनुसार भारत और नेपाल-दोनों देशों ने काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी-345) हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में इस्तेमाल करने पर भी सहमति जतायी. हालांकि, महेंद्रनगर हवाई मार्ग पर सहमति नहीं बन सकी. नेपाल लंबे समय से इसकी मांग कर रहा है. दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या धाम से जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस और उत्तराखंड के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया. मोटर पुल से सीमावर्ती लोगों को करीब 200 किमी का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
जेनसेन फिर एनवीडिया के सीईओ, शेयर 36% चढ़ा
भास्कर के अनुसार चीनी महिला कारोबारी संग अफेयर और जासूसी के उजागर होने के चलते 11 दिन पहले इस्तीफा देने वाले जेनसेन हुआंग फिर से एनवीडिया के सीईओ बन गए हैं। जेनसेन की वापसी की खबर से कंपनी का शेयर 36% तक चढ़ गया। कंपनी बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने बताया कि हुआंग को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा नहीं है। हालांकि उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी। जेनसेन की वापसी की राह ट्रम्प के सोशल मीडिया पोस्ट से खुली। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने अपना फैसला पलट दिया। ट्रम्प ने जेनसेन को महान देशभक्त बताते हुए लिखा, अमेरिकी अर्थव्यवस्था की समृद्धि के लिए एनवीडिया को जेनसेन की जरूरत है।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपने-अपने दावे वाली सीटों की लिस्ट दी
जागरण के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बिसात सोमवार को बिछ गई। पहली बार इस मुद्दे पर हुई सीधी औपचारिक बैठक में दोनों पार्टियां किसी नतीजे पर नहीं पहुंचीं और बैठक केवल 20 मिनट में खत्म हो गई। इसमें दोनों दलों ने अपनी अपनी दाबेदारी बाली सीटों की सूची एक दूसरे को सौंपी। समझा जाता है कि 181 सीटों के दावे को कम करके कांग्रेस ने करीब 150 सीटों की सूची सौंपी है, जो सपा के आकलन के लिहाज से काफी अधिक हैं। हालांकि दोनों दलों ने इस संक्षिप्त बातचीत के बाद वार्ता सकारात्मक दिशा में बढ़ने की बात की और तीन-चार दिनों में समझौता होने की उम्मीद जताई। दोनों दलों ने अपने-अपने शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत का एलान किया है।
बिहार के 899 रेवेन्यू कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार के सभी 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई शुरू कर दी गई है। इससे अब आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों और राजस्व न्यायालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे मामलों की ऑनलाइन सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (आरसीएमएस) के अंतर्गत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया। कैसे होगी वर्चुअल सुनवाईः सुनवाई वाले दिन दिए गए डिजिटल/वीडियो कांफ्रेंसिंग लिंक के माध्यम से वादी, प्रतिवादी और उनके वकील अपने मोबाइल या कंप्यूटर से सीधे जुड़कर अधिकारी के सामने अपना पक्ष रख सकेंगे। अब राजस्व न्यायालयों में उपस्थित होकर होने वाली सुनवाई नहीं होगी।
लीबिया के बेंगाजी में रूसी युद्धपोत पर यूक्रेन का हमला
भास्कर के अनुसार यूक्रेन ने रूस के खिलाफ युद्ध में अब तक की सबसे दूर की सैन्य कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। इसमें लीबिया के बेंगाजी स्थित नौसैनिक अड्डे पर रूसी युद्धपोत मर्करी को तबाह कर दिया। यह हमला यूक्रेन के युद्धक्षेत्र से करीब 2,400 किलोमीटर दूर भूमध्य सागर में किया गया। इस अभियान में यूक्रेन में बने सात समुद्री ड्रोन को एक दूसरे जहाज से लक्ष्य के पास ले जाया गया। इसके बाद वहीं से उन्हें छोड़ा गया। बाकी को तो रोक लिया गया, पर दो युद्धपोत से टकराए। हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए। जहाज पर मौजूद केए-27 सैन्य हेलिकॉप्टर भी नष्ट हो गया।
बिसलेरी ने आरोपों पर उठाए सवाल, कहा हमारा पानी सुरक्षित
बोतलबंद पानी के बड़े ब्रांडों में शामिल बिसलेरी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को दावा किया कि उसका पैकेज्ड पेयजल पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ सहयोग करने की बात भी कही है। गौरतलब है कि बिसलेरी के पानी के नमूने में ब्रोमैट की मात्रा स्वीकार्य सीमा से अधिक पाई गई थी और बाद की जांच में पालीन्यूक्लियर प्रौमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी भी सामने आई थी। इस बजह से एफएसएसएआइ ने बिसलेरी के नमूने को असुरक्षित घोषित करते हुए मुकदमे की मंजूरी दी है। इस बीच एफएसएसएआइ ने देश के अन्य प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों के खिलाफ भी जांच तेज कर दी है। एफएसएसएआइ ने साफ कर दिया है कि गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाली किसी कंपनी को बख्शा नहीं जाएगा।
कुछ और सुर्खियां:
- पश्चिम बंगाल के नाम को बदलकर अब पश्चिम बंग करने का प्रस्ताव
- बेगूसराय से एक लाख की इनामी नक्सली विनीता भारती को गिरफ्तार करने का दावा
- जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइकसवार 3 फुटबॉल खिलाड़ियों को रौंदा, दो की मौत
- कार्तिक पूर्णिमा के कारण पटना के कारगिल चौक से गायघाट तक आज बंद रहेगा ट्रैफिक
- सेंसेक्स में 4 महीना से भी अधिक समय में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई, 1484 अंक टूटा
अनछपी: भारत में बोतल बंद पानी का मतलब बिसलेरी ब्रांड हुआ करता था लेकिन उसके बारे में हाल ही में जो जांच रिपोर्ट आई है वह केवल चिंताजनक नहीं है बल्कि इसमें कई तरह के ऐसे मामले हैं जिससे जांच करने वाली एजेंसी पर भी सवाल उठता है। बिसलेरी की ओर से कही गई यह बात भी महत्वपूर्ण है कि सैंपल 2025 में लिए गए थे तो जांच रिपोर्ट अब क्यों आ रही है। बिसलेरी की भारत में मौजूदगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लोग दूसरे ब्रांड के बोतल बंद पानी को भी बिसलेरी का पानी कहकर ही पुकारते हैं। फूड सिक्योरिटी की केंद्र सरकार की एजेंसी ने अब यह इल्जाम लगाया है कि बिसलेरी की बोतल बंद पानी में ब्रोमेट की मात्रा ज्यादा पाई है। अगर एजेंसी की यह बात सही है तो हमें उसे धन्यवाद देना चाहिए और उम्मीद की जानी चाहिए कि बिसलेरी इसमें सुधार करेगा लेकिन बिसलेरी ने इन दावों से इनकार किया है। इस विवाद का दिलचस्प पहलू यह है कि इसे इस बात से जोड़ा जा रहा है कि यह जांच रिपोर्ट हाल ही में रिलायंस के जरिए लॉन्च किए गए अपने बोतल बंद ब्रांड के बाद आई है। यह एक बेहद संवेदनशील मामला है और मौजूदा केंद्र सरकार पर रिलायंस की अवैध और अनैतिक तरीके से मदद करने का इल्जाम लगता रहा है। अगर ऐसा मामला है तो बिसलेरी को इस लड़ाई को कानूनी तरीके से लड़ना चाहिए। इस जांच का एक अहम पहलू यह है कि बिसलेरी के नाम पर दर्जनों स्पेलिंग बदलकर बोतल बंद पानी बचा जा रहा है। इसके अलावा भी अनगिनत नामों से बोतल बंद पानी गांव शहर से भी बिकने के लिए बाजार में आते हैं। बिसलेरी ऐसा ब्रांड है जो ज्यादा संपन्न लोग इस्तेमाल करते हैं लेकिन ट्रेनों पर और दूसरी जगहों पर ऐसे बोतल बंद पानी का इस्तेमाल होता है जिसकी जांच की रिपोर्ट कभी नहीं आई। सवाल यह है कि क्या केवल उन्हीं लोगों की सेहत अहमियत रखती है जो संपन्न हैं और बिसलेरी जैसे ब्रांड का इस्तेमाल करते हैं और बाकी आम लोगों को जो दूसरी अनगिनत ब्रांड की पानी की बोतल बेची जाती है उनकी सेहत की कोई अहमियत नहीं है?
15 total views