छ्पी-अनछपी: भाजपा के मिश्रीलाल की विधायकी जाएगी, नेपाल बॉर्डर पर ‘ड्रोन’ से हलचल

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भारतीय जनता पार्टी के अलीनगर विधायक मिश्रीलाल यादव की विधायकी खतरे में पड़ गई है। नेपाल बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन ड्रोन जैसी चीज देखने से हलचल मची हुई है।  पटना में एम्स के डॉक्टर और नर्स समेत 6 लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया। एयरफोर्स की ताकत बढ़ाने के लिए फिफ्थ जेनरेशन का लड़ाकू विमान बनाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर घर-घर सिंदूर पहुंचाएगी।

और, जानिएगा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने क्यों कहा कि ‘नॉट फाउंड सूटेबल’ अब नया मनुवाद बन गया है

पहली ख़बर

प्रभात खबर के अनुसार दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी विधायक मिश्रीलाल यादव और गोसाईं टोल पछाड़ी निवासी सुरेश कुमार यादव को मंगलवार को दो साल के कैद बामशक़्क़त और ₹100000 जुर्माना की सजा सुनाई गई। उन पर मारपीट करने और इस दौरान सिर फोड़ने का आरोप था। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय सह एमपी एमएलए से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के विशेष न्यायाधीश सुमन कुमार दिवाकर की अदालत ने भारतीय दंड विधान की धारा 506 के तहत यह सजा सुनाई है। ऐसे में मिश्रीलाल यादव की विधानसभा की सदस्यता समाप्त हो सकती है अगर उन्हें हाई कोर्ट से स्टे ऑर्डर नहीं मिलता है। जागरण ने लिखा है कि 2 वर्ष की सजा के साथ ही भाजपा विधायक की सदस्यता स्वतः समाप्त हो गई है हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा विधानसभा अध्यक्ष करेंगे। इससे पहले 2022 में 10 साल की सजा मिलने के कारण मोकामा के तत्कालीन राजद विधायक अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त हुई थी। पिछले साल फरवरी में भोजपुर के अगियांव के भाकपा माले विधायक मनोज मंजिल को भी सजा के आधार पर सदस्यता गंवानी पड़ी थी।

नेपाल बॉर्डर पर ‘ड्रोन’ मिलने से हलचल

भास्कर के अनुसार सोमवार की शाम के बाद लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी जयनगर में भारत नेपाल बॉर्डर पर ड्रोन जैसी चमकीली चीजें दिखाई पड़ीं। रक्सौल के वीरगंज बॉर्डर स्थित आईसीपी के ऊपर भी सोमवार की रात 10 से 11:00 के बीच दो से तीन बार चमकीली चीज उड़ती देखी थी। यह दृश्य पश्चिम चंपारण के अलावा सीतामढ़ी, सुपौल के वीरगंज और मधुबनी के भारत नेपाल बॉर्डर पर भी देखा गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बॉर्डर पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एसएसबी की इंटेलीजेंस यूनिट इस मामले की जांच कर रही है। सीमा से गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। जयनगर से एसएसबी कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने बताया कि घटना का वीडियो वरीय पदाधिकारियों और वायु सेना को जांच के लिए भेजा गया है।

एम्स के डॉक्टर व नर्स समेत छह लोग कोरोना पॉजिटिव

हिन्दुस्तान के अनुसार पटना में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को पटना में छह नये कोरोना के मरीज मिले। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है। पीड़ितों में एम्स का एक महिला डॉक्टर एक महिला नर्स और एक कर्मी भी शामिल है। तीनों का इलाज एम्स के सीनियर डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। इसके अलावा एनएमसीएच में भी दो मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सर्दी, खांसी, बुखार व दर्द के लक्षण पर सभी पीड़ितों की कोरोना जांच कराई गई थी। शहर के आरपीएस मोड़ स्थित एक 42 वर्षीय पुरुष भी पॉजिटिव पाया गया। राजा बाजार स्थित एक निजी लैब में मरीज ने जांच कराई थी। उसकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सिविल सर्जन डॉ अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि एम्स की रिपोर्ट में एक महिला डॉक्टर और दो महिला नर्स, एनएमसीएच में दो मरीज व एक आरपीएस मोड़ के व्यक्ति संक्रमित मिला। इनमें तीन को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

फिफ्थ जेनरेशन का लड़ाकू विमान बनाएगा भारत

जागरण के अनुसार पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर चलाने के बाद केंद्र सरकार ने देश की वायु शक्ति बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला किया है। इसके तहत भारतीय वायु सेना के लिए पांचवीं पीढ़ी के अति आधुनिक डीप पेनिट्रेशन एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) को स्वदेश में ही डिजाइन और विकसित करने की मेगा परियोजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एएमसीए कार्यक्रम के कार्यान्वयन मॉडल को मंजूरी दे दी।

घर-घर सिंदूर पहुंचाएगी भारतीय जनता पार्टी

भास्कर के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भारतीय जनता पार्टी घर-घर पहुंचने की तैयारी कर रही है। इसके तहत महिलाओं को उपहार के रूप में सिंदूर दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया कि 9 जून से इसकी शुरुआत होगी। इसी दिन नरेंद्र मोदी ने बतौर पीएम तीसरी बार शपथ ली थी यानी मोदी 3.0 की शुरुआत हुई थी। मूल मकसद मोदी 3.0 सरकार की उपलब्धियां को जन-जन तक पहुंचाना लेकिन इसके लिए जनसंपर्क के दौरान महिलाओं को सिंदूर भेंट किया जाएगा। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर को हाईलाइट करने वाले पैंफलेट भी बांटे जाएंगे।

नॉट फाउंड सूटेबल नया मनुवाद: राहुल

जागरण के अनुसार लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली विश्वविद्यालय समेत सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों और संस्थानों में एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित प्रोफेसर पदों पर भर्ती नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इसके साथी उन्होंने दावा किया कि नॉट फाउंड सूटेबल (एनएफसी, योग्य नहीं मिला) का बहाना कर इन वर्गों के उम्मीदवारों की आरक्षित पदों पर नियुक्ति नहीं की जा रही है। कांग्रेस नेता ने भाजपा- संघ पर आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि नॉट फाउंड सूटेबल अब नया मनुवाद बन गया है।

कुछ और सुर्खियां:

  • 2025-26 असेसमेंट ईयर के लिए इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई से बढ़कर 15 सितंबर की गई
  • छपरा में गोदरेज शोरूम के मालिक व कारोबारी अमरेंद्र कुमार सिंह और उनके मित्र शंभू सिंह की गोली मार कर हत्या
  • पटना जिला के शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संजय कुमार निलंबित, मोतिहारी में डीईओ रहने के दौरान गड़बड़ी करने का आरोप
  • कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना दौरे की वजह से एयरपोर्ट-शेखपुरा मोड़ से आयकर गोलंबर तक नहीं चलेंगी गाड़ियां
  • तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलपतियों के नीतिगत निर्णय लेने पर रोक
  • जहानाबाद डीईओ ऑफिस का हेड क्लर्क ₹50000 घूस लेते गिरफ्तार

अनछपी: दल- बदल कानून को लागू करने और न करने की राजनीति भारत में अब कोई नई बात नहीं रह गई है। आमतौर पर लोगों को यह लगता है कि अगर कोई विधायक या सांसद दल बदल कर दूसरे खेमे में चला जाता है तो स्वाभाविक रूप से उसी वक्त उसकी सदस्यता समाप्त हो जानी चाहिए लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं होता। दल बदल के अलावा कानूनी तौर पर सजा पाने के बाद सदस्यता समाप्त किए जाने के मामले में भी राजनीति होती है और बिहार में इस पर क्या होगा इसका पता हमें जल्दी लगने वाला है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक मिश्रीलाल यादव को 2 साल की सजा मिली है और अखबारों मैं इस पर अलग-अलग राय पाई जाती है कि उनकी सदस्यता खतरे में पड़ी है या उनकी सदस्यता खत्म हो गई मानी जानी चाहिए। इससे पहले तत्कालीन राजद विधायक अनंत सिंह और भाकपा माले के विधायक मनोज मंजिल को सजा के आधार पर अपनी सदस्यता गंवानी पड़ी है। मिश्रीलाल यादव के बारे में थोड़ा ऊहापोह इसलिए है कि क्या विधानसभा अध्यक्ष उन्हें इतना समय देंगे कि वह हाई कोर्ट जाएं और वहां से अपनी सजा के खिलाफ स्टे ऑर्डर ले आएं। इस बात की चर्चा इसलिए जरूरी है कि पिछली बार नीतीश कुमार ने जब पलटी मारी थी तो आरजेडी और कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भी पाला बदल लिया था लेकिन उन पर अब तक दल बदल कानून लागू नहीं किया गया और इसलिए उनकी विधानसभा सदस्यता अब तक नहीं गई है। अब तो बिहार विधानसभा चुनाव भी करीब आ गया है और यह सोचना भी बेमतलब लगता है कि विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव संविधान से पास कानून के तहत उन दल बदलू विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई करेंगे। अफसोस की बात यह है कि मीडिया में भी विधानसभा अध्यक्ष की इस पक्षपाती कार्रवाई पर कोई चर्चा, कोई आलोचना नहीं होती। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट अगर कोई आदेश पारित कर दे तो फिर उस पर यह आरोप लगेगा कि वह विधायिका के कामों में हस्तक्षेप कर रहा है। इस मामले में वोटर जनता को भी गंभीरता से सोचना चाहिए।

 

 773 total views

Share Now