छ्पी-अनछपी: संसद का सत्र आज से- वक़्फ़ बिल पेश होगा, भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है जिसमें वक़्फ़ बिल समेत कई मुद्दों पर जबर्दस्त टकराव की संभावना है। भारत ने दुबई में खेले गए फाइनल में चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली है। बिहार में शिक्षक बहाली के तीसरे चरण में 51 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। मणिपुर में कुकी बहुल क्षेत्र में बंद के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा है। अमेरिका में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ के साथ भारत विरोधी नारे लिखे गए।
और, जानिएगा कि बिहार में हल्का कर्मचारी अपना लैपटॉप दलाल को देखकर कैसे उगाही कर रहे हैं।
प्रभात खबर के अनुसार संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान सदन में सरकार और विपक्ष के बीच मतदाता फोटो पहचान पत्र के मुद्दे पर टकराव होने की उम्मीद है। विपक्ष मतदाता सूची में कथित हेराफेरी, मणिपुर में हिंसा की ताजा घटना और ट्रंप प्रशासन से निपटने में भारत के रुख जैसे मुद्दों को उठाने की योजना बना रहा है। वहीं सरकार के लिए वक़्फ़ संशोधन विधेयक को शीघ्र पारित कराना प्राथमिकता है। ध्यान रहे कि वक़्फ़ संशोधन बिल को लेकर बनाई गई जेपीसी ने विपक्ष की आपत्तियों को खारिज करते हुए अपनी रिपोर्ट पेश कर दी है जिसे कैबिनेट से पास कर दिया गया है। अब इसे एक बार फिर संसद में पेश करने की तैयारी है जिसका विपक्ष भारी विरोध कर रहा है। इसके अलावा सरकार का ध्यान अनुदान मांगों के लिए संसद की मंजूरी प्राप्त करने के साथ-साथ बजट प्रक्रिया को पूरा करने पर रहेगा।
भारत ने जीती चैंपियंस ट्रॉफी
भारत में दुबई में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली है। अखबारों ने इस जीत को होली से जोड़कर सुर्खियां लगाईं हैं। हिन्दुस्तान ने लिखा है कि टी-20 विश्व कप जीतने के नौ महीने बाद भारतीय टीम ने रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर देश को जश्न मनाने का एक और मौका दे दिया। रवींद्र जडेजा ने जैसे ही विजयी चौका लगाया भारत तीसरी बार यह ट्रॉफी जीतने वाला इकलौता देश बन गया। टीम इंडिया ने 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह ट्रॉफी जीती। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से मात दी। मुकाबला बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। 252 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम इंडिया एक समय बिना विकेट खोए 105 रन बनाकर आसान जीत की ओर बढ़ रही थी। अचानक 17 रनों के भीतर भारत ने तीन विकेट गंवा दिए और मैच में रोमांच आ गया। इसके बाद श्रेयस-अक्षर ने टीम को संभाला। अंत में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट खोकर मैच जीत लिया। रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 76 रन की कप्तानी पारी खेली। इसकी बदौलत वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने।
51 हजार शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
जागरण के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि राज्य में सरकारी शिक्षकों की कुल संख्या अब 5 लाख 65 हजार 427 हो गई है। बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में उत्तीर्ण 51 हजार 389 शिक्षकों को रविवार को अलग-अलग जिलों में नियुक्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी स्थित गांधी मैदान में 10000 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। अगले महीने 42918 हेडमास्टर को भी नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
मणिपुर में जनजीवन अस्तव्यस्त
भास्कर के अनुसार मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई के खिलाफ कुकी-जो समूहों ने रविवार को अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया। इससे कई इलाकों में जनजीवन ठप देखने को मिला। चुराचांदपुर और टेंगनौपाल जिलों समेत अन्य कुकी बहुल इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए। कई सड़कों पर भारी पत्थर रखकर रास्ते रोके। बंद के चलते दुकान, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कें भी सूनी नजर आईं। कुकी संघटनों में बंद का आह्वान करते हुए कहा कि मणिपुर के सभी रास्तों को खोलने से उनकी सुरक्षा को खतरा है।
अमेरिका में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़
हिन्दुस्तान के अनुसार कैलिफोर्निया के एक प्रमुख हिंदू मंदिर में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की। साथ ही मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी नारे भी लिखे। बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) ने कहा कि सैन बर्नार्डिनो काउंटी के चीनो हिल्स स्थित स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र किया गया। चीनो हिल्स लॉस एंजिलिस काउंटी की सीमा पर है, जहां यह घटना शनिवार को हुई।
मतांतरण सही नहीं: श्री श्री
जागरण के अनुसार द आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर रविवार को भागलपुर और खगड़िया में थे। उन्होंने खगड़िया में कहा कि मतांतरण सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी संस्कृति व पूर्वजों का सम्मान करना चाहिए।
सरकारी लैपटॉप दलाल को देखकर कर रहे उगाही
भास्कर के अनुसार बिहार में कई अंचलों के हल्का कर्मचारी अपनी तय पंचायत में नहीं बैठ रहे। ऐसे कर्मचारियों को सीओ यानी अंचल अधिकारी से मिले लैपटॉप का उपयोग निजी व्यक्ति यानी दलाल से कर रहे हैं। दलाल निजी कार्यालय में रैयत यानी आवेदक को बुलाकर अवैध राशि वसूल कर रहे हैं। ऐसे कई मामलों के सामने आने के बाद सभी डीएम को एक सप्ताह में अंचल कार्यालय का निरीक्षण करके संबंधित का आरओ यानी राजस्व अधिकारी और राजस्व कर्मचारी पर कठोर अनुशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी 38 डीएम से कहा है कि डीसीएलआर, एसडीओ और एडीएम से औचक निरीक्षण कराएं। “यह देखें कि सभी सीओ और आरओ रोज अंचल कार्यालय से कम कर रहे हैं या नहीं।”
कुछ और सुर्खियां:
- बिहटा एयरपोर्ट का शिलान्यास करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल में आएंगे
- रील्स बनाने में पटना के कलेक्ट्रेट घाट पर दो युवक डूबे, मौत
- पटना में बर्ड फ्लू की वजह से चिड़ियाघर में मांसाहारी जानवरों को चिकन देने पर पूर्ण प्रतिबंध
- बेचैनी और सीने में दर्द के बाद उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एम्स, दिल्ली में भर्ती
अनछपी: उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर राज चलाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां के कानून व्यवस्था की बहुत तारीफ करते हैं लेकिन उसी उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दैनिक जागरण के एक पत्रकार की हत्या हो गई और राष्ट्रीय मीडिया में इस खबर की चर्चा ना के बराबर है। मीडिया के चरित्र को इससे समझा जा सकता है कि यदि यही हत्या किसी गैर भाजपा शासित राज्य में होती तो अब तक इस पर कितना बवाल होता। दैनिक जागरण ने भी इस खबर को शायद इसलिए जगह दी है कि यह उसके अपने पत्रकार का मामला है। दैनिक जागरण के महोली तहसील के संवाददाता राघवेंद्र वाजपेई की शनिवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। राघवेंद्र की पत्नी रश्मि वाजपेई ने पुलिस से कहा कि यह हत्या रेकी कर की गई है। हत्यारों ने बाइक सवार राघवेंद्र को रोका और घेरकर पहले पीठ पर गोली मारी। जब वह सड़क पर गिर गए तो उनके सिर में सटाकर गोली मार दी जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दिनदहाड़े हत्या कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस की कथित नीति की पोल खोल रही है। अखिलेश यादव की इस बात पर भी ध्यान देने की जरूरत है कि जब सरकार खुद हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों का विधानसभा में खड़े होकर महिमामंडन करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी। अखिलेश ने कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार इस स्तर पर पहुंच गया है कि ऐसे मामलों को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां मिल रही हैं और उनकी हत्या तक हो जाती है। इस मामले में दैनिक जागरण को धन्यवाद देना चाहिए क्योंकि अक्सर तहसील के पत्रकारों के साथ अगर कुछ होता है तो अखबार वाले उससे अपना पिंड छुड़ाने लगते हैं। जागरण ने साफ तौर पर राघवेंद्र को अपना पत्रकार बताते हुए यह खबर दी, यह दूसरे अखबारों को भी करना चाहिए। इस घटना से यह भी समझा जा सकता है कि अखबार का पत्रकार अगर चाहता भी है कि वह सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कुछ लिखे तो अखबार के मालिक उसे सरकार पर सवाल उठाने से रोकते हैं।
848 total views
