छ्पी-अनछपी: ट्रंप के शिगूफे से भारत का शेयर बाजार धड़ाम, मोदी ने नितिन को बताया ‘बॉस’

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए शिगूफे से भारत के शेयर बाजार में काफी गिरावट देखी गई। भाजपा के नए बनाए गए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी में अपना बॉस बताया। तमिलनाडु के राज्यपाल ने सरकार का अभिभाषण पढ़ने से इनकार कर दिया और केरल के राज्यपाल पर भी अभिभाषण पूरा नहीं पढ़ने का आरोप लगा।

और, जानिएगा कि नालंदा में कैसे शातिर ने बिजली के स्मार्ट मीटर में घपला किया।

पहली ख़बर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए शिगूफे ने मंगलवार को दुनियाभर में हलचल मचा दी। ट्रंप ने एक तस्वीर साझा करते हुए अमेरिका के नए नक्शे में ग्रीनलैंड और कनाडा को दर्शाया। वहीं, पीस बोर्ड का समर्थन नहीं करने पर उन्होंने फ्रांसीसी वाइन और शैंपेन पर 200%आयात शुल्क लगाने की धमकी दी। इसका असर भारत समेत दुनिया के बाजार में दिखा। भारतीय निवेशकों के दो दिनों में 13 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

भारी बिकवाली आने से घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट

भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच मंगलवार को प्रमुख कंपनियों में भारी बिकवाली आने से घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,066 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 353 अंक टूटा। लगातार दो दिन में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1400 से अधिक अंक, यानी 2% गिर गया, जबकि निफ्टी 50 भी दो फीसदी टूटा है। इसमें निवेशकों को करीब 13 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 468 लाख करोड़ रुपये से गिरकर करीब 455 लाख करोड़ रुपये हो गया।

ट्रंप का बयान: ताक़त के बल पर ही लाई जा सकती है शांति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ग्रीनलैंड पर नियंत्रण राष्ट्रीय और वैश्विक सुरक्षा के लिए बेहद अहम है। इस पर पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि ताकत के बल पर शांति कायम की जा सकती है और अमेरिका एक ताकतवर देश है। ट्रंप ने कहा, इस मुद्दे पर नाटो प्रमुख मार्क रूटे से बात हुई है। मैं स्विट्जरलैंड के दावोस में अलग-अलग पार्टियों संग बैठक करने पर सहमत हूं। ट्रंप ने एक पोस्ट कर नाटो प्रमुख के चैट के स्क्रीनशॉट साझा किए, जिसमें रूटे अमेरिका के सीरिया और गाजा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। वह कह रहे हैं, आपने सीरिया में जो किया वह अविश्वसनीय है। यह भी कहा कि मैं ग्रीनलैंड पर रास्ता खोजने के साथ आपसे मिलने को उत्सुक हूं।

नितिन नवीन मेरे ‘बॉस’: मोदी

प्रभात ख़बर के अनुसार नितिन नवीन के मंगलवार को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभालने के साथ पार्टी के एक नये अध्याय की शुरुआत हो गयी. उन्होंने जेपी नड्डा की जगह ली है. पटना के बांकीपुर से विधायक 45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष बन गये हैं. इस अवसर पर नयी दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब वह एक कार्यकर्ता हैं और ‘माननीय नितिन नवीन जी’ उनके ‘बॉस’ हैं. नितिन नवीन के नाम की औपचारिक घोषणा के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता उन्हें पार्टी मुख्यालय स्थित उनके नये कार्यालय में ले गये, जहां उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. नवीन की पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य करीबी सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे. अपने 40 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने बार-बार नवीन को ‘माननीय’ कहकर संबोधित किया और पिछले 11 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया, जिसे उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को अपने काम का लेखा-जोखा देने के रूप में वर्णित किया.

तमिलनाडु सरकार और राज्यपाल में तनातनी

चेन्नई से प्रेस ट्रस्ट के हवाले से जागरण की खबर है कि तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि मंगलवार को विधानसभा में साल के पहले सत्र के दौरान अपना परंपरागत अभिभाषण पढ़े बिना ही सदन से बाहर चले गए। उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार द्वारा तैयार किए गए अभिभाषण में भ्रामक दावे किए जाने का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया। बाद में राजभवन ने बयान जारी कर कहा कि राज्यपाल का माइक बंद किया गया, उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया। आरोप लगाया गया कि राष्ट्रगान का भी अपमान किया गया। उधर, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्यपाल के इस कदम की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह उच्च पद की गरिमा, परंपराओं और मूल्यों के अनुरूप नहीं है और सदन का अपमान है। ऐसा किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

केरल में भी गवर्नर पर सीएम ने आरोप लगाया

तिरुअनंतपुरम से ख़बर है कि केरल विधानसभा में तव अजीबोगरीब हालात पैदा हो गए जब मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सदन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के संबोधन समाप्त करने के तुरंत बाद आरोप लगाया कि उन्होंने राज्य मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित नीतिगत भाषण को पूरी तरह नहीं पढ़ा। विजयन ने कहा कि छोड़े गए अंशों में भाजपा-शासित केंद्र सरकार की राजकोषीय नीति की आलोचना करने वाले हिस्से और राजभवन में लंबित विधेयकों से संबंधित चीजें शामिल थीं। उधर, केरल राजभवन ने कहा कि राज्यपाल के भाषण पर विवाद “अनावश्यक और निराधार है। अर्लेकर ने सरकार से झूठे दावे मसौदे से हटाने के लिए कहा था। मुख्यमंत्री विजयन के अनुसार, राज्यपाल ने दस्तावेज के 12वें पैरा का शुरुआती हिस्सा और 15वे पैरा के अंतिम हिस्से को नहीं पढ़ा। 157 पैरा और 72 पृष्ठों वाले नीतिगत भाषण के 16वें पैरा में राज्यपाल द्वारा एक पंक्ति जोड़ी गई।

स्मार्ट मीटर में चिप लगाकर बिजली चोरी

नालंदा में रिमोट और चिप से बिजली चोरी करने के रैकेट का खुलासा हुआ है। नूरसराय के कश्मीरीचक और मंडाछ गांवों में दो उपभोक्ताओं के यहां छापेमारी कर विभाग ने मीटर में लगी चिप और रिमोट जब्त किया है। दोनों पर कुल 35 लाख रुपये के जुर्माने के साथ ही एफआईआर कराई गई है। इससे पहले पटना के गौरीचक में 26 दिसम्बर 2024 को आटा चक्की संचालक को रिमोट से बिजली चोरी करते पकड़ा गया था। पांच लाख का जुर्माना भी लगा था। सोमवार को एसडीओ अश्विनी कुमार के नेतृत्व में विभाग की टीम कश्मीरीचक में छापे करने गई। यहां के उपेन्द्र प्रसाद आटा चक्की और तेल मिल चलाते हैं। उनके परिसर में लगे मीटर की जांच की गयी, तो निर्धारित लोड से बिजली खपत काफी कम पायी गयी।

कुछ और सुर्खियां:

  • पटना हाई कोर्ट ने 70000 करोड़ रुपए का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने के मामले में राज्य सरकार से जानकारी मांगी
  • 24 कैरेट का सोना पहली बार डेढ़ लाख से ऊपर की कीमत पर पहुंचा
  • समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉक्टर संजय कुमार चौधरी का मंगलवार को काम के दौरान हार्ट अटैक से निधन
  • उत्तर प्रदेश प्रशासन ने जगतगुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से पूछा, क्यों लिखते हैं खुद को शंकराचार्य

अनछपी: क्या भारत में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुकदमा चलाने या ना चलाने का फैसला इस आधार पर होगा कि कौन सी एजेंसी मुकदमा चलना चाहती है? इस सवाल का जवाब सुप्रीम कोर्ट ने दिया है और उसकी चर्चा इसलिए जरूरी है क्योंकि केंद्र की एजेंसियां तो राज्य के लोगों पर आसानी से मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी कर लेती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अब कहा है कि राज्य सरकार की जांच एजेंसियां भी केंद्रीय कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करने और संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल करने का अधिकार रखती है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है की राज्य की जांच एजेंसी को इसके लिए सीबीआई से इजाजअट लेने की कोई जरूरत नहीं है पूर्ण विराम जस्टआइस जेबी पारदीवाला और सतीशचंद्र शर्मा की पीठ ने कहा कि राज्य सरकार जांच एजेंसी द्वारा दाखिल चार्जशीट को सीबीआई की मंजूरी नहीं होने के करण अमान्य नहीं ठहरा सकते। हाल ही में झारखंड में जब राज्य सरकार ने ईडी के अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की कोशिश की तो ऐसी कोई दलील नहीं दी गई हालांकि हाईकोर्ट ने इस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद केंद्र सरकार भी सचेत रहेगी कि उसके अधिकारियों के खिलाफ भी राज्य की एजेंसियां केस दर्ज कर सकती हैं और ऐसे में एक संतुलन बनने की उम्मीद है।

 232 total views

Share Now