छपी-अनछपी: सॉल्वर गैंग का फ्रॉड बन गया था फर्जी मजिस्ट्रेट, राहुल बोले- शाह नर्वस

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सिपाही ड्राइवर भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया फ्रॉड एक दिन पहले मजिस्ट्रेट बनकर पहुंचा था एग्जामिनेशन सेंटर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को नर्वस बताया है। मेक्सिको ने भारत पर 50% तक टैरिफ लगा दिया है।

और, जानिएगा कि 9 करोड़ में नागरिकता बेचने की बात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर क्यों की।

पहली ख़बर

डेहरी आन सोन (रोहतास) से जागरण की खबर है कि चालक सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने के मामले में बुधवार को गिरफ्तार फर्जी मजिस्ट्रेट समेत चार लोगों की करतूत ने केंद्रों पर कदाचारमुक्त परीक्षा के इंतजामों पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। डेहरी के कटार स्थित डीएवी परीक्षा केंद्र की अधीक्षक बनाई गईं अपग्रेडेड हाई स्कूल भैंसहा की प्रधानाध्यापिका मंजू कुमारी व सभी वीक्षक कुछ देर के लिए नहीं, बल्कि दो दिनों तक एक बहरुपिये के झांसे में रहे। परीक्षा के एक दिन पहले उसने केंद्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं में खामी बताकर सभी को फटकार लगाई। फिर वह दूसरे दिन परीक्षा शुरू होने के पहले लगभग नौ बजे दोबारा केंद्र पर पहुंचा और गेट पर परीक्षार्थियों की जांच से लेकर उनके बैठने की व्यवस्था तक की निगरानी करने लगा। उसकी जिला प्रशासन, रोहतास लिखी स्कार्पियो, हाव भाव और फर्जी प्रतिनियुक्ति पत्र से सभी धौंस में थे। इस बीच वह त्यशुदा परीक्षार्थी के पास पहुंचा और उसके आचरण पर संदेश जताते हुए उसे ओएमआर शीट लेकर केंद्र के कंट्रोल रूम में ले गया। इसके बाद इनविजीलेटर को शक हुआ तो यह पूरा मामला सामने आया।

महेंद्रू में कोचिंग सेंटर चलाता है फ्रॉड अशोक

हिन्दुस्तान के अनुसार सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्र में फर्जी मजिस्ट्रेट बन घुसने वाला सॉल्वर गैंग का सदस्य अशोक कुमार पटना के महेंद्रू में कोचिंग शिक्षक है। वह मधुबनी के जयनगर निवासी रामप्रीत सिंह का पुत्र है। गुरुवार को डेहरी के डीएवी कटार परीक्षा केंद्र से इसे पकड़ा गया था। एएसपी अतुलेश झा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ में अशोक कुमार ने खुलासा किया गया कि परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर छह में अभ्यर्थी विकास को परीक्षा में मदद पहुंचाने के लिए फर्जी वरीय कोषागार पदाधिकारी बनकर आया है। उसके साथ उसका चालक और एक अन्य व्यक्ति भी है, जो परीक्षा केंद्र के अंदर ही स्कार्पियो में बैठे हैं। विकास कुमार को उसने ओएमआर एवं प्रश्न पुस्तिका के साथ कमरे से निकालकर बाथरूम में पहुंचा दिया था। उससे प्रश्न पुस्तिका एवं ओएमआर सीट लेकर स्कार्पियो में बैठे अपने साथियों को दे दिया था। प्रश्नपत्र हल कराकर उसे फिर से विकास कुमार को दिया था। उसे ओएमआर सीट भरने को कहा गया था। लेकिन इस बीच पोल खुल गया और सभी पकड़े गए। बाथरूम में बंद अभ्यर्थी जहानाबाद निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद स्कार्पियो गाड़ी में बैठे दो व्यक्ति संतोष कुमार और ललेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया।

अमित शाह नर्वस: राहुल

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को सदन में अपनी बात रखते हुए बहुत नर्वस नजर आए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने उनकी बहस की चुनौती पर कोई जवाब नहीं दिया। मीडिया से बात करते हुए राहुल ने कहा कि गृह मंत्री बुधवार को संसद में बड़े नर्वस थे। उनके हाथ कांप रहे थे। उन्होंने गलत भाषा का इस्तेमाल किया। गृहमंत्री मानसिक रूप से बहुत दबाव में हैं। मंगलवार को यह पूरे देश ने देखा। राहुल ने कहा कि उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर जो बातें कहीं, उसका गृह मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया।

मेक्सिको ने भारत पर 50% तक टैरिफ लगाया

मैक्सिको ने अपने देश के उद्योगों और उत्पादकों की सुरक्षा के लिए भारत और चीन सहित एशिया के देशों से कुछ चुनिंदा उत्पादों के आयात पर नए वर्ष से 50 फीसदी तक टैरिफ बढ़ाने को मंजूरी दी है। फैसले का भारतीय उद्योगों पर सीधा और व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। भारत का मैक्सिको को निर्यात कई श्रेणियों में तेजी से बढ़ रहा है विशेषकर ऑटो पार्ट्स, दवा, स्टील, वस्त्र, मशीनरी, प्लास्टिक, केमिकल और दोपहिया।

अशोक लेलैंड बिहार में लगाएगी फैक्ट्री

प्रभात खबर के अनुसार अशोक लेलैंड बिहार में इलेक्ट्रिक बसों की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगायेगी. वहीं, कोका-कोला ने भी राज्य सरकार के साथ साझेदारी में नया प्लांट लगाने की इच्छा जतायी है. इसके साथ ही सवेरा कैंसर एवं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने रोबोटिक्स सर्जरी के क्षेत्र में बिहार में विश्वस्तरीय सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है. इन निवेशकों ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा शुरू की गयी दूसरी “उद्योग वार्ता” में शामिल होकर बिहार में निवेश करने का उत्साह दिखाया है. गुरुवार को उद्योग जगत से जुड़े 32 लोगों ने सीधे मुख्य सचिव से मुलाकात की और बिहार में उद्योग स्थापित करने की इच्छा जतायी.

ट्रंप ने 9 करोड़ की नागरिकता बेचने को फिर आवाज़ लगाई

भास्कर के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने करीब 9 करोड़ रु. का गोल्ड कार्ड वीसा प्रोग्राम लॉन्च किया। कहा, भारत, चीन जैसे देशों के छात्रों को अमेरिका में पढ़ाई पूरी होते ही लौटना पड़ता है। कंपनियां गोल्ड कार्ड खरीद उन्हें यहीं नौकरी सकती पर हैं। ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की, जब भारत में एच-1बी वीसा के हजारों आवेदकों के इंटरव्यू कई महीने टाल दिए गए। उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल जांची जा रही हैं। व्हाइट हाउस में बुधवार को हुए राउंडटेबल में आईबीएम के भारतीय अमेरिकी सीईओ अरविंद कृष्णा व डेल के सीईओ माइकल डेल भी ट्रम्प के साथ थे। ट्रम्प ने कहा, एपल सीईओ टिम कुक कह चुके हैं कि वे सर्वश्रेष्ठ कॉलेजों के छात्रों को इसलिए नौकरी नहीं दे पाते, क्योंकि ये पक्का नहीं रहता कि उसे यहां रख पाएंगे या नहीं। यह समस्या हल हो गई है।

कुछ और सुर्खियां:

  • मधुबनी जिले के झंझारपुर सिविल कोर्ट के सिविल जज हिमांशु पांडे सस्पेंड
  • समाजवादी नेता और जयप्रकाश नारायण के सहयोगी रहे अरुण भोले का 93 साल की उम्र में निधन
  • सोनपुर- छपरा हाईवे पर सोनपुर थाने के गोविंद चक मोड़ के पास एसबीआई का एटीएम काटकर 16 लाख रुपए ले भागे बदमाश
  • गोवा अग्निकांड के बाद थाईलैंड भागे नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा गिरफ्तार, भारत आएंगे
  • पाकिस्तान में पूर्व आईएसआई प्रमुख फैज हमीद को 14 साल की जेल
  • इंडिगो अपने यात्रियों को देगी मुआवजा और ₹10000 के ट्रैवल वाउचर
  • बांग्लादेश में आम चुनाव की तारीख का ऐलान, 12 फरवरी को होगी वोटिंग

अनछपी: बिहार में सरकारी मदरसों को लेकर बहुत से लोगों की सरकार से तरह-तरह की शिकायत रहती है लेकिन पिछले दो दिनों में मदरसों के बारे में ऐसी रिपोर्ट छप रही हैं जिनसे पता चलता है कि खुद मदरसा चलाने वालों ने काफी गंदगी फैला रखी है। इस तरह की शिकायत पहले भी चर्चा में रही है लेकिन अब अखबार का हिस्सा बन रही है। मुजफ्फरपुर के मद्रास की पड़ताल में यह बात सामने आई कि चंदवारा स्थित मदरसा दारुल तकलीम में कोई छात्र नहीं मिला लेकिन वहां 220 बच्चों का एडमिशन है। इससे पहले पूर्वी चंपारण के गोवंदरा मदरसे के बारे में भी खबर छपी थी जिसमें बताया गया था कि मदरसा शिक्षा बोर्ड से मान्यता दिलाने के लिए दूसरे मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना मनोहर हुसैन रिजवी ने खुद को किसान बताकर आवेदन दिया था। सरकार पहले भी कई मदरसों की जांच करवा चुकी है जहां के बारे में शिकायत मिली है। कई बार मदरसों के बारे में यह शिकायत भी मिलती है कि वहां शिक्षक पढ़ना नहीं आते या वहां शिक्षक की बहाली ही नहीं हुई लेकिन शिक्षकों के नाम पर पैसे निकाले जाते हैं। इस तरह की धांधली और अनियमितता सरकारी स्कूलों में भी होती है लेकिन आखिर मदरसों में भी वही काम हो जो दूसरी जगह पर होता है तो फिर वहां दीनियात पढ़ाने और इस्लाम की बात करने का क्या मतलब रह जाता है? इससे परेशानी उन मदरसों और वहां के शिक्षकों और तालिब इल्मों को होती है जो सही तरीके से चल रहे हैं। ऐसे मदरसे भी हैं जिसे चलाने वाले इसका इस्तेमाल पॉकेट मदरसा के तौर पर करते हैं और कमाई का धंधा बना चुके हैं। ऐसे मदरसा चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है ताकि जो मदरसे ईमानदारी से चल रहे हैं उनको कोई परेशानी ना हो।

 314 total views

Share Now