छ्पी-अनछपी: कल पेश हो सकता है वक़्फ़ बिल, ईरान का ट्रंप को जवाब- हमारी मिसाइल तैयार

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। मुस्लिम संगठनों और विपक्ष के भारी विरोध के बावजूद बुधवार को सरकार संसद में वक़्फ़ संशोधन बिल ला सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने कहा कि उसकी मिसाइलें भी तैयार हैं। बिहार के आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के बारे में दी गई जानकारी से पता चलता है कि चीफ सेक्रेटरी के पास अपनी गाड़ी नहीं और डीजीपी के पास कैश नहीं। दिवंगत रामविलास पासवान की पहली पत्नी ने अपनी देवरानियों पर घर से निकालने का आरोप लगाया। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शांति के नोबेल पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है।

और जानिएगा कि बाजार से दो और पांच के नोट क्यों गायब हो रहे।

हिन्दुस्तान के अनुसार वक्फ संशोधन विधेयक बुधवार को संसद में पेश किए की संभावना है। इस बची विधेयक का विरोध कर रहे लोगों की केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने आलोचना की और उनसे लोगों को गुमराह करने की राजनीति के बजाय चर्चा को कहा। संभल से खबर है कि ईद-उल-फितर के अवसर पर समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने ईदगाह में नमाज अदा की और इस दौरान वक्फ बिल को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बिल 40 करोड़ मुसलमानों के हकों को छीनने वाला है और वह इसका हर स्तर पर विरोध करेंगे। संसद में, सड़क पर और जरूरत पड़ने पर कोर्ट में भी।

काली पट्टी लगाकर विरोध

संशोधित वक्फ विधेयक के विरोध में सोमवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, कर्नाटक, और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बांह में काली पट्टियां बांधकर ईद की नमाज अदा की। विभिन्न संगठनों के आह्वान पर उन्होंने विधेयक पारित न होने की दुआ भी मांगी।

ईरान ने अमेरिका से कहा- हमारी मिसाइलें तैयार

भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान परमाणु समझौते को स्वीकार नहीं करता है तो उसे पर बमबारी होगी। अब सोमवार को ईरान ने इसका जवाब दिया है और कहा है कि हमारी मिसाइल तैयार है और उनके निशाने पर दुनिया भर के अमेरिकी सैनिक ठिकाने हैं। तेहरान टाइम्स ने सरकारी सूत्रों के हवाले से अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया कि ईरान ने देश भर में भूमिगत सुविधाओं के भीतर अपनी मिसाइल को लॉन्च करने के लिए तैयार मोड में रखा है जो हवाई हमले का सामना करने के लिए डिजाइन की गई है। इस रिपोर्ट में यह कहा गया है की जरूरत पड़ने पर ईरान ने दुनिया भर में स्थित अमेरिकी सैनिक ठिकानों पर हमले किए जाने की तैयारी पूरी कर ली है।

बिहार के चीफ सेक्रेटरी के पास नहीं अपनी गाड़ी

प्रभात खबर के अनुसार राज्य सरकार के अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति के बाद सोमवार को संपत्ति का ब्यौरा जारी कर दिया। मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा के पास अपनी कोई गाड़ी नहीं है। उनके पास 60000 कैश है। उनकी पत्नी बर्फी मीणा के पास 45000 कैश है। मुख्य सचिव ने 37 लाख रुपए बैंक व वित्तीय संस्थानों में जमा किए हैं। डीजीपी विनय कुमार के सेविंग अकाउंट में 15.60 लख रुपए हैं हालांकि उनके पास कैश नहीं है। उनके पास कुल 45.33 लाख की संपत्तियों है जबकि पटना के एसएसपी अवकाश कुमार के पास 2.5 करोड़ की संपत्ति है। एडीजी कुंदन कृष्णन के पास गुरुग्राम में 2.7 करोड़ रुपए मूल्य का फ्लैट है।

रामविलास की पहली पत्नी ने कहा मुझे घर से निकाला

भास्कर के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार विवाद जमीन बंटवारे को लेकर हुआ है। पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने अलौली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि पूर्व केंद्रीय  मंत्री पशुपति कुमार पारस की पत्नी पत्नी शोभा देवी और स्वर्गीय रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनैना देवी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। दोनों ने उनका सामान कमरे से बाहर फेंक दिया। बेडरूम और बाथरूम में ताला जड़ दिया। इधर पशुपति कुमार पारस का कहना है कि यह सब पॉलीटिकल माइलेज के लिए किया जा रहा ड्रामा है। मामला जमीन बंटवारे का भी है। बड़े भाई रामविलास पासवान ने दो शादी की है। यह सारा माहौल दो हिस्से में जमीन बढ़ बारे को लेकर बनाया जा रहा है।

इमरान खान नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए उनके प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। पिछले साल दिसंबर में स्थापित समूह पाकिस्तान वर्ल्ड अलायंस (पीडब्ल्यूए) ने उनके नामांकन की इसकी घोषणा की। इस संगठन के सदस्य नॉर्वे के राजनीतिक दल पार्टीएट सेंट्रम से भी जुड़े हैं। पार्टीएट सेंट्रम ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर कहा कि हमें नामांकन करने के अधिकारी शख्स / संस्था के साथ गठबंधन करने की खुशी है।

बाजार से दो और पांच के नोट क्यों हो रहे हैं गायब

हिन्दुस्तान की खास खबर में बताया गया है कि दो और पांच रुपये के नोट सिर्फ शादी-ब्याह या पूजा-पाठ तक सिमट कर रह गए हैं। बाजार में होने के बावजूद ये आम आदमी की पहुंच से दूर हैं। अहम बात है कि इन छोटे नोटों का इस्तेमाल मुनाफा कमाने के लिए हो रहा है। कमीशन लेकर बकायदा नोट बेचे जा रहे हैं। बाजारों में ऐसा अक्सर दिखता भी है। पिछले साल 15 मार्च तक बाजार में दो और पांच के साढ़े 11.56 अरब नोट थे जो इस साल 11.36 अरब रह गए, यानी सालभर के भीतर ऐसे नोटों की संख्या 1.98 करोड़ घट गई। दो और पांच के 11.36 अरब नोट बाजार में भले ही हों पर ये दुकानों में हैं या घरों की तिजोरियों में, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। आरबीआई की ओर से नोटों के जो आंकड़े जारी किए हैं उनसे खुलासा हुआ है। 365 दिन के भीतर दो-पांच के 1.98 करोड़ नोट कम हो गए। आर्थिक विशेषज्ञ पीएनबीपीईए के चेयरमैन संजय त्रिवेदी के मुताबिक मुनाफे के चक्कर में इन नोटों का बड़ा हिस्सा बाजार में दबा है।

कुछ और सुर्खियां

  • म्यांमार में भूकंप के दौरान 700 से अधिक नमाजियों की गई जान, जुमे की नमाज के वक्त आया था भूकंप
  • नवादा के बुधौल स्थित वृहद आश्रय गृह की अधीक्षका प्रियंका कुमारी ने वीडियो कॉल करते-करते आत्महत्या की
  • प्लेसेस ऑफ़ वरशिप ऐक्ट पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल बिहार के दौरे पर आएंगे, मधुबनी में करेंगे सभा
  • कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने लगाया आरोप, टेक्सटबुक्स का सांप्रदायिकीकण कर रही मोदी सरकार
  • सेंट्रल डेपुटेशन पर है बिहार कैडर के 27 आईएएस अधिकारी
  • बिहार में पहली बार 29 अगस्त से होगी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी

अनछपी: अपने रोचक कमेंट्स के लिए जाने जाने वाले राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दो दिन के बिहार दौरे के दौरान एक और मौका मांगने और बाढ़ नियंत्रण पर काम करने को लेकर दिलचस्प बात पूछी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि बिहार को 5 साल में बाढ़ मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा, “एक बार और 5 साल के लिए राज्य में एनडीए की सरकार बनाइए, हम बिहार को हमेशा के लिए बाढ़ से मुक्त कर देंगे।” उन्होंने दावा किया कि बिहार में बाढ़ अतीत बन जाएगी। बाढ़ नियंत्रण पर दिए गए अमित शाह के बयान पर लालू प्रसाद ने सवाल किया कि 20 साल क्या वह बाढ़ आमंत्रण पर काम कर रहे थे? उनका सवाल इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है क्यूंकि पिछले 20 साल से ज्यादातर वक्त बिहार में एनडीए का शासन रहा है और सरकार में भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय भूमिका कर रही है। याद रखने की बात यह है कि जब से भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन के साथ नीतीश कुमार की सरकार बिहार पर शासन कर रही है तब से कोसी के अलावा दूसरे इलाकों में भी कई बार बाढ़ से लोग परेशान हुए हैं। इस दौरान नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने बिहार को बाढ़ से निजात दिलाने के वादे किए लेकिन उन वादों के बावजूद बिहार के बाढ़ग्रस्त लोगों को राहत नहीं मिली। नेताओं की बात में अतिशयोक्ति होना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन यह थोड़ा अजीब लगता है कि अमित शाह जैसा नेता यह कहे कि उन्हें 5 साल का और मौका इसलिए चाहिए ताकि वह बिहार को बाढ़ से पूरी तरह मुक्त कर देंगे। ऐसे में लालू प्रसाद का सवाल भी सही लगता है। बिहार की विपक्ष की राजनीति को हालांकि अब तेजस्वी यादव चला रहे हैं लेकिन अमित शाह ने अपने भाषण में लालू प्रसाद को काफी कोसा। राजद के एक्स हैंडल पर दावा किया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने 19 मिनट के भाषण में 18 बार लालू प्रसाद की चर्चा की और कहा कि लालू तो सत्ता से 20 साल से बाहर हैं। पार्टी की ओर से कहा गया कि लालू प्रसाद का कितना बड़ा नाम है कि इन्हें सोने नहीं देता। लालू प्रसाद का नाम लेकर ही ये बेड़ा पार करना चाहते हैं। इस बात से पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी और अमित शाह को यह लगता है कि बिहार में लालू प्रसाद का डर दिखाए बिना उनकी राजनीति नहीं चल सकती। लालू का डर तो नीतीश कुमार भी दिखाते हैं और उनकी पार्टी भी दिखाती है। बहरहाल अब यह सब को पता है कि लालू प्रसाद किसी भी हाल में वापस मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले लेकिन क्या लालू के बेटे तेजस्वी यादव को भी लोग लालू की तरह ही मानते हैं? बिहार विधानसभा 2020 के चुनाव परिणाम से तो ऐसा नहीं लगता, अब यह देखना होगा कि 2025 के चुनाव में क्या नतीजा निकलता है।

 

 453 total views

Share Now