छपी-अनछपी: BRICS को ट्रंप टैरिफ मंज़ूर नहीं, कमांडेंट की मां को बंधक बना एक करोड़ की लूट

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ब्रिक्स के दिल्ली घोषणा पत्र में टैरिफ के नाम पर दादागिरी बंद करने की बात की गई। बाढ़ के एनटीपीसी थाना क्षेत्र से एसएसबी के कमांडएंट के घर में उनकी मां को बंधक बना कर एक करोड़ की लूट की गई। सीतामढ़ी में जिला पार्षद के पति के दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या की गई। 

और जानिएगा कि भारत दुनिया का सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा रखने वाला चौथा देश है। 

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार ब्रिक्स देशों ने एकतरफा टैरिफ, व्यापार प्रतिबंधों और संयुक्त राष्ट्र की मंजूरी के बिना लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों पर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को सर्वसम्मति से जारी ‘नई दिल्ली घोषणापत्र-2026’ में इन्हें वैश्विक व्यापार और आपूर्ति शृंखलाओं के लिए नुकसानदेह बताते हुए ऐसी कार्रवाइयों से बचने का आह्वान किया गया। ब्रिक्स ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की विवाद निपटारा व्यवस्था बहाल करने और वैश्विक व्यापार व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत बनाने पर जोर दिया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक में विकासशील देशों की आवाज और हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की।

पहली बार फलस्तीन पर विस्तृत रुख

जागरण के अनुसार फलस्तीन के मुद्दे को भी पहली बार घोषणापत्र में प्रमुखता दी गई है। गाजा में युद्धविराम के बावजूद जारी हिंसा पर चिंता जताते हुए फलस्तीनियों के जबरन विस्थापन का विरोध किया गया है। ब्रिक्स ने 1967 की सीमाओं के आधार पर पूर्वी येरुशलम को राजधानी बनाकर एक स्वतंत्र और संप्रभु फलस्तीन देश की स्थापना के समर्थन को दोहराया है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र में फलस्तीन की पूर्ण सदस्यता की बात कही गई है। माना जा रहा है कि यह ईरान की पहल पर हुआ।

ईरान को वेनेजुएला बनाने की नीति नाकाम: पेजेश्कियान

ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने आए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका के प्रभुत्ववादी रवैये पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी उकसावे के केवल अपनी ताकत दिखाने के लिए अमेरिका ने ईरान पर हमले किए। अमेरिका को लगा था कि वह वेनेजुएला की तरह ईरान में भी अपनी पसंद की सरकार स्थापित कर सकता है, लेकिन उसकी कोशिश सफल नहीं हुई। सम्मेलन से इतर पेजेश्कियान ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को उम्मीद थी कि ईरान के नेताओं और सैन्य कमांडरों को निशाना बनाए जाने के बाद देश कमजोर पड़ जाएगा और उसकी सरकार पर दबाव बढ़ेगा, लेकिन इसके विपरीत ईरानी जनता पूरी ताकत के साथ सरकार और देश की संप्रभुता के समर्थन में सामने आ गई। ईरानी समाज में पहले से अधिक एकजुटता पैदा हुई। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि हमले के दौरान ईरान की सेना और सुरक्षाबलों ने मजबूती के साथ मुकाबला किया।

कमांडेंट की मां को बंधक बना एक करोड़ की लूट

पटना जिले के बाढ़ से भास्कर की खबर है कि एनटीपीसी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट प्रिंस कुमार की मां तनुजा देवी को बंधक बनाकर डकैती की। बदमाशों ने महिला के मुंह, हाथ-पैर और गले को साड़ी व गमछे से बांधकर मारपीट की। वे घर से 20 लाख कैश और आधा किलो से अधिक सोने के गहने समेत करीब 1 करोड़ की संपत्ति लेकर फरार हो गए। गले को कसकर बांधने से तनुजा देवी की हड्डी अंदर धंस गई है। गंभीर हालत में उन्हें रूबन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पाइप से खाना दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ 2 आयुष श्रीवास्तव, पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ ने बताया कि घटना में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़िता का बयान लिया गया है। यूपी के बलरामपुर में पदस्थापित प्रिंस शनिवार को पटना पहुंचे। परिजनों ने स्थानीय बदमाशों की मिलीभगत की आशंका जताई है।

जिला परिषद के पति की गोली मार हत्या

प्रभात खबर के अनुसार सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया निवासी एवं जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य खुशदिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की शनिवार की सुबह गोली मार हत्या कर दी गयी. बैद्यनाथ महतो अपनी पत्नी व नतिनी स्नेहा समेत गांव के कुछ लोगों के साथ सुबह टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया. उनके शरीर में आठ गोलियां लगने की बात सामने आयी है. घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने एक आरोपित मो एजाज का पोल्ट्री फार्म आग के हवाले कर दिया. डुमरा थाना पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने डुमरा-पुपरी रोड को केथरिया चौक पर जाम कर दिया. सूचना पर एसपी अमित रंजन व एएसपी आशीष आनंद समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे. ग्रामीणों ने उनके वाहन को अंदर ही नहीं जाने दिया. एसपी समेत सभी पुलिसकर्मी के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार करते हुए पथराव कर दिया. इसमें यातायात थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार का सिर फट गया.

भारत दुनिया का सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा रखने वाला चौथा देश है। 

मुंबई से जागरण के अनुसार सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत दुनियाभर में चौथा देश बन गया है। यह उपलब्धि आरबीआई की विदेशी मुद्रा गैर-निवासी (बैंक) एफसीएनआर (बी) जमा योजना में डालर के रिकार्ड प्रवाह के कारण संभव हुई है। आरबीआइ के अनुसार, चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 44.9 अरब डालर बढ़ा है और कुल भंडार 785.7 अरब डालर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। ब्लूमबर्ग के डाटा के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार में इस रिकार्ड वृद्धि के साथ भारत ने रूस को चौथे स्थान से हटा दिया है। अब भारत केवल चीन (3.85 ट्रिलियन डालर), जापान (1.21 ट्रिलियन डालर) और स्विट्जरलैंड (1.09 ट्रिलियन डालर) से पीछे है। 

कुछ और सुर्खियां:

  • पूर्णिया जिले के अमौर विधानसभा क्षेत्र से छह बार के विधायक और मंत्री क़रहे अब्दुल जलील मस्तान का दिल्ली एम्स में इंतकाल
  • अमेरिका ने भारत के सोलर पैनल पर 123 प्रतिशत टैरिफ लगाया
  • सहरसा सदर अस्पताल में दोपहर का भोजन खाने के बाद बीमार हुए बच्चों की रिपोर्टिंग करने पहुंचे प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार से मारपीट

अनछपी: सरकारी अधिकारियों द्वारा अपने पद के दुरुपयोग की समस्या खत्म नहीं हो रही है लेकिन इस मामले में होने वाली कार्रवाई की चर्चा भी जरूरी है ताकि बाकी अधिकारियों को भी कुछ संदेश मिले। ताजा मामला आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार का है जिन्होंने नालंदा के डीएम के तौर पर एक मुखिया पर न केवल क्राइम कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई की बल्कि उनके आने-जाने पर ऐसी पाबंदी लगाई जो अंग्रेजों के जमाने के अत्याचार की याद दिलाने वाली है। हालांकि कोर्ट ने इस कार्रवाई को पहले ही रद्द कर दिया था लेकिन अब ताजा खबर यह आई है कि पटना हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को चोरसुआ पंचायत के मुखिया चंदन कुमार को ₹50000 का मुआवजा और ₹10000 मुकदमे के खर्च के तौर पर देने का निर्देश दिया है। जस्टिस राजीव रंजन प्रसाद और जस्टिस सुनील दत्त मिश्रा की खंडपीठ ने 11 सितंबर को चंदन कुमार की आपराधिक रिट याचिका पर यह फैसला सुनाया और मुआवजे की राशि एक महीने के भीतर भुगतान करने को कहा। उस वक्त के डीएम कुंदन कुमार ने सीसीए लगाने की कार्रवाई वहां के एसपी की अनुशंसा पर 10 अक्टूबर 2025 को की थी। याद रहे कि इसी तरह उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले यानी नोएडा की डीएम ने एसपी की अनुशंसा का हवाला देते हुए एक आंदोलनकारी छात्रा पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट यानी एनएसए के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया था। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट में नोएडा की डीएम पर ₹500000 का जुर्माना लगाया। नालंदा के तत्काल डीएम ने चंदन कुमार को सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सिलाव थाने में हाजिरी लगाने तथा गिरियक थाना क्षेत्र से बाहर जाने के लिए थाना प्रभारी की इजाजत लेने का निर्देश दिया था। आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार ने जिस तरह मनमानी से यह आदेश दिया था उस लिहाज से यह सजा बहुत ही कम है, फिर भी यह मनमानी का इरादा रखने वाले अधिकारियों को एक संदेश देता है।

 24 total views

Share Now

Leave a Reply