बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। कॉकरोच जनता पार्टी के शनिवार को जंतर मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की जबरदस्त किलेबंदी कर दी गई है और सारे रास्ते सील कर दिए गए हैं। गोपालगंज के एडीएम के पास छापेमारी में ढाई करोड़ की काली कमाई का आरोप लगा है।
और, पतंजलि के घी में पांच गुना ज़्यादा लेड मिला।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पुलिस ने अनुमति नहीं दी। लेकिन, सीजेपी अपने कार्यक्रम पर अड़ी है। राजधानी में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली आने वाली 250 से ज्यादा मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गईं। 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट भी रात 9 बजे से बंद करने का आदेश जारी हुआ। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद ये संख्या 45 कर दी गई। मेट्रो स्टेशन बंद करने पर चिंता जताते हुए कोर्ट ने कहा, ‘मक्खी मारने के लिए हथौड़ा न चलाएं।’ सीजेआई सूर्यकांत की बेंच ने कहा, आवाजाही नियंत्रित कर सकते हैं। पर, लोगों को बेवजह परेशान न करें। कोर्ट ने कहा कि मेट्रो-ट्रेनें ठप न करें। दिल्ली के एंट्री पॉइंट्स, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, होटलों में तलाशी जारी है। शनिवार सुबह 6 बजे के बाद नई दिल्ली में वाहनों की एंट्री पर पाबंदी लग सकती है।
अचानक ट्रेन रद्द होने से भारी परेशानी
हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली में शनिवार को सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने तेजस राजधानी समेत छह प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी। रद्द होने वाली ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस तेजस राजस्थानी एक्सप्रेस संपूर्ण क्रांति और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल थीं। इसके अलावा गया से होकर जाने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई थीं। कुल मिलाकर शुक्रवार की दोपहर 2:00 के बाद आरंभिक स्टेशन से खुलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4:00 बजे से दोपहर 2:00 के बीच नई दिल्ली और निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी मेल एक्सप्रेस ट्रेन है रद्द रहीं। अचानक ट्रेनें रद्द होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसी का अस्पताल में इलाज छूट गया तो किसी का जरूरी काम अटक गया। पटना जंक्शन की टिकट खिड़कियों और पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भाग दौड़ मची रही। दोपहर में पटना से मुगलसराय की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। नौबतपुर के फतेहपुर की उमन कुमार को दिल्ली में इलाज के लिए जाना था। काफी मशक्कत के बाद संपूर्ण क्रांति में तत्काल टिकट मिला था। बताया कि शुक्रवार को टिकट रद्द होने का मैसेज मिला। अब तो कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है। वहीं डॉक्टर के पास नंबर 30 दिनों के बाद मिलेगा।
चिराग पासवान ने युवाओं का समर्थन किया
पटना से खबर है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि ये भारत के युवा हैं। इन्हें कोई नहीं रोक सकता है। आखिर कितनी ट्रेनें रोकी जा सकती हैं, कितनी कनेक्टिविटी बाधित की जा सकती है और कितनी सड़कों को जाम किया जा सकता है। चिराग ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना हर राजनीतिक दल का लोकतांत्रिक अधिकार है। हालांकि, लगातार प्रदर्शन करना, दिल्ली की सड़कों पर लेटना और आम नागरिकों को असुविधा पहुंचाना इस बात पर सवाल खड़े करता है कि संबंधित दल वास्तव में समाधान चाहते हैं या नहीं।
राहुल बोले राष्ट्रपति ने वोट चोरी पर सबूत मांगे
इंडिया गठबंधन के नेता शुक्रवार शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले। ‘वोट चोरी’ पर ज्ञापन सौंपा। राहुल गांधी ने कहा, राष्ट्रपति ने वोट चोरी के आरोप से इनकार नहीं किया। हालांकि, राष्ट्रपति ने सबूत मांगे हैं। भाजपा ने राहुल के दावे को झूठ बताया है।
गोपालगंज एडीएम के पास 2.5 करोड़ की काली कमाई
प्रभात खबर के अनुसार भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ राज्य चल रही कार्रवाई के क्रम में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) राजेश्वरी पांडेय के चार ठिकानों पर शुक्रवार को एक साथ छापेमारी की. यह छापेमारी पटना स्थित एक अपार्टमेंट, गोपालगंज समहरणालय स्थित कार्यालय व उनके सरकारी आवास और रोहतास जिले के करार थाना के ठोरसन गांव में उनके पैतृक व उनके स्तर से स्वनिर्मित मकान में की गयी. इस दौरान करीब 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का पता चला है, जो उनके आय के वास्तविक स्रोत से 135.23% अधिक है. इसके साथ ही एडीएम, उनकी पत्नी और उनके पुत्र के नाम से 12 अचल संपत्तियों का पता चला है. पटना स्थित आवास से 32 लाख के जेवर बरामद हुए हैं.
भारतवंशी नवी पिल्ले को शांति का नोबेल प्राइज
हिन्दुस्तान के अनुसार ओस्लो, एजेंसी। भारतीय मूल की दक्षिण अफ्रीकी न्यायविद् और मानवाधिकार संरक्षक नवनेथम नवी पिल्लै को नोबेल शांति पुरस्कार देने की घोषणा की गई। शुक्रवार को नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने कहा कि 85 वर्षीय पिल्लै को अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवाधिकारों की रक्षा और युद्ध अपराधों के खिलाफ दुनिया भर में न्याय की मजबूत नींव रखने के लिए यह शीर्ष सम्मान दिया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के डरबन में 23 सितंबर, 1941 को भारतीय तमिल मूल के परिवार में जन्मीं नवी पिल्लै का बचपन रंगभेद के दौर में बीता। उनके दादा-दादी 19वीं सदी के अंत में तमिलनाडु से गिरमिटिया मजदूर के रूप में खेतों में काम करने नटाल गए थे। वर्ष 2026 की पुरस्कार राशि लगभग 11.52 करोड़ रुपये हैं।
पतंजलि के घी में पांच गुना ज़्यादा लेड
जागरण के अनुसार मध्य प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने पतंजलि गाय घी के एक बैच को स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाते हुए कार्रवाई की है। प्रयोगशाला की जांच में इस घी के 200 एमएल पैक वाले एफएडब्ल्यूबी- 260017 बैच के नमूने में लेड की मात्रा निर्धारित सीमा से पांच गुना अधिक पाई गई है। लेड की मात्रा अधिकतम 0.02 मिलीग्राम प्रति किलो होनी चाहिए लेकिन नमूने में 0.10 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम पाई गई। उधर, पतंजलि ने घी के अधोमानक होने की बात से इन्कार किया है। मध्य प्रदेश खाद्य और औषधि प्रशासन ने इस दिशा में आगे की जांच और कोई भी कदम उठाने के लिए एफएसएसएआई को पत्र लिखा है। मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने बताया कि अब प्रदेश में इस बैच के पतंजलि गाय घी की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
कुछ और सुर्खियां:
- बिहार में बाढ़ से अब तक 26 लोगों की मौत, 10000 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान
- पटना के कुमार में रेलवे पटरी पर मिले युवक- युवती के शव, डिजिटल अरेस्ट से जुड़ा हुआ बताया जा रहा मामला
- बिहार में सैटेलाइट टाउनशिप के नाम पर जमीन खरीद बिक्री पर लगाई गई पाबंदी के मामले में सरकार से हाईकोर्ट में जवाब तलब किया
- नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर करने की मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की घोषणा
अनछपी: क्या देश के दूसरे सबसे बड़े अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी अब भारत के प्रधानमंत्री हैं? यह सवाल हम इसलिए कर रहे क्योंकि दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क ने तंज में यह बात कही है। इससे पहले एलॉन मस्क ने मुकेश अंबानी को भारत का असली बॉस बताया था। इस बयानबाजी के पीछे की वजह दरअसल एलन मस्क की इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक को भारत में लाइसेंस नहीं मिलना है जिसके बारे में उनका कहना है कि इसके लिए उनकी कंपनी ने पिछले 5 साल में हर जरूरी शर्त पूरी कर ली है। मस्त ने मुकेश अंबानी पर डांस करते हुए प्रधानमंत्री अंबानी कहा और उन पर मोनोपोली की कोशिश करने का इल्जाम लगाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या अंबानी भारत में सैटलाइट इंटरनेट सर्विस में कंपटीशन की इजाजत देने पर विचार करेंगे? लाइसेंस देने का काम तो भारत सरकार का है फिर एलन मस्क अंबानी को क्यों संबोधित कर रहे हैं? दरअसल भारत सरकार के सूत्रों का कहना है कि मस्त की स्टारलिंक को लाइसेंस नहीं देने के पीछे वजह रणनीतिक है और इससे भारत की सुरक्षा का सवाल जुड़ा हुआ है। दूसरी और मस्क को ऐसा लगता है कि दरअसल अंबानी यह नहीं चाहते कि उनके सामने कोई बड़ा इंटरनेट प्रोवाइडर भारत में आए जिसकी सेवा उन जगहों पर मिलेगी जहां रिलायंस जिओ की पहुंच नहीं है। इस समय 170 देशों ने स्टरलिंक को लाइसेंस दे रखा है जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, जापान और साउथ कोरिया जैसे देश शामिल हैं। जिन बड़े देशों ने स्टार लिंक को लाइसेंस देने से इनकार कर दिया है उनमें चीन, रूस, ईरान, उत्तर कोरिया, बेलारूस और सीरिया जैसे देश शामिल हैं। रेगुलेटरी और कमर्शियल वजह से साउथ अफ्रीका तुर्की और वियतनाम में भी स्टरलिंक को लाइसेंस नहीं मिला है। कब वेनेजुएला और अफगानिस्तान को अमरीकी पाबंदियों की वजह से स्टरलिंक की सेवा नहीं मिली है। इस बैकग्राउंड के बाद यह बात समझी जा सकती है कि भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों से स्टार्टिंग को अब तक लाइसेंस नहीं दिया है या इसका कारण अंबानी की कंपनी है। वैसे भारत के सुरक्षा कारणों में यह बात भी शामिल बताई जाती है कि जिस आसानी से भारत में इंटरनेट सेवा बंद की जाती है शायद स्टार लिंक को उसे तरह से बंद करना आसान न हो। एलन मस्क का भारत सरकार से इतना बुरा संबंध भी नहीं रहा है क्योंकि उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हो चुकी है और अब यह देखना है कि आने वाले महीनों में इस विवाद का क्या हल निकलता है।
46 total views