छ्पी-अनछपी: अधिकारी के बाद प्रभारी भी घूसखोर निकला, इमरान के पक्ष में उतरे पूर्व कप्तान

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। 3 जनवरी को घूस लेने में गिरफ्तार कृषि अधिकारी की जगह बनाए गए प्रभारी को 17 फरवरी को रिश्वत लेते पकड़ा गया। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट कप्तान इमरान खान के पक्ष में दुनिया भर के 14 पूर्व कप्तानों ने अपील जारी की है। पटना के मसौढ़ी में एक छात्रा ने मैट्रिक परीक्षा छूटने के गम में ट्रेन से कट कर जान दे दी।

और, जानिएगा कि आरएसएस प्रमुख ने भारत के मुसलमानों को किसकी संतान कहा।

पहली ख़बर

मुजफ्फरपुर के प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) हिमांशु कुमार को विशेष निगरानी इकाई की टीम 50 हजार रुपये रिश्वत लेते मंगलवार को समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया. वह पीयर थाना क्षेत्र के पटसारा पंचायत के सखौरा गांव निवासी संजीत कुमार और रंजीत ठाकुर से अपने निजी चालक रामबाबू राय के माध्यम से रिश्वत की राशि ले रहे थे. पूछताछ के बाद पटना ले गयी. बुधवार को कोर्ट में पेशी होगी. खास बात यह है कि हिमांशु को एडीओ प्रभारी की यह जिम्मेदारी तीन जनवरी को तत्कालीन एडीओ सुधीर कुमार की रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तारी के बाद ही मिली थी. जानकारी के अनुसार, पीयर थाना क्षेत्र के सखौरा निवासी खाद दुकानदार संजीत कुमार और पैक्स अध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने एसवीयू में शिकायत दर्ज करायी थी कि जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार उन दोनों से ढाई लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं. रुपये नहीं देने पर खाद दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दे रहे हैं. निगरानी ने सत्यापन कराया. छानबीन में पता चला कि डीएओ अपने निजी चालक के माध्यम से रिश्वत मांग रहे हैं. मंगलवार को जैसे रिश्वत की राशि संजीत ने दी, एसवीयू की टीम ने दोनों को दबोच लिया.

गावस्कर और कपिल देव समेत कई पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के समर्थन में लिखी चिट्ठी

जागरण के अनुसार भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा 12 अन्य पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री एवं पूर्व कप्तान इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सही इलाज और सम्मानजनक स्थितियां उपलब्ध कराई जाएं। ऐसी खबरें हैं कि 1992 का विश्वकप जीतने वाले कप्तान इमरान की रावलपिंडी की अडयाला जेल में हिरासत के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही की वजह से दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी चली गई है। पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को “पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील” शीर्षक से एक पत्र लिखकर यह मांग की है। पत्र पर भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तानों ग्रेग चैपल, उनके भाई इयान चैपल और उनके हमवतन एलन बार्डर, स्टीव वा, बेलिंडा क्लार्क और किम ह्यूजेस: इंग्लैंड के माइक एथरटन, नासिर हुसैन, माइक ब्रियरली और डेविड गावर; वेस्टइंडीज के क्लाइव लायड और न्यूजीलैंड के जान राइट ने हस्ताक्षर किए हैं।

मैट्रिक परीक्षा छूटने के गम में ट्रेन से कट कर जान दी

भास्कर के अनुसार मैट्रिक की परीक्षा छूटने पर एक मसौढ़ी के खरजमा गांव की छात्रा कोमल कुमारी ने ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को बरनी स्थित केंद्र पर उसकी परीक्षा थी। वह परीक्षा देने के लिए सोमवार को ही रिश्तेदार के गांव महाराज महाराजचक चली गई थी। परीक्षा केंद्र 6 किलोमीटर दूर बरनी में था। नौ बजे तक केंद्र पर रिपोर्टिंग टाइम था लेकिन वह 9.10 बजे पहुंची। ऐसे में एंट्री बंद कर दी गई थी। काफी प्रयास के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो वह घर लौट आई। कुछ देर बाद वह नदौल गई और एक ट्रेन पर सवार हो गई। फिर तरेगना और मसौढ़ी कोर्ट के बीच महराजचक गांव के पास चलती ट्रेन से कूद गई। पुलिस उसे अस्पताल ले गई लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

मुजफ्फरपुर में बदमाश ने एएसआई को मारी गोली, पुलिस ने मुठभेड़ में किया ढेर

जागरण के अनुसार बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार को मुज़फ्फरपुर के बेला थाने से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े एएसआइ (जमादार) विकास कुमार सिंह को गोली मार दी। वह सारण जिले के रहने वाले हैं। शिव साई मंदिर के पास मेन रोड पर हुई वारदात में उन्हें पेट में गोली लगी। वहीं पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपित बदमाश मीनापुर थाने के पानापुर ओपी के मनिकपुर के पप्पू सहनी को भी मार गिराया। वह मीनापुर प्रखंड राजद अध्यक्ष उमाशंकर सहनी का पुत्र था। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बदमाश की मौत की पुष्टि की है। बेला इलाके में एटीएम फ्राड की लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए संलिप्त बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम एटीएम फ्राड गिरोह के बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। मंगलवार सुबह बेला रोड में शिव साई मंदिर के पास छापेमारी व गिरफ्तारी के दौरान बदमाश पप्पू साहनी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

तारिक़ रहमान ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, जमात ने एतराज जताया

हिन्दुस्तान ने लिखा है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को बांग्लादेश की सत्ता की कमान संभाल ली। उनके साथ 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें एक हिंदू मंत्री दीपेन दीवान भी शामिल हैं। बीएनपी ने आम चुनाव के साथ कराए गए जनमत-संग्रह के तहत संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ लेने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश में 20 साल बाद सत्ता में आई तारिक रहमान की बीएनपी सरकार पहले दिन ही टकराव के केंद्र में आ गई है। बीएनपी ने मुहम्मद युनुस की अंतरिम प्रशासन के दौरान बनी संवैधानिक सुधार परिषद की शपथ लेने से साफ इनकार कर दिया। इस पर जमात-ए-इस्लामी और डेढ़ साल पहले शेख हसीना सरकार की ठख्तापलट करने वाले छात्र आंदोलन और जेन-जी से उपनी नेशनलिस्ट सिटिज़न पार्टी (एनसीपी) के आंदोलन की धमकी दी। जमात और एनसीपी ने कहा कि अगर संवैधानिक सुधारों को लागू करने में देर हुई तो वे फिर सड़कों पर उतरेंगे और राजधानी की नाकाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

भागवत बोले- भारत के मुसलमान यहीं के पूर्वजों की संतान, घर वापसी पर भी जोर

प्रभात ख़बर के अनुसार आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में रहने वाले मुसलमानों की जड़ें भी इसी भूमिबसे जुड़ी हैं. वे यहीं के पूर्वजों की संतान हैं, इसलिए समाज को बांटने के बजाय जोड़ने की जरूरत है. उन्होंने ‘घर वापसी’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई तात्कालिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद और समझ के जरिये धीरे-धीरे होने वाला कार्य है. उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में सामाजिक सद्भाव बैठक में कई अहम मुद्दों पर अपनी बातें रखीं. जनसंख्या के मुद्दे पर संघ प्रमुख ने कहा कि हिंदू समाज में घटती जन्मदर चिंता का विषय है. हिंदू के एक परिवार में कम से कम तीन बच्चे होने चाहिए, ताकि संतुलन बना रहे।

कुछ और सुर्खियां:

  • चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा 22 से 27 सितंबर तक संभावित
  • नीट छात्रा मर्डर रेप केस की जांच कर रही सीबीआई जहानाबाद पहुंची, छात्रा के भाई का मोबाइल फोन लिया
  • बिहारशरीफ-जहानाबाद रोड पर तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच 33 पर पुल से टकराई कार, जहानाबाद के तीन चचेरे भाइयों की गई जान
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग को तुगलकी आयोग बताया

अनछपी: बोर्ड के इम्तिहान में समय की पाबंदी इतनी बड़ी समस्या बन जाएगी कि किसी को परीक्षा देने से मना करने पर इतनी निराशा पैदा हो जाए कि वह आत्महत्या कर ले, यह सोचना अजीब लगता है लेकिन यह तल्ख सच्चाई हमारे सामने है। 22 साल की एक युवती मेट्रिक एग्जामिनेशन के लिए अपने सेंटर पर निर्धारित समय से 10 मिनट देर से पहुंची तो उसे परीक्षा से वंचित किया गया। इसके बाद वह दिन भर सदमा में रही और बताया जाता है कि मायूस होकर उसने ट्रेन के आगे खुद कर जान दे दी। इस साल बिहार में परीक्षा केंद्रों के बारे में यह शिकायत ज्यादा आई है कि एक-दो मिनट देर होने पर भी गेट नहीं खोला जाता है और जो छात्र-छात्राएं कूद कर अंदर जाने की कोशिश करते हैं उन्हें पकड़ लिया जाता है। ध्यान रहे कि असल परीक्षा 10:00 बजे से शुरू होती है और 9:30 बजे गेट बंद कर दिया जाता है। इसके पीछे वजह यह बताई जाती है की नकल को रोका जा सके। जिन लोगों को गेट संभालने की जिम्मेदारी दी जाती है उनकी गलती शायद नहीं हो क्योंकि उन्हें ऐसा ही निर्देश दिया जाता है लेकिन इस पर भी विचार करने की जरूरत है कि अगर रिपोर्टिंग टाइम के बाद और कोई परीक्षा शुरू होने से पहले भी पहुंचे तो उसे केंद्र से भगाया नहीं जाए। जाम या रोड अचानक बंद हो जाना भी एक परेशानी हो सकती है लेकिन बेहतर तो यही है कि इस तरह की बातों को ध्यान में रहकर काफी समय लेकर घर से निकल जाया जाए। और आखिरी बात यह की इस पर भी विचार करना चाहिए कि आखिर वह कौन सी बातें हैं जो किसी को परीक्षा छूट जाने का इतना बड़ा सदमा दे कि वह जान दे दे। इस सोच को बदलने के लिए बड़ी मुहिम की ज़रूरत है।

 166 total views

Share Now

Leave a Reply