छ्पी-अनछपी: बिहार में बीजेपी ने मांगा धर्म बदलने को रोकने का कानून, पाक-अफ़ग़ान में खुली जंग

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी ने यूपी की तरह राज्य में धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून बनाने का माहौल बनाया। पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने एक दूसरे के खिलाफ खुली जंग का ऐलान किया है। दिल्ली आबकारी नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, के. कविता समेत 23 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया। विदेशी निवेशकों के बिकवाली से भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर धड़ाम हो गया।

और जानिएगा कि मेदान्ता में गरीब मरीजों के लिए कहां हैं 100 बेड।

पहली ख़बर

बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शुक्रवार को सदन में कहा कि राज्य सरकार अन्य राज्यों में लागू धर्मातरण निरोधक कानूनों की समीक्षा करेगी और यदि आश्यकता महसूस हुई तो बिहार में भी ऐसा कानून लागू किया जायेगा. अध्यक्ष ने यह घोषणा विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के 18 विधायकों द्वारा लाये गये ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान की. देश के 11 राज्यों में लागू विधि के विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम को अपनाने को लेकर भाजपा के बीरेंद्र कुमार सहित 18 विधायकों ने ध्यानाकर्षण सूचना से सरकार से जवाब मांगा था. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से कला और संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि फिलहाल धर्म परिवर्तन को लेकर कोई कानून बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. हालांकि इस जवाब से सदस्य संतुष्ट नहीं थे. ऐसे में सदस्यों के असंतोष को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने नियमन दिया कि राज्य सरकार विधायकों के सुझावों पर अन्य राज्यों में लागू धर्मांतरण अधिनियम की समीक्षा करे और जरूरत हुई तो इससे संबंधित कानून भी बनाये.

पाक-अफगान में खुली जंग

भास्कर लिखता है कि पूरी दुनिया ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका में दम साधे है। लेकिन इस बीच, अफगानिस्तान तालिबान ने रमजान के दौरान शुक्रवार को पाकिस्तान पर ताबड़तोड़ हमला कर चौंका दिया। अफगान तालिबान ने पहली बार पाकिस्तान के 7 ठिकानों पर हेलीकॉप्टर और ड्रोन से अटैक किया। पाक फौज की 19 चौकियों को रॉकेट-मोर्टार और टैंक हमले से तबाह कर पाकिस्तान के 55 फौजियों को मार गिराया। इस बीच, एक साल में आठ युद्ध रुकवाने का दावा करने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देर रात कहा, पाक पीएम और आर्मी चीफ के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं, अब मैं ये युद्ध रुकबाऊंगा। तालिबान आर्मी चीफ फसीहुद्दीन फितरत ने कहा, पाक को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान किया है। पाक सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने पाक के 12 फौजियों के मारे जाने और 27 के जख्मी होने की बात स्वीकारी है।

केजरीवाल बरी, सीबीआई पर सवाल

हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली आबकारी नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, के. कविता समेत 23 लोगों को आरोपमुक्त कर दिया। फैसले के बाद केजरीवाल भावुक हो उठे और इसे सत्य की जीत बताया। इसके कुछ देर बाद ही सीबीआई ने इस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दे दी। एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह की अदालत ने कहा कि आरोपपत्र में पेश तथ्यों और कथनों का मिलान गवाह या साक्ष्य से नहीं हो रहा। आरोपपत्र अंदाज के आधार पर बनाया गया प्रतीत हो रहा है। केजरीवाल को बिना ठोस सामग्री के आरोपी बनाया गया। यह कानून के सिद्धांत के विरुद्ध है, विशेषकर जब व्यक्ति संवैधानिक पद पर हो।

होली के बाद सीमांचल में ‘अतिक्रमण’ हटाने की मुहिम

हिन्दुस्तान की ख़ास ख़बर है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक में सीमांचल से घुसपैठियों को बाहर निकालने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अब घुसपैठियों को सीमा पार भेजने के लिए महाअभियान शुरू होगा। सीमावर्ती इलाके में होली के बाद अतिक्रमण हटाने के अभियान की शुरुआत पर भी रणनीति बनायी गई। केंद्रीय गृह मंत्री के सीमांचल दौरे के तीसरे और अंतिम दिन पूर्णिया के एक होटल में हुई इस अहम बैठक में देश-प्रदेश की सुरक्षा से जड़े शीर्ष अफसर शामिल थे। अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया कि घुसपैठ रोकने के लिए सख्त कदम उठाएंगे। घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर किया जायेगा और इसकी शुरुआत सीमांचल से होगी।

भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर भूचाल

विदेशी फंडों की ताजा निकासी और बढ़ती भू राजनीतिक चिंताओं के बीच वैश्विक संकेतों में नरमी के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,287.19 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में यह 1,099.46 अंक गिरकर 81,159.15 के निचले स्तर पर पहुंचा था। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 25178.65 पर बंद हुआ।

मेदान्ता में एक चौथाई बेड गरीबों के लिए, लेकिन दो ही विभाग में

जागरण के अनुसार बिहार विधानपरिषद में जयप्रभा मेदांता अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों और गरीब मरीजों का उपचार न किए जाने के मुद्दे पर खूब बहस हुई। जदयू विधान पार्षद संजय सिंह, नीरज कुमार आदि ने कहा कि राज्य सरकार ने एक रुपये में अस्पताल के लिए जमीन दी है, फिर भी आयुष्मान कार्डधारक गरीब मरीजों का उपचार नहीं हो रहा है। इसपर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि मैदांता अस्पताल आंकोलाजी और कार्डियो सर्जरी के लिए ही सूचीबद्ध है। पिछले साल ही अक्टूबर में आयुष्मान कार्ड योजना से मेदांता अस्पताल को सूचीबद्ध किया गया है।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार की 205 ट्रेनों में आधुनिक महिला बोगियां लगेंगी
  • पटना हाई कोर्ट को 9 नए जज मिलेंगे
  • पूरे बिहार में बर्ड फ्लू की पुष्टि, पटना में चिड़ियाखाने को 7 मार्च तक दर्शकों के लिए बंद किया गया
  • एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने तेजस्वी यादव से राज्यसभा सीट के लिए समर्थन मांगा
  • पटना यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन के लिए वोटिंग आज, देर रात तक आएगा रिजल्ट

अनछपी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की सत्ता की राजनीति में कैसे धीरे-धीरे अलग-थलग हो चुके हैं, इसका एक और सबूत बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के आखिरी दिन देखने को मिला जब भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने यूपी की तर्ज पर यहां भी धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून लगने की मांग की और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने, जो भाजपा के हैं, इसे खारिज करने के बजाय इस पर चर्चा करने की सलाह दी। इस मौके पर यह याद रखना जरूरी होगा कि यह कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार अब केवल मुखौटा मुख्यमंत्री हैं जबकि उपमुख्यमंत्री भाजपा के सम्राट चौधरी तक ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह योगी मॉडल को बिहार में लागू नहीं करेंगे। यह सोचने की बात है कि जो बात पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता सदन से बाहर करते थे वह अब सदन के अंदर क्यों उस तरह की मांग करने लगे हैं जो खतरनाक हिंदुत्व का एजेंडा है। ध्यान रहे कि जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ पहले से कानून मौजूद है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी के नेता जो कानून चाह रहे हैं उसमें हिन्दू धर्म के लोगों को दूसरा धर्म अपनाने से रोकने की बात है। भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस की इस बात को ऐसे भी समझा जा सकता है कि जब कोई दूसरा धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाता है तो उसे घर वापसी का नाम दिया जाता है। यानी धर्म बदलने को रोकने के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के नेता ऐसा कानून चाहते हैं कि एक ही धर्म को मानने-अपनाने की छूट मिले, बाकी धर्म को अपनाने पर रोक लग जाए। इससे ठीक पहले हम यह भी देख चुके हैं कि बिहार में कथित घुसपैठ के मुद्दे पर नीतीश कुमार सीन से पूरी तरह अलग कर दिए गए हैं और सारे फैसले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के दूसरे नेता ले रहे हैं। एक तरह से कहा जा सकता है कि जनता दल यूनाइटेड का बीजेपी के आगे खुशी से या बेबसी में टोटल सरेंडर हो चुका है।

 

 102 total views

Share Now

Leave a Reply