बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। गांवों में भी घरों और दुकानों आदि पर 50 से 5000 रुपये तक होल्डिंग टैक्स लगेंगे। अमेरिकी सेना ने कई घंटे तक ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमले किये हैं। पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े के आरोप में सीतामढ़ी पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
और, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज से चुनाव लड़कर चर्चा में आने वाले प्रोफेसर केसी सिन्हा ने अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
पहली ख़बर
बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह होल्डिंग टैक्स समेत अन्य तरह के कर लगेंगे। हिन्दुस्तान के अनुसार ग्राम पंचायतों के माध्यम से यह वसूली होगी। इसके तहत घरों और दुकानों आदि पर 50 से 5000 रुपये तक होल्डिंग टैक्स लगेंगे। जागरण ने बताया है कि पंचायतें विभिन्न श्रेणियों पर निर्धारित शुल्क वसूलेंगी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पक्के मकान पर सालाना 100 रुपये और सफाई शुल्क 30 रुपये तय किया गया है। पेट्रोल पंप, ईंट-चिमनी (भट्ठा) और सिनेमा हाल से 5-5 हजार शुल्क लिया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने बुधवार को ग्राम पंचायत कर, दर शुल्क नियमावली, 2026 को स्वीकृति दी। जल्द ही पंचायती राज विभाग इस संबंध में आदेश जारी करेगा और वसूली की प्रक्रिया शुरू होगी। मकान, दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर शुल्क वार्षिक जबकि जलापूर्ति शुल्क मासिक देना होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक में 25 प्रस्तावों पर मंजूरी दी गई है।
ईरान के कई ठिकानों भारी बमबारी
प्रभात ख़बर के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. मंगलवार की देर रात अमेरिकी सेना ने करीब सात घंटे तक ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमले किये. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना और क्षेत्र में अमेरिकी हितों व सहयोगी देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था. दूसरी ओर ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा करते हुए बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है. ईरान का कहना है कि अमेरिकी हमलों में दक्षिणी क्षेत्र में 30 से अधिक नागरिकों की भी जान गयी. सात सैनिकों समेत कुल 37 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 260 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
ईरान बोला- तेल सप्लाई के दूसरे सभी रास्ते रोक देंगे
हिन्दुस्तान के अनुसार ईरान ने होर्मुज के अलावा खाड़ी देशों से तेल और गैस आपूर्ति के दूसरे वैकल्पिक रास्तों पर भी आवाजाही रोकने की धमकी दी है। ईरान ने साफ कहा है कि खाड़ी के रास्तों से तेल-गैस का निर्यात या तो पूरी दुनिया के लिए उपलब्ध होगा, या फिर किसी के लिए नहीं। ईरान के ताजा रुख से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम जलमार्ग पर एक बार फिर संकट मंडराने लगा है। आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया “अमेरिका ने दुनियाभर में तेल-गैस निर्यात के लिए हिन्द महासागर का रास्ता रोक दिया है। इससे अमेरिका के आर्थिक प्रतिद्वंद्वियों के हितों पर खतरा बढ़ गया है। ऐसे हालात में हम उन रास्तों को बंद कर देंगे, जिनसे अमेरिका और उसके सहयोगियों को फायदा हो रहा है।”
ट्रंप एक बार फिर भारत पर 100% टैरिफ लगाने की तैयारी में
भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प फिर से ट्रेड वॉर छेड़ने वाले हैं। इस बार ट्रम्प रूसी तेल खरीदने वाले 5 देशों-भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबेजान के खिलाफ 100% USA टैरिफ लगाने की तैयारी में हैं। ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी और विपक्षी डेमोक्रेटिक सांसदों ने संसद ‘में रूस पर प्रतिबंधों से जुड़ा संशोधित बिल पेश किया गया है। यह बिल पास होता है, तो अमेरिका पहली बार किसी देश पर सिर्फ इसलिए टैरिफ लगाएगा, क्योंकि वह रूस से तेल खरीदकर उसकी कमाई बढ़ा रहा है। बिल के शुरुआती ड्राफ्ट में 500% टैरिफ लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन अब इसे घटाकर 100% कर दिया गया है।
पाकिस्तान कनेक्शन के आरोप में सीतामढ़ी से दो गिरफ्तार
हिन्दुस्तान के अनुसार पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े और देशविरोधी गतिविधियों की साजिश रचने के आरोप में सीतामढ़ी पुलिस ने बुधवार को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गाढ़ा थाना क्षेत्र के टकोर गांव के मो. अखलाक और मो. अरमान को उसके गांव से दबोचा गया। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में गाढ़ा में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा थाने रही है। पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट और गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
बिहार में अब एआई और कंप्यूटर साइंस यूनिवर्सिटी खोलने का ऐलान
जागरण के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में शिक्षा, रोजगार और उद्योग के नए द्वार खोलने के लिए राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है। अब यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा और बेहतर रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और कंप्यूटर साइंस की उच्च शिक्षा के लिए एक नया और आधुनिक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। भागलपुर व आसपास के क्षेत्रों में 400 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जहां बड़े उद्योग लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री भागलपुर के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत काशिल गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां से राज्य के 211 डिग्री कालेजों का एक साथ शुभारंभकरते हुए कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कालेज नहीं थे, वहां कालेज खोले गए हैं। म
प्रोफेसर केसी सिन्हा भाजपा में शामिल
प्रभात खबर के अनुसार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं और पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली. भाजपा में शामिल होने वालों में जन सुराज के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी प्रो केसी सिन्हा, दीघा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्ट सिंह तथा मनेर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संदीप कुमार सिंह उर्फ गोपाल सिंह प्रमुख हैं. इनके अलावा विनीता बिट्ट सिंह, डॉ किशोर कुमार, ब्रजकिशोर सिन्हा (गोपू जी), ब्रह्मदेव मांझी, सुनील यादव, राजू यादव, रंजीत सिंह, रामबाबू यादव, शुभम सिंह, मंटू राय और साधु जी समेत बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली.
कुछ और सुर्खियां:
- ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद लापता पुणे के मरीन इंजीनियर की मौत
- औरंगाबाद से राजद के सांसद अभय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की, राजनीतिक गलियारों में टूट की चर्चा तेज
- पटना के इस्कॉन मंदिर से रथ यात्रा निकलने की वजह से गाड़ियों का आना-जाना जीपीओ फ्लाईओवर से इस्कॉन मंदिर तक नहीं होगा
अनछपी: भारत में आबादी एक बोझ है या जरूरत, इस मुद्दे पर सरकार के साथ-साथ अब अदालतों की राय भी बदल रही है। हम दो हमारे दो का नारा अब कमजोर पड़ता जा रहा है और दो बच्चों से ज्यादा होने की वजह से लोगों को चुनाव लड़ने से वंचित करने का कानून भी अब सवालों के दायरे में आ गया है। बिहार में भी स्थानीय निकाय के चुनाव में उन लोगों को चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं है जिनके दो से ज्यादा बच्चे हैं। इसी तरह का कानून महाराष्ट्र में भी लागू है लेकिन इस पाबंदी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने कहा है कि देश में घटती जन्म दर को देखते हुए ऐसे कानूनों की ज़रूरत और इसकी वैधता पर नये सिरे से विचार करने का समय आ गया है। कोर्ट की पीठ महाराष्ट्र ग्राम पंचायत अधिनियम की उस धारा पर सुनवाई कर रही थी, जिसके तहत 13 सितंबर 2000 के बाद तीसरी संतान व्यक्ति पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस सवाल के साथ-साथ कोर्ट ने यह संकेत दिया कि वर्ष 2003 में हरियाणा के इसी तरह के कानून को सही ठहराने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पुनर्विचार की आवश्यकता पड़ सकती है। जब महाराष्ट्र और हरियाणा के कानून पर अपना विचार हो सकता है तो इसकी संभावना बिहार में भी बढ़ जाएगी। इस कानून की एक खराबी यह भी थी कि यह केवल स्थानीय निकाय चुनाव पर लागू होता था और जो लोग विधानसभा या लोकसभा में जाना चाहते थे उन्हें इस कानून से कोई दिक्कत नहीं थी। एक तरह से यह भी कानून बनाकर भेदभाव करने का ही एक नमूना है।
98 total views