छ्पी-अनछपी: अफ़सर मियां-बीवी की अकूत काली कमाई, हसीना लौटेंगी तो लगेगी हथकड़ी

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। गोपालगंज की एसडीएम और उनके पति पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता के 7 ठिकानों पर छापेमारी में करोड़ों की अवैध संपत्ति का पता चला है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि अगर भगोड़ी पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना वापस लौटती हैं तो उन्हें हथकड़ी लगाई जाएगी।

और, एआईएमआईएम के बिहार प्रमुख और विधायक अख्तरुल ईमान को बिहार महिला आयोग ने नोटिस जारी किया।

पहली ख़बर

भास्कर के अनुसार गोपालगंज की एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रितेश कुमार के 7 ठिकानों पर छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का पता चला है। एसवीयू को दंपती के ठिकानों से 12 लाख रुपए नकद देकर खरीदे गए सोने के 8 सिक्कों की रसीद मिली है। ये सिक्के इसी साल 6 नवंबर को धनतेरस पर पटना की एक बड़ी ज्वेलरी दुकान से खरीदे गए थे। दानापुर में रितेश के नाम पर चार मंजिला मकान मिला है। इसकी सरकारी कागजात में कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है, जबकि बाजार मूल्य 5 करोड़ रुपए आंका गया है। दंपती के पास अब तक की जांच में 4.34 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति मिली है। जबकि दंपती की कुल वैध आय 2.36 करोड़ रुपए आंकी गई है।

बिहार के कंपनी रजिस्ट्रार ₹300000 घूस ले देख रफ्तार

हिन्दुस्तान के अनुसार सीबीआई ने बिहार के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (आरओसी) रमेश कुमार को मंगलवार शाम तीन लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। सीबीआई लखनऊ की टीम ने आरोपी को वृंदावन कॉलोनी में रिश्वत लेते पकड़ा। शिकायतकर्ता अंकुर शर्मा ने आरोप लगाया था कि उन्हें बिहार के डालमिया नगर की रोहतास शुगर मिल्स से स्क्रैप उठाने का ठेका मिला था। इसके बाद से रमेश कुमार परेशान कर रहे थे। साथ ही दस लाख रुपये घूस देने का दबाव बना रहे थे। ठेके का कुछ हिस्सा उन्होंने निरस्त भी करा दिया था और घूस नहीं मिलने पर पूरा ठेका रद्द कराने की धमकी दे रहे थे। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी के साथ ही दो टीमों ने लखनऊ और रायबरेली स्थित उसके ठिकानों पर छापेमारी की। जहां से बड़े पैमाने पर नगद मिलने की जानकारी सामने आ रही है।

हसीना लौटेंगी तो लगेगी हथकड़ी

जागरण के अनुसार पिछले दो से अधिक वर्षों से भारत में निर्वासित जीवन जी रही बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर, 2026 को स्वदेश लौटने का एलान किया है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तानी सेना की हार और स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय के विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। हसीना की घोषणा के बाद बांग्लादेश ने जिस तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त की है, उससे साफ है कि उनकी वापसी बहुत आसान नहीं होगी। बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि वह भारत से सिर्फ प्रत्यर्पण के जरिये और हाथों में हथकड़ी पहनकर ही लौट सकती हैं।

भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल पंजाब में एक साथ लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

प्रभात ख़बर के अनुसार भाजपा और शिरोमणि अकाली दल में छह साल बाद फिर से दोस्ती हुई है. दोनों पंजाब विधानसभा चुनाव मिल कर लड़ेंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को साझा प्रेस वार्ता कर गठबंधन की घोषणा की. शाह ने कहा, दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभायेगा और मुख्यमंत्री पद उसे ही मिलेगा.

हरियाणा की पंचायतों के बैंक खातों में 100 करोड़ की साइबर सेंधमारी

जागरण के अनुसार हरियाणा की पंचायतों के बैंक खातों में बड़ी साइबर सेंधमारी का मामला उजागर हुआ है। हैकरों ने फर्जी डिजिटल हस्ताक्षरों के जरिये दीपावली के बाद प्रदेश की विभिन्न पंचायत संस्थाओं के खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। शुरुआती पड़ताल में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस अवधि में हुए करीब 80 प्रतिशत भुगतान पंचायती राज विभाग की ओर से जारी ही नहीं किए गए थे। मामला खुलते ही विभाग ने साइबर पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद अब तक करीब आठ करोड़ रुपये फ्रीज कराए जा चुके हैं। फरीदाबाद, करनाल जिले के नीलोखेड़ी, फतेहाबाद के भट्टू कलां, अंबाला के साहा, रोहतक के महम, बल्लभगढ़ और पानीपत समालखा, इसराना की पंचायत संस्थाओं में गड़बड़ी मिलने के बाद अब पूरे प्रदेश के खातों की जांच हो रही है। इस मामले में मंगलवार को बिहार से दो आरोपितों मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश कुमार और वैशाली निवासी उत्पल कांत को गिरफ्तार किया गया।

ज्यूडिशल कस्टडी में मौत के 3 साल बाद मर्डर का केस

किशनगंज से जागरण की खबर है कि न्यायिक हिरासत में विचाराधीन बंदी उबैद आलम की मौत के करीब तीन साल बाद पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर तीन अलग-अलग जगहों पर मृत्यु पूर्व चोट के निशान मिलने और पुलिस की पर्यवेक्षण समीक्षा में हत्या की आशंका उभरने के बाद इस मामले को नया मोड़ मिला है। अब तक यह मामला अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी केस) के रूप में दर्ज था।

विधायक अख्तरुल ईमान को राज्य महिला आयोग ने भेजा नोटिस

भास्कर के अनुसार सार्वजनिक मंच से महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष और अमौर विधायक अख्तरुल ईमान को बिहार राज्य महिला आयोग ने उनके एक वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। आयोग ने विधायक को सात दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण समर्पित करने को कहा है। महिला आयोग के पत्र में कहा गया है कि विधायक सार्वजनिक मंच से महिलाओं और विवाह समारोहों के लिए अभद्र व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही वे अन्य संवैधानिक मुद्दों पर भी भड़काऊ बयान देते नजर आ रहे हैं। आयोग ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का यह आचरण सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और सार्वजनिक मर्यादा के सरासर विरुद्ध आयोजित एक जलसे का है। है। यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के लोधन में आयोजित एक जलसे का है।

कुछ और सुर्खियां:

  • नेपाल और बिहार के कई जिलों में मंगल की सुबह 7:02:45 पर भूकंप के झटके महसूस किए गए
  • बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने राइजिंग स्टार एशिया कप में अमीरात के खिलाफ 53 गेंद में 204 रन बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
  • लखीसराय जमुई स्टेट हाईवे पर तीतरहाट थाना क्षेत्र में ट्रक ने स्कॉर्पियो को रौंदा 5 की मौत, पश्चिम चंपारण से मनौती के लिए जा रहे थे देवघर
  • वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के जंगल के पास बाघ के हमले में अधेड़ किसान की मौत
  • वीआरएस लेने के बाद हरजोत कौर बनाई गईं बीपीएससी की चेयरपर्सन
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का डीप फेक वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज

अनछपी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अक्सर यह आरोप लगता है कि वह अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों को अपनी इच्छा के अनुसार इस तरह आगे पीछे करते हैं कि उन्हें इसका भरपूर आर्थिक लाभ मिले। पिछले दिनों ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध के दौरान भी यह आरोप लगा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऐसी घोषणाएं करते हैं जिसका फायदा वह खुद और उनके दामाद उठाकर अपनी आमदनी और संपत्ति बढ़ा रहे हैं। अब एनवीडीया के मामले में भी ऐसे ही खबर आई है कि इस चिप कंपनी के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को पहले जासूसी के आरोप में इस्तीफा देना पड़ा तो इसके शेयर में भारी गिरावट आई। लेकिन 11 दिनों बाद ही जब हुआंग इसी पद पर दोबारा आए तो इन एनवीडिया के शेयर में लगभग उतने ही प्रतिशत का भारी उछाल आया जितने की गिरावट हुई थी। इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने यह दावा किया कि उनके हस्तक्षेप से उमंग की बतौर सीईओ एनवीडीया में वापसी हुई है। समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार ट्रंप के पास एनवीडीया के करीब 5.3 करोड डालर मूल्य के शेयर हो गए हैं जबकि फाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार 30 सितंबर तक ट्रंप के पास एनवीडीया के 3.70  लाख शेयर थे। इस तरह शेयरों के उतार-चढ़ाव के बाद बताया गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप की संपत्ति में करीब 140 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। इस विषय पर कोई विशेषज्ञ किताब भी लिख सकता है कि कैसे अमेरिका का एक राष्ट्रपति अपने फैसलों से अपनी दौलत बढ़ा रहा था या इसे यह भी कहा जा सकता है कि एक राष्ट्रपति अपनी दौलत बढ़ाने के लिए दुनिया में जंग करता, फिर जगबंदी का ऐलान करता और फिर जंग करता था। और बात केवल जंग तक सीमित नहीं थी बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों तक में अपने हस्तक्षेप करता था ताकि वह मुनाफा कमा सके।

 76 total views

Share Now

Leave a Reply