छ्पी-अनछपी: पाकिस्तान में आतंकियों का ट्रेन पर कब्जा, भारत में भी मिलेगा सैटेलाइट इंटरनेट

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पाकिस्तान में बलूच आतंकियों ने एक ट्रेन पर कब्जा करके 30 सैनिकों को मारने का दावा किया है। भारत में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के सहारे सैटलाइट इंटरनेट मिलेगा। ओडिशा विधानसभा में भाजपा और कांग्रेस विधायकों में हाथापाई हुई है। झारखंड में गैंगस्टर अमन साहू पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है।

और, जानिएगा कि हथियार खरीदने में भारत दुनिया में कितने नंबर पर है।

जागरण की सबसे बड़ी खबर है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मंगलवार को बलूच विद्रोहियों ने एक ट्रेन को हाईजैक कर लिया। नौ डिब्बों वाली जाफर एक्सप्रेस करीब 500 यात्रियों को लेकर सुबह 9:00 बजे क्वेटा से पेशावर के लिए निकली थी। पाकिस्तान, ब्रिटेन और अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इसकी जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने गुलदार और पीरु कनेरी इलाकों के बीच ट्रेन पर की गई गोलाबारी में सेना के 30 जवानों की हत्या समेत 214 से ज्यादा यात्रियों को बंधक बनाने का दावा किया है और इसके बदले बलोच कैदियों की रिहाई के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। बंधकों में ज्यादा सुरक्षाकर्मी हैं। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में 13 विद्रोहियों को मार कर 80 बंधकों को रिहा कर लिया है।

भारत में मिलेगा सैटलाइट इंटरनेट

भास्कर के अनुसार भारती एयरटेल ने मंगलवार को चौंकाने वाली घोषणा में बताया कि उसने एलन मस्क की स्पेसएक्स से समझौता किया है जिससे स्टरलिंक की हाई स्पीड इंटरनेट सेवा एयरटेल ग्राहकों को दी जाएगी। एयरटेल रिटेल स्टोर्स में स्टार लिंक उपकरण बेचेगा और बिजनेस कस्टमर को सर्विस दे सकेगा। एयरटेल और स्पेसएक्स देश के दूर दराज इलाकों में समुदायों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों को इंटरनेट से जोड़ने के अवसरों का पता लगाएंगे।

ओडिशा विधानसभा में हाथापाई

जागरण के अनुसार ओडिशा विधानसभा में मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के विधायकों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सरकार के कई मंत्री भी चपेट में आए। पहले उत्तर प्रदेश व बिहार की विधानसभा में माइक फेंकने व मारपीट की घटनाएं हुई हैं लेकिन ओडिशा विधानसभा में पहली बार हाथापाई जैसी स्थिति देखने को मिली है। हाथापाई की घटना को लेकर सदन की कार्यवाही काफी देर तक स्थगित करनी पड़ी। आरोप है कि एक सरकारी कार्यक्रम में भाजपा विधायक जय नारायण मिश्र ने ओडिशा का राज्य गीत नहीं गाया। विधानसभा में इस मुद्दे पर पक्ष विपक्ष में बहस चल रही थी। इसी बीच कांग्रेस के विधायक तारा प्रसाद ने कहा की जय नारायण मिश्र और भाजपा के विधायकों ने उनका कॉलर पड़कर उन्हें गाली दी। इस दौरान हाथापाई हुई और मंत्री पर भी हाथ उठाया गया।

गैंगस्टर अमन साहू का एनकाउंटर

प्रभात खबर के अनुसार झारखंड पश्चिम बंगाल व छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए सर दर्द रहा कुख्यात अपराधी अमन साहू एटीएस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। वहीं, हवलदार राकेश कुमार घायल हो गए। यह मुठभेड़ मंगलवार सुबह 9:30 बजे पलामू जिले के चैनपुर-रामगढ़ मार्ग पर अनहारी ढोरा के पास हुई। पुलिस के अनुसार एटीएस की टीम तीन गाड़ियों से कड़ी सुरक्षा में अमन साहू को रायपुर सेंट्रल जेल से लेकर रांची आ रही थी। इसी दौरान अमन साहू गैंग के गुर्गों ने एटीएस की तीन गाड़ियों के बीच चल रही स्कार्पियो पर बम से हमला कर फायरिंग करने दी। इसका फायदा उठाते हुए अमन एक जवान का इंसास छीन कर गाड़ी से कूद कर पुलिस पर फायरिंग करते भागने लगा। फायरिंग में हवलदार राकेश कुमार घायल हो गए। इसके बाद एटीएस रांची ने जवाबी फायरिंग की जिसमें अमन साहू मारा गया।

बिहार में 19838 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

हिन्दुस्तान और प्रभात खबर की सबसे बड़ी खबर के अनुसार बिहार पुलिस में 19,838 सिपाहियों की भर्ती होगी। इसमें महिलाओं के लिए 6717 पद आरक्षित होंगे। इस नियुक्ति के लिए 18 मार्च से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। 18 अप्रैल तक आवेदन देने की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अपर पुलिस महानिदेशक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से बिहार पुलिस मुख्यालय के द्वारा बिहार पुलिस एवं बिहार विशेष सशस्त्रत्त् पुलिस में सिपाही के 19,838 पदों पर वेतनमान लेवल 3, (21,700-69,100) के तहत चयन हेतु अधियाचना प्राप्त हुई। इसके बाद केंद्रीय चयन पर्षद की वेबसाइट https//csbc.bihar.gov.in पर विज्ञापन जारी कर दिया गया।

हथियार खरीदने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश भारत

प्रभात खबर के अनुसार स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार खरीदने वाला दूसरा देश है। यह हथियार खरीद में कहीं ना कहीं चीन और पाकिस्तान दोनों से खतरे को प्रदर्शित करता है। रिपोर्ट के अनुसार भारत की वैश्विक हथियार आयात में 8.3% हिस्सेदारी है। इस समय रूस से युद्ध में फंसे यूक्रेन की वैश्विक हिस्सेदारी 8.8% है जो विश्व में सबसे अधिक है। हथियार खरीदने में भारत की रूस पर निर्भरता कम हो रही है और उसकी जगह अमेरिका, फ्रांस और इसराइल जैसे देश ल। हथियार निर्यात करने में सबसे बड़ा देश अमेरिका है और उसके बाद फ्रांस, रूस और चीन का नंबर आता है।

कुछ और सुर्खियां:

  • राजद नेता तेज प्रताप व उनकी बहन हेमा यादव को जमीन के बदले नौकरी मामले में मिली जमानत
  • वक़्फ़ संशोधन बिल के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का धरना 17 को
  • असम का बर्निहाट दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, दिल्ली सबसे प्रदूषित राजधानी
  • बिहार में 15 लाख रुपये तक के बालू, मिट्टी और गिट्टी के लिए चालान की जरूरत ख़त्म
  • बर्ड फ्लू को देखते हुए सरकारी स्कूलों में फिलहाल मिड डे मील में नहीं मिलेगा अंडा

अनछपी: क्या बिहार एक हिंदू राज्य है? आजकल इस सवाल पर भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक और उसके सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड के बीच बयानबाजी सामने आ रही है। इस बयानबाजी को समझना जरूरी है क्योंकि एक समय था जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह दावा करते थे कि भारतीय जनता पार्टी के साथ रहने के बावजूद वह उसकी कई नीतियों से सहमत नहीं हैं और बिहार में कम्यूनलिज़्म के लिए कोई जगह नहीं है। यह बात पुरानी हो गई कि कैसे नीतीश कुमार की पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी का उन मुद्दों पर भी समर्थन किया जिस पर वह अपनी असहमति जताती थी। अनुच्छेद 370, सीएए और ट्रिपल तलाक इसके उदाहरण हैं। इसके अलावा वक़्फ़ संशोधन बिल का भी मामला है जिस पर नीतीश कुमार की पार्टी भाजपा के साथ है। अब हालत यह है कि बिहार में हिंदू राज्य और हिंदू राष्ट्र की बात खुलेआम हो रही है लेकिन ऐसी संविधान विरोधी बात करने वाले लोगों के खिलाफ नीतीश कुमार की सरकार कुछ नहीं कर रही है। जदयू नेता और मंत्री मदन सहनी ने यह जरूर कहा है कि बिहार हिंदू राज्य नहीं है और हिंदू राज्य के लिए तो संविधान संशोधन करना पड़ेगा लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा कि ऐसा बोलने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी। राजद के भाई वीरेंद्र ने एक दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है और जो यह बोल रहे हैं कि हिंदू राज्य है या राष्ट्र है, वह कल तक अंग्रेजों की गुलामी किया करते थे। राजद के ही विधायक मुकेश यादव का कहना है कि भाजपा चुनाव के पहले बिहार में धार्मिक उन्माद फैलाना चाहती है। कांग्रेस के विधायक अजीत शर्मा का कहना है कि इस बार बोले भाजपा विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे में यह सवाल लाजिमी है कि क्या कभी हिंदू राष्ट्रवाद के सख्त खिलाफ रहे नीतीश कुमार ने इस मुद्दे पर भी समझौता कर लिया है?

 1,216 total views

Share Now