छपी-अनछपी: इंजीनियर के घर में एक करोड़ कैश, ट्रेन यात्री की गर्दन में खिड़की तोड़कर घुसा छड़, मौत

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में घूसखोरी से अकूत धन दौलत जमा करने वाले लगातार पकड़े जा रहे लेकिन घूसखोरी में शायद ही कोई कमी आ रही है। इस सिलसिले में एक और इंजीनियर के पकड़े जाने की खबर आज के अखबारों की प्रमुख खबर है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व गुजरात मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषणों की भी अच्छी कवरेज है। उधर अलीगढ़ में चलती ट्रेन में एक यात्री के गले मे छड़ फंसने से मौत की खबर पर भी अखबारों ने ध्यान दिया है।

प्रभात खबर की पहली खबर है: दो लाख घूस लेते गिरफ्तार इंजीनियर के आवास से मिले एक करोड़ से अधिक गैस 30 लाख के गहने। भास्कर की हेडिंग है: गर्दनीबाग में घूस लेते इंजीनियर को पकड़ने गई निगरानी, फ्लैट की तलाशी ली तो मिले 1 करोड़। जागरण की हेडलाइन है: करोड़ों घर में छुपाने वाला भ्रष्ट इंजीनियर दो लाख की रिश्वत के साथ गिरफ्तार। हिन्दुस्तान ने लिखा है: घूस लेते पकड़ाए अभियंता, घर से मिला 25 लाख कैश। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भवन निर्माण विभाग के सेंट्रल डिवीजन, पटना में तैनात कार्यपालक अभियंता संजीत कुमार को दो लाख रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। छापेमारी के क्रम में अभियंता के घर से 25 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। शेष दो बैगों में रखे गए नोटों की गिनती देर रात तक जारी रही। बरामद नकदी के एक करोड़ से अधिक होने के आसार है।

नीतीश को दिखाए पोस्टर
भास्कर की सबसे बड़ी खबर है: अभ्यर्थियों ने दिखाए पोस्टर; सीएम बोले- चुनावी मंच पर नहीं, पटना में शिक्षा मंत्री निकालेंगे हल। यह बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुढ़नी उपचुनाव के लिए आयोजित चुनावी सभा में शुक्रवार को उस समय कही जब शिक्षक अभ्यर्थियों में उन्हें नौकरी की मांग के पोस्टर दिखाए। मुख्यमंत्री ने मंच से शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए कहा अभी कुछ लोग यहाँ पोस्टर दिखा रहे थे, उनको चिंता नहीं करनी चाहिए। इसके बारे में शिक्षा मंत्री पटना से घोषित करेंगे। जहाँ चुनाव होता है वहाँ कोई अनाउंसमेंट नहीं किया जा सकता है। इससे जुड़ी खबर की प्रभात खबर में सुर्खी है: दिल्ली वाले सिर्फ प्रचार कर रहे, महागठबंधन काम कर रहा है। हिन्दुस्तान की हेडिंग है: हम लोग काम कर रहे, कुछ लोग दुष्प्रचार में लगे हैं: मुख्यमंत्री। जागरण ने लिखा है: सभी तबके का उत्थान किया है, आगे भी करता रहूंगा: नीतीश।

रिटर्निंग ऑफिसर की तैनाती का निर्देश
जागरण की लीड नगर निकाय चुनाव के बारे में है: निर्वाची पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 24 घंटे में करें जिलाधिकारी: आयोग। राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव के लिए जिलों को विस्तृत दिशानिर्देश भी भेजा है। इसमें कहा गया है कि रिटर्निंग ऑफिसर प्रत्याशियों को चुनाव कार्यक्रम मतदान व मतगणना की तारीख और मतगणना स्थल की जानकारी लिखित रूप से दें। इस बीच राज्य के महाधिवक्ता ललित किशोर ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को संशोधित किए जाने से निकाय चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए रोडमैप
हिन्दुस्तान की पहली सुर्खी है: इलाज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बनेगा रोडमैप। कृषि रोडमैप के बाद राज्य सरकार का यह दूसरा विभाग होगा जिसका अपना रोडमैप होगा। स्वास्थ्य विभाग ने रोडमैप का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। राज्य कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही यह रोडमैप लागू हो जाएगा। रोडमैप को चार वर्षों 2023 से 2027 के लिए बनाया गया है। इसमें मुख्य तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया गया है। रोडमैप के ड्राफ्ट का जल्द ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के समक्ष प्रेजेंटेशन होगा।  इसमें नए अस्पताल बनाने और डॉक्टरों व नर्सों की बहाली की बातें प्रमुख हैं।

दौड़ती ट्रेन में यात्री के गले से सब्बल पार
हिन्दुस्तान ने जानकारी दी है: 110 की स्पीड से दौड़ती ट्रेन में यात्री के गले से सब्बल पार, मौत। दिल्ली-लखनऊ ट्रेक पर शुक्रवार सुबह लगभग 110 किमी की रफ्तार से दौड़ रही नीलांचल एक्सप्रेस में खिड़की तोड़कर भाले की तरह आया सब्बल यात्री की गर्दन के आर-पार होकर सीट के दूसरी तरफ भी निकल गया। पलभर में ही यात्री की मौत हो गई। जीआरपी की जांच में रेलवे की लापरवाही सामने आई है। ट्रेन की जनरल बोगी में हरिकेश दुबे पुत्र संतराम थाना चांदा, जिला सुल्तानपुर सीट नंबर 15 पर बैठा हुआ था। सुबह करीब पौने नौ बजे डाबर स्टेशन से ट्रेन निकलने के दौरान अचानक खिड़की तोड़ते हुए गोली की रफ्तार से सब्बल हरिकेश की गर्दन से आर-पार हो गया। सब्बल सीट पारकर दूसरे तरफ भी जा निकला।

कटिहार में गैंगवार
जागरण की दूसरी सबसे बड़ी खबर है: कटिहार दियारा में दो गुटों में खूनी संघर्ष, पांच बदमाश ढेर। हिन्दुस्तान ने बताया है कि पुलिस ने सिर्फ एक व्यक्ति के मौत के बाद स्वीकार की है जबकि भास्कर में 7 लोगों की मौत की खबर लिखी है। यह गोलीबारी जिले के बतिया डेरा दियारा में हुई है जिसमें कुख्यात अरविंद सिंह की मौत की पुष्टि की गई है।

पुलिस से छीनी एके-47
हिन्दुस्तान में यह खबर प्रमुखता से ली गयी है: पुलिस पर हमला, एके-47 व इंसास लूटी। प्रभात खबर ने लिखा है: समस्तीपुर में वैशाली पुलिस पर किया हमला, एके-47 लूटी। वैशाली पुलिस समस्तीपुर से एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने गई थी। उसी समय उग्र लोगों ने उन पर हमला कर दिया। सोनबरसा चौक पर हमले के दौरान वैशाली पुलिस की एक एके-47 और एक एसएलआर राइफल व दो मोबाइल छीन लिए। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वैशाली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को आने की सूचना दी थी या नहीं।

मोदी का कांग्रेस पर हमला जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुजरात में चुनावी सभा जारी है और उनके बयान भी प्रमुखता से छप रहे हैं। जागरण ने लिखा है: अंग्रेजों के साथ काम कर कांग्रेस ने गुलामी की मानसिकता अपनाई: प्रधानमंत्री मोदी। प्रभात खबर ने सुर्खी लगाई है: गरीबों के लुटेरे भ्रष्टाचार खत्म करने पर दे रहे गालियां: मोदी।

अनछपी: बिहार में एक सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां अपने काम का हवाला देकर वोट मांग रहे हैं वहीं गुजरात की विधानसभा के लिए हो रहे आम चुनाव के चुनावी सभाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कांग्रेस पर हमला जारी रखे हुए हैं। पता नहीं प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों की रिपोर्टिंग ऐसी है या उनके भाषण में कांग्रेस पर हमला ही मुख्य बिंदु बना रहता है। दिलचस्प यह है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी भी चुनाव लड़ रही है लेकिन मोदी के निशाने पर कांग्रेस और उसके नेता ही रह रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने एक बड़ा दांव खेलते हुए गुजरात में जीतने पर ओबीसी को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम आने में अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं। देखना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस तूफानी चुनाव प्रचार से कांग्रेस को अधिक नुकसान होता है या आम आदमी पार्टी को। यह भी देखना दिलचस्प होगा कि खुद भारतीय जनता पार्टी की सीटों की संख्या और बढ़ती है या इसमें कोई कमी आती है।

 619 total views

Share Now

Leave a Reply