छपी-अनछपी: पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ, तेजस्वी बोले- बैलेट से हो चुनाव तो कहीं नहीं जीतेगा एनडीए

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पश्चिम बंगाल और दूसरे राज्यों के विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 4 मई को आया और अब 15 मई को पेट्रोल और डीजल का दाम बढ़ा दिया गया है। भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय क्षेत्र से राजद की जीत के बाद तेजस्वी ने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव हो तो एनडीए कहीं नहीं जीतेगा। केरल में लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने सतीशन को मुख्यमंत्री के लिए चुना है।

पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ा

पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में शुक्रवार को तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. बीबीसी के अनुसार  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़ाकर 97.77 रुपये प्रति लीटर कर दी गई. वहीं डीज़ल अब 87.67 रुपये के मुक़ाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. तेल इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बताया, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल की खुदरा क़ीमत अब क्रमशः 106.68 रुपये, 108.74 रुपये और 103.67 रुपये प्रति लीटर होगी. दूसरी ओर डीज़ल मुंबई में 93.14 रुपये, कोलकाता में 95.13 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

महंगाई दर 42 महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर

जागरण के अनुसार अप्रैल में थोक महंगाई सालाना आधार पर पांच प्रतिशत बढ़कर 42 महीने के उच्चतम स्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गई। पश्चिम एशिया संकट से ईंधन, बिजली और कच्चे पेट्रोलियम की कीमतों में तेज वृद्धि के चलते थोक महंगाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआइ) पर महंगाई दर मार्च में 3.88 प्रतिशत थी। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बार्कलेज के अनुसार, थोक मुद्रास्फीति में क्रमिक वृद्धि इस सीरीज में अब तक की सबसे अधिक रही है।  ईंधन और बिजली में थोक महंगाई अप्रैल में 42 महीने के सबसे ऊंचे स्तर 24.71 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो मार्च में 1.05 प्रतिशत थी। क्रूड पेट्रोलियम की महंगाई अप्रैल में 88.06 प्रतिशत रही और यह अक्टूबर 2021 के बाद सबसे ज्यादा है।

बैलेट से हो चुनाव तो एनडीए कहीं नहीं जीतेगा: तेजस्वी

हिन्दुस्तान के अनुसार भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार के विधान परिषद उपचुनाव में राजद प्रत्याशी सोनू कुमार की जीत पर गुरुवार को तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को बधाई दी। साथ ही कहा कि बैलेट से चुनाव हो तो एनडीए कहीं से नहीं जीत सकता है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो शुरू से कह रहे हैं कि देश और प्रदेश में मशीन की जगह मतपत्र से चुनाव हो तो भाजपा कहीं नहीं टिकेगी। एनडीए की हार होगी। बिहार विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट पेपर में हम लोगों ने 150 से अधिक सीटें जीती थीं, लेकिन तंत्र-यंत्र-षड्यंत्र और छल-कपट से महागठबंधन के प्रत्याशी को हरा दिया गया था। नेता प्रतिपक्ष ने सवालिया लहजे में कहा कि जब मशीन से भी चुनाव परिणाम घोषित होने में भी रात के एक से दो बज जाते हैं तो क्यों नहीं ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से ही चुनाव कराया जाए।

जदयू को झटका, राजद के सोनू राय विधान पार्षद बने

भास्कर के अनुसार भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव में एनडीए को बड़ा झटका लगा। गुरुवार को जारी रिजल्ट में राजद के सोनू राय ने 354 वोट से जीत हासिल की। सोनू ने एनडीए समर्थित जदयू के कन्हैया प्रसाद को हराया। सोनू को 2507 और कन्हैया को 2153 वोट मिले। जदयू के बागी/निष्कासित प्रत्याशी मनोज कुमार उपाध्याय को 654 वोट मिला। इनका समर्थन भोजपुर-बक्सर वार्ड महासंघ ने किया था। इसके पहले इस सीट पर कन्हैया प्रसाद के पिता राधाचरण साह दो टर्म से एमएलसी थे। राधाचरण इस सीट पर पहली बार वर्ष 2015 में राजद से जीते थे। दूसरी बार वर्ष 2022 में जदयू से दोबारा इसी क्षेत्र से एमएलसी चुने गये। नवंबर 2025 में विधानसभा चुनाव में जदयू ने राधाचरण साह को संदेश विधानसभा से चुनाव लड़ाया, वे जीतकर विधायक बने। इसके बाद विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की सीट रिक्त हो गई। जिससे निर्वाचन आयोग को वर्ष 2026 में उपचुनाव कराना पड़ा।

वीडी सतीशन केरल के होंगे मुख्यमंत्री

हिन्दुस्तान के अनुसार कई दिनों की मशक्कत के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया। पार्टी ने वीडी सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री चुना है, वे 18 मई को शपथ लेंगे। प्रदेश प्रभारी दीपा दास मुंशी के मुताबिक, पार्टी ने यह निर्णय जनता की भावना को ध्यान में रखते हुए लिया है। कांग्रेस ने सतीशन के नाम का ऐलान संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद किया। वेणुगोपाल भी मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे। वहीं, सतीशन ने पार्टी शीर्ष का धन्यवाद देते हुए सभी वादे पूरा करने की बात कही।

पटना में ब्लैक आउट के दौरान मर्डर

पटना के मुसल्लहपुर हाट में गुरुवार की शाम ब्लैक आउट के दौरान घात लगाए बदमाशों ने मसाला दुकानदार पिंटू कुमार (35) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। खूनी वारदात सुल्तानगंज थाने के मुसल्लहपुर हाट में घटी। घटना को अंजाम देकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर गली के रास्ते भाग निकले। गुरुवार की शाम सात बजे ब्लैक आउट होते ही इलाके में अंधेरा कायम हो गया। ब्लैक आउट शुरू होने के छह-सात मिनट बाद ही इलाके में गालीबारी की आवाज सुनाई देने लगी। घने अंधेरे के बीच गोली चलने की आवाज से हाट इलाके में अफरातफरी मच गयी। स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और दुकान के आगे खून से लथपथ होकर गिरे पिंटू उर्फ बऊका को उठाकर पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

झारखंड-दिल्ली सहित 16 प्रदेशों में एसआईआर होगा

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली-झारखंड सहित 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के तहत 30 मई से चरणबद्ध तरीके से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू करने की घोषणा गुरुवार को की। तीसरे चरण में दिल्ली, उत्तराखंड, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, नगालैंड, त्रिपुरा, दादर’ नगर हवेली और दमन-दीव में एसआईआर होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने पूछा- चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पैनल में स्वतंत्र सदस्य क्यों नहीं?

प्रभात खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर केंद्र सरकार से गुरुवार को बड़ा सवाल किया. अदालत ने कहा कि चुनाव आयोग केवल स्वतंत्र होना ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र दिखना भी चाहिए, कोर्ट ने चयन समिति में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी और सीजेआइ को बाहर किए जाने पर चिंता जतायी. अदालत ने केंद्र से पूछा कि चुनाव आयुक्तों के चयन पैनल में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को शामिल करने की क्या जरूरत है और इसमें किसी तटस्थ व्यक्ति को क्यों नहीं रखा गया है. जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि चयन समिति का तीसरा सदस्य ऐसा होना चाहिए, जो निष्पक्ष तरीके से फैसला लेने में सक्षम हो, सुप्रीम कोर्ट मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त अधिनियम 2023 को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है. इस कानून में चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया से भारत के मुख्य न्यायाधीश यानी सीजेआईको बाहर कर दिया गया था.

कुछ और सुर्खियां:

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से यूएई, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर निकलेंगे
  • ड्रोन हमले में ओमान के पास भारतीय जहाज डूबा, भारत में कहा- ऐसे हमले बर्दाश्त नहीं
  • मध्य प्रदेश के देवास में पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका होने से पांच की मौत
  • बंगाल में सरकार बदलने के बाद कोलकाता के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस शांतनु सिन्हा कथित जमीन सौदा घोटाले में ईडी के हाथों गिरफ्तार
  • असिस्टेंट लोको पायलट के 11000 पदों के लिए आवेदन आज से
  • चीनी की कीमतों में इजाफा को देखते हुए चीनी के निर्यात पर सितंबर तक पाबंदी लगाई गई

अनछपी: बिहार में उच्च शिक्षा का इतना बुरा हाल चल रहा है कि कोई बुरी से बुरी खबर भी लोगों को ताज्जुब में नहीं डालती। अभी खबर आई है कि पटना विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र ठीक करने के लिए दो महीने में दो सेमेस्टर की परीक्षा ली जा रही है लेकिन क्या कहीं से कोई एतराज सामने आया कि 2 महीने में दो सेमेस्टर की परीक्षा कैसे हो सकती है? सत्र 2024-28 के यूजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल में ली गई थी और फिर से यूजी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा लेने की तैयारी चल रही है जबकि चौथे सेमेस्टर की कक्षाएं मुश्किल से 15 दिन भी नहीं चल पाई हैं। इससे बड़ा मजाक उच्च शिक्षा के साथ क्या हो सकता है कि 15 दिनों की पढ़ाई में 5-6 महीने की पढ़ाई का इम्तिहान लिया जाए? सत्र 2024-28 के थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी में खत्म हो जानी चाहिए थी, लेकिन यह परीक्षा अप्रैल में खत्म हुई। अप्रैल से अब तक चौथे सेमेस्टर की कक्षा मुश्किल से 15 से 20 दिन चली होगी और जून में परीक्षा लेने की तैयारी चल रही है। 23 मई से विश्वविद्यालय में गर्मी की छु‌ट्टी हो जाएगी और इस दौरान कक्षाएं स्थगित रहेंगी। इस बारे में एग्जामिनेशन कंट्रोलर प्रोफेसर बीके लाल का दिलचस्प तर्क है जो कहते हैं कि जनवरी-फरवरी में छात्र संघ चुनाव होने के कारण सेशन लेट हो गया है। वह यह भी कहते हैं कि इससे सेशन समय पर आ जाएगा और छात्रों को 4 से 5 महीने पढ़ने का मौका मिलेगा लेकिन इसका जवाब नहीं देते कि अभी जो इम्तिहान होने वाला है उसके लिए केवल 2 महीने क्यों मिले? अगर यूनिवर्सिटी को सेशन सही करने में इतनी दिलचस्पी है तो इसके लिए पढ़ाई की कुर्बानी क्यों दी जाए और गर्मी की छुट्टी में क्यों नहीं बाकी पढ़ाई की व्यवस्था की जाए?

 16 total views

Share Now

Leave a Reply