छ्पी-अनछ्पी: बिहार में विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ की जांच ईडी को, मॉस्को में आतंकी हमला-60 मरे

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार में विश्वास मत के दौरान विधायकों की कथित खरीद फरोख्त की जांच अब ईडी के ज़िम्मे कर दी गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी की 6 दिन की रिमांड पर दिया गया है। मॉस्को में हुए आतंकी हमले में बीबीसी के अनुसार मरने वालों की संख्या 60 हो गयी है।। भाजपा के सम्राट चौधरी ने यह विवादास्पद बयान दिया है कि लालू ने अपनी बेटी को किडनी के बदले टिकट दिया है। आज के अखबारों की यह अहम खबरें हैं।

जागरण की पहली खबर है: ईडी को विधायकों की खरीद फरोख्त की जांच। बिहार में विधायकों के खरीद फरोख्त के आरोपों की जांच ईडी करेगी। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की जांच में इस कांड में प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट का मामला सामने आया है। इसके बाद अब ईडी से जांच की अनुशंसा की गई है। सूत्रों के अनुसार इस कांड से जुड़े राजद के दो नेताओं के विरुद्ध अवैध धन उगाही के सबूत मिले हैं। हालांकि इस बारे में पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। यह मामला पिछले माह फरवरी में एनडीए सरकार के विश्वास मत के समय का है। विधायकों की खरीद फरोख्त मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार के अलावा इसमें झारखंड और नेपाल के लोगों एवं समूहों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

अरविंद केजरीवाल 28 तक रिमांड पर

हिन्दुस्तान की पहली सुर्खी है: केजरीवाल 6 दिन की ईडी डिमांड पर। कथित आबकारी घोटाला मामले में शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां ईडी ने उनकी दस दिन की हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने केजरीवाल को 28 मार्च तक की रिमांड पर भेज दिया। स्पेशल जज कावेरी बावेजा की अदालत को ईडी का प्रतिनिधित्व कर रहे एएसजी एसवी राजू ने बताया कि एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 19 के तहत आवश्यकताओं का अनुपालन किया है। उन्होंने कहा कि शराब नीति इस तरह से बनाई गई थी, जिससे रिश्वत को बढ़ावा मिला। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने एहसान के बदले साउथ ग्रुप से 200 करोड़ की रिश्वत की मांग की। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता बताया। इससे पहले, केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट से वापस ले ली। दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात के विभिन्न शहरों में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

मॉस्को में आतंकी हमला

भास्कर के अनुसार रूस-यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे एक कॉन्सर्ट हॉल में हुए आतंकी हमले में करीब 40 लोगों की मौत हो गई। 100 लोग घायल हैं। बीबीसी के अनुसार मरने वालों की संख्या 60 हो गयी है।मास्को के क्रॉकस सिटी हॉल में शुक्रवार को सेना की वर्दी पहन कर आए करीब 12 हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जिस हाल में म्यूज़िक कॉन्सर्ट चल रहा था उसकी क्षमता 6200 सीटों की है। रूसी मीडिया के अनुसार हमलावर ऑटोमैटिक हथियारों से लैस थे। फायरिंग के बाद आतंकवादियों ने ग्रेनेड भी फेंके। वहीं अमेरिका ने कहा कि इस हमले के पीछे यूक्रेन का हाथ नहीं है।

सारण से चुनाव लड़ेंगी लालू की बेटी रोहिणी

प्रभात खबर की सबसे बड़ी सुर्खी है: लालू की बेटी रोहिणी सारण से और मीसा पाटलिपुत्र से प्रत्याशी। लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की पुत्री रोहिणी आचार्य इस बार सारण लोकसभा सीट से महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी। आरजेडी ने शुक्रवार को उनके नाम का टिकट फाइनल कर दिया। रोहिणी सिंगापुर में रहती हैं और अपने पिता को किडनी डोनेट करने को लेकर चर्चित रही हैं। रोहिणी के साथ ही लालू-राबड़ी की बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा से उम्मीदवार होंगी। मीसा अभी राज्यसभा सदस्य हैं।

महागठबंधन के दूसरी उम्मीदवार

राजद ने बाहुबली अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को मुंगेर से अपना उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन की ओर से बेगूसराय सीट पर सीपीआई के अवधेश राय उम्मीदवार होंगे। खगड़िया सीट सीपीएम को मिली है। यहां से संजय कुमार महागठबंधन के प्रत्याशी होंगे। नालंदा, आरा और काराकाट सीट भाकपा (माले) को देने की बात बताई गई है।

सम्राट चौधरी के विवादित बोल

भास्कर की सुर्खी है: सम्राट ने कहा- लालू ने किडनी के बदले बेटी को टिकट दिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की विवादित बात पर राजद भड़क गया। उनको संस्कारहीन कहा। सम्राट ने कहा कि लालू प्रसाद टिकट बेचने में माहिर खिलाड़ी हैं। “लालू जी तो अब अपनी बेटी तक को नहीं छोड़े। पहले उसकी किडनी लिए, अब टिकट दिया। यही है लालू जी का परिचय। जो व्यक्ति अपनी बेटी तक को नहीं छोड़ना हो उसी का नाम है लालू यादव।” लालू को किडनी देने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने सम्राट को जवाब दिया- ओछी सोच व ओछी चरित्र वालों की हर ओछी बात का जवाब जनता की अदालत में दूंगी। इधर राजद ने कहा कि सम्राट चौधरी ने विधायक बनने के लिए क्या मां-बाप को गिरवी रखा।

सुपौल में बन रहे पुल का हिस्सा गिरा, एक की मौत

सुपौल से हिन्दुस्तान की खबर है कि गोपालपुर सिरे पंचायत के मरीचा गांव के पास शुक्रवार की सुबह 640 बजे भारत माला प्रोजेक्ट के तहत कोसी नदी पर बन रहे बकौर (सुपौल)-भेजा (मधुबनी) पुल का स्लैब टूटकर गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि 10 लोग घायल हो गए। मृतक मजदूर विपिन यादव किशनपुर प्रखंड के पंचगछिया गांव का रहने वाला था। हादसा पुल पर स्लैब चढ़ाने के दौरान हुआ।

कुछ और सुर्खियां

  • भोजपुर में दो बाइक पर सवार 6 लोगों को ट्रक ने रौंदा, चार की मौत
  • बिहार बोर्ड आज इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी करेगा
  • जेडीयू ने अपनी 16 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए, किशनगंज से मुजाहिद आलम को मिलेगा टिकट
  • शिक्षक नियुक्ति पेपर लीक: गिरफ्तार 86 महिला अभ्यर्थियों को मिली जमानत
  • 1 अप्रैल से फिर बढ़ेगा बिहार के हाईवे पर टोल टैक्स, 5 से 55 रुपए की वृद्धि
  • आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया

अनछपी: मुरेठा बांधकर राजनीति करने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद की बेटी को टिकट दिए जाने के बारे में जो टिप्पणी की है वह अत्यंत ही दुखद मानी जाएगी। राजद और जेडीयू से राजनीतिक सफर करते हुए भारतीय जनता पार्टी में पहुंचे सम्राट चौधरी को शायद यह पता होगा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे अधिक संस्कार की बात करती है। सम्राट चौधरी ने यह बयान दे दिया कि लालू प्रसाद ने अपनी बेटी रोहिणी आचार्य से किडनी लेने के बदले टिकट दिया है। अगर टिकट बंटवारे के बारे में परिवारवाद का आरोप सम्राट चौधरी लगाते तो शायद ही किसी को आपत्ति होती लेकिन किडनी ट्रांसप्लांट का मामला इतना संवेदनशील है कि इसे राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बनाना हर किसी के समझ से परे होगा। रोहिणी आचार्य ने शायद इसी वजह से यह कहा कि यह सम्राट चौधरी की संस्कारहीनता है। भारतीय जनता पार्टी की पैतृक संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी संस्कार की बात करता है लेकिन क्या उसे सम्राट चौधरी की इस ‘संस्कारहीन’ बात पर कोई आपत्ति होगी? सम्राट चौधरी अगर अपने बयान में यहां तक रुक जाते कि लालू प्रसाद टिकट बेचते हैं तब भी शायद उन पर संस्कारहीनता का आरोप नहीं लगता। वैसे, सम्राट चौधरी ने मुरेठा यह कह कर बांधा था कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से नहीं हटाएंगे उनका मूरेठा नहीं खुलेगा लेकिन समय का चक्र देखिए कि आज वह उन ही नीतीश कुमार के उपमुख्यमंत्री बने हुए हैं। बहरहाल यह तो उनका राजनीतिक फैसला था लेकिन बाप बेटी के बीच किडनी के ट्रांसप्लांट के बारे में इस तरह का बयान देना उनके लिए अशोभनीय ही माना जाएगा। उम्मीद की जानी चाहिए कि सम्राट चौधरी इस बयान को अब नहीं दोहराएंगे और संभव हो तो इसके लिए खेद भी प्रकट करें। इसमें कोई दो राय नहीं कि लालू प्रसाद ने अपनी दो बेटियों को टिकट देकर अपने ऊपर इस आरोप का मौका दिया है कि वह परिवार करते हैं। उनकी बड़ी बेटी निशा भारती तो दो बार पाटलिपुत्र से चुनाव हार चुकी हैं, फिर भी उन्हें टिकट दिया गया है। रोहिणी आचार्य को सारण से उम्मीदवार बनाया गया है तो ऐसे में सवाल है कि क्या उन्हें सहानुभूति का लाभ मिलेगा और वह जीत पाएंगी? राजनीति में चाहे जिसकी हार जीत हो कम से कम बयान बाजी में कुछ तो संस्कार बना रहना चाहिए।

 

 

 

 1,103 total views

Share Now

Leave a Reply