छ्पी-अनछ्पी: आरजेडी-कांग्रेस में खींचतान, इंटर रिज़ल्ट के टॉप 24 में 13 छात्राएं

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। सीट शेयरिंग की घोषणा के बिना राजद द्वारा अपनी पार्टी के नेताओं को सिंबल देने से कांग्रेस के साथ खींचतान नज़र आ रही है। इंटरमीडिएट के रिजल्ट में टॉप फाइव के 24 स्टूडेंट्स में 13 छात्राएं हैं। मॉस्को के आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या 143 हो गई है। कभी राम को काल्पनिक चरित्र बताने वाले जीतन राम मांझी अयोध्या के राम मंदिर पहुंचे हैं। आज के अखबारों में यह आम खबरें हैं।

जागरण की दूसरी सबसे बड़ी सुर्खी है: महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर खींचतान। भास्कर ने लिखा है: बिना सीटों का बंटवारा हुए सिंबल बंटने लगे, बिगड़ रही राजद-कांग्रेस की चुनावी केमिस्ट्री। बिहार की राजनीति पल-पल नई करवट ले रही है। इंडिया गठबंधन में ज्यादा उलझन है। खास कर राजद और कांग्रेस के बीच। बिना सीट बाते सिंबल बांटने से दोनों दलों की चुनावी केमिस्ट्री बिगड़ने लगी है। खतरा तो यह भी है कि कहीं दोनों दल अलग ना हो जाएं। या फिर कई सीटों पर फ्रेंडली फाइट की नौबत ना हो जाए। आरजेडी कांग्रेस के लिए 6 से अधिक सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। कांग्रेस की मांग 12 की है।
बीमा भारती जदयू से राजद में, पूर्णिया की दावेदार
पूर्व मंत्री बीमा भारती ने शनिवार को जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद राजद में शामिल हो गईं। तेजस्वी यादव ने उन्हें सदस्यता दिलायी। वे पूर्णिया के रुपौली से विधायक हैं। माना जा रहा है कि बीमा पूर्णिया सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बीमा के इस्तीफे की पुष्टि की है।
बीमा भारती पिछले कुछ समय से जदयू से नाराज भी चल रही थीं। नीतीश सरकार के विश्वासमत के दौरान भी उन्होंने बागी तेवर अपनाया था। हालांकि बाद में पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप से उनके तेवर नरम पड़े थे। बीमा भारती पहले भी राजद में रह चुकी हैं।
पप्पू, बीमा और पूर्णिया सीट
बीमा भारती के राजद में शामिल होने पर पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पप्पू यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि वह मर जायेंगे, पर कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। आगे लिखा है कि दुनिया छोड़ देंगे,पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। पिछले दिनों पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। वह कांग्रेस की ओर से पूर्णिया सीट पर प्रबल दावेदार हैं।
राम को काल्पनिक मानने वाले जीतन मांझी…
जागरण की खबर है कि भगवान राम और रामायण को काल्पनिक बताने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लोकसभा चुनाव आते ही स्वयं राम की शरण में पहुंच गए हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक मांझी ने शनिवार को अयोध्या धाम पहुंचकर राम लला के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने रामलला के दर्शन की तस्वीर भी एक्स अकाउंट पर शेर की है। मांझी ने एक्स पर पोस्ट किया हमारे साथ श्रीरघुनाथ तो किस बात की चिंता। मांझी गया लोकसभा सीट से एनडीए के उम्मीदवार हैं और होली के बाद नामांकन करेंगे।
एक उम्मीदवार का औसत खर्च छह करोड़
भास्कर की खबर है कि 18 वें लोकसभा चुनाव देश और दुनिया का सबसे महंगा चुनाव बनने की राह पर है। अनुमान है कि इस बार 1.2 लाख करोड रुपए से अधिक खर्च हो सकते हैं। देश में सियासी खर्चे पर नजर रखने वाले सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज के अनुसार अमेरिका में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में करीब 1.2 लाख करोड रुपए खर्च हुए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में घोषित मिलकर 60000 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। निर्वाचन आयोग ने एक उम्मीदवार के लिए अधिकतम 95 लख रुपए खर्च सीमा तय की है जबकि एक प्रत्याशी के 20 दिन के प्रचार का औसत खर्च छह करोड रुपए होता है।
इंटर का रिजल्ट निकला, 87.21 प्रतिशत पास
हिन्दुस्तान की पहली खबर है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शनिवार को इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। तीनों संकाय को मिलाकर कुल 87.21 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। यह अबतक का सबसे बेहतर परिणाम है। इसमें लड़कों की तुलना में लड़कियों का रिजल्ट बेहतर हुआ। लड़कियों की सफलता का प्रतिशत 88.84 और लड़कों की सफलता का प्रतिशत 85.69 रहा। कुल 12 लाख 91 हजार 684 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।
टॉप 5 में 24, 13 छात्राएं
इंटर के रिजल्ट में विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों संकायों को मिलाकर टॉप पांच में 24 विद्यार्थी हैं। इनमें 13 लड़कियां और 11 लड़के हैं। इंटर विज्ञान में राज्यभर में पहला स्थान जीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, बड़हरिया, सीवान के मृत्यंजय कुमार को मिला है। दूसरे स्थान पर श्री यमुना चारी हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, दरियापुर सारण की सिमरन गुप्ता व हाई स्कूल सिंहवाहिनी, सीतामढ़ी के वरुण कुमार को दूसरा और हाई स्कूल बरौली, गोपालगंज के प्रिंस कुमार को तीसरा स्थान मिला। आर्ट्स में कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस पटना के छात्र तुषार कुमार पहले स्थान पर रहे। इसी कॉलेज की निशि सिन्हा को दूसरा स्थान मिला। कॉमर्स में पहला स्थान महात्मा गांधी आदर्श विद्यालय, बड़बिगहा, शेखपुरा की छात्रा प्रिया कुमारी और पटना के कॉलेज ऑफ कॉमर्स के सौरव कुमार को दूसरा स्थान मिला। तीसरे स्थान पर जीडी पाटलिपुत्रा विद्यालय के गुलशन कुमार व केएलएस कॉलेज नवादा के कुणाल कुमार रहे हैं।
मॉस्को आतंकी हमले में मृतक 143
मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में शुक्रवार रात हुए आतंकी हमले में कुल 143 लोगों की मौत हो गई। नरसंहार के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि इस बर्बर आतंकी हमले को अंजाम देने से जुड़े हर शख्स को हम दंड देंगे। रूस की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरपर्सन दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि हमला करने वाले आतंकी संगठन को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी, रूस खून का बदला खून से लेगा। हमले में150 से ज्यादा घायल हैं, जिसमें कई की हालत बेहद गंभीर है। जांच एजेंसियों ने 11 लोगों को हिरासत में लिया है, इनमें चार हमलावर हैं। रूस के मुताबिक ये चारों यूक्रेन की तरफ जा रहे थे। वैसे इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट खुरासान (आईएसआईएस-के) ने ली है। अमेरिका ने भी दावे की पुष्टि की है।
कुछ और सुर्खियां
● उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रमेश कुशवाहा पत्नी विजयलक्ष्मी कुशवाहा के साथ जदयू में
● पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार नहीं लड़ेंगी चुनाव
● हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल
● पंजाब के संगरूर में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत
● तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा के ठिकानों पर सीबीआई के छापे
● मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार अरविंद केजरीवाल को सीबीआई भी ले सकती है रिमांड पर
अनछपी: चुनावी गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान होना कोई अचंभे वाली बात नहीं है लेकिन जिस तरह महागठबंधन में हो रहा है वह उसकी छवि के लिए बेहद खराब माना जा सकता है। इंडिया गठबंधन से पहले से चले आ रहे महागठबंधन में राजद और कांग्रेस प्रमुख दल रहे हैं। इसके अलावा महागठबंधन में वामपंथी दल भी हैं। एक तरफ जहां एनडीए ने बिहार में अपने सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा की है वहीं महागठबंधन या इंडिया गठबंधन ने अब तक ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन राजद की ओर से सिंबल बांटे जा रहे हैं और कांग्रेस की ओर से सीट पर दावे किए जा रहे हैं। ताजा उदाहरण हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पप्पू यादव और जेडीयू से आरजेडी में शामिल बीमा भारती के पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ने का है। एक तरफ पप्पू यादव इस सीट पर दावा ठोक रहे हैं तो दूसरी और बीमा भारती के बारे में भी कहा जा रहा है कि वह इस सीट से उम्मीदवार बनेंगी। जाहिर है इससे इंडिया गठबंधन की अच्छी छवि नहीं बनती है। कहा जा रहा है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का टिकट बांटने का वही तरीका है लेकिन क्या यह बेहतर नहीं होता कि पहले इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी जाती फिर सिंबल बांटे जाते? खींचतान तो एनडीए में भी थी और है। उपेंद्र कुशवाहा पहले एक सीट दिए जाने को नाराज बताए जा रहे थे लेकिन उन्हें एमएलसी की एक सीट देकर मना लिया गया। अब कल की बात है कि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमेश कुशवाहा पत्नी विजयलक्ष्मी कुशवाहा के साथ जदयू में शामिल हो गए। इस पर उपेंद्र कुशवाहा ने तंज़ किया कि जदयू को उम्मीदवार की और जरूरत हो तो बताए। यानी खींचतान तो यहां भी है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने कम से कम इतना तो सुनिश्चित किया है की कितनी सीटें किसको मिलेंगी इस पर कोई जिच ना हो। महागठबंधन की हालत यह है कि अभी तक औपचारिक रूप से किसी को यह बात नहीं मालूम कि किस पार्टी को कितनी सीट मिलेगी।

 1,352 total views

Share Now

Leave a Reply