छ्पी- अनछपी: एनडीए का मेनिफेस्टो- बिहार में होगी औद्योगिक क्रांति, दुलारचंद हत्या में अनंत नामजद

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। एनडीए के मेनिफेस्टो में बिहार में औद्योगिक क्रांति लाने का वादा किया गया है। दुलारचंद हत्याकांड में जदयू के उम्मीदवार और बाहुबली अनंत सिंह को नामज़द किया गया है। एक रिपोर्ट में पता चला है कि बिहार सर्किल के मोबाइल फोन नंबरों से सबसे ज्यादा धोखाधड़ी होती है।

और, जनिएगा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्यों कहा कि आरएसएस पर फिर से बैन लगना चाहिए।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार एनडीए ने आर्थिक समृद्धि और औद्योगिक क्रांति के जरिये बिहार को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। राज्य में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। हर जिले में फैक्ट्रियां लगेंगी। दस नये औद्योगिक पार्क का निर्माण होगा। एक सौ एमएसएमई पार्क और 50 हजार से अधिक कुटीर उद्योग लगेंगे। हर परिवार को रोजी-रोजगार मिलेगा। एक करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार मिलेंगे। एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और मिशन करोड़पति से चिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने का वादा किया गया है। बिहार को पांच सालों में बाढ़ से मुक्त कराया जएगा। एनडीए ने विकसित बिहार के लिए शुक्रवार को संकल्प पत्र 2025 जारी किया। इसमें ऐसे 25 प्रमुख संकल्प शामिल हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के पांचों दलों के शीर्ष नेताओं ने सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर संकल्प पत्र का लोकार्पण किया। बाद में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी विस्तृत जानकारी दी। संकल्प पत्र में अतिपिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों को दस लाख की सहायता देने, हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोलने की बात है। अतिपिछड़ा वर्ग को आर्थिक और सामाजिक बल देने के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित होगी।

26 सेकंड में खत्म हुआ मेनिफेस्टो: तेजस्वी

एनडीए के घोषणा पत्र पर महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। शुक्रवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी गठबंधन का घोषणा पत्र 26 सेकेंड में जारी किया गया। यह मैनिफेस्टो, बिहार से 20 साल से निरंतर किए जा रहे झूठ, धोखे और जुमलों का रिपोर्ट कार्ड है, और कुछ नहीं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को पता ही नहीं होगा कि घोषणा पत्र में क्या है। उन्हें बोलने से रोकने के लिए घोषणा पत्र के कार्यक्रम को जल्द से जल्द खत्म कर दिया गया। एनडीए को बिहार के लिए संकल्प पत्र नहीं, बल्कि 14 करोड़ जनता के लिए माफी (सॉरी) पत्र लाना चाहिए। कोई निवेश नहीं, कोई कारखाना नहीं लगा।

दुलारचंद हत्याकांड: अनंत सिंह नामज़द

जागरण के अनुसार मोकामा विधानसभा क्षेत्र के पंडारक प्रखंड के भदौर थाना क्षेत्र में जनसुराज प्रत्याशी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल गया है। गुरुवार की शाम से पूरी रात पुलिस ने दुलारचंद के शव को पैतृक गांव तारतर से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। लगभग 16 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों के विरोध के बीच शव को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने में सफल हो सकी। तीन अलग-अलग प्राथमिकी की गई है। एक में जद यू प्रत्याशी अनंत सिंह भी नामजद हैं। इधर, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि जांच के लिए विशेष स्वयं रातभर गांव में कैंप किए थे। टीम का गठन किया गया है। वह चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम ने पोस्टमार्टम कियों है। टीम के डा. अजय कुमार ने बताया कि शरीर पर कई जगह छिलने के निशान मिले हैं। एक गोली टखने में लगी थी. जो आरपार हो गई। मौत का कारण गोली लगना नहीं है। विस्तृत रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी। ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि प्रसारित वीडियो में पथराव करते दिख रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, अन्य की तलाश जारी है।

फेफड़े फटने से मौत

भास्कर ने लिखा है कि बाहुबली से नेता बने दुलारचंद बादव की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ। दुलारचंद के सीने पर गाड़ी चढ़ी थी। इससे सीने की हड्डी टूट गई। दोनों फेफड़े फट गए। यही उनकी मौत की वजह बनी। शुक्रवार को बाढ़ में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन डॉक्टरों की टीम ने करीब दो घंटे तक पोस्टमार्टम किया।

शव यात्रा में भी पथराव

प्रभात ख़बर के अनुसार बाहुबली दुलारचंद यादव की हत्या के बाद शुक्रवार को मोकामा और पंडारक का इलाका हिंसा, गुस्सा और तनाव के साये में डूबा रहा. शुक्रवार सुबह 8:30 बजे निकली दुलारचंद की शव यात्रा के दौरान भी जमकर हंगामा और बवाल हुआ. इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों पर पथराव किया गया. साथ ही हवाई फायरिंग की भी बात कही जा रही है. लेकिन जिला प्रशासन ने इससे इन्कार किया है. इधर, पथराव में कई वाहनों के शीशे टूट गये और कई लोग जख्मी हो गये. जिसमें से कुछ की हालत नाजुक है. जख्मी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शवयात्रा के साथ चल रही सुरजभान सिंह की पत्नी व राजद प्रत्याशी वीणा देवी की गाड़ी पर भी पथराव हुआ. पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले भी दोगे.

बिहार सर्किल के मोबाइल फोन नंबरों से सबसे ज्यादा धोखाधड़ी

नई दिल्ली से हिन्दुस्तान की ख़बर है कि वित्तीय व साइबर धोखाधड़ी के लिए सबसे ज्यादा बिहार सर्किल के मोबाइल नंबर को इस्तेमाल किया जा रहा है। दूरसंचार विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मोबाइल से सबसे ज्यादा धोखाधड़ी की शिकायतें बिहार से मिल रही हैं जिसके चलते वहां बड़े पैमाने पर ऐसे नंबर बंद कराए गए हैं।भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से पता चलता है कि बिहार (झारखंड भी शामिल) सर्किल से जुड़े नंबरों से धोखाधड़ी के उद्देश्य से सबसे ज्यादा कॉल और एसएमएस किए जा रहे है

आरएसएस पर फिर बैन लगे: खड़गे

हिन्दुस्तान के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शनिवार को कहा कि आरएसएस पर फिर से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। (जागरण के अनुसार उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मियों के आरएसएस की गतिविधियों में शामिल होने पर लगी रोक हटाकर पीएम मोदी सरदार पटेल की विरासत का अपमान कर रहे हैं।) उन्होंने दावा किया कि देश में कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के लिए आरएसएस जिम्मेदार है। हालांकि, खरगे ने स्पष्ट किया किया कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है। खरगे ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए मीडिया से कहा, मैं खुलकर कहूंगा कि आरएसएस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। पटेल ने जो चीजें हमारे सामने रखी हैं, उसकी मर्यादा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रखते हैं तो यह (प्रतिबंध) होना चाहिए। अखिलेश ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा को याद रखना चाहिए कि आरएसएस पर पटेल ने प्रतिबंध लगाया था। आज जरूरत है कि इस देश में कोई सरदार पटेल बने और इस विचारधारा पर फिर से बैन लगे।

कुछ और सुर्खियां:

  • सीपीआई-एमएल ने बिहार शरीफ और राजापाकड़ में कांग्रेस तो बछवारा में सीपीआई को समर्थन दिया
  • बिहार में चुनाव आचार संहिता लागू रहने के दौरान 10 लाख महिलाओं के खाते में भेजे गए दस-दस हज़ार रुपये
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना में कल 5:00 शाम से रोड शो
  • सीपीआई ने बछवाड़ा में कांग्रेस के उम्मीदवार को भाजपा का एजेंट बताया
  • बिहार के 23.71 लाख वोटरों को डाक से भेजे गए मतदाता पहचान पत्र
  • पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन ने तेलंगाना के मंत्री के रूप में ली शपथ

अनछपी: बिहार की क्राइम हिस्ट्री में अनंत सिंह के काफिले के साथ भिड़ंत के बाद दुलारचंद यादव की हत्या के बाद सरकारी मशीनरी ने जैसी प्रतिक्रियाएं दी हैं उन्हें याद रखने की जरूरत है। अगर कोई यह बताए कि पिछली बार किसी मर्डर केस में की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में डॉक्टर ने कब कैमरे के सामने आकर मीडिया को जानकारी दी थी तो बात समझने में आसानी होगी। दुलारचंद की हत्या के बाद पोस्टमार्टम में देरी हुई लेकिन जब पोस्टमार्टम हो गया तो उसके कुछ ही घंटे के बाद एक डॉक्टर ने कैमरे पर आकर यह बताया कि मौत की वजह गोली लगना नहीं है। इस पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जानी चाहिए थी, लेकिन अभी इसका पता नहीं चल पाया है कि इसकी वीडियोग्राफी हुई या नहीं। हो सकता है डॉक्टर ने जो बात बताई हो वह बिल्कुल सही हो लेकिन सवाल यह है कि इससे पहले किसी मामले में डॉक्टर पोस्टमार्टम रिपोर्ट बताने कैमरे के सामने क्यों नहीं आते थे? ऐसे में यह बात समझ में आती है कि डॉक्टर ने कैमरे पर आकर रिपोर्ट देने का फैसला खुद नहीं किया होगा बल्कि प्रशासन की ओर से उन्हें इसका आदेश दिया गया होगा। आमतौर पर जब डॉक्टर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी जाती है तो वह उसे कानून का हवाला देते हुए देने से इनकार करते हैं और बताते हैं कि रिपोर्ट पुलिस को दे दी गई है, वहां से ली जा सकती है। जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस से मांगी जाती है तो वह कहती है कि यह रिपोर्ट अदालत से ली जा सकती है, वह नहीं दे सकती। जब यह रिपोर्ट लेने कोई अदालत पहुंचता है तो अदालत कहती है कि उसके पास अभी रिपोर्ट नहीं पहुंची है। यानी पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने में कितनी आनाकानी होती है, इसे समझा जा सकता है लेकिन दुलारचंद की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मामले में प्रशासन की ‘मुस्तैदी’ चौंकाने वाली है। इससे पहले यह बात भी याद रखने की है कि पुलिस ने अपने बयान में दुलारचंद के बारे में तो यह बताया था कि उन पर आपराधिक मामले हैं लेकिन इस मामले में अनंत सिंह पर आरोप लगा तो पुलिस ने उनके बारे में ऐसी कोई जानकारी नहीं दी। कुल मिलाकर इससे प्रशासन के पक्षपात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 522 total views

Share Now