छापी अनछपी: पटना में ट्रिपल मर्डर, जमीन सर्वे अब 2027 तक होगा
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद भीड़ ने दो अपराधियों को मार डाला। बिहार में जमीन सर्वे का समय बढ़ाकर अब 2027 कर दिया गया है। भाजपा के गया विधायक प्रेम कुमार नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। सरकारी बसों में कंडक्टर बनने की न्यूनतम योग्यता दसवीं पास से घटाकर सातवीं पास कर दी है गई। हिंदी सिनेमा के मशहूर ऐक्टर धर्मेंद्र नहीं रहे।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान के अनुसार पटना के गोपालपुर इलाके में सोमवार की शाम हथियार से लैस बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर बैठे जमीन कारोबारी अशरफी लाल सिंह (80) को गोलियों से भून डाला। अपराधियों ने उन्हें ताबड़तोड़ 11 गोलियां दाग दीं। इससे आक्रोशित लोगों ने करीब एक किलोमीटर तक खदेड़कर दोनों अपराधियों को भोगीपुर गांव में दबोच लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर और फिर गोली मार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। दोनों के सिर पर गोली के निशान हैं। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों की उम्र 35 से 40 के बीच है। करीब दो बीघा जमीन के विवाद में हत्या की बात सामने आई है। जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। अशरफी लाल सिंह परिवार के साथ गोपालपुर थाने के डोमनचक में रह रहे थे। अशरफी लाल सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उनपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घर से बाहर निकल आए और शोर मचाते हुए बाइक से भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और घेरकर पकड़ लिया। दूसरी ओर, जख्मी अशरफी लाल को पीएमसीएच ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जमीन सर्वे अब 2027 तक
भास्कर की खबर है कि बिहार में जमीन सर्वे की अवधि डेढ़ साल बढ़ाई गई है। जुलाई 2026 की जगह 2027 अब तक सर्वे पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। सोमवार को उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग का कार्यभार संभाला। अधिकारियों ने उन्हें यह जानकारी दी। राज्य के सभी 38 जिलों के 534 अंचलों में जमीन सर्वे चल रहा है। राज्य के 45 हजार गांवों में से 5657 राजस्व गांवों में वर्ष 2012 से सर्वे चल रहा है। लेकिन अब इनमें से तक सिर्फ 25% गांवों का सर्वे पूरा हुआ है। अगस्त 2024 में 37384 गांवों में नया सर्वे शुरू किया गया। इस काम में पूरे राज्य में 14 हजार सर्वे कर्मी लगे हैं। हर 4 गांव पर एक अमीन (कुल 8035) काम कर रहा है। विभाग द्वारा 27 करोड़ पन्नों के अभिलेख स्कैन कर अपलोड किए जा रहे हैं। रैयतों को 48 घंटे में डिजिटल साइन कॉपी मिल रही है।
भाजपा के प्रेम कुमार बनेंगे विधानसभा अध्यक्ष
हिन्दुस्तान के अनुसार18वीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र 1 दिसंबर से होगा। इसमें पांच बैठकें होंगी। मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा के वरिष्ठ विधायक और गया टाउन से जीतकर 9वीं बार बिहार विधानसभा पहुंचे डॉ. प्रेम कुमार बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष बनेंगे। 1 दिसम्बर को ही वे इस पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सोमवार से शुरू होकर सत्र शुक्रवार तक चलेगा। संसदीय कार्य विभाग इसकी तैयारी कर रहा है। हालांकि, मंगलवार को नीतीश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में इसपर निर्णय लिया जाएगा। सत्र के दौरान सभी नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही विधानसभा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। एकल नामांकन नहीं रहा तो चुनाव होगा अन्यथा सर्वसम्मति से नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही सरकार अनुपूरक बजट भी पेश करेगी।
सातवीं पास बन सकेंगे सरकारी गाड़ियों में कंडक्टर
बिहार के नए परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को विभाग का कार्यभार संभाल लिया। पद ग्रहण करने के बाद मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी की। बैठक के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने राज्य के सरकारी बसों में कंडक्टर बनने की न्यूनतम योग्यता दसवीं पास से घटाकर सातवीं पास कर दी है। ताकि, ज्यादा से ज्यादा युवक-युवतियों को रोजगार मिल सके। बैठक में राज्य में चार नये इंस्टीट्यूट आफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आइडीटीआर) की स्थापना के निर्देश दिए। ये नए केंद्र ब्रांका, भागलपुर, पूर्णिया, बेतिया और नालंदा में बनाए जाएंगे। वर्तमान में केवल पटना और औरंगाबाद में आइडीटीआर कार्यरत हैं।
हिंदी में शपथ लेने वाले पहले सीजेआई बने जस्टिस सूर्यकांत
देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत हिंदी में शपथ लेने वाले पहले मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बन गए। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शपथ दिलाई। इसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट पहुंचे और कामकाज संभाल लिया। देश के 52वें सीजेआई जस्टिस बीआर गवई की सेवानिवृति के मद्देनजर राष्ट्रपति ने 30 अक्तूबर को जस्टिस सूर्यकांत को अगले सीजेआई नियुक्ति किया था। जस्टिस गवई रविवार को सेवानिवृत हो गए।
अयोध्या के मंदिर में मोदी फहराएंगे ध्वज
हिन्दुस्तान के अनुसार भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या मंगलवार को एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी। 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक साल 10 महीने बाद 25 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीराम जन्मभूमि के मुख्य शिखर पर भगवा धर्म ध्वज फहरायेंगे। इसके साथ ही राममंदिर की पूर्णता का संदेश भी अयोध्या से पूरे देश को जाएगा। विवाह पंचमी पर होने वाले इस विशाल भव्य आयोजन की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
धर्मेंद्र का मुंबई में निधन
भास्कर के अनुसार हिंदी सिनेमा के ही-मैन और कई पीढ़ियों के महबूब कलाकार धर्मेंद्र (89) का सोमवार सुबह जुहू स्थित उनके घर में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और पिछले महीने से अस्पताल और घर में इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान परिजनों के अलावा अमिताभ बच्चन, सलमान खान सहित कई हस्तियां अंतिम विदाई देने पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है।’ धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के किसान परिवार में हुआ। 1950 के दशक में फिल्म मैगजीन का टैलेंट सर्च जीतकर फिल्मी दुनिया में आए। 65 साल के कॅरिअर में 300 फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को रिलीज होगी।
कुछ और सुर्खियां:
- मधेपुरा जिले के आलमगंज विधानसभा क्षेत्र से लगातार आठवीं बार विधायक जदयू के नरेंद्र नारायण यादव प्रोटेम स्पीकर बने
- बिहार मैं दैनिक यात्रियों के लिए तीन रेल कॉरिडोर बनेंगे
- आईआरसीटीसी केस में राबड़ी देवी ने जज को बदलकर दूसरे कोर्ट में सुनवाई करने की अर्जी लगाई
- पटना-बिहटा एलिवेटेड सड़क सितंबर में हो सकती है चालू
अनछपी: सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के भावलपुर गांव में शादी के दौरान ऑर्केस्ट्रा में शराब के नशे में अश्लील हरकत और गानों का विरोध करने पर कुछ लोगों ने चाकू मार कर दुल्हन के भाई की हत्या कर दी। यह ख़बर जितनी अफ़सोसनाक उतनी ही दुखद ऐसी घटनाओं को रोकने के समाज और सरकार की कोशिशों की कमी और नाकामी है। शादी समारोह में तो वैसे ही बहुत सारी खुराफात होती रहती हैं। लेकिन इस दौरान अगर हत्या हो जाए तो समाज के लिए जगने की इससे बड़ी चुनौती नहीं हो सकती। अब इस शादी में दो खतरनाक बातें हुईं जो जानलेवा बनीं। एक तो शराब का नशा और दूसरी बात ऑर्केस्ट्रा पर अश्लील गाना। दोनों बातों को सरकार बार-बार प्रतिबंधित किए जाने की जानकारी देती रहती है। डीजे के बारे में भी थाना स्तर तक से दिशा निर्देश जारी किया जाता है। लेकिन सच्चाई यह है कि इसको रोकने के लिए पुलिस कभी सड़क पर सामने नजर नहीं आती। अगर कभी कोई पुलिस से इस बात की शिकायत करे तो शिकायत करने वाला ही खतरे में पड़ जाता है क्योंकि पुलिस के जरिए उसकी पहचान जाहिर हो जाती है और जिसके घर में और जिसके यहां बाजा बज रहा होता है वह बदला लेने पर उतारू हो जाता है। शादी में शराब और डीजे पर अश्लील गाना कई जगह पर लोगों के लिए मुसीबत की वजह बन चुके हैं। यह सही है कि सरकार की कोशिश इस मामले में अब भी बहुत कम है लेकिन क्या समाज के लिए भी यह बेहतर नहीं होगा कि वह आगे बढ़कर ऐसी चीजों को खत्म करने की कोशिश करे।
172 total views
