छ्पी-अनछपी: ट्रंप के ‘ग़ज़ा बोर्ड ऑफ पीस’ में भारत नहीं, झारखंड में ‘15 नक्सली ढेर’

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। भारत ने ग़ज़ा के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने की दावत क़बूल नहीं की है। पुलिस ने झारखंड में 15 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है। छत्तीसगढ़ की फैक्ट्री में ब्लास्ट से गया के 6 मजदूरों की मौत हो गई। सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के भोजशाला में एक ही दिन नमाज और पूजा की इजाजत दी।

और जानिएगा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा घटा दी गई है और किन लोगों की सुरक्षा बढ़ाई है।

पहली ख़बर

हिन्दुस्तान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के पहले चार्टर का औपचारिक उद्घाटन और हस्ताक्षर समारोह किया। पाकिस्तान समेत कई देशों ने ट्रंप के साथ इस पर हस्ताक्षर भी कर दिया है। जबकि भारत-चीन जैसे देशों ने फिलहाल इससे दूरी बना ली है। ट्रंप ने उद्घाटन भाषण में दावा किया कि हर कोई इस बोर्ड का हिस्सा बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि वे संयुक्त राष्ट्र सहित कई अन्य देशों और संगठनों के साथ मिलकर काम जारी रखेंगे। ट्रंप ने इसे बहुत रोमांचक दिन बताया और कहा कि बोर्ड सुंदर ढंग से चल रहा। यह पहले से ही काम शुरू कर चुका है।

बोर्ड ऑफ पीस क्या है

शुरुआत में इसे सिर्फ ग़ज़ा (इसराइल-फलस्तीन) में युद्ध के बाद शांति और पुनर्निर्माण की देखरेख के लिए बनाया गया था। चार्टर के अनुसार, दुनिया के किसी भी हिस्से में विवाद सुलझाएगा। डोनाल्ड ट्रंप इसके आजीवन अध्यक्ष होंगे। ट्रंप ने अपनी पसंद के 7 लोगों मार्को रुबियो, स्टीव विटकॉफ, जेरेड कुशनर, टोनी ब्लेयर, अजय बंगा, मार्क रोवन और रॉबर्ट गैब्रियल को इसमें शामिल किया है। इस बोर्ड की सदस्यता की शर्तें काफी चर्चा में हैं। इसमें कोई भी आमंत्रित देश 3 साल के लिए सदस्य बन सकता है। वहीं अगर कोई देश पहले साल में 1 अरब डॉलर (करीब ₹8,300 करोड़) नकद देता है, तो उसे स्थायी सदस्यता मिलेगी। ट्रंप ने लगभग 60 देशों को न्योता भेजा है। इसमें करीब 35 देश रजामंद हो चुके हैं। इसमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, कतर, जॉर्डन, इजरायल, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, वियतनाम, हंगरी, अर्जेंटीना, मोरक्को, अजरबैजान, आर्मेनिया, कोसोवो और पैराग्वे हैं।

यूरोपीय यूनियन अड़ा तो ट्रंप नरम

अमेरिका से व्यापार वार्ता पर ईयू की सख्ती के बाद डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ थोपने के फैसले से पलट गए। ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर कब्जे का विरोध करने वाले यूरोपीय देशों (ईयू) पर एक फरवरी से 10 फीसदी टैरिफ वसूलने की घोषणा की थी। इसके विरोध में ईयू देशों ने व्यापार वार्ता की प्रक्रिया रोक दी थी। स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक से इतर गुरुवार को ट्रंप ने नाटो के महासचिव मार्क रूट्टे के साथ बातचीत के बाद यह ऐलान किया। ट्रंप ने कहा, ग्रीनलैंड को लेकर भविष्य के समझौते की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। यह समझौता न केवल ग्रीनलैंड, बल्कि पूरे आर्कटिक क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौते के विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए हैं।

15 नक्सलियों को मार गिराने का दावा

चाईबासा और रांची से प्रभात खबर ने बताया है कि सारंडा जंगल में गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे हुई भीषण मुठभेड़ में 2.35 करोड़ के इनामी अनल सहित 15 नक्सली मारे गये. मुठभेड़ का सिलसिला सुबह से शाम तक जारी रहा. पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ यह कार्रवाई ऑपरेशन मेघाबुरू के तहत की. यह मुठभेड़ पश्चिम सिंहभूम के सांरडा इलाके में छोटानागरा और किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित कुमडी व बहादा जंगल में हुई. गुरुवार को सटीक सूचना मिलने पर 1000 की तादाद में सुरक्षाबलों ने अनल दस्ते के 20 नक्सलियों की चौतरफा घेराबंदी की. जिसके बाद हुई भीषण मुठभेड़ में अनल सहित 15 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया. ऑपरेशन में 209 कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे. प्रारंभिक जांच में 15 में से 14 नक्सलियों की शिनाख्त हो पायी है. सुरक्षाबलों का सर्च अभियान जारी है. यह जानकारी गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में आइजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, झारखंड पुलिस के आइजी अभियान माइकल राज एस और एसटीएफ आइजी अनूप बिरथरे ने दी.

गया के 6 मजदूरों की मौत

जागरण ने छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले की निपनिया तहसील के ग्राम बकुलाही स्थित रियल स्टील संयंत्र में गुरुवार सुबह 10 बजे डस्ट सेटलिंग चैंबर के फटने से हुई दुर्घटना में छह श्रमिकों की मौत की खबर दी है। गर्म राख और डस्ट से ये मजदूर बुरी तरह जल गए थे। सभी मृतक बिहार के गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के निवासी थे। बिहार व झारखंड के पांच अन्य गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों को बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी संयंत्र पहुंचे और राहत व बचाव कार्य की देखरेख की। कलेक्टर ने बताया कि डस्ट सेटलिंग चैंबर का तापमान बहुत ज्यादा होता है जिस राख लीक होकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई। इस हादसे में जान गंवाने वाले वाले श्रवण कुमार, राजदेव कुमार, जितेंद्र भुइयां, बद्री भुइयां विनय भुइयांभ और सुंदर भुइयां डुमरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

भोजशाला में एक ही दिन नमाज और पूजा की इजाजत

जागरण ने नई दिल्ली से खबर है कि मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला में शुक्रवार को वसंत पंचमी पर हिंदू पूजा करेंगे और मुस्लिम जुमे की नमाज पढ़ेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू मुस्लिम दोनों समुदायों को अपनी परंपरा के मुताबिक पूजा और नमाज की इजाजत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने हिंदुओं को वसंत पंचमी (23 जनवरी) पर परंपरा के मुताबिक सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजों की अनुमति दी है और मुसलमानों को भी उसी परिसर में एक बजे से तीन बजे तक नमाज की इजाजत होगी। कोर्ट ने दोनों समुदायों से आपसी सम्मान और सहयोग की अपील करते हुए जिला प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का निर्देश दिया है।

तेजस्वी की सुरक्षा घटाई गई

प्रभात खबर के अनुसार बिहार और केंद्र सरकार की संयुक्त समीक्षा के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव की सुरक्षा श्रेणी घटा दी गयी है. पहले उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, जिसे अब वाइ प्लस श्रेणी में परिवर्तित करने के आदेश दिये गये हैं. यह निर्णय हालिया खतरे के आकलन और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के आधार पर लिया गया है. भारतीय जनता पार्टी के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गयी है. उन्हें यह सुरक्षा पूरे देश में मिलेगी. नितिन नवीन की सुरक्षा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमांडो तैनात होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू सांसद व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और भाजपा नेता एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की सुरक्षा बढ़ाते हुए जेड श्रेणी की गई। राजद नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, कांग्रेस विधान पार्षद मदन मोहन झा की सुरक्षा वापस ले ली गई है।

कुछ और सुर्खियां:

  • जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मिशन पर जा रही सेना की बुलेट प्रूफ गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिरी, हादसे में 10 जवान की जान गई
  • पुलिस का दावा, पटना के मसौढ़ी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी परमानंद यादव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
  • बांग्लादेश नाम टी 20 वर्ल्ड कप क्रिकेट में खेलने के लिए भारत आने से साफ इनकार किया
  • बिहार में अब डायल 112 के ड्राइवर की सेवा 1 साल के लिए बढ़ाई गई, तनख्वाह ₹30000 की गई

अनछपी: बिहार और भारत सरकार करप्शन को काबू करने का दावा करती है और बिहार में डबल इंजन सरकार होने के नाते इसके लिए उसकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है लेकिन आए दिन घूसखोरी की खबरें आती रहती हैं। ताजा मामले में रेलवे कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में घूसखोरी के एक बड़े नेटवर्क का पता चलने की बात सीबीआई ने की है और पटना समेत 11 जगहों पर एक साथ छापेमारी कर एक प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी के चार सीनियर अधिकारियों को घुस देने के लिए रखी गई रकम के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस कार्रवाई के दौरान जहां रिश्वत के लिए रखे गए ₹800000 जब्त किए गए वहीं अब तक 45 लाख कैश, ज्वेलरी की खरीद से जुड़े कागजात और प्रॉपर्टी के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सीबीआई ने संकेत दिया है कि यह मामला रेलवे कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़े बिल भुगतान, फाइल मूवमेंट और प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले एक संगठित सिस्टम की ओर इशारा करता है। यह मामला गया से डेहरी ऑन सोन के बीच चल रहे रेलवे लाइन कंस्ट्रक्शन काम में ठेके से जुड़ा हो सकता है। यानी रेलवे के काम में ठेकेदारों की यह मजबूरी हो गई है कि वह अपना बिल पास करने के लिए अधिकारियों को घूस दें। यह कोई एक दिन की बात नहीं बल्कि लंबे वक्त से ऐसा ही चलते आ रहा है। सीबीआई के लिए यह काम आसान नहीं होगा कि वह जब्त रुपयों के बारे में यह सबूत दे कि वह घूसखोरी के लिए ही थे। इतना जरूर है कि सरकार का घूसखोरी कंट्रोल करने का दावा नाकाम है। वैसे सरकार में शामिल पार्टी के लोग यह कह सकते हैं की कार्रवाई हो रही है लेकिन आम लोगों की समझ यह है कि कुछ लोगों पर कार्रवाई तो होती है लेकिन 90% से अधिक लोग घूसखोरी के बावजूद बच जाते हैं। एक सवाल यह भी है कि जब घूसखोरी के बिना बिल पास होगा ही नहीं तो ठेका लेने वाले के पास क्या उपाय है? सरकार कह सकती है कि इसके लिए शिकायत करें लेकिन उसमें भी बहुत खतरे हैं और अक्सर उस पर कार्रवाई नहीं होती है।

 

 184 total views

Share Now