छ्पी-अनछपी: ईरान की सड़कों पर आग ही आग, नीतीश के बेटे की पॉलिटिकल लॉन्चिंग
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। इसराइल ने तेहरान और आसपास के क्षेत्रों में पांच तेल ठिकानों को निशाना बनाया जिससे पूरा इलाका काले धुंए से ढंक गया। जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की पॉलिटिकल लांचिंग हो गई। भारत ने टी 20 वर्ल्ड कप जीत लिया है। बिहार में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती अब रिटन एग्जाम और इंटरव्यू से होगी।
पहली ख़बर
हिन्दुस्तान ने ख़बर दी है कि इसराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान और आसपास के क्षेत्रों में पांच तेल ठिकानों को निशाना बनाया। धमाकों के बाद तेल शहर की नालियों, पाइपलाइनों में प्रवेश कर गया और उसने आग पकड़ ली। ऐसा लग रहा था जैसे सड़कों के किनारे आग की नदी बह रही हो। वहीं, आसमान में हर तरफ धुएं का गुबार नजर आया। ‘नेशनल ईरानियन ऑयल प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी’ के सीईओ करामत वेस्करामी ने बताया कि चार तेल डिपो और एक पेट्रोलियम उत्पादन परिवहन केंद्र पर हवाई हमले किए गए। इन हमलों में दो टैंकर चालकों समेत छह लोग मारे गए। हमले के बाद पूरी रात तेल डिपो में आग से स्याह धुएं के गुबार उठते रहे, जिसने पूरे इलाके के आसमान को ढक दिया। रविवार सुबह से दोपहर तक भी शहर में अंधेरा छाया रहा। ईरानी पर्यावरण अधिकारियों ने लोगों से मास्क लगाने और घरों में ही रहने की अपील की है।
ईरान का अमेरिकी के थाड नेटवर्क पर ज़बर्दस्त हमला
जागरण के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने उस समय एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया जब ईरान ने अमेरिका निर्मित टर्मिनल हाइ एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (थाड) नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया। ताजा रिपोटों के अनुसार, ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों ने न केवल इसरायल के सुरक्षा घेरे को तोड़ा, बल्कि जार्डन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में तैनात महत्वपूर्ण रडार प्रणालियों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्ल्स (आइआरजीसी) ने एक्स पोस्ट में दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों में पश्चिम एशिया क्षेत्र में अमेरिका के चार ‘थाङ’ रडार सिस्टम नष्ट कर दिए हैं। नष्ट किए गए ‘धाड’ सिस्टम, जो दुनिया की सबसे महंगी वायु रक्षा प्रणाली हैं, अल रहाबा (अबू धाबी), अल रुवैस (कतर), अल खर्ज (सऊदी अरब) और अल अजराक (सऊदी अरब) में स्थित थे।
ईरान ने चुना नया सुप्रीम लीडर
पश्चिम एशिया में छिड़े भीषण महासंग्राम के बीच ईरान में नए सुप्रीम लीडर बनाने के नाम पर सहमति बन गई है। अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है हालांकि कुछ स्रोतों ने मुज्तबा काम नहीं का नाम लिया है। सुप्रीम लीडर चुने जाने की खबरों के बीच इजराइल ने कहा है कि खामेनेई के हर हर संभावित उत्तराधिकारी को निशाना बनाया जाएगा। उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में होने वाली बैठकों में शामिल लोग भी निशाने पर होंगे। इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान के आकाश पर लगभग हमारा कब्जा हो गया है।
नीतीश के बेटे की पॉलिटिकल लॉन्चिंग
आखिरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की पॉलिटिकल लांचिंग हो गई। रविवार को वे जदयू के मेंबर बने। पार्टी में ऐसी धाकड़ इंट्री अब तक किसी की नहीं हुई थी। लंबा-चौड़ा काफिला, हाथी, घोड़ा, ऊंट, बैंड बाजा, जेसीबी से फूलों की बारिश, जयकारा, उड़ते रंग-गुलाल, पार्टी ने निशांत की इंट्री को “युवा सोच, मजबूत संकल्प के रूप में प्रचारित किया। कहा-सार्थक बदलाव की बयार बहेगी। यह ऐतिहासिक और नया सूर्योदय मेंबरी के वक्त सिवाय नीतीश के तमाम बड़े मौजूद थे। निशांत बाद में नीतीश से मिले। उन्हें मिठाई और प्रसाद खिलाया। जदयू ने निशांत को “हीरो” के रूप में पेश किया। उनके बारे में कहा-निशांत जनसेवा के कर्तव्य पथ पर उतर पड़े। हमें एक बुलंद युवा सोच मिला। लंबे अरसे से कार्यकर्ताओं की मांग थी कि वह पार्टी ज्वाइन करें।
भारत ने जीता टी 20 वर्ल्ड कप
प्रभात ख़बर के अनुसार आखिरी मैच में फॉर्म में लौटे अभिषेक शर्मा और लगातार ‘मैन विनर’ साबित हो रहे संजू सैमसन के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा कर इतिहास रच दिया है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाये थे. न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गयी. भारत की ओर से बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके. भारत घरेलू मैदान पर टी-20 विश्व कप खिताब जीतने वाला पहला देश बना. वहीं लगातार दो बार और कुल तीन बार खिताब जीतनेवाला भी पहला देश बन गया है. इसके पहले पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझते रहे अभिषेक ने 21 गेंद में 52 रन बनाये, सैमसन ने 46 गेंद में 89 रन की पारी खेली, यह लंबे समय तक याद रहेगा.
असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती लिखित परीक्षा से
जागरण के अनुसार बिहार के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों (असिस्टेंट प्रोफेसर) की नियुक्ति अब लिखित परीक्षा के आधार पर होगी। यह परीक्षा 160 अंकों की होगी। जबकि, 40 अंकों का साक्षात्कार होगा। राज्यपाल व कुलाधिपति के आदेश से नए कानून का ड्राफ्ट तैयार हो गया है और इस पर बिहार लोक भवन सचिवालय ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से सुझाव मांगा है। इससे संबंधित दिशा-निर्देश कुलपतियों को जारी किया गया है। राज्यपाल के प्रधान सचिव राबर्ट एल. चोंग्यू ने अपने निर्देश में कहा है कि 11 मार्च तक आवश्यक सुझाव देने को कहा है। ड्राफ्ट पर राज्य सरकार से भी सुझाव मांगा गया है।
नेपाल में बालेन शाह की पार्टी की बंपर जीत
हिन्दुस्तान के अनुसार नेपाल चुनाव में जेनजी नेता बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने सारे समीकरण बदलते हुए 165 सीटों में से 124 सीटें अपने नाम कर लीं। मतगणना रविवार रात तक जारी थी। आयोग ने 161 सीटों के नतीजे घोषित किए, जबकि चार के परिणाम अभी आने बाकी हैं। आरएसपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन शाह ने झापा-5 सीट से चार बार के प्रधानमंत्री रहे केपी शर्मा ओली मो 50000 वोटों के अंतर से हराया। वह हिमालयी देश के पहले मधेसी और देश के संसदीय इतिहास में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री भी होंगे। आरएसपी ने काठमांडू घाटी के तीन जिलों के सभी 15 क्षेत्रों में क्लीन स्वीप किया है।
कुछ और सुर्खियां:
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ आज हो सकती है अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा
- सीबीआई ने अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड पर 1085 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज किया
- पटना समेत बिहार के 32 जिलों में आज आंधी बारिश के आसार
- बिहार पुलिस 24.50 करोड़ से 50 ड्रोन खरीदगी
अनछपी: अमेरिका और इसराइल का हमला चाहे ईरान पर हो या खाड़ी के किसी और देश पर भारत में बहुत से लोग यह समझते हैं कि इसका असर तेल या गैस पर पड़ेगा लेकिन सच्चाई यह है कि यह केवल इसी बात तक सीमित नहीं है। यह समझना मुश्किल नहीं है कि जंग से सिर्फ खाड़ी क्षेत्र से आने वाले प्रोडक्ट पर ही नहीं बल्कि खाड़ी क्षेत्र में जो सामान भेजा जाता है उस पर भी बहुत बुरा असर पड़ता है। यह और बात है कि इसकी चर्चा कम होती है। भारत से बड़े पैमाने पर ईरान और खाड़ी के दूसरे देशों को चावल, गोश्त, फल, सब्जी, डेरी आइटम, मछली और बिस्किट व ब्रेड वगैरा भेजे जाते हैं। इसके अलावा नारियल, केला, मसाला और दूसरे सामान भी वहां भेजे जाते हैं। बिहार से भेजे जाने वाला मखाना भी इसमें शामिल है हालांकि बाकी सामान गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों से निर्यात किया जाता है। इन राज्यों से खाड़ी के देशों में हर साल 12 अरब डॉलर से ज्यादा का सामान भेजा जाता है। इससे भारत के निर्यातकों के अलावा खाड़ी के उपभोक्ताओं को भी आसानी होती है क्योंकि यूरोप और अमेरिका के मुकाबले नजदीक होने के वजह से लागत कम आती है। अमेरिका और इसराइल के हमले के बाद ऐसे प्रोडक्ट्स या तो रास्ते में फंसे हुए हैं या उन्हें भेजना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। यह भी बताया गया कि दक्षिण भारत के बंदरगाहों से ऐसा सामान वापस लौटया जा रहा है। ऐसे में यह समझा जा सकता है कि इस जंग से केवल ईरान के लोग परेशान नहीं हो रहे बल्कि भारत समेत दुनिया भर के कई देशों के लोगों इससे परेशानी महसूस कर रहे हैं। इसलिए भारत और दूसरे देशों को भी यह सोचना होगा कि दुनिया को इस जंग में झोंकने वाले नेताओं से कैसे निपटा जाए।
246 total views
