छ्पी-अनछपी: जहाज पर हमले में दो भारतीयों की मौत, राजद को समर्थन पर ओवैसी फैसला लेंगे
बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार को समर्थन देने पर अंतिम निर्णय एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी लेंगे। सरकार के दावों के बावजूद घरेलू रसोई गैस के लिए हंगामा जारी है।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इस्राइल युद्ध की आंच अब भारत पर भी आने लगी है. बुधवार को विदेश मंत्रालय ने पुष्टि करते हुए बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य भारतीय अभी भी लापता है. इसके अलावा खाड़ी क्षेत्र में हुए विभिन्न हमलों में कई अन्य भारतीय घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है. यह हमला थाइलैंड के मालवाहक जहाज ‘मयूरी नारी’ पर हुआ, जो भारत के कांडला बंदरगाह (गुजरात) आ रहा था. ओमान के तट के पास इस जहाज पर मिसाइल से हमला किया गया, जिससे पोत में भीषण आग लग गई. यह हमला किसकी ओर से किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. ओमान की नौसेना ने जहाज पर सवार 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, लेकिन भारतीय क्रू सदस्यों की जान नहीं बचायी जा सकी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में रहने वाले करीब एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
हमारी मंज़ूरी के बिना कैसे आए: ईरान
भास्कर के अनुसार ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी जहाजों को अब ईरान की मंजूरी लेनी होगी। उन्होंने दावा किया कि चेतावनी न मानने पर लाइबेरियाई झंडे वाले ‘एक्सप्रेस रोम’ और ‘मयूरी नारी’ को निशाना बनाया गया। बता दें कि 20% वैश्विक तेल आपूर्ति का होर्मुज स्ट्रेट से गुजरता है।
ईरानी स्कूल पर हमले के लिए अमेरिका ही जिम्मेदार
ईरान के मीनाब शहर के स्कूल पर 28 फरवरी को हुए मिसाइल हमले की शुरुआती जांच में अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया गया है। अमेरिकी सैन्य जांच के अनुसार, पुराने टार्गेटिंग डेटा के इस्तेमाल से स्कूल की गलत पहचान हो गई। हमले में टॉमहॉक मिसाइल से स्कूल की इमारत को निशाना बनाया गया। उस समय अमेरिकी सेना पास के एक ईरानी सैन्य बेस पर हमला कर रही थी, जो पहले उसी परिसर का हिस्सा रहा था। जांच में सामने आया कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रक्षा खुफिया एजेंसी के पुराने डेटा के आधार पर कोऑर्डिनेट्स तय किए थे, जिससे स्कूल को सैन्य ठिकाना समझ लिया गया। ईरान के अनुसार हमले में कम से कम 175 लोग, ज्यादातर बच्चे, मारे गए। जांच जारी है।
इटली की प्रधानमंत्री ने ईरान पर हमले को ग़ैर क़ानूनी बताया
जागरण के अनुसार इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने कहा कि अमेरिका-इसरायली हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हैं। ईरानी शासन के खिलाफ अमेरिकी और इसरायली हस्तक्षेप को व्यापक संकट का हिस्सा समझा जाना चाहिए। इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने बुधवार को इटली की संसद में एक संबोधन में एक व्यापक अंतरराष्ट्रीय संकट का वर्णन किया ‘जिसमें खतरे तेजी से भयानक होते जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून की सीमाओं के बाहर एकतरफा हस्तक्षेप बढ़ रहे हैं। उन्होंने इसे खतरनाक प्रवृत्ति का हिस्सा बताते हुए कहा कि रोम उन खाड़ी देशों को वायु रक्षा संसाधन प्रदान कर रहा है, जो तेहरान के हमलों से प्रभावित हुए हैं। उनकी टिप्पणियां संसद में विपक्ष द्वारा बार-बार आरोप लगाने के बाद आईं कि उनकी दक्षिणपंथी सरकार अपने सहयोगियों के प्रति बहुत नरम रही है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से सेंसेक्स धड़ाम
जागरण के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को एक दिन की राहत के बाद करीब दो प्रतिशत नीचे बंद हुए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,342.27 अंक या 1.72 प्रतिशत गिरकर 76,863.71 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 1,446.72 अंक या 1.84 प्रतिशत गिरकर 76,759.26 पर आ गया था। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 394.75 अंक या 1.63 प्रतिशत गिरकर 23,866.85 पर बंद हुआ। कारोबारियों ने बताया कि विदेशी फंडों का लगातार बाहर जाना और ब्लूचिप बैंक शेयरों में बिकवाली से भी बाजार पर दबाव बढ़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण में 5,14,063.2 करोड़ रुपये की गिरावट आई, जिससे यह 4.81 ट्रिलियन डालर रह गया।
राजद उम्मीदवार को समर्थन पर फैसला ओवैसी लेंगे
हिन्दुस्तान के अनुसार राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार को समर्थन देने पर अंतिम निर्णय एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी लेंगे। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ बुधवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान की एक घंटे तक चली मुलाकात के बाद भी समर्थन के मुद्दे पर कोई फैसला नहीं हो सका। हालांकि ईमान ने कहा कि बातचीत काफी सकारात्मक रही। हमने कई मुद्दों पर विस्तार से बात की। मगर फैसला केन्द्रीय नेतृत्व ही करेगा। इसके पहले अख्तरूल ईमान बुधवार को तेजस्वी यादव के आमंत्रण पर उनके सरकारी आवास एक पोलो रोड पहुंचे। यदि एआईआमआईएम राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार को समर्थन का फैसला करता है तो फिर उसकी राह काफी आसान हो जाएगी। इस समर्थन के बाद राजद के पास 40 विधायकों का समर्थन हो जाएगा। यह जीत के जादुई आंकड़े 41 से महज एक कम होगा। महागठबंधन के पास 35 जबकि एआईआमआईएम के पास पांच विधायक हैं। इस प्रकार राजद को केवल बसपा के एकमात्र विधायक का समर्थन लेना होगा।
घरेलू रसोई गैस के लिए हंगामा जारी
राज्य में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति इन दिनों दबाव में है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी में देरी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है. ऐसे में गैस सिलिंडर के लिए लाइन लंबी होती जा रही है. कई जगहों पर इसे लेकर हंगामा होने की भी खबर है. इधर, गैस एजेंसियों के अनुसार बुकिंग का बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है और पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने से स्थिति और जटिल हो सकती है.
घबराएं नहीं: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों से अपील कि वे पश्चिम एशिया में जंग के कारण रसोई गैस आपूर्ति में आई बाधा के मद्देनजर अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। उन्होंने कहा कि केवल सत्यापित जानकारी का ही प्रसार होना चाहिए। प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी देशभर में होटल उद्योग को प्रभावित करने वाली कामर्शियल गैस (एलपीजी) की कमी और इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना के साथ-साथ आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की संभावित किल्लत या कीमतों में उछाल की आशंकाओं के बीच आई है।
कुछ और सुर्खियां:
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पास नहीं हुआ, राहुल बोले- बोलने नहीं देते
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज से अमेरिका में तेल रिफाइनरी लगाने का 300 अरब डॉलर की डील की
- बिहार के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अतः हसनैन 14 मार्च को पदभार संभालेंगे
- थाईलैंड के फुकेट हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के अगले पहिए लैंडिंग के समय टूटे
- आज से राजगीर में तीन दिवसीय नालंदा अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव
अनछपी: इस दुनिया में इंसान की ज़िंदगी और मौत के साथ सायंस और कुदरत में एक लुकाछुपी का खेल पता नहीं कब से चल रहा है जिसकी एक मिसाल आज के अखबारों में छपी दो खबरें हैं। पहली कहानी 13 साल से स्थाई वेजिटेटिव अवस्था यानी बेहोशी में चल रहे गाजियाबाद के 32 साल के हरीश राणा की है जिन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा जा रहा था। अब सुप्रीम कोर्ट ने उनके लाइफ सपोर्ट को हटाने की मंजूरी दे दी है जिसका मतलब पहली बार भारत में पैसिव यूथेनिशिया यानी इच्छा मृत्यु की इजाजत देना है। हरीश मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे और चौथी मंजिल से गिरकर घायल हो गए थे। इनके इलाज में पिता को घर बेचना पड़ा और अब वह सैंडविच बेच रहे हैं। हम आमतौर पर इस हाल को कोमा में रहना कहते हैं और परिवार के लिए इस पर फैसला लेना बहुत मुश्किल होता है कि अगर कोई 13 साल तक कोमा में रहे तो उसका क्या किया जाए। दूसरी खबर उत्तराखंड के पीलीभीत से है जिसे आसानी से मानने के लिए शायद ही कोई तैयार हो लेकिन इस खबर में कहा गया है कि ब्रेन डेड बता कर अस्पताल से घर ले जाई जा रही एक महिला को उस वक्त होश आ गया जब रास्ते में एंबुलेंस को तेज झटके लगे। पीलीभीत के रहने वाले कुलदीप शुक्ला की 50 साल की पत्नी विनीता ने 22 फरवरी को बीपी की दवा ली थी जिसके बाद वह बेसुध हो गईं। अस्पतालों में चक्कर लगाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड कहकर घर ले जाने की सलाह दी। यानी एक ऐसी हालत में इंसान का चले जाना जहां से जिंदा होना मुमकिन न लगे, उस बारे में सायंस चाहे जो कहे कुदरत का फैसला कुछ और होता है। लेकिन अगर कुदरत के फैसले में बहुत ज़्यादा देरी हो तो फिर सायंस के सहारे अपना फैसला करना पड़ता है।
6 total views
