बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पेपर लीक होने की चर्चा के बाद बीपीएससी ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) और सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा रद्द कर दी है। पटना के लालबाग में शनिवार सुबह भतीजी से छेड़खानी के विरोध पर युवक ने दंपती को चाकू से रेत डाला जिससे मोहम्मद नवाज आलम (30) की मौके पर मौत हो गई।
और, जब फोन पर अचानक आए कर्कश अलर्ट से घबराए करोड़ों लोग।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार बीपीएससी ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) और सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा रद्द कर दी है। एईडीओ की परीक्षा 14 से 21 अप्रैल के बीच और अपशिष्ट प्रबंधन की परीक्षा 24 अप्रैल को ली गई थी। आयोग भले ही प्रश्नपत्र लीक होने या वायरल होने की बात से इनकार कर रहा है। लेकिन पुलिस मुख्यालय की एसआईटी जांच में धांधली का चौंकाने वाला सच सामने आ चुका है। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन माफियाओं ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास बुलाकर सुबह 7 बजे ही आंसर-की थमा दी थी। माफियाओं ने पास कराने के लिए 30 से 35 लाख रुपए प्रति अभ्यर्थी की डील की थी। इस पूरे नेक्सस में बायोमेट्रिक हाजिरी बनाने वाली जयपुर की कंपनी ‘साईं एडुकेयर’ की सबसे बड़ी और संदिग्ध भूमिका रही है। आयोग ने बायोमेट्रिक का ठेका इसी कंपनी को दिया था। लेकिन परीक्षा केंद्रों पर कंपनी के असली कर्मचारियों की जगह माफिया के लड़के टैब लेकर बैठे हुए थे। दैनिक भास्कर ने इस धांधली का प्रमुखता से उजागर किया था। मामले में 7 जिलों में 12 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। एसआईटी ने अब तक 38 आरोपियों को रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है। इस पूछताछ अभ्यर्थियों और बायोमेट्रिक कर्मियों ने धांधली की बात स्वीकार कर ली है। एसके पुरी थाना में दर्ज केस भी अब एसआईटी ने टेकओवर कर लिया है।
बीपीएससी ने क्या कहा
बीपीएससी ने कहा कि 32 अभ्यर्थियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रश्नपत्र लीक होने या वायरल होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। मेधावी अभ्यर्थियों के हित में और पारदर्शिता के लिए हम दोनों परीक्षाओं को रद्द करते हैं। बीपीएससी ने कहा कि साईं एडुकेयर पर लगे आरोपों की पुष्टि होती है और हम उसे ब्लैकलिस्ट करते हैं। उसकी बैंक गारंटी जब्त कर ली गई है।
छेड़खानी का विरोध किया तो घर में घुसकर गला रेत मार डाला
हिन्दुस्तान के अनुसार अशोक राजपथ स्थित डबल डेकर पुल के पिलर संख्या 60 के पास लालबाग में शनिवार सुबह भतीजी से छेड़खानी के विरोध पर युवक ने दंपती को चाकू से रेत डाला। मोहम्मद नवाज आलम (30) की मौके पर मौत हो गई। पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं। विरोध में लोगों ने शनिवार की शाम शव संग अशोक राजपथ को जामकर हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि हमलावर ने नवाज के सीने और गर्दन पर कई जगहों पर वार किया। नाजिया की गर्दन के पिछले हिस्से को रेत दिया है। वह पीएमसीएच में भर्ती है। आरोपित ने दंपती की दो वर्षीय बच्ची पर भी हमले की कोशिश की। मृतक के बड़े भाई सद्दू ने बताया कि युवक सत्यम उनकी 12वीं में पढ़ने वाली बेटी के साथ तीन माह से स्कूल व कोचिंग आते-जाते छेड़खानी करता था। इससे वह परेशान थी। विरोध करने पर घर की बालकनी में पत्थर भी फेंक रहा था। शुक्रवार को मेरे भाई ने आरोपित को डांटा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया।
पश्चिम बंगाल चुनाव में सुप्रीम कोर्ट का एक और निराशाजनक फैसला
जागरण के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल में मतगणना के दौरान केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तैनाती को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस की याचिका पर कोई निर्देश देने से इन्कार कर दिया। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जजेोयमाल्या बागची की विशेष पीठ ने कहा कि चार मई को मतों की गिनती के दौरान केंद्र सरकार और राज्य सरकार के कर्मचारियों की तैनाती का चुनाव आयोग का सर्कुलर कानून के खिलाफ नहीं है। चुनाव आयोग को इसका अधिकार है कि वह किस समूह से मतगणना कर्मियों की नियुक्ति करता है। बंगाल में मतगणना के दौरान केंद्रीय कर्मियों की तैनाती के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
फोन पर अचानक आए कर्कश अलर्ट से घबराए करोड़ों लोग
देशभर में शनिवार को करोड़ों मोबाइल फोन पर अचानक आए आपातकालीन अलर्ट ने लोगों को चौंका दिया। मोबाइल पर एक साथ तेज आवाज गूंजी तो लोग असमंजस में पड़ गए कि आखिर हुआ क्य। जैसे ही फोन चेक किए, तो स्क्रीन पर बेहद गंभीर अलर्ट शब्दों से शुरू होने वाला एक संदेश फ्लैश हुआ। सरकार ने आपदा सूचना प्रणाली का परीक्षण किया। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ लॉन्च किए जाने के बाद लोगों के मोबाइल फोन पर संदेश भेजे गए। जिनके फोन साइलेंट या डू नॉट डिस्टर्ब मोड पर थे, उनमें भी यह सायरन बजा। स्क्रीन पर हिंदी और अंग्रेजी में संदेश आया कि यह एक परीक्षण है।
कुछ और सुर्खियां:
- टीएमसी के उम्मीदवार मोहम्मद जहांगीर के चुनाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर चुनाव आयोग ने रद्द किया मतदान, अब दोबारा 21 मई को होगी वोटिंग
- छत्तीसगढ़ के कांकेर में आईईडी डिफ्यूज करते वक्त हुआ ब्लास्ट, तीन जवानों की मौत
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली गए, कैबिनेट विस्तार की अटकालीन तेज
- पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पता बदला, 7 सर्कुलर रोड में हुए शिफ्ट
- प्रसिद्ध गीतकार और लेखक प्रसून जोशी को भारत के पब्लिक ब्रॉडकास्टर प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया गया
अनछपी: आज संडे है और छुट्टी का दिन लेकिन देश भर के मेडिकल कॉलेज के छात्र आज छुट्टी पर नहीं रहेंगे, आज उनके लिए क्लास में हाज़िरी को जरूरी करार दिया गया है। इसकी वजह यह है कि मेडिकल कॉलेज में दाखिले का इम्तिहान “नीट यूजी” आज हो रहा है और पहले से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र इम्तिहान के दौरान नकल कराने में न लग जाएं, या खुद दूसरे की जगह इम्तिहान देने के लिए बैठ ना जाएं, इसे रोकने के लिए उनकी क्लास की हाजिरी आज जरूरी कर दी गई है। वैसे तो उनकी क्लास की हाजिरी 2 मई को भी जरूरी थी लेकिन यह कहा गया था कि अगर कोई बहुत जरूरी काम के लिए एप्लीकेशन देता है तो उसे दो और 3 मई को छुट्टी दी जा सकती है। ऐसे छात्रों को ही सॉल्वर गैंग बताया जाता है और वह इम्तिहानों में सेटिंग के लिए लाखों रुपए लेते हैं। लेकिन सवाल यह है कि जिन छात्र-छात्राओं को इम्तिहान देना होता है उनके लिए पहले से ही तरह-तरह की पाबंदियां हैं, उनकी गेट पर ही चेकिंग होती है तो इसके बावजूद इसकी नौबत क्यों आई कि सॉल्वर गैंग से बचने के लिए मेडिकल कॉलेज में छुट्टी के दिन भी क्लास लगाई गई? ऊपर से देखने पर यह लग सकता है कि यह बहुत अच्छी व्यवस्था है लेकिन दरअसल यह व्यवस्था हमें बताती है कि इम्तिहान लेने की असली व्यवस्था कितनी सड़ चुकी है। और यह सड़ांध यह है कि जिन लोगों को परीक्षा व्यवस्था में शामिल किया जाता है वही दरअसल सारे गोरखधंधे में शामिल हो जाते हैं। इस सड़ांध की एक मिसाल इन दिनों बिहार में देखने को मिल रही है जहां एमबीबीएस के छात्र अपनी क्लास की परीक्षा देने से इसलिए इनकार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें मोबाइल फोन और कॉपी किताब लेकर अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है जिससे वह नकल करने में नाकाम हो रहे थे। दरअसल यह हमारे देश की पॉलिटिक्स में आई सड़ांध का ही नतीजा है कि अब डॉक्टरी जैसे प्रोफेशन में भी इस तरह की घटिया हरकतें हो रही हैं।
200 total views