बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 10:00 बजे दिन तक चुनाव आयोग के आधिकारिक वेबसाइट पर 294 में से 18 सीटों पर बीजेपी जबकि सिर्फ 4 सीटों पर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही थी। बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बहुमंजिली इमारत या मकान बनाने के लिए नक्शा पास कराना ज़रूरी होगा। और, जानिएगा कि बीपीएससी के इम्तिहान के लिए एक-एक उम्मीदवार कितने लाख में हो रहा था सौदा।
पहली ख़बर
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के सोमवार को सुबह 10:00 तक आए रुझान में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में बढ़त बनाए हुई थी और बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार वह 144 सीटों पर जबकि तृणमूल कांग्रेस 130 सीटों पर आगे थी। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक असम की 126 सीटों में बीजेपी 39 पर और कांग्रेस पार्टी 11 पर आगे थी। केरल में कांग्रेस पार्टी ने सीपीएम पर बढ़त बना ली थी। वहां कांग्रेस को 47 और कम को 22 सीटों पर जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को 13 सीटों पर बढ़त हासिल थी। तमिलनाडु में सरकार चल रहे डीएमके को गहरा धक्का लगा है और वहां एडीएमके और टीवी के आगे चल रही है। एडीएमके को 23 और टीवीके को 20 सीटों पर बढ़त तहसील थी जबकि डीएमके को केवल 10 सीटों पर बढ़त मिली हुई थी। यह सभी आंकड़े दिन के 10:00 बजे तक के हैं।
एग्जिट पोल के अनुसार ही आ रहा पश्चिम बंगाल का नतीजा
पांच राज्यों/यूटी के विधानसभा चुनाव में कुल 17.4 करोड़ वोटर्स, 824 विधानसभा सीटों और 8,500 से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए सियासी सरगर्मी सोमवार को जारी रही। यूं तो बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुचेरी के नतीजे आने वाले थे, पर सबसे ज्यादा बेसब्री बंगाल व तमिलनाडु के नतीजों को लेकर था। एग्जिट पोल में बताया गया था कि तो बंगाल में पहली बार भाजपा को बहुमत मिल सकता है। वहीं, बंगाल की सियासी नब्ज बखूबी समझने वाले जानकार कह रहे थे कि इस बार यहां के वोटर्स ने जो ‘चुप्पी’ साध रखी है, उसे देखते हुए कुछ भी कहना मुश्किल है। उधर, तमिलनाडु में द्रमुक + अधिकांश एग्जिट पोल में अपनी जीत के दावों से उत्साहित थे। वहीं, यह भी कहा जा रहा था कि अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी बड़ा ‘सरप्राइज फैक्टर’ हो सकती है।
अब गांव में भी नक्शा पास कराना होगा
हिन्दुस्तान के अनुसार बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बहुमंजिली इमारत या मकान के निर्माण के पूर्व इसका नक्शा पास कराना अनिवार्य होगा। जल्द ही यह प्रावधान लागू हो सकता है। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए नियमावली का प्रारूप तैयार कर लिया है। इस पर विधि विभाग और उच्चस्तरीय कमेटी से मंजूरी ली जाएगी। नियमावली के प्रारूप को राज्य मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद विधानमंडल से पारित कराया जाएगा। शहरों से सटे ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में अपार्टमेंट निर्माण को देखते हुए यह तैयारी की जा रही है। नियमावली में रेरा (रियल एस्टेट विनिमय और विकास अधिनियम) की तर्ज पर प्राधिकार गठित करने का प्रावधान है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली बहुमंजिली इमारत के नक्शे को स्वीकृति देगा। यह बिल्डरों को परियोजना रजिस्टर करने (500 वर्गमीटर से अधिक) पर खरीदार की राशि का 70 फीसदी अलग खाते में रखने और समय पर कब्जा देने के लिए बाध्य करेगा। जमा कराए गए 70 फीसदी कोष का भी इस्तेमाल सिर्फ उसी परियोजना के निर्माण में किया जा सकेगा। खरीदारों को समय पर कब्जा नहीं देने की स्थिति या देरी होने पर उन्हें ब्याज सहित हर्जाना देना पड़ सकता है।
विक्रमशिला सेतु टूटा
भागलपुर से प्रभात खबर की खबर है कि विक्रमशिला सेतु चार और पांच नंबर पिलर के बीच का स्लैब गंगा में समा गया. यह घटना रात करीब 12.55 बजे के बाद की बतायी जा रही है. हालांकि एक्सपेंशन ज्वाइंट में गैप की सूचना 11 बजे के आसपास प्रशासन को किसी वाहन चालक ने फोन से दी थी. लोगों के बीच चर्चा है कि रात होने के कारण वाहन या कोई सवारी इसमें समा सकती थी. हालांकि किसी के भी नदी में गिरने की कोई सूचना नहीं है. जानकारी के अनुसार रविवार देर रात भागलपुर की ओर से जाने वाले नवगछिया जाने वाली पिलर संख्या चार और पांच के बीच शाम से ही गैप बढ़ता गया और रात 11 बजे के बाद वह स्पष्ट दिखा. इसके बाद रात 12.55 में पूरा भाग गंगा में समा गया. दोनों ओर का संपर्क कट गया है. विक्रमशिला सेतु भागलपुर (एनएच-80) और नवगछिया (एनएच-31) को जोड़ता है.
दिल्ली में एसी फटने से नौ की जान गई
हिन्दुस्तान के अनुसार दिल्ली स्थित शाहदरा जिले के विवेक विहार फेज-एक में रविवार तड़के बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। यहां चार मंजिला इमारत में दूसरी मंजिल पर लगे एसी में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इसमें एक बच्चे समेत नौ लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस और दमकल विभाग को रविवार तड़के करीब 3:45 बजे चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली। यहां 800 गज के प्लॉट में आगे और पीछे की ओर 400-400 गज के आठ फ्लैट बने हुए हैं। इनमें अलग-अलग आठ परिवार रहते हैं। आग दूसरी मंजिल के पीछे की ओर बने एक फ्लैट में एसी में हुए धमाके से शुरू हुई थी। दमकल और पुलिस के पहुंचने तक आग ने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के करीब छह फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की करीब 14 गाड़ियों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अभियान के दौरान डेढ़ वर्षीय बच्चे समेत नौ लोगों के शव बुरी तरह जले हालत में बरामद हुए। दमकल कर्मियों ने करीब 15 लोगों को बचा लिया।
ईरान और ट्रंप के बीच जंगी बहस जारी
प्रभात खबर के अनुसार पश्चिम एशिया में 28 फरवरी से शुरू हुआ संघर्ष फिलहाल युद्धविराम की छाया में जरूर है, लेकिन हालात अब भी बेहद नाजुक बने हुए हैं. पर्दे के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की कोशिशें जारी हैं, वहीं जमीनी स्तर पर सैन्य गतिविधियां और बयानबाजी तनाव को लगातार बढ़ा रही हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिये हैं कि वह ईरान के नये प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान की ओर से कोई गलत हरकत होती है, तो सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू हो सकती है. यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच संभावित समझौते को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज है. दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया है कि अमेरिका के पास अब केवल दो विकल्प बचे हैं, या तो ईरान के साथ समझौता करे या फिर युद्ध का रास्ता चुने.
बीपीएससी: एक-एक उम्मीदवार के लिए कितने लाख का सौदा
प्रभात खबर के अनुसार प्रश्नपत्र लीक और गड़बड़ी के कारण बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) प्रतियोगिता परीक्षा रद्द हो गयी है. सूत्रों के अनुसार, एईडीओ परीक्षा से जुड़े केसों की जांच कर रही पुलिस टीम को आशंका है कि ‘आंसर की’ पटना में ही किसी जगह पर तैयार की गयी. इनको टेलीग्राम चैनल व वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से किन-किन लोगों तक पहुंचाना था, यह भी खंगाला जा रहा है. मुंगेर सहित कई जिलों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से चोरी करते अभ्यर्थियों को भी पकड़ा गया. उनका संबंध भी आंसर की से जुड़ा बताया जा रहा है. जांच टीम को जानकारी मिली है कि सॉल्वरों ने ‘आंसर की’ उपलब्ध कराने के लिए अभ्यर्थियों से 20 से 25 लाख रुपये तक लिये थे. हालांकि, ईओयू और पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है.
कुछ और सुर्खियां:
- सिवान में भाजपा के पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे के हत्या का मुलजिम सोनू यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मारने का दावा किया
- रेवेन्यू डिपार्टमेंट के 47 अधिकारियों का सस्पेंशन खत्म, आज से काम करेंगे अंचल और राजस्व अधिकारी
- मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में खड़े ट्रक में घुसी कार, व्यवसाई समेत चार की मौत
- चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी गेट खोलने वाले मुसाफिर को गिरफ्तार किया गया
अनछपी: पटना के लाल बाग में रहने वाले मोहम्मद नवाज की हत्या के पीछे जो कारण सामने आया है वह दरअसल सांप्रदायिक सौहार्द के लिए बेहद खतरनाक है और इस बात की चेतावनी है की लड़कियों के लिए आने वाला दिन कितना मुश्किल भरा हो सकता है। बताया गया कि जिस लड़के ने गला रेत कर यह हत्या की वह मोहम्मद नवाज की भतीजी के साथ छेड़खानी करता था जिसका मोहम्मद नवाज विरोध करते थे। पहले उस लड़के का नाम बताया गया लेकिन अब पुलिस यह कह रही है कि वह नाबालिग़ है इसलिए उसका नाम हम यहां नहीं लिख रहे हैं लेकिन इस पर भी गहरा सवाल है कि क्या हत्या करने वाला वाकई नाबालिग़ है या उसे इसके बहाने बचाने की कोशिश की जा रही है। अगर वह हत्यारा नाबालिग़ था तो पहले दिन यह बात क्यों नहीं बताई गई? असल में किसी को नाबालिग़ बताने के पीछे यह रणनीति भी होती है कि उस पर हत्या के मामले में वैसी कार्रवाई न हो जैसी कि आमतौर पर होती है। बहरहाल हम पिछले कई वर्षों से यह देख रहे हैं कि हिंदुत्ववादी शक्तियां खुलेआम हिंदू युवाओं को मुस्लिम लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाने के लिए उकसा रहे हैं और खुलेआम इसकी घोषणाएं कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जब मामला उल्टा होता है तो यही तत्व लव जिहाद का फर्जी नारा लगाते हैं। इस मामले में भी यह जानने की जरूरत है कि क्या वह हत्यारा ऐसे ही हिंदूत्ववादी तत्वों से तो प्रेरित नहीं था। बिहार में चूंकि अब भाजपा की सरकार है इसलिए पुलिस से इसकी उम्मीद नहीं कि वह ऐसी किसी तफ्तीश करेगी लेकिन समाज में सौहार्द चाहने वालों को सजग रहना होगा।
84 total views