बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ममता बनर्जी ने चुनाव में लूट का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को बीजेपी का एजेंट और सीआरपीएफ को केंद्र की गुंडा वाहिनी बताया और कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। बिहार में कल मंत्रिमंडल का विस्तार होगा जिसके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। यूएई में एक रिफाइनरी पर हमले में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हो गए हैं।
और, अब 1, अणे मार्ग की जगह बिहार के मुख्यमंत्री के आवास का नाम होगा- लोक सेवक आवास।
पहली ख़बर
प्रभात ख़बर के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार और खुद अपनी सीट गंवाने के बाद ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एलान कर कहा कि वह लोकभवन जाकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी. उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि हमारी हार जनता के जनादेश से नहीं, बल्कि एक साजिश के तहत हुई है. मैं हारी नहीं हूं, मैं लोक भवन नहीं जाऊंगी. मुझे इस्तीफा क्यों देना चाहिए? हम हारे नहीं हैं. मतों की लूट हुई है. इस्तीफे का सवाल ही कहां उठता है ? भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए ममता बनर्जी ने इन चुनाव परिणामों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. आरोप लगाया कि भाजपा ने जनादेश की चोरी की है और लोकतंत्र की हत्या हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केंद्रीय सुरक्षा बलों का इस्तेमाल कर मतदाताओं और टीएमसी कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया और कई पोलिंग बूथों पर कब्जा किया. चुनाव आयोग बीजेपी का एजेंट बन गया है और सीआरपीएफ केंद्र की गुंडा वाहिनी है. बीजेपी ने काउंटिंग सेंटर को हैक कर लिया. ये बंगाल के लिए काला दिन है.
मैं अब आजाद पंछी: ममता
ममता बनर्जी ने आंदोलनकारी राजनीति में लौटने की घोषणा की. कहा कि जब तक कुर्सी पर थी, मैंने बहुत कुछ सहन किया. अब मैं एक एक आम इंसान हूं. मैं संघर्ष करने वाली हूं. अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, मैं आजाद पंछी हूं. कहीं से भी चुनाव लड़ सकती हूं. सड़कों पर रहूंगी. शेर की तरह लडूंगी. उन्होंने कहा कि हम फिर से उभरेंगे. उन्होंने कहा, मेरे साथ धक्का-मुक्की की गयी. मेरे पेट में लात मारी गयी. मेरे साथ बदसलूकी की गयी. हमारे उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ अत्याचार किया गया. उन्होंने बताया कि 10 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनायी गयी है, जिसमें पार्टी केपांच सांसद भी रहेंगे. कमी चुनाव के तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी.
भाजपा बोली- इस्तीफे से ममता का इनकार संविधान का अपमान
इधर भाजपा ने ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने को संविधान का अपमान बताया, भाजपा ने उन पर शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता हस्तांतरण की अवधारणा को कमजोर करने का आरोप लगाया. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक पोस्ट में आरोप लगाया कि बनर्जी संवैधानिक व्यवस्था को क्षतिग्रस्त करने का सुझाव दे रही हैं.
मंत्रिमंडल विस्तार के लिए कल मोदी और शाह पटना में
जागरण के अनुसार राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण भले ही सादगी से हुआ, गुरुवार को उनके मंत्रिमंडल का विस्तार भव्य समारोह में होगा। समारोह गांधी मैदान में हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहेंगे। राज्यपाल सैयद अता हसनैन मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया एवं पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा भी शामिल हुए। समारोह में प्लोजपा (रा) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवश्य सहित बिहार के अन्य केंद्रीय मंत्री और एनडीए के नेता पहुंचेंगे।
यूएई की रिफाइनरी पर हमला, मोदी ने की निंदा
हिन्दुस्तान के अनुसार पश्चिम एशिया में फिर से संघर्ष के हालात पैदा होने लगे हैं। ईरान ने यूएई के फजैराह में तेल संयंत्र पर ड्रोन से हमला किया, जिसमें तीन भारतीय नागरिक भी घायल हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा की तथा कहा कि नागरिकों एवं बुनियादी ढांचे पर हमले कतई स्वीकार्य नहीं हैं। विदेश मंत्रालय ने अलग से भी इस बारे में बयान जारी किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है।पीएम ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा कि संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की मैं कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।
208 नये डिग्री कालेजों में 6,656 असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती होंगे
जागरण के अनुसार बिहार में स्थापित किए जा रहे 208 नये डिग्री कालेजों में प्रधानाचार्य सहित 6,656 सहायक प्राध्यापकों एवं 2,496 कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। इन पदों का सृजन उच्च शिक्षा विभाग पूरा कर लिया है और सृजित पदों की स्वीकृति की जानकारी महालेखाकार को दी है। इस प्रकार अब डिग्री कालेजों में कुल 9,152 शिक्षक एवं कर्मचारियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने महालेखाकार को सृजित पदों की जानकारी दी है, जिसमें कहा गया है कि राज्य सरकार के सात निश्चय-तीन के अंतर्गत उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य निश्चय के तहत डिग्री कालेज रहित प्रत्येक प्रखंड में डिग्री महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री आवास का नाम- लोक सेवक आवास
हिन्दुस्तान के अनुसार मुख्यमंत्री आवास (एक, अणे मार्ग) का नाम अब लोक सेवक आवास हो गया है। मंगलवार की रात आदेश जारी होने के साथ ही परिवर्तित नाम प्रभावी भी हो गया है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि सभी आधिकारिक उद्देश्यों के लिए तत्काल प्रभाव से इसे लोक सेवक आवास, एक अणे मार्ग, पटना के रूप में नामित किया गया है। नीतीश कुमार के एक, अणे मार्ग छोड़ने के बाद यह आवास मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सीएम आवास के रूप में आवंटित कर दिया गया है। यह आवास पहले से ही मुख्यमंत्री आवास के रूप में कर्णांकित किया हुआ है। लिहाजा, यह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी आधिकारिक आवास होगा। गौर हो कि इसके पहले राजभवन का नाम लोक भवन किया जा चुका है।
कुछ और सुर्खियां:
- खगड़िया में बागमती नदी पर बन रहे पुल का ढांचा तेज आंधी में गिर गया
- सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 38 करने का प्रस्ताव मंजूर, पहले 34 पद थे स्वीकृत
- बीपीएससी की 72वीं सिविल सेवा परीक्षा में 1230 पदों पर होगी भर्ती, आवेदन कल से
- गोपालगंज में हथियार प्रदर्शन और अश्लील डांस के मामले में जदयू विधायक अनंत सिंह पर केस
- सुल्तानगंज और सोनपुर एयरपोर्ट के लिए 5000 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा
अनछपी: आपने पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट पर भाजपा की उम्मीदवार रत्ना देबनाथ की जीत के बारे में शायद सुना होगा। दरअसल रत्ना देबनाथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज परिसर में दुष्कर्म के बाद मार डाली गई युवा महिला डॉक्टर की मां हैं। अगस्त 2024 की उस शर्मनाक-दर्दनाक घटना को भारतीय जनता पार्टी ने अपने राजनीतिक एजेंडा के लिए इस्तेमाल किया और राजनीतिक विश्लेषक चर्चा करते हैं कि ममता बनर्जी को हराने में भाजपा का यह अभियान भी एक फैक्टर बना है। यह भी सही है कि उस आंदोलन में आम लोगों ने हिस्सा लिया था और पत्रकारों ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था। लेकिन क्या आपने इस खबर की चर्चा सुनी कि विजयवाड़ा से पटना जंक्शन पहुंची एक नाबालिग़ का अपहरण किया गया और उसके साथ गैंगरेप हुआ। आपने शायद गया में इसी तरह के गैंगरेप की हाल में हुई घटना सुनी होगी जब पीड़िता ट्रेन से उतरी और उसके साथ यह दरिंदगी की गई। यह इक्का-दुक्का घटनाएं नहीं बल्कि हाल के कुछ उदाहरण हैं और ऐसी घटनाएं हर दूसरे तीसरे दिन बिहार में होती रहती हैं। रेप के बाद मर्डर के मामले भी कम नहीं होते हैं। उत्तर प्रदेश के हाथरस के अलावा और कई जगहों पर इस तरह रेप-मर्डर की घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन कभी आपने सुना कि किसी रेप विक्टिम या सर्वाइवर की मां या किसी और रिश्तेदार ने राजनीतिक पार्टी का टिकट लेकर चुनाव में जीत हासिल की हो? यह कहना थोड़ा असंवेदनशील लग सकता है लेकिन इस मामले में भारतीय जनता पार्टी पर यह आरोप लगा सकता है कि उसने एक रेप विक्टिम की मां को राजनीतिक मोहरा बनाया। अब इस सवाल पर गौर कीजिए कि आखिर रेप का एक मामला कोलकाता में कैसे किसी पार्टी की जीत की वजह बन जाता है और वही मामला बिहार और यूपी में कोई खास असर नहीं डालता। क्या इसकी वजह यह है कि दूसरे राजनीतिक दल ऐसे संवेदनशील मामले का राजनीतिक दोहन करने से बचते हैं? क्या इसकी वजह यह भी है कि मीडिया किसी खास जगह पर रेप के मामले को किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए एजेंडा बनाता है? इन सवालों पर चर्चा जरूर करना चाहिए।
94 total views