बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इल्जाम लगाया था कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET नीलाम हो गई है और एनटीए ने इसे रद्द करने का ऐलान किया है। पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई करेगी। ईरान ने ऐलान किया है कि अगर हुआ तो वह एटम बम बनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोना नहीं खरीदने वाले बयान के बाद शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन औंधे मुंह गिरा, दो दिनों में 17 लाख करोड़ रुपए डूबे।
और, जब चोर काट कर ले गए रेलवे का तार तो दो घंटों तक जहां-तहां रुकी रहीं ट्रेनें।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को तीन मई को आयोजित देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को रद्द करने की घोषणा की. पेपर लीक और व्यापक अनियमितताओं के पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले की विस्तृत जांच सीबीआइ को सौंप दी है. एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि यद्यपि परीक्षा दोबारा कराने से लाखों छात्रों को असुविधा होगी, लेकिन राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को ‘बड़ी और स्थायी क्षति’ से बचाने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य था. नीट-यूजी 2026 परीक्षा के आयोजन के चार दिन बाद सात मई को एक व्हिसलब्लोअर के जरिए एनटीए को प्रश्नपत्र लीक होने की पहली सूचना मिली थी. जांच में पाया गया कि परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप पर ‘गेस पेपर’ प्रसारित हो रहा था, जिसके 120 सवाल असली प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते थे. इस वर्ष नीट-यूजी के लिए रिकॉर्ड 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में बने 5,400 से अधिक केंद्रों पर हुआ था. परीक्षा रद्द होने से इन सभी छात्रों को अब दोबारा परीक्षा देनी होगी.
410 प्रश्नों का गेस पेपर, 120 प्रश्न परीक्षा में
राजस्थान एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, परीक्षा से 15 दिन पहले ही 410 प्रश्नों का एक ‘अनुमानित प्रश्नपत्र’ व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था. जांच में पाया गया कि केमिस्ट्री और बायोलॉजी के लगभग 120 प्रश्न और उनका क्रम असली पेपर से पूरी तरह मेल खाता था. इसे 30 हजार से 28 लाख रुपये तक में बेचा गया था.
पीएम का तथाकथित अमृतकाल अब बना विषकाल: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अनियमितताओं के आरोपों के चलते नीट यूजी-2026 को रद्द किये जाने के बाद मंगलवार को आरोप लगाया कि भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने 22 लाख छात्रों के सपनों को कुचल दिया और प्रधानमंत्री मोदी का तथाकथित अमृतकाल विषकाल बन गया है. उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है. हर बार-पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं.
ईरान बोला…तो परमाणु बम बनाएंगे
जागरण के अनुसार पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से कायम युद्धविराम अब टूटने की कगार पर पहुंच गया है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनने से तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान के प्रस्ताव को खारिज करते हुए संकेत दिया कि युद्धविराम अब गंभीर संकट में है और ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा। इसके बाद खाड़ी क्षेत्र में फिर बड़े संघर्ष की आशंका गहरा गई है। ट्रंप के बयान पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेहरान ने कहा कि वह अब भी बातचीत के जरिये समाधान चाहता है, लेकिन उसकी अंगुलियां ट्रिगर पर हैं। ईरान ने चेतावनी दी कि यदि उस पर दोबारा हमला हुआ तो वह परमाणु बम बनाने से पीछे नहीं हटेगा। इसी बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने सामरिक नियंत्रण के दायरे का भी विस्तार कर दिया है।
ट्रंप चीन के दौरे पर, मस्क समेत 17 सीईओ साथ में
भास्कर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्पु तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार शाम चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचेंगे। 9 साल बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति चीन की यात्रा पर है। बता दें कि 2017 में ट्रम्प ही चीन दौरे पर गए थे। ईरान-अमेरिका युद्ध, टैरिफ वॉर, ताइवान तनाव और वैश्विक अस्थिरता के बीच यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। ट्रम्प के साथ इस दौरे पर मस्क-कुक समेत 17 सीईओ भी जा रहे हैं, जिनकी मौजूदगी इस दौरे को कूटनीति के साथ-साथ बिजनेस डिप्लोमेसी भी बना रही है। इस दौरे पर दुनिया की नजर बोइंग से होने वाली संभावित महाडील पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन 500 बोइंग 737 मैक्स जेट, 100 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर और 777 एक्स वाइडबॉडी विमान खरीद सकता है। इनकी कीमत 9 लाख करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। अगर करार होता है तो यह विमानन इतिहास का सबसे बड़ा सौदा हो सकता है।
दो दिन के भूचाल में 17 लाख करोड़ रुपए डूबे
सोना नहीं खरीदने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भारी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,456 अंक लुढ़क गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,500 अंक के नीचे आ गया। हिन्दुस्तान के अनुसार पश्चिम एशिया में एक बार फिर बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमत और रुपये के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार का माहौल बिगड़ गया। बीते दो सत्रों में ही निवेशकों को करीब 17 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बाजार में फिलहाल डर और अनिश्चितता का माहौल है और निवेशक सुरक्षित निवेश की तरफ भाग रहे हैं। इससे चौतरफा भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। खासकर, इस सप्ताह के पहले दोनों दिन बाजार में बड़ी बिकवाली देखी गई है।
सीबीआई डाइरेक्टर चुनने के तरीके पर राहुल की असहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली एक उच्च-स्तरीय समिति ने मंगलवार शाम को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अगले निदेशक की नियुक्ति पर फैसला करने के लिए बैठक की। इस बैठक में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने असहमति पत्र सौंपा। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई निदेशक के चयन की प्रक्रिया पर अपनी असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि मैं किसी पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में शामिल होकर अपने संवैधानिक कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकता।
चोर काट कर ले गए रेलवे का तार, रुकी रहीं ट्रेनें
प्रभात ख़बर के अनुसार दानापुर स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित खगौल गुमटी के पास चोरों ने अप लाइन में बने रूट रिले इंटरलाकिंग (आरआरआइ) रूम का ताला तोड़कर सिग्नल केबल काट दिया और तांबे के स्ट्रीप को लेकर फरार हो गये. इससे दानापुर रेलवे मंडल में मंगलवार सुबह अप एवं डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन घंटों बाधित रहा और तीन से चार घंटे तक ट्रेनें लेट हो गयीं. पटना, दानापुर और पाटलिपुत्र जंक्शन आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रास्ते में जहां-तहां खड़ी रहीं।
कुछ और सुर्खियां:
- डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 95.68 के नए निचले स्तर पर
- पटना सहित बिहार के 16 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश कई जगह ठनका गिरा, 12 लोगों की मौत
- मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह को हथियार लहराने के मामले में निचली अदालत से नहीं मिली जमानत और गिरफ्तारी पर रोक
- असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी, हिमंत बिस्वा सरमा ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
- पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने सड़कों पर नमाज और धार्मिक सभाओं पर लगाई रोक
- आज आएगा सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट
- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड की जांच अब सीबीआई करेगी
अनछपी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस पहल का स्वागत किया जा सकता है जिसमें वह चाहते हैं कि देश में किफायत से काम लिया जाए, खासकर जो सामान विदेश से आता है जैसे सोना और पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स वगैरा। लेकिन इस मुद्दे पर समर्थन के साथ-साथ एक शर्त यह भी है कि इसकी शुरुआत पहले उनके कार्यालय से हो और उसके बाद उनके मंत्री और नेता भी उनकी बातों पर अमल करें। अगर हम बिहार की बात करें तो पिछले दो-तीन दिनों में ही कई नेताओं के काफिले के वीडियो सामने आ चुके हैं। इसके अलावा असम के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में जिस तरह चार्टर्ड प्लेन से बीजेपी के नेता वहां पहुंचे, उससे आम आदमी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर सवाल कर सकता है। इसी तरह दूसरे राज्यों में नेताओं के काफिले को देखा जा सकता है। तो ऐसे में सवाल उठता है कि शायद से काम लेने की सारी जिम्मेदारी जनता पर ही लाद दी जाएगी क्या? देश में बड़े पैमाने पर लोगों का यह एहसास है कि सरकार के मंत्री और अधिकारी खुद तो बेतहाशा खर्च करते हैं लेकिन जनता से उम्मीद करते हैं कि वह अपनी जरूरत में भी कटौती कर ले। वैसे बहुत से लोग यह भी मानते हैं कि प्रधानमंत्री ने यह अपील करने में देरी कर दी क्योंकि समस्या तो पहले से थी लेकिन कई लोगों को ऐसा लगता है कि उन्होंने 4 मई तक इंतजार किया ताकि चुनाव के रिजल्ट सामने आ जाएं। चूंकि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जीत मिल गई तो अब इसका राजनीतिक नुकसान होने की संभावना खत्म हुई। ऐसे में उन्होंने देर से अपील की। इसके बावजूद उन्हें इस शर्त पर समर्थन मिल सकता है कि वह खुद और उनके मंत्री व नेता भी इस अपील पर अमल करें।
41 total views