बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। ओमान तट पर एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिका के हमले 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से तीन लापता हैं। बिहार के सरकारी टेंडर में अरबों की हेराफेरी करने वाले ठेकेदार रिशुश्री के साझेदार रहे तीन अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
और, साइबर फ्रॉड पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, देश भर के 400 लोगों से एक करोड़ की ठगी।
पहली ख़बर
जागरण के अनुसार ओमान के तट पर बुधवार को अमेरिकी हमले का शिकार हुए एक वाणिज्यिक जहाज पर सवार चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से तीन लापता हैं। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब कर कड़ा विरोध जताया। भारत ने कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक नौवहन और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए। सूत्रों के अनुसार ओमान तट पर बुधवार को वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ को अमेरिकी नौसेना ने निशाना बनाया। पोत पर सवार भारतीय चालक दल के 24 में से 21 सदस्यों को बचा लिया गया जबकि तीन लापता हैं। दो रोज पहले भी ओमान तट के पास पलाओ के झंडे वाले एक जहाज ‘एमटी मैरीवेक्स’ पर अमेरिका ने हमला किया था। इस पोत पर भी चालक दल के 24 सदस्य थे और ये सभी भारतीय थे। इन सभी को ओमानी तटरक्षक बलों ने सुरक्षित बचा लिया था।
अमेरिका ने फिर किए ईरान पर हमले
अमेरिकी सेना की ओर से नए हमलों के जवाब में ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर हमला किया है. ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) का कहना है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों को निशाना बनाया है. बीबीसी के अनुसार अमेरिका के ताज़ा हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान पर ‘सख़्ती से’ हमला किया जाएगा और तेहरान ने जंग ख़त्म करने के लिए ‘समझौता करने में बहुत देर कर दी है.’ अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने बुधवार को ‘आत्मरक्षा में हमले’ शुरू किए, जो ‘ईरान की बेवजह और लगातार जारी आक्रामकता के जवाब’ में किए गए.
ठेकेदार रिशु श्री के मददगार आईएएस ऑफिसर समेत तीन आधिकारी गिरफ्तार
भास्कर के अनुसार बिहार में अरबों रुपए के टेंडर घोटाला में विशेष निगरानी ईकाई (एसवीयू) ने अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई की। एसवीयू ने बुधवार को वित्त विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव आईएएस मुमुक्षु चौधरी, भवन निर्माण विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता तारिणी दास और बुडको के एग्जीक्यूटिव अभियंता उमेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई रिशुश्री और उसके सहयोगी संतोष से पूछताछ के बाद की गई है। इनके पास से मिले व्हाट्सएप चैट और बैंक खातों के सबूतों ने इस अफसरों के भ्रष्टाचार की पूरी कहानी कह दी। एसवीयू वरीय आईएएस संजीव हंस के घर और ऑफिस भी पहुंची लेकिन छापेमारी की भनक लगते ही वे फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है। एसवीयू अब रिशुश्री को 7 दिनों के रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
साइकिल सवार को बचाने में रेलिंग से टकराई कार, चार की मौत
जागरण की ख़बर है कि अररिया-पूर्णिया (एनएच-27) पर पूर्णिया मुख्य मार्ग कुसियारगांव पार्क के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब पूर्णिया से मधेपुरा जा रही एक स्कार्पियो के चालक ने अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराया और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रही एक कार से भिड़ गया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड अंतर्गत सकमा बिशनपुर निवासी मायानंद झा (60), शांति देवी (60) और गौतम कुमार ठाकुर उर्फ रंदू (49) के रूप में हुई है। शांति देवी और गौतम कुमार ठाकुर मां-बेटे थे, जबकि मायानंद झा उनके बड़े चाचा बताए गए हैं।
साइबर फ्रॉड पति-पत्नी ने 400 लोगों को ठगा
भास्कर के अनुसार देशभर के लोगों से साइबर ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरोह का साइबर क्राइम एवं सुरक्षा इकाई और पटना साइबर थाने की टीम ने भंडाफोड़ किया। टीम ने पटना सिटी के मेहंदीगंज और कंकड़बाग के अशोकनगर वार्ड नंबर 11 में छापेमारी कर गौरव राज, उसकी पत्नी सपना कुमारी और गौरव के साले निखिल कुमार को गिरफ्तार किया। गौरव बीटेक है। सपना और निखिल स्नातक हैं। इनलोगों ने बिहार समेत देशभर के 400 लोगों से 1 करोड़ की ठगी की है। इनके ठिकाने से पुलिस ने तीन मोबाइल, दूसरे के नाम के दो आधार कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, पांच सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया। गौरव कुमार नालंदा के बिहारशरीफ थाने के हाजीपुर गांव, जबकि निखिल कुमार पटना के अशोकनगर का रहने वाला है। बीटेक करने के बाद नौकरी नहीं मिली तो गौरव साइबर अपराध करने लगा। उसकी पत्नी लोगों को कॉल करके झांसे में लेती थी। वह फरटि से अंग्रेजी बोलती है।
मोदी ने कांग्रेस पर लगाया हिन्दू विरोधी होने का आरोप
भास्कर के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवारत निर्वाचित पीएम बन गए हैं। बुधवार को उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हुए। उन्होंने पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा। इस अवसर पर भारत मंडपम में हुई एनडीए की बैठक में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा, कांग्रेस ने अपनी विफलता का कलंक देश की हिंदू आबादी पर लगाया था। पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस के दौर में देश को अहसास कराया जाता कि यहां तेज विकास संभव नहीं है। इसे हिंदू ग्रोथ रेट कहा जाने लगा। जबकि ये कांग्रेस ग्रोथ रेट था, क्योंकि तब शासन, नीति, नीयत और निर्णायक नेतृत्व का अभाव था।’ उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के 12 साल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक देश को कांग्रेस के दुष्चक्र से निकालना है। 37 मिनट के संबोधन में मोदी ने सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत के विजन पर बात रखी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना किसी व्यक्ति या दल का नहीं, बल्कि हर नागरिक का संकल्प बन चुका है।
कुछ और सुर्खियां:
- 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनभोगियों के खाते में ₹1100- ₹1100 भेजे गए
- अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमले के दौरान 13 लोगों की मौत
- वकील कोटे से पटना हाई कोर्ट को मिले 7 जज जजों की कुल संख्या 44 हुई
- पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर 72 हुई
अनछपी: भारत की राजनीति पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की हार के बाद एक दिलचस्प मोड़ पर नजर आ रही है। जहां एक तरफ ममता बनर्जी की पार्टी के सांसद और विधायक कथित रूप से उनसे बगावत कर रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के साथ जा रहे हैं, वहीं ममता बनर्जी अपनी पार्टी को बचाने के लिए आखिरी दांव के तौर पर कांग्रेस के साथ विलय करने की सोच रही हैं। दरअसल अभी यह पक्के तौर पर नहीं मालूम कि कितने सांसद और विधायक वास्तव में ममता बनर्जी से बगावत कर रहे हैं और कितने लोग लालच या डर से उनका साथ छोड़ रहे हैं। जहां तक पश्चिम बंगाल विधानसभा की बात है तो वहां काफी हद तक ममता बनर्जी चुनाव के अलावा पार्टी को बचाने की लड़ाई भी हार चुकी हैं क्योंकि बागी गुट को मुख्य विपक्ष का दर्जा दिया जा चुका है हालांकि अभी यह मामला चुनाव आयोग और कोर्ट तक जा सकता है। मामला अब लोकसभा सदस्यों का है जहां ममता की पार्टी के 28 सांसदों में से 20 के बारे में यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने बगावत कर अलग गुट बना लिया है। राजनीतिक विश्लेषक बताते हैं कि यह मामला इतना आसान नहीं है क्योंकि दो तिहाई सदस्यों का सिर्फ अलग गुट बनाना जरूरी नहीं होता बल्कि उसका किसी पार्टी में विलय होना भी जरूरी है। इन कथित 20 बागियों के लिए अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना ही एक उपाय बचा है लेकिन शायद उनमें इस बात को लेकर सहमति नहीं है इसलिए इसमें देर हो रही है। ऐसे में अगर ममता बनर्जी जल्द से जल्द कांग्रेस में अपनी पार्टी का विलय कर देती हैं तो तकनीकी रूप से उन 20 बागियों का भी विलय कांग्रेस में माना जाएगा। राजनीति की यह विडंबना है कि ममता बनर्जी ने पहले पश्चिम बंगाल से कांग्रेस को मिटाने की पूरी कोशिश की और अब वह खुद की पार्टी को मिटने से बचने के लिए कांग्रेस में जाने पर विचार कर रही हैं। यह भी कम दिलचस्प नहीं है कि जिन्होंने ममता बनर्जी के नाम पर वोट मांग कर चुनाव जीते वह अब उनके खिलाफ ही शिकायत कर रहे हैं। जाहिर है भारतीय जनता पार्टी आसानी से ऐसा नहीं होने देगी और हो सकता है कि हमें आने वाले दिनों में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच एक नया दांवपेच देखने को मिले।
128 total views