बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। पटना और पश्चिम चंपारण में दो दर्दनाक हादसों में आठ लोगों की जान चली गई। जेन ज़ी के आंदोलन से परेशान भारतीय जनता पार्टी अब उन्हें मनाने का प्रोग्राम बना रही है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 9 करोड़ युवा रोजगार और पढ़ाई से दूर चल रहे हैं।
और, बार काउंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा को हटाने के लिए मुहिम।
पहली ख़बर
प्रभात खबर के अनुसार पटना जिले के बख्तियारपुर नगर क्षेत्र स्थित पुरानी बाईपास में शनिवार की शाम दी मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मोटर पार्ट्स और तेल (मोबिल-डीजल) की दुकान में भीषण आग लग गयी. इस मकान में ऊपरी मंजिल पर जाने और बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता दुकान के भीतर से ही होकर गुजरता था. आग लगते ही नीचे का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दूसरी मंजिल पर रह रहा परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गया. हादसे में दुकानदार की मां, पत्नी और छह महीने की दूधमुंही भगिनी की दम घुटने व जलने से मौत हो गयी, एक महिला गंभीर रूप से झुलस गयी. दुकान संचालक अबू महमदपुर निवासी पंकज कुमार (40 वर्ष) अपने परिवार के साथ दुकान के ऊपर बनी दूसरी मंजिल पर रहते थे. आग लगते ही तेल के कारण लपटें विकराल रूप लेते हुए दूसरी मंजिल तक पहुंच गयीं. आग की लपटें देखते ही पंकज अपने बेटे प्रतीक के साथ किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन ऊपर मौजूद महिलाएं और बच्ची आग व जहरीले धुएं के गुबार में घिर गयीं.
आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बस, पांच की जान गई
पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा के समीप एनएच-727 पर शुक्रवार की मध्य रात्रि तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने छठिहार समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया. ऑर्केस्ट्रा देखने के लिए सड़क किनारे जुटी भीड़ में अनियंत्रित बस जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गयी. इसी दौरान बस लौरिया की ओर से बेतिया जा रही थी. मृतकों में छठिहार समारोह के आयोजनकर्ता देवेंद्र दुबे, उनके पिता समेत पांच लोग शामिल हैं. घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार को सुबह शव के साथ एनएच जाम कर दिया. इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. साढ़े चार घंटे बाद चार-चार लाख की मुआवजा राशि मिलने पर लोगों ने जाम खत्म किया.
बीजेपी जेन ज़ी को मनाएगी
भास्कर के अनुसार ‘जेन-जी’ यानी नई पीढ़ी से सीधे जुड़ने के लिए भाजपा ने एक टीम बनाई है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली टीम में राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता हैं। ये टीम युवाओं की आकांक्षाएं, चिंताएं और मुद्दे समझेगी और पार्टी नेतृत्व से सीधे संवाद की व्यवस्था बनाएगी। 14 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों तक पहुंचने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजयुमो को देशभर में मदद की जिम्मेदारी मिली है। हालांकि कार्यक्रम का विस्तृत स्वरूप अभी घोषित नहीं हुआ है। शनिवार को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में युवा संवाद, चुनाव और संगठन मजबूत करने पर मंथन हुआ। शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे और नए पदाधिकारियों से मिले। पीएम ने संगठन मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने के सुझाव दिए।
राहुल गांधी ने पुणे में छात्राओं से किया संवाद
पुणे से जागरण की खबर है कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने देश की महिलाओं से समाज में बराबरी और न्याय का हक पाने के लिए पिंजरा तोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी पितृसत्तात्मक व्यवस्था लड़कियों को डराती और दबाती है। महिलाओं को पुरुषवादी सोच के नियंत्रण में रखना शर्मनाक है। लड़कियों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर सामाजिक और व्यवस्थागत पाबंदियों का हवाला देते हुए कहा कि इस पुरुषवादी मानसिकता को खत्म करने के लिए महिलाओं को सबसे पहले अपने दिल से डर को जल्द से जल्द निकालना चाहिए। देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, काम के अवसरों से लेकर सामाजिक भेदभाव के खराब आंकड़ों का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की महिलाओं के बारे में उनके पुरुषवादी सोच को लेकर उन पर हमला भी बोला। वहीं महिलाओं के संदर्भ में मनुस्मृति की संकीर्ण दृष्टि को शर्मनाक बताते हुए इसे खारिज किया। राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में कांग्रेस के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटी छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए यह बात कही।
भारत में 9 करोड़ युवा रोजगार और पढ़ाई से दूर
हिन्दुस्तान के अनुसार भारत में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के करीब 8.7 करोड़ युवा ऐसे हैं जो न तो पढ़ाई कर रहे हैं, न रोजगार में हैं और न ही किसी तरह का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और स्थानीय जरूरतों एवं उभरते क्षेत्रों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तत्काल जरूरत पर जोर दिया गया है। नीति आयोग ने विकसित भारत 2047 के लिए कौशल विकास की नई कल्पना शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा कि यह अनुमान वर्ष 2021 में राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (78वें दौर) के आंकड़ों पर आधारित है।
बार काउंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा को हटाने के लिए मुहिम
भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) की महासभा की बैठक में बीसीआई अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की औपचारिक मांग की गई। साथ ही मिश्रा के लंबे कार्यकाल की वैधता को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। जनरल काउंसिल की बैठक में केरल से बीसीआई सदस्य अधिवक्ता मनोज नरेंद्रन ने मनन मिश्रा के इस्तीफे की मांग उठाई। उनकी इस मांग का समर्थन उत्तर प्रदेश के एक अन्य बीसीआई सदस्य अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने भी किया। इसके अलावा, बीसीआई के सह अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता सदाशिव ने पत्र लिखकर बीसीआई अध्यक्ष मनन से इस्तीफे की मांग की। रेड्डी काउंसिल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। बीसीआई अध्यक्ष मिश्रा को भेजे 6 पन्नों के पत्र में सह अध्यक्ष रेड्डी ने इस्तीफे की मांग के अलावा गंभीर आरोप भी लगाए हैं। केरल से बीसीआई के सदस्य मनोज कुमार नरेंद्रन ने भी बीसीआई अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कहा है कि किसी एक व्यक्ति की इतनी लंबी लीडरशिप उस कानूनी संस्था के लिए ठीक नहीं है, जो लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व, सामूहिक जिम्मेदारी और संस्थागत फैसले लेने की प्रक्रिया पर आधारित है। मिश्रा 14 साल से बीसीआई के अध्यक्ष हैं।
कुछ और सुर्खियां:
- झारखंड के रामगढ़ जिला स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट कंपनी के पावर प्लांट में धमाके से तीन इंजीनियरों की मौत
- सारण जिले की परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के बेटे मोहम्मद करमुल्लाह अंसारी को इन लिए ने हिरासत में लिया
- टिकटॉक ने बच्चों की निजता से जुड़े संघीय कानून के उल्लंघन के मामले में अमेरिकी न्याय मंत्रालय के साथ 40 करोड़ डॉलर के समझौते को तैयार
- पटना में पीएचडी स्कॉलर्स पर उतरे पुलिस से झड़प
अनछपी: भारतीय जनता पार्टी इस समय जेन जी से जुड़ने के कार्यक्रम बना रही है तो दूसरी और इसी पीढ़ी से संबंधित योजनाओं का उन राज्यों में भी बुरा हाल है जहां भाजपा की सरकार है। बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री वाली सरकार चल रही है लेकिन हाल के दिनों में इस सरकार ने कुछ ऐसी घोषणाएं की हैं जिनसे युवाओं को निराशा हाथ लगेगी। दो दिन पहले ही बिहार सरकार ने छात्रों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के जरिए मिलने वाले लोन की राशि 4 लाख से घटाकर 2 लाख कर दी। इस समय बिहार के युवाओं का दुर्भाग्य है कि विपक्ष के नेता भी ऐसे मुद्दों को आम लोगों के बीच नहीं ले जाते और ना ही वह ऐसे मामलों में सरकार को घेरने के लिए सड़क पर उतरते हैं। यह बात याद करने की है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उस समय के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्रों को दिए जाने वाले लोन पर सूद नहीं लेने का वादा किया था लेकिन कुछ ही महीनों के बाद उनकी पार्टी की मदद से चल रही सरकार ने लोन की राशि ही आधी कर दी। आजकल पढ़ाई पर जितना खर्च आता है उस लिहाज से 4 साल या 5 साल की पढ़ाई के लिए 4 लाख का कर्ज पहले से ही कम था और अब उसे भी आधा कर दिया गया। इस मुद्दे पर यह बात भी ध्यान में रखने की है कि कई राज्य ऐसे हैं जो अपने छात्रों को पढ़ाई के लिए लोन नहीं बल्कि सहायता राशि देते हैं, यह व्यवस्था सभी वर्गों के छात्रों के लिए होती है। एक दूसरी खबर यह आई है कि कुशल युवा कार्यक्रम के तहत बीते 10 वर्षों से युवाओं के लिए खुले या चल रहे 1700 से अधिक केंद्रों पर अब ताला लटकने का खतरा पैदा हो गया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने अब इस कार्यक्रम में संशोधन कर तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है लेकिन इससे न केवल ऐसे केंद्र चला रहे लोगों को बल्कि इनसे ट्रेनिंग लेने वाले बेरोजगारों को भी बहुत बड़ा धक्का लगा है। इस समय युवा पीढ़ी का मुद्दा राजनीति का महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है, इसलिए बिहार में यह अफसोस की बात है कि इस पर विपक्ष के नेता भी चुप्पी साधे हुए हैं। कुल मिलाकर जेन जी से जुड़ने का भाजपा का कार्यक्रम धरातल पर बिल्कुल नाकाम है। हैरत इस बात पर भी है कि जो कार्यक्रम नीतीश कुमार के समय में काफी महत्वपूर्ण माने जाते थे, उनके साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है और उनकी पार्टी यानी जनता दल यूनाइटेड के नेता सब कुछ चुपचाप देख रहे हैं।
50 total views