बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। नेपाल में आई बाढ़ से हाइड्रो पावर प्रोजेक्टों की सुरंगों में अब भी 600 से ज्यादा लोग फंसे होने का अंदेशा है। अमेरिकी सेना ने लारक द्वीप पर रॉकेट हमले किए तो वहीं ईरानी बलों ने जॉर्डन और यूएई में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। बीपीएससी की ओर से चौथे चरण की शिक्षक अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
और, चिराग पासवान ने अपने मंत्री संजय सिंह के बारे में कहा- दोषी हुए तो होंगे बर्खास्त।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार नेपाल त्रासदी के सोमवार को 6 दिन हो गए। विभिन्न हाइड्रो पावर प्रोजेक्टों की सुरंगों में अब भी 600 से ज्यादा लोग फंसे होने का अंदेशा है। बचाव में जुटी टीमों की विपरीत हालात के साथ-साथ समय से भी जंग है। समय जितना लंबा खिंचेगा, जिंदगी की आस उतनी ही कमजोर होती जाएगी। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, रसुवागढ़ी हाइड्रो पावर सुरंग में अभियान पूरा हो गया। सेना के नेतृत्व में इंजीनियर और ड्रोन टीम अंतिम छोर तक पहुंची। वहां 3बी, चिलिमे, अपर त्रिशूली-1 और मानव मौजूदगी नहीं मिली। त्रिशूली-लांगटांग की सुरंगों में अभियान जारी है। इसी बीच, बचाव अभियान में देरी पर सवाल उठ रहे हैं। बाढ़ 26 अगस्त को आई थी। सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारत और चीन की मदद 29 अगस्त को स्वीकार की गई। विदेशी तकनीकी मदद लेने में तीन दिन की देरी पर सरकार आलोचना के घेरे में है।
ईरान-अमेरिका ने फिर एक-दूसरे पर हमले किए
हिन्दुस्तान के अनुसार करीब एक महीने की शांति के बाद सोमवार को अमेरिका ईरान फिर आमने-सामने आ गए। अमेरिकी सेना ने लारक द्वीप पर रॉकेट हमले किए तो वहीं ईरानी बलों ने जॉर्डन और यूएई में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। यह हमला ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को रणनीतिक समुद्री मार्ग होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने से रोकने के लिए किया गया। कमांड ने कहा कि हमने सीमित ऑपरेशन चलाया, क्योंकि ईरान ने होर्मुज जलक्षेत्र में पोतों, चालक दल के सदस्य के आवागमन के लिए खतरा पैदा कर दिया था। ईरान ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खार्ग द्वीप पर हमले के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उसके ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट को हारयापद बताया। बता दे कि ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एआई से बनी एक वीडियो साझा की थी।
ईरानी राष्ट्रपति की पीएम मोदी से अपील- जंग रुकवाने में मदद करें
जागरण के अनुसार पिछले छह महीने से अमेरिका व इसरायल के साथ युद्ध कर रहे ईरान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की है कि वह अपने संपर्कों का इस्तेमाल करें और इस युद्ध को समाप्त करवाने में मदद करें। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें राष्ट्रपति की तरफ से उक्त अपील की गई। युद्ध और क्षेत्रीय अस्थिरता के बीच दोनों नेताओं की यह आमने-सामने की पहली मुलाकात थी। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने नाविकों पर होने वाले हमलों और नौवहन की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाया। मोदी ने पेजेश्कियान को अगले हफ्ते होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भी आमंत्रित किया।
टीआरई- 4 के 32388 पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया स्थगित
जागरण के अनुसार बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। 32 हजार 388 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया एक सितंबर से शुरू होनी थी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रक्रियात्मक बदलावों के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आवेदन की नई तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थी को https://bpsc.bihar.gov. in/ के संपर्क में रहने की सलाह दी है। आयोग ने शिक्षक बहाली प्रक्रिया दो चरणों (पीटी व मॅस) में कराने की अधिसूचना जारी की थी। इसका विरोध होने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर सिर्फ एक ही परीक्षा के माध्यम से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी थी। इसके बाद साफ्टवेयर में बदलाव किया जा रहा है।
25 साल बाद बंटा सोन का पानी, बिहार-झारखंड में समझौता
भास्कर के अनुसार बिहार और झारखंड के बीच सोन नद के पानी के बंटवारे का 25 वर्ष पुराना विवाद खत्म हो गया। सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में दोनों राज्यों के बीच एमओयू हुआ। इसके अनुसार बिहार को 5.75 एमएएफ (मिलियन एकड़ फीट) और झारखंड को 2.00 एमएएफ पानी मिलेगा। इससे दोनों राज्यों की जल सुरक्षा और कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी। केंद्रीय जल आयोग ने दोनों राज्यों की तकनीकी सहमति से एमओयू का प्रारूप तैयार किया।
लियोन मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लिया
जागरण के अनुसार फुटबाल के जादूगर लियोन मेसी ने 2026 फीफा विश्व कप फाइनल को अपना आखिरी शो बनाने का फैसला करते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबाल को अलविदा कहने का फैसला किया है। 39 साल के मेसी ने इंस्टाग्राम के अपने अकाउंट पर हस्तलिखित पत्र की तस्वीर डालकर अंतरराष्ट्रीय फुटबाल से अलग होने का समाचार प्रशंसकों के साथ साझा किया। अर्जेंटीना के लिए मेसी 125 गोल दाग चुके हैं। साल 2016 में भी अंतरराष्ट्रीय फुटबाल को अलविदा कह चुके थे। मान मनौवल के बाद अर्जेंटीना के लिए दोबारा खेले।
चिराग पासवान ने अपने मंत्री संजय सिंह के बारे में कहा- दोषी हुए तो होंगे बर्खास्त
प्रभात खबर के अनुसार केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि पीएचइडी मंत्री व महुआ के पार्टी विधायक संजय सिंह पर जो आरोप लगाया गया है, वह गंभीर है. मेरी पार्टी या फिर परिवार का भी किसी व्यक्ति पर ऐसा आरोप लगेगा, तो उसे सफाई देनी होगी. अगर मंत्री दोषी पाये गये, तो कार्रवाई निश्चित होगी. मंत्री पद के साथ ही पार्टी से भी बर्खास्त किया जायेगा. गलत काम करने वाले को संरक्षण नहीं दिया जायेगा. पार्टी ने भी उनसे इस संबंध में पूछा है. उन्होंने कहा कि महिला से बदतमीजी की गयी है, तो तथ्य सामने आने चाहिए व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. हम बिहार सरकार से भी मांग करते है कि इसकी पूरी जांच की जाये. मालूम हो कि पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि मंत्री संजय सिंह दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार व शोषण का प्रयास किया था. इस पर मंत्री संजय सिंह ने तेजप्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा है.
कुछ और सुर्खियां:
- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कौशांबी की सीमा पर पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 11 लोगों की जान गई
- बिहार में जुडिशयल ऑफिसर अब 62 साल में रिटायर करेंगे
- पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के लिए बिहार विधान परिषद की सदस्यता छोड़ने वाले भाजपा नेता देवेश कुमार राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष बने
- सीएनजी की कीमत ₹1 बढ़ी, पटना में 94 प्रति किलो हुआ भाव
अनछपी: लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के विधायक और बिहार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह के बारे में मिली शिकायत पर जो प्रतिक्रिया दी है वह इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है लेकिन सवाल यह है कि क्या उन पर कोई कार्रवाई भी होगी या सिर्फ सारी बात जबानी जमा खर्च तक रह जाएगी? मंत्री संजय सिंह पर एक महिला से बदतमीजी का गंभीर आरोप है और तेज प्रताप यादव ने भी इस बारे में उन पर आरोप लगाए थे तो मंत्री ने उन पर उल्टे मानहानि का केस दर्ज करने की धमकी दे डाली थी। आप क्योंकि मंत्री की पार्टी के अध्यक्ष ही यह कह रहे हैं कि यह मामला गंभीर है और सरकार को इसकी जांच करवानी चाहिए तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई की जाए। बिहार सरकार के किसी मंत्री पर ऐसे गंभीर आरोप कम ही लगे हैं और पिछली बार एक ऐसा मामला एक पूर्व मंत्री पर लगा था तो उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। इंसाफ का तकाजा यही है कि या तो इस मामले की जल्द से जल्द जांच पूरी की जाए और अगर इसमें देरी हो तब तक मंत्री को उनके पद से हटाया जाए। इस मामले में पीड़ित महिला से भी बयान लेना जरूरी है और आम लोगों को इस बात पर ध्यान रखना चाहिए कि चिराग पासवान के कड़े बयान के बाद भी इसकी लीपापोती ना कर दी जाए। इसमें कोई शक तो नहीं है कि बिहार के मंत्री के बारे में लगे ऐसे आरोपों से बिहार की छवि को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है और इस मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो यही समझा जाएगा कि मंत्री और नेता दरअसल ऊपरी बयानबाजी करते हैं और अंदर से कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते।
20 total views