छ्पी-अनछपी: घोटाले में 2000 मुखिया की जांच होगी, झारखंड में छात्रों ने विधानसभा घेरा

बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। बिहार के दो हजार मुखिया सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा मामले में जांच के घेरे में आ गए हैं। जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र सोमवार को झारखंड विधानसभा घेराव करने पहुंचे तो उनपर लाठीचार्ज हुआ। 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से पहली बार वंदे मातरम का गायन होगा। बिहार रग्बी एसोसिएशन के सेक्रेटरी की पत्नी को बिना खेले मिल गई नौकरी।

और, जब यूजीसी नेट के उम्मीदवारों ने घेराव का ऐलान किया तो एनटीए बोला- इसी हफ्ते देंगे आंसर-की।

पहली खबर

प्रभात खबर की विशेष ख़बर है कि बिहार की ग्राम पंचायतों में ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ से लेकर नल-गली, नल-जल और साफ-सफाई की योजनाओं में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा और वित्तीय अनियमितता उजागर हुई है. घटिया किस्म की सोलर लाइटें लगाने, योजनाओं का एस्टीमेट व एमबी (मेजरमेंट बुक) गायब कर राशि का फर्जी भुगतान उठाने और विकास कार्यों में भारी गबन करने के आरोप में 2,000 से अधिक मुखिया पंचायती राज विभाग की जांच के दायरे में आ गये हैं. साथ ही गंभीर अनियमितताओं, लगातार बैठकों से गायब रहने व ग्राम सभाएं नहीं कराने के आरोप में 12 मुखियाओं को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. विभाग ने इन सभी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का संचालन शुरू कर दिया है.

झारखंड में छात्रों ने विधानसभा घेरा

हिन्दुस्तान के अनुसार जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र सोमवार को विधानसभा घेराव करने पहुंचे। यहां छात्रों ने विधानसभा गेट के अंदर घुसने का प्रयास किया। इस पर छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे पहले उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की गई। छात्रों का आरोप है कि लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़ में आधा दर्जन से अधिक साथी छात्र घायल हो गए। वहीं पुलिस का दावा है कि योगदा सत्संग के पास छात्रों द्वारा किए गए पथराव में एक पुलिसकर्मी फागू यादव भी घायल हो गए। फागू सिटी एसपी पारस राणा के बॉडीगार्ड हैं।

लाल किले से पहली बार वंदे मातरम गाया जाएगा

हिन्दुस्तान के अनुसार 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से पहली बार राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन होगा। वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में यह शुरुआत की जा रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे हो रहे हैं। इसकी यादगार विरासत के सम्मान में इसे लालकिले की प्राचीर से गाया जाएगा। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकाप्टर वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक बैनर लेकर उड़ान भरेगा और लोगों पर फूल बरसाएगा।

पटना में पीएचडी होल्डर कर रहे अनशन

जागरण के अनुसार आल पीएचडी होल्डर एंड रिसर्च स्कालर एसोसिएशन आफ बिहार का सातवें दिन भी गर्दनीबाग में आमरण अनशन जारी रहा। अनशन पर बैठे एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक कुमुद पटेल, अभिषेक मेहता एवं बीकु सिंह प्रधान की तबीयत चिंताजनक होती जा रही है। वहीं, समर्थन में बिहार के शोधार्थी एवं पीएचडी धारक महाधरना पर बैठे रहे। इसी क्रम में आज शोधार्थियों एवं पीएचडी धारकों का एक प्रतिनिधिमंडल नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें शोधार्थियों की समस्याओं तथा एसोसिएशन की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से डा. उमेश कुमार, भीम यादव एवं रजनीश कुमार शामिल थे। तेजस्वी प्रसाद ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और आमरण अनशन का समर्थन किया। उन्होंने इस मसले पर राज्यपाल से मुलाकात करने का भरोसा दिलाया।

यूजीसी नेट के उम्मीदवारों ने घेराव का ऐलान किया तो एनटीए बोला- इसी हफ्ते देंगे आंसर

जागरण के अनुसार विश्वविद्यालयों सहित उच्च शिक्षण संस्थानों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने सहित जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) एवं पीएचडी में दाखिले की पात्रता के लिए आयोजित होने वाले यूजीसी नेट के जून सत्र के रिजल्ट को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। छात्रों की ओर से घेराव के एलान के बाद उसने बताया कि इसी हफ्ते वह यूजीसी नेट की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी कर देगी। साथ ही एजेंसी ने सीएसआइआर-नेट, आइसीएआर एआइईईए (पीजी) एवं एआइसीई (पीएचडी) की उत्तर कुंजी भी जारी करने की जानकारी दी है।

कुछ और सुर्खियां:

  • बिहार राज्य निर्वाचन आयोग को पंचायतों के परिसीमन के लिए तीन करोड़ मिले
  • कोलंबिया में भारी भूकंप से 111 लोगों की मौत
  • पटना से भोपाल के लिए सीधी उड़ान शुरू, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मिलेगी सुविधा
  • ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट ने इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति दी
  • बिहार के एक करोड़ से ज़्यादा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खाते में भेजे गए 1157 करोड़ 72 लख रुपए

अनछपी: बिहार में दाखिले और नौकरी के इम्तिहानों में पेपर लीक और दूसरे घोटाले की खबरें इतनी आम हो गयी हैं कि अब उसपर किसी को शायद ही हैरत होती हो। इस सिलसिले में ताजा मामला खेल से जुड़ा है जिसके तहत बिहार सरकार ने मेडल लाओ नौकरी पाओ का ऐलान कर रखा है। बिहार सरकार की योजना तो उन लोगों के लिए है जिन्होंने बिहार का या देश का प्रतिनिधित्व किया है और बड़े खेलों में हिस्सा लिया है लेकिन एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें नौकरी पाने वाली खिलाड़ी ने अपनी जगह दूसरे को मैदान में उतारा और फिर नौकरी ले ली। यह मामला रग्बी संघ के सचिव पंकज ज्योति की पत्नी वंदना कुमारी का है। वह इस वक्त बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट में काम कर रही हैं। उन्होंने 2019 में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित सीनियर वीमेंस नेशनल रग्बी सेवन चैंपियनशिप में खेलने के नाम पर यह नौकरी पाई। इस बारे में जो शिकायत दर्ज कराई गई है उससे पता चलता है कि टीम में उनका नाम 12वें नंबर पर था और इस नंबर की जर्सी पहनी खिलाड़ी मैदान में तो उतरी, टीम सेलिब्रेशन में भी शामिल रही लेकिन जब चैंपियनशिप की शील्ड उठाने की बारी आई तो वह कहीं नहीं थी। उस खिलाड़ी की जगह टीम की जर्सी से अलग आम कपड़ों में वंदना कुमारी नजर आईं। शील्ड देने वालों में उनके पति पंकज ज्योति भी शामिल थे। अखबारों में बताया गया है कि रग्बी इंडिया की ओर से मिले वीडियो फुटेज और तस्वीरों से यह साफ पता चला कि पूरे टूर्नामेंट में वंदना कुमारी की जगह किसी और ने मैच खेला। विजेता टीम की सदस्य होने के नाते वंदना कुमारी को खेल सम्मान योजना 2021 के तहत 33333 का खेल सम्मान भी दिया गया। माना जा रहा है कि इसी सर्टिफिकेट के जरिए उसने भवन निर्माण विभाग में खेलकोटे से नौकरी भी ले ली। यह अच्छा हुआ कि इस मामले का पता चल गया लेकिन यह सवाल तो सरकार और बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी से भी पूछा जाना चाहिए कि आखिर जांच कैसे की गई और इतने वर्षों तक फर्जीवाड़े के साथ नौकरी कैसे जारी रही।

 32 total views

Share Now

Leave a Reply