बिहार लोक संवाद डॉट नेट, पटना। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जंगबंदी को तोड़ने का एलान किया और फिर दोनों देशों ने जमकर हमले किए। पटना से आरा, गया, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय शहर तक तेज आवागमन के लिए रैपिड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। पीएमसीएच में हड़ताल की वजह से दर्जनों ऑपेरशन टालने पड़े और लगभग तीन हज़ार मरीज बिना इलाज वापस लौट गए।
और, अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग पर ऐक्शन लिया।
पहली ख़बर
भास्कर के अनुसार अमेरिका-ईरान युद्धविराम 20 दिन ही टिक पाया। फिर जंग छिड़ गई है। होमुंज में टैंकरों पर हमले से खफा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने युद्धविराम खत्म करने का ऐलान किया। तुर्किये में नाटो समिट में ट्रम्प ने कहा, ईरानी लोग बीमार मानसिकता के हैं। उनके साथ आगे बातचीत करना वक्त की बर्बादी है। मैंने शांति लाने की कोशिश की, लेकिन अब ईरान जल्द ही कहर झेलेंग अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान के अहम पोर्ट बंदरअब्बास समेत 80 ठिकानों पर ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक की। ईरान के 8 फौजी मारे गए जबकि 60 पावर बोट्स तबाह हो गई। इसके जवाब में ईरान ने बहरीन और कुवैत में 85 जगह मिसाइलें और ड्रोन दागे। ज्यादातर हमले बहरीन-कुवैत में अमेरिकी बेस पर हुए। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेशकियान ने कहा है कि ईरान अपना हक लेकर रहेगा। अमेरिका के हमलों के बाद पजेशकियान अफरातफरी में इराक के कर्बला से तेहरान लौट गए। इस बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि अमेरिका यदि हमला करता है तो होर्मुज को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इधर, अमेरिका ने ईरान पर क्रूड ऑयल बेचने पर रोक लगा दी है। अमेरिका ने डील के तहत ईरान को तेल बेचने की छूट दी थी। 2019 के बाद पहली बार ईरान को डॉलर के बदले तेल बेचने की मंजूरी मिली थी।
पटना से शुरू होगी रैपिड रेल
प्रभात खबर के अनुसार बिहार में चार प्रमुख कॉरिडोर में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) बनेगा. इसे तैयार करने के लिए अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट (एएआर) और डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को दी गयी है. यह रिपोर्ट तैयार करने के लिए 31.59 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गयी है. यह निर्णय बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया. इस बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी. अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि राज्य में चार प्रमुख कॉरिडोर में आरआरटीएस बनाने का मकसद तेज परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाना है. राज्य में जिन चार प्रमुख कॉरिडोर में आरआरटीएस बनेगा, वे कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को कनेक्ट करते हैं. इन चार कॉरिडोर में पटना-गयाजी, पटना एयरपोर्ट-बेगूसराय, पटना-हाजीपुर-सोनपुर एयरपोर्ट-मुजफ्फरपुर और पटना एयरपोर्ट-आरा शामिल हैं. इसका डीपीआर बनने के बाद कुल लंबाई और लागत की जानकारी मिल सकेगी.
पीएमसीएच में हड़ताल से हलकान रहे मरीज़
हिन्दुस्तान के अनुसार पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में बुधवार को जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। आम दिनों की तरह सुबह से ही मरीज अस्पताल पहुंचने लगे थे। सुबह सात से आठ बजे तक ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर पर्ची काटी गई, लेकिन आठ बजे जूनियर डॉक्टरों ने पहुंचकर सभी पांचों काउंटर बंद करा दिए। इस एक घंटे के दौरान केवल 154 मरीजों की ही पर्ची कट सकी। इसके बाद आने वाले सभी मरीजों को बिना पंजीकरण के वापस लौटना पड़ा। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि से वार्ता के बाद जूनियर डॉक्टरों ने दोपहर 2 बजे हड़ताल समाप्त कर दिया, लेकिन तबतक ओपीडी का समय खत्म हो चुका था और मरीज लौट गए थे। पीएमसीएच प्रशासन के अनुसार, लगभग 2,900 मरीज बुधवार को ओपीडी में बिना इलाज कराए ही लौट गए। स्वास्थ्य सचिव से बातचीत के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल वापस ली।
एक करोड़ के जाली नोट ज़ब्त
पूर्वी चंपारण पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) ने जिले में अब तक के सबसे बड़े जाली नोट के नेटवर्क का खुलासा किया है। भोपतपुर के वीरती टोले में मंगलवार देर रात छापेमारी कर 1.01 करोड़ के जाली नोट, 38 सोने के बिस्किट, 13.20 लाख नकद बरामद किए। नोट डबलर गिरोह के सरगना समेत चार शातिरों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनके पास से एक कट्टा, आठ कारतूस, एक कार, चार बाइक, चार मोबाइल, पुलिस की वर्दी और बूट तथा 25 लाख रुपये के ‘इंडियन चिल्ड्रेन बैंक’ लिखे नोट भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि जाली नोट उत्तर प्रदेश और नेपाल से लाए गए थे।
ऑनलाइन कट्टरपंथ फैलाने के आरोप में 10 राज्यों में छापे
प्रभात ख़बर के अनुसार राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइ) ने बुधवार को इंटरनेट पर युवाओं को भड़काने के मामले में बिहार समेत देश भर के 10 राज्यों में छापेमारी की. यह छापेमारी आइएसआइएस और अल कायदा एक्यूआइएस जैसे आतंकी संगठनों की विचारधारा को बढ़ावा देकर, लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद के जरिए भारत में इस्लामिक राष्ट्र बनाने व हिंसा फैलाने की साजिश की जांच के क्रम में की गयी है. एनआइए के मुताबिक, जांच के तहत एजेंसी की टीम ने बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में कुल 20 जगहों पर एक साथ छापेमारी की. इस दौरान टीमों ने कई डिजिटल डिवाइस जब्त किये हैं. इनकी फॉरेंसिक जांच की जायेगी. इस मामले में अब तक 11 लोगों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है. एनआइए ने इस साल मई में विजयवाड़ा पुलिस से यह मामला अपने हाथ में लिया था. आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी रहमतुल्ला शरीफ़ मोहम्मद के घर की तलाशी के बाद मार्च में यह मामला दर्ज किया था. तलाशी के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों आइएसआइएस (इस्लामिक स्टेट) और एक्यूआइएस (अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट) से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गयी थी.
अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग पर ऐक्शन
जागरण के अनुसार अमेरिका ने भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से जुड़े गैंग्सटर सिंडिकेट पर बड़ा एक्शन लिया है। उसने कनाडा और यूरोप की पुलिस के साथ मिलकर ‘आपरेशन हार्ड बॉल’ चलाया है। इसके तहत अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजी) ने भारतीय जेल में बंद गैंग्सटर लारेंस बिश्नोई, उसके दाहिने हाथ गोल्डी बराड़, जग्गू भगवानपुरिया, रोहित गोदारा समेत कुल 37 गैंग्सटरों के खिलाफ तीन अलग-अलग संघीय आरोपपत्र दाखिल किए हैं। आरोपपत्र में कहा गया है कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा में हुई हत्या का आदेश बिश्नोई व बराड़ ने ही दिया था। फेडरल ब्यूरो आफ इंवेस्टिगेशन (एफबीआइ) ने आतंकी गोल्डी बराड़ पर 50 हजार अमेरिकी डालर (लगभग 42 लाख रुपये) का इनाम भी रखा है।
कुछ और सुर्खियां:
- ईडी ने गबन से जुड़े मामले में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों में जमा 440 करोड़ रुपए फ्रीज़ किए
- पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या का आरोपित को मुठभेड़ में मार गिराने का पुलिस का दावा
- भारतीय शेयर बाजार सेंसेक्स में बुधवार को 1677 अंकों की गिरावट
- बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के कारण राहुल गांधी का पटना दौरा स्थगित
- ईपीएफ खाते में 15 जुलाई तक जुड़ेगा 8.25 प्रतिशत ब्याज
अनछपी: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के बारूईपुर में एक किशोरी के दुष्कर्म और हत्या के मामले में भाजपा सरकार ऊपरी तौर पर तो बहुत कार्रवाई कर रही है लेकिन उस पर एक गंभीर आरोप यह है कि वह असली मुजरिमों को बचा रही है और भारतीय जनता पार्टी के उस सदस्य को भी गिरफ्तार नहीं कर रही है जिस पर यह आरोप है कि उसने मुजरिमों को भगाने में मदद की। मेनस्ट्रीम मीडिया में इस मामले को पहले तो दबाया गया और अब यह एहसास दिलाने की कोशिश की जा रही है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने बहुत तेज़ कार्रवाई की है और इस मामले को अब बंद माना जाना चाहिए। ऐसे में कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ हुई इसी तरह की घटना को याद करना जरूरी है जब मीडिया और भारतीय जनता पार्टी ने इसे ममता बनर्जी की सरकार पर राजनीतिक हमले करने का जरिया बनाया और यहां तक कि पीड़िता की मां को अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनवा कर जीत दिलाई। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ताजा मामले में ममता बनर्जी को पीड़िता के घर तक जाने की भी अनुमति नहीं दी। आज भी कोलकाता से बाहर के मीडिया और खास के हिंदी प्रेस में इस मामले को बिल्कुल नजरअंदाज किया जा रहा है। बस यह बात बताई जा रही है कि भाजपा सरकार वहां बहुत सख्त कार्रवाई कर रही है लेकिन उस पर लगे इल्जामों की कोई चर्चा नहीं हो रही है। इस घटना में कल एक नाटकीय मोड़ तब आया जब एक आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया तो दूसरी ओर बहुत से लोगों ने यह सवाल उठाया कि उसकी हत्या से बहुत से राज हमेशा के लिए दबे रह गए। ऐसे में जरूरी हो गया है कि पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार से लगातार सवाल की जाए और यह कोशिश की जाए कि पीड़ित परिवार को कम से कम उतना इंसाफ तो मिले जितना ममता बनर्जी के वक़्त में डॉक्टर के मामले में बीजेपी ने कोशिश की थी।
58 total views